उत्तरी भारत में बढ़ती ताप लहर का खतरा : कारण, स्वास्थ्य प्रभाव और बचाव की रणनीतियाँ

Date:

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अप्रैल के अंत से जून 2026 तक के लिए भीषण ताप लहर (Heatwave) का रेड अलर्ट जारी किया है। यह चेतावनी उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के क्षेत्रों—जैसे दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश—के लिए है, जहाँ तापमान 45°C से अधिक होने की संभावना है। तटीय क्षेत्रों जैसे ओडिशा और बंगाल में उच्च आर्द्रता के कारण गंभीर गर्मी का खतरा और बढ़ सकता है। ‘जब किसी क्षेत्र का तापमान उसके सामान्य औसतस्तर से काफी अधिक बढ़ जाता है और यह स्थिति लगातार कई दिनों तक बनी रहती है, तो उसे “ताप लहर (Heatwave)” कहा जाता है’।भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD)के अनुसार, मैदानी क्षेत्रों में 40°C, तटीय क्षेत्रों में 37°C तथा पहाड़ी क्षेत्रों में 30°C या उससे अधिक तापमान, साथ ही सामान्य से स्पष्ट वृद्धि होने पर ताप लहर (Heatwave) घोषित की जाती है। यदि तापमान सामान्य से 4.5°C से 6.4°C अधिक हो तो इसे “ताप लहर” और 6.4°C से अधिक अंतर होने पर “भीषण ताप लहर (Severe Heatwave)” माना जाता है।

अप्रैल 2026 से ही उत्तर भारत में भीषण ताप लहर देखने को मिल रही है। दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में तापमान 40°C से अधिकपहुँच चुका है, जबकि आने वाले समय में इसके 45°C तक जाने की आशंका जताई जा रही है। IMDके अनुसार अप्रैल से जून के बीच सामान्य से अधिक हीटवेव वाले दिन देखने को मिल सकते हैं। शुष्क हवाएँ, साफ आसमान तथा पश्चिमी विक्षोभों की कमी इस स्थिति को और गंभीर बना रही है। इसके परिणामस्वरूप दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में तापमान सामान्य से 4–8°C अधिक दर्ज किया जा रहा है, जिससे जनजीवन पर व्यापक प्रभाव पड़ रहा है। साथ ही “गर्म रातों” की स्थिति भी बनी हुई है, जहाँ रात में तापमान में अपेक्षित गिरावट नहीं हो रही। उत्तरी भारत देश का सर्बाधिक जनसंख्या बसाव वाला क्षेत्र है, जहाँ लगभग 70% से अधिक लोग प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से जलवायु और प्राकृतिक संसाधनों पर निर्भर हैं। ऐसे में ताप लहरों का प्रभाव केवल स्थानीय मौसम तक सीमित नहीं रहता, बल्कि यह सामाजिक और आर्थिक संकट का रूप ले लेता है। विशेष रूप से कृषि कार्यों, जल संसाधन और श्रम-आधारित अर्थव्यवस्था पर इसका अत्यधिक बुरा प्रभाव पड़ता है। इस प्रकार यह स्पष्ट हो जाता है कि उत्तर भारत का गंगा–सिंधु मैदानी क्षेत्र आज जलवायु परिवर्तन के प्रभावों का एक प्रमुख केंद्र बन चुका है, जहाँ बढ़ती ताप लहरें न केवल स्वास्थ्य बल्कि अर्थव्यवस्था और पारिस्थितिकी के लिए भी गंभीर चुनौती प्रस्तुत कर रही हैं।

भीषण ताप लहर के कारण

(i) सुपर एल नीनो: वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों के अनुसार, इस भीषण गर्मी के पीछे शुष्क पश्चिमी हवाएँ, साफ आकाश और संभावित रूप से प्रशांत महासागर में सुपर एल नीनो का विकसित होना है। यह स्थिति न केवल वर्तमान मौसम को प्रभावित कर रही है, बल्कि आगे चलकर मानसून पर भी प्रभाव डाल सकती है।

(ii)जलवायु परिवर्तन: बढ़ती ताप लहरों में वृद्धि का सबसे प्रमुख कारण वैश्विक जलवायु परिवर्तन है। औद्योगिकीकरण, जीवाश्म ईंधनों के अत्यधिक उपयोग और ग्रीनहाउस गैसों के बढ़ते उत्सर्जन ने पृथ्वी के औसत तापमान को लगातार बढ़ाया है। इसके परिणामस्वरूप, चरम मौसमीय घटनाएँ—विशेषकर हीटवेव—अधिक बार, अधिक लंबे समय तक और अधिक तीव्र रूप में सामने आ रही हैं।

(iii) स्थानीय भूमि और वायुमंडलीय प्रक्रियाएँ: हाल के IIT Bombay (2026) के अध्ययन के अनुसार, गंगा–सिंधु मैदानी क्षेत्र में हीटवेव मुख्यतः स्थानीय भूमि और वायुमंडलीय परिस्थितियों के कारण उत्पन्न होती हैं, न कि केवल बाहरी गर्म हवाओं के प्रभाव से। जब वायुमंडल में उच्च दबाव (anticyclone) की स्थिति बनती है, तो यह गर्म हवा को नीचे की ओर दबा देता है, जिससे बादलों का निर्माण रुक जाता है। परिणामस्वरूप, सूर्य की गर्मी सीधे धरातल पर पड़ती है और सतह के पास ही फँस जाती है। इस प्रक्रिया के कारण तापमान लगातार बढ़ता रहता है और हीटवेव अधिक तीव्र तथा दीर्घकालिक रूप धारण कर लेती है।

(iv) मिट्टी की नमी में कमी: मिट्टी की नमी में कमी हीटवेव के विकास में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। वैज्ञानिक मॉडलिंग अध्ययनों से यह स्पष्ट हुआ है कि हीटवेव की शुरुआत से पहले ही मिट्टी में नमी का स्तर काफी घट जाता है। जब मिट्टी सूखी होती है, तो वाष्पीकरण की प्रक्रिया कम हो जाती है और सूर्य से प्राप्त ऊर्जा सीधे सतह को गर्म करने में लगती है। परिणामस्वरूप, तापमान तेजी से बढ़ता है और हीटवेव अधिक तीव्र हो जाती है। इसी कारण, मिट्टी की नमी को हीटवेव का एक महत्वपूर्ण “पूर्व संकेतक” माना जाता है।

(v) शुष्क और आर्द्र ताप लहर : आर्द्र ताप लहर की स्थिति में वातावरण में आर्द्रता का स्तर अधिक होता है, जिसके कारण शरीर से निकलने वाला पसीना प्रभावी रूप से वाष्पित नहीं हो पाता। परिणामस्वरूप, शरीर का प्राकृतिक शीतलन तंत्र बाधित हो जाता है और शरीर का तापमान तेजी से बढ़ने लगता है। इसी कारण नम हीटवेव मानव स्वास्थ्य पर अधिक घातक प्रभाव डालती है और हीट स्ट्रोक जैसी गंभीर स्थितियों का खतरा बढ़ जाता है।

(vi) वायुमंडलीय परिसंचरण और जेट स्ट्रीम का प्रभाव: वायुमंडलीय परिसंचरण और जेट स्ट्रीम में होने वाले बदलाव भी हीटवेव की तीव्रता और अवधि को प्रभावित करते हैं। हाल के अध्ययनों से पता चलता है कि जब जेट स्ट्रीम कमजोर हो जाती है और पश्चिमी विक्षोभ की आवृत्ति या तीव्रता कम हो जाती है, तो वायुमंडलीय संतुलन प्रभावित होता है। इसके परिणामस्वरूप शुष्क और अत्यधिक गर्म परिस्थितियाँ विकसित होती हैं। ऐसी स्थिति में गर्म हवा एक ही क्षेत्र में लंबे समय तक स्थिर बनी रहती है, जिससे तापमान लगातार ऊँचा बना रहता है और हीटवेव की स्थिति अधिक गंभीर हो जाती है।

(vii) शहरी ऊष्मा द्वीप प्रभाव: वर्तमान समय में तेजी से बढ़ते शहरीकरण के कारण शहरों में कंक्रीट, डामर और ऊँची इमारतें दिन में गर्मी को अवशोषित कर रात में धीरे-धीरे छोड़ती हैं, जिससे शहरी क्षेत्रों का तापमान ग्रामीण क्षेत्रों की तुलना में अधिक बना रहता है। इसके कारण रात में भी पर्याप्त ठंडक नहीं मिलती, जिससे हीटवेव का प्रभाव और बढ़ जाता है।

(viii) सतही ऊर्जा संतुलन और बादल रहित स्थिति: हाल के अध्ययनों के अनुसार, जब आसमान साफ होता है, हवा की गति कम होती है और सौर विकिरण अधिक मात्रा सीधे धरातल को गर्म करती है, जिससे दिन के समय तापमान तेजी से बढ़ता है। इसके साथ ही, कम हवा और बादलों की अनुपस्थिति के कारण रात के समय भी गर्मी आसानी से निकल नहीं पाती, जिससे तापमान उच्च बना रहता है और हीटवेव की स्थिति और गंभीर हो जाती है। 

(ix) वनों की कटाई: पेड़-पौधे वाष्पोत्सर्जन के माध्यम से वातावरण को ठंडा करते हैं, किंतु इनके घटने से यह प्रक्रिया कमजोर पड़ जाती है, जिससे तापमान में वृद्धि होती है और हीटवेव की स्थितियाँ अधिक तीव्र बनती हैं। इस प्रकार, बढ़ती ताप लहरें केवल एक कारण का परिणाम नहीं हैं, बल्कि वैश्विक और स्थानीय कारकों के संयुक्त प्रभाव से उत्पन्न एक जटिल पर्यावरणीय चुनौती हैं।

मानव जीवन पर प्रभाव

(i) मानव स्वास्थ्य पर प्रभाव: अत्यधिक गर्मी पड़ने के कारण शरीर का तापमान संतुलन बिगड़ जाता है, जिससे हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और हीट एक्सॉशन जैसी समस्याएँ उत्पन्न होती हैं। जब तापमान 32°C से अधिक और आर्द्रता 60% से अधिक हो जाती है, तब स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती है क्योंकि शरीर का पसीना भी उसे पर्याप्त रूप से ठंडा नहीं कर पाता। विशेष रूप से बुजुर्ग, बच्चे, गर्भवती महिलाएँ और बाहरी वातावरण में काम करने वाले श्रमिक इस खतरे के प्रति अधिक संवेदनशील होते हैं।

(ii) मृत्यु दर में वृद्धि: ताप लहरों के दौरान मृत्यु दर में उल्लेखनीय वृद्धि देखी जाती है। अत्यधिक गर्मी के कारण हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और अन्य संबंधित बीमारियाँ तेजी से बढ़ती हैं, जिससे हर वर्ष हजारों लोगों की जान चली जाती है।

(iii) कार्य क्षमता में कमी: ताप लहर के कारण कार्य क्षमता में स्पष्ट कमी देखी जाती है। अत्यधिक गर्मी में मजदूरों की उत्पादकता घट जाती है, क्योंकि लंबे समय तक बाहर काम करना कठिन और असुरक्षित हो जाता है।

(iv) जल और ऊर्जा संकट: अत्यधिक गर्मी के कारण पानी की मांग तेजी से बढ़ती है, जबकि संसाधन सीमित हो जाते हैं। साथ ही, एसी और पंखों के अधिक उपयोग से बिजली की खपत बढ़ जाती है, जिससे बिजली आपूर्ति पर दबाव पड़ता है और बार-बार बिजली कटौती की समस्या उत्पन्न होती है।

(v) मानसिक स्वास्थ्य पर प्रभाव: ताप लहर के दौरान तनाव, चिड़चिड़ापन और मानसिक थकान बढ़ जाती है, जिससे व्यक्ति का व्यवहार प्रभावित होता है। नींद में कमी और एकाग्रता में गिरावट भी देखी जाती है, जो कार्यक्षमता और दैनिक जीवन की गुणवत्ता को कमजोर कर देती है।

जीव–जंतुओं और पारिस्थितिकी पर प्रभाव

(i) जैव विविधता पर खतरा: अत्यधिक गर्मी जीव-जंतुओं की मृत्यु दर बढ़ जाती है और उनकी प्रजनन क्षमता भी प्रभावित होती है, जिससे उनकी संख्या में कमी आने लगती है। यह स्थिति पारिस्थितिकी तंत्र के संतुलन को बिगाड़ती है और अंततः जैव विविधता पर नकारात्मक प्रभाव डालती है।

(ii) वनस्पति और कृषि पर प्रभाव: अत्यधिक गर्मी के कारण फसलें समय से पहले पक जाती हैं, जिससे उनकी गुणवत्ता और उत्पादन दोनों घट जाते हैं। साथ ही पौधों में जल तनाव बढ़ता है, क्योंकि मिट्टी में नमी कम हो जाती है, जिससे फसलों की वृद्धि और उपज पर नकारात्मक असर पड़ता है।

(iii) पारिस्थितिकी असंतुलन: अत्यधिक गर्मी से वनस्पति सूखने लगती है, जिससे हरित आवरण घटता है और जीवों का आवास प्रभावित होता है। साथ ही जंगलों में आग लगने का खतरा बढ़ जाता है, जो बड़े पैमाने पर नुकसान पहुँचाता है और पूरे पारिस्थितिकी तंत्र के संतुलन को विघटित कर देता है।

बचाव के उपाय

(i) व्यक्तिगत स्तर पर सावधानियाँ: ताप लहर से बचाव के लिए व्यक्तिगत स्तर पर सावधानियाँ अपनाना आवश्यक है। अधिक मात्रा में पानी पीना चाहिए और शरीर को हाइड्रेट रखना चाहिए। हल्के व ढीले कपड़े पहनने से गर्मी का प्रभाव कम होता है। दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचना चाहिए, ORS का सेवन करना लाभकारी होता है तथा सिर को ढककर रखना चाहिए।

(ii) स्वास्थ्य संबंधी उपाय: ताप लहर के दौरान स्वास्थ्य संबंधी उपाय अपनाना अत्यंत आवश्यक है। हीट स्ट्रोक के लक्षण जैसे चक्कर आना, अत्यधिक पसीना या बेहोशी को समय रहते पहचानना चाहिए। प्रभावित व्यक्ति को तुरंत ठंडे स्थान पर ले जाना जरूरी है और शरीर को ठंडा करने के प्रयास करने चाहिए। साथ ही, प्राथमिक उपचार देकर स्थिति को नियंत्रित किया जा सकता है।

नीतिगत रणनीतियाँ

(i) हीट एक्शन प्लान: हीट एक्शन प्लान के तहत तापमान चेतावनी प्रणाली विकसित की जाती है, जिससे लोगों को पहले से सतर्क किया जा सके। रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी कर जोखिम की जानकारी दी जाती है। साथ ही, सार्वजनिक जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को बचाव के उपायों के बारे में शिक्षित किया जाता है।

(ii) शहरी योजना: शहरी योजना के माध्यम से शहरों में हरित क्षेत्र बढ़ाने ताप लहर के प्रभाव को कम किया जा सकता है। कूल रूफ तकनीक अपनाने से इमारतों की गर्मी कम होती है। साथ ही, जल संरक्षण के उपायों को बढ़ावा देकर संसाधनों का बेहतर प्रबंधन किया जा सकता है।

(iii) जल प्रबंधन: वर्षा जल संचयन के माध्यम से पानी का संग्रह किया जा सकता है, जिससे भविष्य में उपयोग के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध रहता है। साथ ही, जल वितरण प्रणाली में सुधार कर पानी की बर्बादी रोकी जा सकती है और सभी क्षेत्रों तक समान रूप से जल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकती है।

(iv) कृषि क्षेत्र में उपाय: सूखा-प्रतिरोधी फसलों का चयन करने से कम पानी में भी उत्पादन संभव होता है। सिंचाई तकनीकों में सुधार, जैसे ड्रिप या स्प्रिंकलर प्रणाली, जल की बचत करते हैं। साथ ही, फसल चक्र में बदलाव करके मिट्टी की उर्वरता बनाए रखी जा सकती है।

(v) तकनीकी और वैज्ञानिक समाधान: AI आधारित पूर्वानुमान से तापमान में होने वाले बदलावों का पहले से आकलन किया जा सकता है। हीट इंडेक्स आधारित चेतावनी प्रणाली लोगों को जोखिम की जानकारी देती है, जबकि उन्नत मौसम निगरानी प्रणाली सटीक और समय पर सूचना उपलब्ध कराती है।

(vi) सामुदायिक स्तर पर रणनीतियाँ: सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना जरूरी है। साथ ही, श्रमिकों के कार्य समय में बदलाव करके उन्हें अत्यधिक गर्मी से बचाया जा सकता है और स्वास्थ्य जोखिम कम किए जा सकते हैं।

निष्कर्ष

उत्तरी भारत, विशेषकर गंगा–सिंधु मैदान में बढ़ती ताप लहरें आज एक गंभीर जलवायु एवं सार्वजनिक स्वास्थ्य संकट बन चुकी हैं। अप्रैल–जून 2026 के अनुभवों ने स्पष्ट किया है कि यह केवल मौसमी परिवर्तन नहीं, बल्कि जलवायु परिवर्तन, भूमि उपयोग में बदलाव, तीव्र शहरीकरण, वायुमंडलीय परिस्थितियों तथा प्रशासनिक चुनौतियों के संयुक्त प्रभाव का परिणाम है। इसके दुष्प्रभाव मानव स्वास्थ्य, कृषि, जल संसाधनों और जैव विविधता पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। हीट स्ट्रोक जैसी बीमारियों में वृद्धि, कृषि उत्पादकता में कमी तथा जल संकट की तीव्रता इस समस्या को और गंभीर बनाती है। इस चुनौती से निपटने के लिए वैज्ञानिक आधार पर निर्मित हीट एक्शन प्लान, हरित एवं सतत शहरीकरण, प्रभावी जल प्रबंधन तथा उन्नत मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी तंत्र को सुदृढ़ करना आवश्यक है। साथ ही, जन-जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देकर ही ताप लहरों के प्रभाव को कम किया जा सकता है और एक सुरक्षित, स्वस्थ तथा सतत भविष्य सुनिश्चित किया जा सकता है।

डॉ. साहब दीन रावत

रिमोट सेंसिंग एप्लिकेशन्स सेंटर – उत्तर प्रदेश, लखनऊ।

saahabdeen.555@gmail.com

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related

एम. करुणानिधि : दक्षिण में सामाजिक न्याय के सूत्रधार 

     भारत के समकालीन राजनीतिक इतिहास में एम. करुणानिधि...

नेकचंद सैनी : संघर्ष के सम्मान का सफ़र

पांच नदियों की भूमि पंजाब। इस पंजाब का एक...

चुल्हाई साहू : नककटवा नायक

     भारत के इतिहास में ऐसे कई नायक हुए...

अब्दुल कय्यूम अंसारी : संघर्ष के मुखर राष्ट्रवादी मुखर

    जब देश में ‘खिलाफत आंदोलन’ की शुरुआत हुई...