एम. करुणानिधि : दक्षिण में सामाजिक न्याय के सूत्रधार 

Date:

     भारत के समकालीन राजनीतिक इतिहास में एम. करुणानिधि का नाम किसी परिचय का मोहताज नहीं है। उनका नाम लेते ही एक ऐसे राजनेता की छवि उभरती है, जिन्होंने अपनी दूरदर्शिता और कर्मठता से तमिल जनता के सामाजिक-आर्थिक जीवन में आमूलचूल परिवर्तन लाने में सक्षम रहे। वे एक सफल राजनेता के साथ-साथ पटकथा लेखक, पत्रकार, साहित्यकार और महान समाज सुधारक भी थे। ऐसे महान दूरद्रष्टा व्यक्तित्व का जन्म ब्रिटिश भारत के मद्रास प्रेसीडेंसी के अंतर्गत एक छोटे से गांव तिरुक्कुवालाई में 3 जून 1924 ई. को एक हिन्दू परिवार में हुआ। यह गांव नागपट्टिनम जिला अंतर्गत थीरुवरुर कस्बे के पास है। उनकी माता ‘अंजुगम’ और पिता ‘मुथुवेल’ थे। इनके बचपन का नाम दक्षिणमूर्ति था। पढ़ने में लगनशील और सीखने को हमेशा उद्धत रहने वाले बालक दक्षिणमूर्ति की शिक्षा-दीक्षा गांव की ही पाठशाला में प्रारंभ हुआ। माध्यमिक शिक्षा के लिए वे निकटवर्ती कस्बा थीरुवरुर के बोर्ड हाईस्कूल में नामांकित हुए, जहां से वे आठवीं कक्षा उत्तीर्ण हुए। पिछड़ा वर्ग के ईसाई वेल्लालर जाति से संबद्ध यह परिवार शैव मत के अनुयायी थे। यहां ‘ईसाई’ का अर्थ संगीत और ‘वेल्लालर’ का अर्थ कृषक समुदाय से है।

     दक्षिणमूर्ति का परिवार अति विपन्न था। इनके पिताजी मंदिरों में नादस्वरम नामक वाद्ययंत्र बजाकर जीवनयापन करते थे। बालक दक्षिणमूर्ति की रुचि पढ़ाई से भी ज्यादा संगीत में थी। वाद्ययंत्र सीखने के उद्देश्य से बालक दक्षिणमूर्ति बहुधा अपने पिताजी के साथ मंदिर जाया करते थे, जहां पहली बार उनके बालमन को जाति आधारित भेदभाव से दो-चार होना पड़ा।

    भेदभाव वाली घटना ने उनके जीवन पर इतना गहरा असर डाला कि उन्होंने स्कूली शिक्षा और संगीत सीखने का मोह त्याग कर व्यावसायिक नाटकों में अपनी भूमिका तलाशने कोयम्बटूर चले गए। विनम्र स्वभाव के इस बालक में नाटकों के प्रति इतना लगाव था कि वे इसके लिए भीख मांगने के लिए भी तैयार रहते थे। नाटकों के रंगमंच के पीछे वे अब संवाद लेखक की भूमिका में थे। कौन जानता था कि नाटकों के संवाद लेखक की भूमिका का सफलता से निर्वहन करने वाले इस किशोर के अंदर एक चेतना संपन्न राजनेता की पृष्ठभूमि तैयार हो रही है!

बालमन पर द्रविड़ आंदोलन का प्रभाव-

    दक्षिणमूर्ति उत्साही बालक था। उनका किशोर मन उस कालखंड में ई.वी. रामासामी पेरियार के नेतृत्व में चल रहे ‘आत्मसम्मान’ नामक द्रविड़ आंदोलन से भला कैसे अछूता रह सकता था। जातीय भेदभाव की दीवार को तोड़ने और सामाजिक बदलाव के लिए जोड़ लगा रहे इस आंदोलन से वे किशोरावस्था में ही जुड़ गए। पेरियार के नेतृत्व में चल रहे आत्मसम्मान आंदोलन, अनीश्वरवाद से अनुप्रेरित एक सामाजिक-राजनीतिक आंदोलन था। बीसवीं सदी के पूर्वार्ध में पेरियार के जाति विरोधी उग्र विचारों ने तमिल भाषी इलाकों में जबरदस्त राजनीतिक उबाल पैदा कर दिया था। यह आंदोलन जातिवाद और ब्राह्मणवादी पाखंडों के विरोधीभावों से ओतप्रोत था।

आत्मसम्मान आंदोलन-

    पेरियार के नेतृत्व में चल रहे ‘आत्मसम्मान आंदोलन’ का उद्देश्य जाति, धर्म और पुरोहितवाद के विरुद्ध समाज में लोक चेतना का विकास करना था। द्रविड़ जनता के मानस पटल को ब्राह्मणवाद से मुक्त करने के लिए उनमें प्राचीन गौरव बोध और विश्वास भरना जरूरी था। इस आंदोलन का लक्ष्य आमजन को उन सभी धर्मग्रंथों, रीति रिवाजों और परंपराओं से मुक्त करना था, जो ब्राह्मण वर्चस्व को अपरिहार्य ठहराते थे। सामाजिक और आर्थिक विषमता का समापन, भूमि और अन्य संसाधनों का उचित बंटवारा, लैंगिक भेदभाव की समाप्ति, वैज्ञानिक चेतना से संपन्न समाज का निर्माण, मानव और उसके श्रम की गरिमा की पुनर्स्थापना इस आंदोलन के प्रमुख उद्देश्य थे। आंदोलन की सैद्धांतिकी और विचार प्राचीन तमिल कवियों और सिद्धों से अनुप्रेरित थे। दक्षिणमूर्ति अपने संवाद लेखन के अनुभव और कौशल का इस्तेमाल आत्मसम्मान आंदोलन के प्रगतिशील विचारों के प्रचार-प्रसार में करने लगे। नाटक, अखबार, लेख, पर्चे और भाषण इनके लिए जन जागरण के औजार थे। हिन्दू परिवार में जन्में दक्षिणमूर्ति, पेरियार के विचारों से प्रभावित होकर अब नास्तिक हो गए थे और उनका नया नाम था- मुथुवेल करुणानिधि । करुणानिधि यानि दयालुता का खजाना। आगे चलकर वे अपने नाम को अपनी योजनाओं के माध्यम से चरितार्थ करने वाले थे।

राजनीति में प्रवेश-

    एम. करुणानिधि, जस्टिस पार्टी के नेता और पेरियार के सहयोगी रहे अलागिरी सामी के ओजस्वी भाषण से इतने प्रभावित हुए कि मात्र 14 वर्ष की अवस्था में ही सक्रिय राजनीति में आ गए। यह 1937 का वर्ष था और उस समय तमिलभाषी इलाकों में हिन्दी थोपने के विरोध में आंदोलन चल रहा था। उन्होंने मात्र 17 वर्ष की आयु में तमिल स्टूडेंट्स फोरम नामक संगठन बनाया और ‘मनावर नेसन’ नामक हस्तलिखित पत्रिका का प्रकाशन शुरू किया। इस पत्रिका के माध्यम से वे आत्मसम्मान आंदोलन से जुड़े मुद्दों को तार्किक ढंग से पाठकों के समक्ष पेश करते थे। ‘मुरासोली’ नामक पत्रिका का संपादन करते हुए उनका जन जागृति अभियान बाद के दिनों में भी निर्बाध गति से चलता रहा। मात्र 20 वर्ष की आयु में वे ज्यूपिटर पिक्चर्स नामक फिल्म निर्माण कम्पनी से जुड़ गए थे। 1947 में रीलिज फिल्म ‘राजकुमारी’ से उन्हें प्रसिद्धि मिली।

      करुणानिधि के व्याख्यान कौशल, पत्र-पत्रिकाओं में छपे तार्किक लेख और उनके द्वारा नाटकों और फिल्मों में डाले गए सार्थक संदेश से प्रभावित होकर पेरियार के लेफिटनेंट रहे सी.एन.अन्नादुरै का ध्यान उनकी ओर आकृष्ट हुआ। अन्नादुरै इस प्रतिभाशाली होनहार युवा से इस हद तक प्रभावित हुए कि बिना देर किए उनको द्रविड़ आंदोलन की मुख्यधारा की राजनीति से जोड़ लिया। पेरियार से मतभेद के बाद अन्नादुरै ने जस्टिस पार्टी से अलग होकर जब 1949 ई. में एक नई पार्टी ‘द्रविड़ मुनेत्र कषगम’ (डीएमके) की स्थापना की, तो वे इस पार्टी के खजांची बनाये गए। शीघ्र ही इनकी लेखन शैली और बात रखने की असाधारण क्षमता से प्रभावित होकर अन्नादुरै के द्वारा पार्टी के मुखपत्र ‘कुदियारासु’ के संपादक का कार्यभार भी सौंप दिया गया। वे राजनीति की सीढ़ी इतनी तेजी से चढ़े कि मात्र 25 वर्ष की आयु में डीएमके के केन्द्रीय प्रचार समिति में शामिल कर लिए गए। ओजस्वी भाषण और संगठन कौशल की बदौलत जल्द ही वे द्रविड़ आंदोलन के प्रतीक पुरुष बन गए।

फिल्मी पटकथा लेखक के चोला में समाज सुधारक-

  करुणानिधि अपने अभिनव शैली और समर्पण के कारण बहुत ही कम उम्र में फिल्मी पटकथा के उस्ताद बन गए थे। उन्होंने द्रविड़ आंदोलन के सामाजिक उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सिनेमा को औजार के रूप में बखूबी इस्तेमाल किया। कोयम्बटूर में रहकर व्यावसायिक नाटकों की पटकथा लेखन से उपजे अनुभव उनके फिल्मी सफर में बड़े काम आया।

     1952 ई. में द्रविड़ आंदोलन के आदर्शों से प्रेरित उनकी फिल्म ‘परासाक्षी’ आई। फिल्म में कथा-पटकथा और संवाद के माध्यम से द्रविड़ अस्मिता को बुलंदी प्रदान किया गया था। इस फिल्म के कथानक में गरीब नायक को साहुकारों, ब्राह्मणवादी नेताओं और असंवेदनशील सरकार के अत्याचारों का सामना करना पड़ता है। फिल्म पर प्रतिबंध लगा दिया गया। भारी जन दबाव में जब प्रतिबंध वापस लिया गया तो फिल्म जबरदस्त हिट हुई और वे सर्वत्र चर्चा में आ गए। प्रगतिशील विचारों से लैस फिल्मों के निर्माण का सिलसिला चल पड़ा। बुद्धि कौशल में नैसगिक प्रतिभा के धनी करुणानिधि ने फिल्मों में कई अभिनव प्रयोग किए। उनके फिल्मों के विषय पर सामाजिक सरोकारों का जबरदस्त प्रभाव था। ब्राह्मणवाद विरोध, समाजवादी आदर्श, सामाजिक सुधार, विधवा पुनर्विवाह, छुआछूत उन्मूलन, पाखंड उन्मूलन, जमींदारी उन्मूलन, वैज्ञानिक चेतना का विकास और बुद्धिवादी विमर्श उनके फिल्मों के विषय होते थे। उनके फिल्मी डायलॉग में सामाजिक न्याय और तरक्की पसंद की बातें होती थीं, वहीं पटकथा में अंधविश्वास, धार्मिक कट्टरता और रूढ़िवादी सामाजिक व्यवस्था पर सवाल उठाये जाते थे। उनके लिए फिल्में मनोरंजन का माध्यम नहीं बल्कि सामाजिक परिवर्तन का वाहक थीं। अब वे फिल्मी पटकथा लेखक के रूप में समाज सुधारक और राजनेता की दोहरी भूमिका का निर्वहन कर रहे थे।

चुनावी राजनीति का सफर-

    करुणानिधि ने 1957 ई. में द्रविड़ मुनेत्र कषगम के चुनाव चिह्न पर पहला चुनाव लड़ा और सफल रहे। तेरह विधायकों की जीत के साथ डीएमके को मिली शुरुआती सफलता आगे चलकर तमिल राजनीति के लिए नये आयाम रचने वाली थी। आक्रामक राजनीतिक तेवर के लिए प्रसिद्ध करुणानिधि का यह चुनावी सफर काफी लम्बा चलने वाला था। जब 1967 ई. में सी.एन. अन्नादुरै के नेतृत्व में डीएमके की राज्य में पहली गैर कांग्रेसी सरकार बनी तो वे परिवहन मंत्री बनाये गए। एक मंत्री के रूप में उनके समक्ष तमिल आकांक्षाओं और अपने नेता अन्नादुरै की अपेक्षाओं पर खड़ा उतरने की चुनौती थी। परिवहन मंत्री के रूप में गांवों को यातायात नेटवर्क से जोड़ने के लिए निजी बसों का सरकारीकरण किया। आज भी इस योजना को उनके खाते की पहली बड़ी उपलब्धि माना जाता है।

    तमिल अस्मिता को स्थायित्व देने के लिए अन्नादुरै के नेतृत्व वाली सरकार के द्वारा जनता के अपेक्षानुरूप ‘मद्रास’ प्रांत का नामकरण ‘तमिलनाडु’ कर दिया गया। विद्यालयों में धार्मिक प्रार्थना को हटाकर पंथनिरपेक्ष की भावना से ओतप्रोत राज्यगीत को गाना अनिवार्य किया गया। वे अन्नादुरै के नेतृत्व में जनाकांक्षाओं को पूरा करने के महती कार्य में अहर्निश लगे ही हुए थे कि सहसा वज्रपात-सा हुआ। मुख्यमंत्री अन्नादुरै की 1969 ई. में मृत्यु हो गई। वे अन्नादुरै के उत्तराधिकारी के रूप में डीएमके के अध्यक्ष बनाये गए और उन्हें मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी दी गई। उन्हें आगे चलकर इस महत्ती पद की जिम्मेदारी एक बार नहीं बार-बार संभालना थी और तमिल जनता की सेवा में ताउम्र जिंदगी बितानी थी। एक दशक बीतते-बीतते वे तमिलनाडु की राजनीति के पर्याय बन चुके थे।  वे बारह बार विधायक, एक बार विधान परिषद् (1969-71, 1971-76, 1989-91, 1996-2001, और 2006-2011) और पांच बार तमिलनाडु के मुख्यमंत्री चुने गए। 60 वर्षों की चुनावी राजनीति में वे कोई भी चुनाव नहीं हारे।

योगदान और उपलब्धियां-

    तमिलनाडु को सामाजिक और आर्थिक रूप से तरक्की पसंद राज्य बनाने में जिन राजनेताओं का नाम स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा, उनमें करुणानिधि का स्थान हमेशा शीर्ष पर रहेगा। तमिलनाडु के नवनिर्माण में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। पेरियार के विचारों से अनुप्रेरित उनकी सोच और कार्यप्रणाली हमेशा शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, सिंचाई और आवास जैसी मनुष्य की मूलभूत आवश्यकताओं तथा सामाजिक न्याय के इर्दगिर्द घुमता रहा। उनके द्वारा लागू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं की लम्बी फेहरिस्त है।

    1. करुणानिधि के प्रथम मुख्यमंत्रीत्व काल (1969-71) में ही सभी के लिए मुफ्त शिक्षा, सभी गांवों के लिए बिजली की पहुंच सुनिश्चित करना, 1500 आबादी वाले गांव के लिए पक्की सड़क, मुफ्त नेत्र जांच शिविर, भिखारियों का पुनर्वास, खेतीहर मजदूरों के लिए न्यूनतम मजदूरी निर्धारण, हाथ रिक्शा उन्मूलन, SC/ST वर्ग के लिए पक्का आवास, OBC, SC, ST के कल्याण के लिए अलग मंत्रालय, पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन, पिछड़ा वर्ग की आरक्षण सीमा में वृद्धि (25 प्रतिशत से बढ़ाकर 31 प्रतिशत), अनुसूचित जाति की आरक्षण सीमा में वृद्धि (16 प्रतिशत से बढ़ाकर 18 प्रतिशत), जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

   2. उनके दूसरे मुख्यमंत्रीत्व काल (1971-76) में जमींदारी उन्मूलन के तहत 15 एकड़ जमीन की हदबंदी तय कर दी गई। कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना, लघु उद्योग विकास निगम की स्थापना, हरित क्रांति के लिए आवश्यक उपाय, मछुआरों के हाऊसिंग स्कीम तथा उर्दू भाषी मुसलमानों को पिछड़े वर्ग में शामिल करने जैसे महत्त्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

   3. उनके तृतीय मुख्यमंत्रीत्व काल (1989-91) में लिए गए निर्णयों में अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए अलग से 20 प्रतिशत आरक्षण कोटा का निर्धारण, वंचित वर्ग के बच्चों के लिए डिग्री स्तर तक की मुफ्त शिक्षा, भारत में पहली बार किसानों के लिए मुफ्त बिजली सरकारी सेवाओं में सभी वर्ग की महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत आरक्षण, विधवा विवाह और अंतर्जातीय विवाह को प्रोत्साहित करने के लिए प्रोत्साहन राशि का प्रावधान उल्लेखनीय है।

   4. उनके चौथे मुख्यमंत्रीत्व काल (1996-2001) के लोकप्रिय निर्णयों में स्थानीय निकायों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण, गांव की गलियों में पक्की सड़क योजना, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर 24 घंटे देखभाल सुविधा, भारत में पहली बार विधायक क्षेत्र विकास निधि का प्रावधान, व्यवसायिक कोर्सेज में ग्रामीण छात्रों के लिए 15 प्रतिशत आरक्षण इत्यादि प्रमुख रहे।

   5. उनके पांचवें मुख्यमंत्रीत्व काल (2006-11) की उपलब्धियों की सूची में जिन निर्णयों को क्रांति का संवाहक माना जा सकता है, उनमें पहला है, कानून बनाकर लिंग और जाति से परे सभी के लिए पुजारी बनने का रास्ता प्रशस्त करना और दूसरा है, ‘समाथुवापुरम’ नामक हाऊसिंग स्कीम। इस स्कीम के तहत दलितों और ऊंची जाति के गरीबों को एक ही कॉलोनी में इस शर्त पर घर दिए गए कि वे जाति बंधन से मुक्त होकर साथ-साथ रहेंगे। पारिवारिक संपत्तियों में बेटियों की बराबर की हिस्सेदारी लैंगिक असमानता दूर करने की दिशा में उनके द्वारा लिया गया क्रांतिकारी फैसला माना जाएगा।

    इन योजनाओं के अतिरिक्त स्कूली छात्रों के लिए मध्याह्न भोजन में प्रति सप्ताह पांच अंडा, फल का प्रावधान और आमजन के स्वास्थ्य को समर्पित मुफ्त ‘स्वास्थ्य बीमा योजना’ मुख्य रही है।

साहित्यिक-सांस्कृतिक अवदान-

     करुणानिधि ने अपने सम्पूर्ण जीवन काल में विभिन्न विषयक लगभग 150 पुस्तकों की रचना की। इक्कीस नाटक और 69 फिल्मों में पटकथा लेखन करने वाले इस महान नेता के घर में लगभग 10 हजार से भी ज्यादा पुस्तकों से संपन्न लाइब्रेरी थी। वे चौतरफा कामयाबी वाले ऐसे राजनेता रहे, जिन्होंने गीत लेखन के क्षेत्र में भी हाथ आजमाया। उन्होंने कुआलालंपुर में आयोजित विश्व शास्त्रीय तमिल सम्मेलन का आधिकारिक थीम गीत लिखा, जिसे प्रसिद्ध संगीतकार ए. आर. रहमान ने संगीतबद्ध किया था। उन्हें बुद्धिवादी और सामाजिक आदर्शों को बढ़ावा देने वाली कहानियों के शिल्पकार के रूप में भी जाना जाता है। तमिल सिनेमा के पटकथा लेखन में उनके योगदान के लिए सम्मान में उन्हें ‘कलाईनार’ (कला के विद्वान) के नाम से संबोधित किया जाता है। अद्वितीय भाषण कला के लिए विख्यात करुणानिधि को ‘द ग्रेट कम्यूनिकेटर’ के उपनाम से भी नवाजा गया।

पारिवारिक जीवन और विवाद-

     सार्वजनिक जीवन में प्रवेश के समय से ही मांसाहार, शराब खोरी और धूम्रपान से दूरी बना लेने वाले करुणानिधि अपने वैचारिक गुरु पेरियार और राजनीतिक गुरु अन्नादुरै से मिली सीख को ताउम्र निभाते रहे। करुणानिधि ने गलत कार्यों में संलिप्तता पाये जाने पर अपने पुत्र एम. के. मुथु और एम. के. अलागिरी को पार्टी से निष्कासित कर दिया तथा भ्रष्टाचार के आरोप लगने पर डीएमके कोटे से केंद्रीय मंत्री रहे मुरासोली मारन को मंत्रीमंडल से वापस बुला लिया था। सेतुसमुद्रम परियोजना पर हुए विवाद के समय उनका वैज्ञानिक चेतना संपन्न व्यावहारिक नजरिया सामने आया, जब उन्होंने इस परियोजना का जोरदार समर्थन करते हुए कहा था- ‘रामसेतु’ (आदम का पुल) प्राकृतिक संरचना है और इसका राम से कोई संबंध नहीं है। इसे हर हाल में पूरा किया जाना चाहिए।

   इंदिरा गांधी के बैंकों के राष्ट्रीयकरण के फैसले का स्वागत करने वाले वे प्रथम मुख्यमंत्री थे। आपातकाल के विरोध और जनता पार्टी के निर्माण में सहयोग देने के लिए वे डटकर खड़े रहे, फलस्वरूप उनकी सरकार बर्खास्त कर दी गई। 1990 ई. में वी.पी सिंह के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय मोर्चे की केन्द्रीय सरकार द्वारा मंडल कमीशन के फैसले को लागू करने के मुश्किल वक्त में वे उनके साथ खड़े थे। करुणानिधि सामाजिक और राजनीतिक चुनौतियों से कभी घबराये नहीं, बल्कि डटकर मुकाबला किया और विजेता के रूप में उभरे। उनका व्यक्तित्व इतना बहुआयामी और कद्दावर था कि विरोधी भी उनकी प्रशंसा करते थे। उन्हें तमिलनाडु की राजनीति का भीष्म पितामह कहा जाता है। करुणानिधि की राजनीति में पंथनिरपेक्षता और मानवतावादी विचारों का गहरा असर था। वे हमेशा वंचितों और शोषितों की बुलंद आवाज बने रहे। शासन सत्ता के विकेन्द्रीकरण और राज्यों की स्वायत्तता के वे जबरदस्त हिमायती थे। उन्हीं के प्रयासों के बदौलत राज्यों के मुख्यमंत्री को राष्ट्रीय ध्वज फहराने का अवसर मिला। उनके चाहने वालों ने इस महान नास्तिक को इस हद तक सम्मान दिया कि वे जिंदा भगवान समझे जाने लगे।

    कावेरी हॉस्पिटल, चेन्नई में 94 वर्ष की अवस्था में 07 अगस्त, 2018 ई. को जब उनकी मृत्यु हुई तो तमिलनाडु सहित पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन से तमिलनाडु की सियासत में एक युग का अंत हो गया। उनकी इच्छानुसार तिरुवरुर स्थित उनके जन्मस्थान वाले पैतृक घर को म्यूजियम तथा चेन्नई स्थित घर को अस्पताल में बदल दिया गया। करुणानिधि ने जनपक्षीय राजनीति के क्षेत्र में जो बड़ी लकीर खींची शायद ही उससे बड़ी लकीर खींचना संभव हो।

रामनरेश यादव

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related

नेकचंद सैनी : संघर्ष के सम्मान का सफ़र

पांच नदियों की भूमि पंजाब। इस पंजाब का एक...

चुल्हाई साहू : नककटवा नायक

     भारत के इतिहास में ऐसे कई नायक हुए...

अब्दुल कय्यूम अंसारी : संघर्ष के मुखर राष्ट्रवादी मुखर

    जब देश में ‘खिलाफत आंदोलन’ की शुरुआत हुई...

विजय सिंह पथिक : प्रतिरोध के जीवंत नायक

    1857 ई. की क्रांति के बाद भारतीयों पर...