पांच नदियों की भूमि पंजाब। इस पंजाब का एक खूबसूरत जिला है, गुरदासपुर । प्रकृति की गोद में हिमालय की तराई से सटा मनोरम प्रक्षेत्र। सदानीरा जल से अप्लावित रावी नदी। ब्रिटिश भारत के गुरदासपुर में चार तहसील हुआ करती थी-गुरदासपुर, बटाला, पठानकोट व शंकरगढ़। शंकरगढ़ तहसील में ही बाबा गुरुनानक के अंतिम कुछ वर्ष बीते थे। बाबा नानक देव ने यहीं पर गुरु अंगद देव को गुरुगद्दी सौंपी थी। अपने शरीर का त्याग करने से पूर्व उन्होंने अपने शिष्यों को कठोर परिश्रम व बांटकर खाने की शिक्षा दी थी।
संतों की इस भूमि पर शील व नैतिकता के साथ-साथ कर्मठता की खुशबू है, वहीं सदानीरा नदियों का उपजाऊपन। शंकरगढ़ का एक खुबसूरत गांव बरियन कलां है। बरियन कलां गांव में 15 दिसम्बर 1924 को एक किसान परिवार में कला क्रांतिवीर नेकचंद सैनी का जन्म हुआ था। उनके पिता का नाम वकील राम व माता का नाम जानकी देवी था। वे लोग अपने खेतों में फल-सब्जी उगाकर अपना जीवनयापन करते थे। उनके पांच भाई व तीन बहनें थी। इनका प्रारंभिक जीवन यहीं पर बीता। बालक नेकचंद सैनी अपने पिता व बड़े भाई पूर्ण चंद, करतार चंद, गौरी शंकर, गुरदास चंद के साथ खेतों में काम करते थे। अपने परिवार के सबसे प्यारे सदस्य नेकचंद को पढ़ने के लिए 12 वर्ष की उम्र में गुरदासपुर भेजा गया। उन्होंने पठानकोट के एम. बी. हाई स्कूल से दसवीं तक की शिक्षा ग्रहण की। 1943 ई. में वे घर लौट आये और पिता के साथ अपनी खेती के काम मे लग गये।
1947 ई. में देश के विभाजन के साथ ही रावी नदी के पश्चिम का इलाका पाकिस्तान को दे दिया गया। शंकरगढ़ पाकिस्तान में चला गया था। हजारों परिवारों की तरह ही सैनी जी के परिवार पर भी विभाजन की विभिषिका आ पड़ी। अपनी खेती-बाड़ी, घर जायदाद छोड़कर इन्हें अपने परिवार के साथ तिबड़ी व बाद में जखिया लहडी में बसना पड़ा, जो इसी गुरदासपुर जिला में रावी का पूर्वी भाग था। नेकचंद सैनी का शरणार्थी सेटलमेंट योजना के तहत नौकरी हो गई थी। उनकी पहली पोस्टिंग फेरोचेची में हुई, जो वर्त्तमान समय में गुरदासपुर जिला के कहनुआं तहसील में पड़ता है। वे यहीं स्थायी रूप से बस गये। यह 1950 ई. की बात है। इनका विवाह कमला सैनी के साथ हुआ। 1956 ई. में इनका ट्रांसफर चंडीगढ़ हो गया। रोड इंस्पेक्टर के पद पर रहते हुए इन्हें चंडीगढ़ शहर के निर्माण में हाथ बंटाने का अवसर मिला। वे रोड निर्माण का कार्य बखूबी कर रहे थे। इनके द्वारा किये गये निर्माण कार्य टिकाऊ व पेच वर्क से मुक्त होते थे। कर्मठता व ईमानदारी इनमें कुट-कुट कर भरी थी। चंडीगढ़ में वे अपनी पत्नी कमला सैनी के साथ रहते थे। उन्हें एक पुत्र अनुज व पुत्री नीलम की प्राप्ति हुई। परिवार अपना सामान्य तरीके से गुजर-बसर कर रहा था। दोनों बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा आरंभ हो चुकी थी।
चंडीगढ़ भारत विभाजन के बाद विस्थापितों को बसाने के लिए एक नवीन शहर के रूप में बसाया जा रहा था। इसका नक्शा व डिजाइन प्रसिद्ध फ्रांसीसी इंजीनियर ला कार्बुजीयर ने तैयार किया था। पंजाब राज्य की नई राजधानी, विविध सरकारी कार्यालयों व संभ्रांत लोगों को ध्यान में रखकर चंढीगढ़ की योजना बनाई गई थी। योजना के मुताबिक शहर का निर्माण कार्य जारी था। इंस्पेक्टर सैनी भी अपना दायित्व निर्वहण कर रहे थे। एक इंस्पेक्टर जीवन के अलावे भी उनका एक अपना व्यक्तित्व था। शांत, सौम्य, गंभीर, कर्मठ व कलाप्रिय व्यक्तित्व के स्वामी नेकचंद सैनी एक जन्मजात कलाकार थे। वे बचपन से ही मिट्टी-पत्थर से कलाकृतियां बनाया करते थे। इसके लिए उन्होनें कोई प्रशिक्षण नहीं लिया था। वे स्वप्रेरित व स्वप्रशिक्षित कलाकार थे। उनकी मृत्यु के बाद उनके बचपन के साथी व गांव के रहने वाले युसूफ मसीह ने उनके जन्मजात कलाकार होने की पुष्टि की है। इंस्पेक्टर सैनी के दिल में खुबसूरत चंडीगढ़ के निर्माण की उमंगे हिलोरें मार रही थीं। वे अपने धुन व लगन के पक्के थे। दुनिया एक ओर, वे एक ओर। उनको कर्तव्य पथ से कोई विचलित नहीं कर सकता था।
पी.डब्लू.डी. डिपार्टमेंट का एक स्टोर चंडीगढ़ के प्रस्तावित नक्शा के सेक्टर एक में था। इस सेक्टर का लगभग सारा भाग जंगल था स्थित योजना के मुताबिक इसे हरित प्रक्षेत्र के रूप में छोड़ा जाना था। इसी के एक हिस्से में पी.डब्लू.डी. डिपार्टमेंट का स्टोर था। नेकचंद सैनी ने अपने अंतःकरण में आकार ले रहे कलाकार के लिए इसी जंगल के एकांत में अपना स्टूडियो बनाया जो एक सामान्य झोपड़ी से अधिक कुछ नहीं था। इंस्पेक्टर सैनी अपनी ड्यूटी को ईमानदारी से पूरा करते हुए सुबह-शाम व छुट्टी के समय में अपनी साईकिल पर पूरा शहर घूमा करते थे। शहर और आस-पास के इलाके में जहां कहीं काम के लायक कुछ मिलता, उसे वे उठाकर बोरियों में डालकर अपनी सायकिल पर लादते, उस जंगल के बीच स्थित झोपड़ीनुमा अपने स्टूडियो में लाकर रखते और देर रात तक लाई गई सामग्रियों से कला का सृजन करते। वे अपने काम में इतने रम गए थे कि उन्हें घर-परिवार की सुध भी नहीं रहती। सुबह अपना टिफिन लेकर घर से निकलते व रात बारह-एक बजे के बाद ही घर लौटते। परिवार में पत्नी व बच्चों के लिए समय जरा भी नहीं मिलता। उनके पुत्र अनुज सैनी बताते हैं कि वर्ष में केवल दशहरा की छुट्टी में वे घर पर रहते थे। पर, मेला आदि बच्चों को मां के साथ ही जाना पड़ता था। 1956 ई. से 1975 ई. तक रॉक गार्डन के सबके सामने आने के बीच एक सामान्य चर्चा उनके जीवन की थी। वे घर पर कम ही रहते। मुहल्ले व रिश्तेदारों से कोई खास सरोकार नहीं था। या यूं कहें, उन्होंने इन कामों को प्राथमिकता में नहीं रखकर अपने ध्येय के प्रति दृढ़ रॉक गार्डन के कला-संसार में ही रहते थे। उनके कला-संसार को ‘रॉक गार्डन’ का नाम बाद में दिया गया था।
वे एक उच्च कोटि के खोजकर्त्ता, पर्यावरणवादी, प्रकृति के चितेरा, सामाजिक सरोकारों से युक्त, परिपक्व कला-दृष्टि से संपन्न प्रयोगवादी कलाकार थे। उन्होंने अपनी कला-रचना में भौतिक आडम्बर, पाण्डित्य का बखान एवं अलौकिक मान्यताओं को कोई जगह नहीं दिया। उन्होंने सीमित संसाधन में समाज के लौकिक जीवन को ही उसके नौसर्गिक अंदाज में व्यक्त किया। वे अपने रचनात्मक अभिव्यक्ति के लिए अपने ही परिश्रम की आधार-भूमि पर खड़े थे जो पिरामिड की तरह बिना संतुलन खोये चीरकाल तक सीना ताने खड़ा रहा। वे 1956 ई. से 1975 ई. तक लगभग 18 वर्ष उसी चंडीगढ़ में रहे पर किसी को पता भी नहीं चला। एक महान कलाकार न सिर्फ वहां वास कर रहा था अपितु अपनी कला-रचना से विश्व को एक अनुपम भेंट भी प्रदान किया। 1975 ई. तक वे मीडिया से दूर रहे। सभा, सोसायटी, सेमिनार आदि कुछ भी उनके हिस्से में नहीं रहा। वह कलाकार सृजन कर रहा था- हमारे और भावी पीढ़ी के लिए। अपने लिए उस संत कलाकार को कुछ भी नहीं चाहिए था। 12 एकड़ के अपने कला-उद्यान में उन्होंने एक भी पेड़ को नुकसान नहीं पहुंचाया। जीवों को परेशान नहीं होने दिया। इस प्रयोगवादी कलाकार ने प्रसिद्ध सुखना लेक में पहला बट डाला व बोटिंग आरंभ किया। लेक के किनारे के पेड़ों को सुरक्षा प्रदान की। चर्चित पीक-प्लेस का पीपल पेड को सड़क निर्माण प्रक्रिया में कटने से बचाया। आज वह पीपल तनकर खड़ा है और चंडीगढ़ नगर निर्माण की गवाही देता है।
मक्के की रोटी, चावल व मछली का पसंदीदा भोजन करने वाले सैनी काम के वक्त भूख लगने पर पेड़ से फल, कंदमूल खाकर भी गुजारा कर लेते थे। कौन कला सर्जक होगा, जो जूट की बोरियां ओढ़कर स्टूडियो में कार्य करता होगा? किसने अपने कला संसार की रचना रात के अंधकार में किया होगा? उन्होंने लाईट नहीं, जलते टायर की रोशनी से ही काम चलाया था। जुनून के पक्के, मृदुभाषी सबसे स्नेह भाव रखने वाले नेकचंद का जीवन करोड़ों भारतीयों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। वे अभाव में रहकर भी वह सब कुछ कर गए, जिसे कालजयी पुरुष किया करते हैं। अपनी ख्याति के शीर्ष पर पहुंचने के बाद भी वे जमीन से जुड़े रहे। तलवाड़ा (होशियारपुर) के रॉक गार्डन का कार्य पूरा होने के पश्चात् वे अपने गांव फेरोचेची गये थे। जहां गांव के साथी व बुजुर्गों ने उनको सम्मानित किया था।
रॉक गार्डन चंडीगढ़ का निर्माण चरणबद्ध तरीके से तीन चरणों में पूरा किया गया। इसका पहला चरण 1956 ई. में आरंभ हुआ और 1975 ई. में पूरा हुआ। इस पार्क को 24 जनवरी 1976 को उद्घाटन करते हुए जनता के लिए खोल दिया गया। इसका क्षेत्रफल 12 एकड़ है। इस चरण का ही कार्य जंगल के बीच गोपनीय तरीके से किया गया था। लगभग 18 वर्षों तक इस पर किसी सरकारी अधिकारी की नजर नहीं पड़ी थी। 1976 ई. में इसका दूसरे चरण का कार्य आरंभ हुआ। 1983 ई. में इसके तीसरे चरण का कार्य आरंभ होकर 2003 ई. में पूरा हुआ। तीनों चरणों का कार्य संपन्न होने के बाद इसका कुल विस्तार 40 एकड़ तक फैल गया।
कला के क्षेत्र में स्थापित प्राचीन व आधुनिक शैलियों से ‘रॉक गार्डन चंडीगढ़’ का निर्माण, नेकचंद सैनी का कला के क्षेत्र में किया गया अलग हटकर एक नई कला-विधा का जन्म उन्होंने दिया। घर, बाजार, शहर, नदी, पहाड़, पोखर सभी जगह यह कलाकार यायावरी करता रहा। जहां कहीं उनके काम लायक कुछ मिल जाता, अपने उस स्टूडियो में लाकर उसे रखते जो जंगल के बीच घिरा था। एकदम निर्जन व सुनसान मच्छरों की भिन-भिनाहट, काली अंधेरी रात में भी वैकल्पिक रोशनी का अलहदा व्यवस्था कर कलाकार अपने स्टूडियो में मग्न रहता था।
वे स्टूडियो के बाहर विविध जगहों से इकट्ठा किये गये चूड़ी, पत्थर, सिरेमिक, मोजाईक, कांच, घड़ा, टाइल्स, चीनावेयर, बेकेलाइट, बिजली का बल्ब, स्वीच, फ्यूज, प्लग, कटलरी, कपड़ों की कतरण, आदि का खजाना लाकर रखते थे। मच्छरों से बचने के लिए सीमेंट की जूट वाली बोरी को धोकर वह महान कलाकार ओढ़ लेता। रोशनी की कमी को टायर जलाकर पूरा कर लेता। बारीक, बड़े, अनगढ़, सुगढ़ सब तरह की सामग्री कलाकार के सधे हाथ से आकार पाते गये। बेजान कबाड़ में जान आते गई, सौंदर्य निखरता गया।
शहर व प्रकृति के बीच बिखरे कबाड़ ही उनके लिए कच्चा माल था। कबाड़ को, जिसे दुनिया बेजान, बेकार, कुरूप समझ फेंक देती है, उन्हें उनमें जीवन, उपयोगिता, सौंदर्य नजर आता था। कबाड़ में सौंदर्य को ढूंढ़ना व उसे उपयोगी ही नहीं, आवश्यकता रूपों में बदल देना ही इस कलाकार का अभिष्ट था। धरती पर पहली बार कोई कलाकार जन्म लिया था, जो प्रकृति से अनन्त प्रेम करता था। वह पर्यावरण को बचाने का हिमायती था। शहर की कृत्रिमता में भी प्रकृति को बचाये बनाये रखने व उसे संवारने के लिए अपना सर्वस्व त्यागने को तैयार था। अपनी नौकरी के बाद दिनभर की थकान से चूर इम्पलाई जब अपने स्टूडियो में पहुंचता था, तो उत्साह के कारण सारा थकान दूर हो जाता था। रात बारह-एक बजे तक कार्य करने के पश्चात ही वह दम मारता। रविवार व त्योहार की छुट्टियां उसके लिए उपहार होतीं। वे तब अपना पूरा समय कलाकृतियों के निर्माण को देते। सुंदर मूर्ति, वास्तु, पशु, पक्षी, झरना, झूला, महल, रानी, राजा, नाटक-टोलियां, चौपाल की महफिल, गीत गाती महिलाओं का झुंड, डोली के असवार, आकार पा रहे थे। उन्हीं कबाड़ों से जिसे समय-समय पर शहर भर से बिन-चुन उठाकर लाया गया था।
कलाकार सैनी ने अपनी सायकिल पर सकेतड़ी, नेपली, कसौली की अनगिनत यात्रा की। हिमालय की तराई में नदियों की घाटियों से कुछ भी उन्हें काम लायक मिला, उसे अपनी सायकिल पर ढोकर लाया। अपने कला-सृजन में उनका उपयोग किया। इस निर्माणाधीन पार्क पर पहली बार 1975 ई. में बाहरी दुनिया के किसी व्यक्ति की नजर पड़ी। चंडीगढ़ प्रशासन का एक अफसर जो कि निकट ही पी.डब्लू. डी. विभाग के डिपो पर आया था, उसने इसे देखा। उस ऑफिसर की पैनी नजरों ने नेकचंद सैनी के कला-संसार का मुआयना किया। विभाग को सूचित करते ही कि ‘चंडीगढ़ नगर के सेक्टर एक में अवैध रूप से लगभग 12 एकड़ में निर्माण-कार्य किया गया है’ हड़कम्प मच गया। यह अवैध निर्माण चंडीगढ़ शहर के लिए बड़ी बात थी। पूरे चंडीगढ़ का निर्माण ली कार्बुजीयर नाम के फ्रांसीसी इंजीनियर की देख-रेख में हो रहा था। नक्शा से इतर एक भी निर्माण कार्य नहीं हो सकता था। वहां एक रोड इंस्पेक्टर ने 12 एकड़ में अवैध निर्माण कार्य कर डाला था। समय-समय पर अफसरों का दल उस निर्माण के निरीक्षण के लिए आता रहा। सभी अपनी-अपनी निगाह व समझ से उन कलाकृतियों को देखते, जिसे उनके ही विभाग का एक रोड इंस्पेक्टर ने बनाया था। अद्भुत आज के पार्क की तरह ही कला की एक बेमिशाल दुनिया सारी खुबियों से आच्छादित पुल, झरना, थियेटर महल, बाग, चहारदीवारी, तोरण सब कुछ इस पार्क में था और इसका निर्माण इसी शहर व आस-पास से लाये गये कबाड़ से किया गया था। कुछ ना-नूनकर के बाद अंततः नगर निर्माण एडवाइजरी बोर्ड की सलाह पर इस पार्क को स्वीकार कर लिया गया व विधिपूर्वक जनता को समर्पित कर दिया गया। 24 जनवरी 1976 को जब चांडीगढ़ की जनता इसे देखने पहुंची तो सभी आश्चर्यचकित थे। दुनिया का आठवां आश्चर्य ‘रॉक-गार्डन’ उनके अपने शहर में था।
शहर के वरिष्ठ हस्तियों की उपस्थिति में पार्क का उद्घाटन हुआ। इसके साथ ही कलाकार नेकचंद सैनी के कला-शिल्प का अवलोकन व मूल्यांकन का सिलसिला आरंभ हो गया। मीडिया के माध्यम से विदेशी सैलानियों व कला प्रेमियों के बीच जब बात गई तो उन्होंने भी ‘अपनी नजर’ से अवलोकन किया व इस पार्क के बारे में रिव्यू लिखा। किसी ने किताब लिखा, किसी ने लेख, किसी ने डाक्यूमेंट्री बनाई। लंदन में इस पार्क के दीवानों ने एक फाउंडेशन का निर्माण कर पाश्चात्य देशों में प्रचार-प्रसार का कार्य किया और इस नई कला-विधा जिसे उन्होंने ‘आउट साइडर आर्ट’ नाम दिया था, के संरक्षण का दायित्व लिया। कलाविद नेकचंद सैनी ने रॉक गार्डन का कार्य पूरा हो जाने के बाद विविध राज्य सरकारों व संस्थाओं के आमंत्रण पर भिन्न-भिन्न जगहों पर लघु रॉक गार्डन का निर्माण किया। 2005 ई. में उन्होंने रॉक गार्डन तलवाड़ा पार्क का निर्माण किया।
यह पंजाब के होशियारपुर जिला में अभी स्थित है। इसका उद्घाटन वर्ष 2006 में किया गया। होशियारपुर से गुजरने वाले सैलानी कुछ देर रुक कर यहां समय बिताना आवश्यक समझते हैं। प्रकृति की गोद में बने पार्क में नेकचंद का नायाब कला-कौशल विषय-वस्तु को सजीवता प्रदान करते हैं। नेकचंद की कलाकारिता रॉक गार्डन दार्जिलिंग में भी नजर आती है। इस पार्क का निर्माण बंगाल सरकार के प्रयास से दार्जिलिंग मुख्य नगर से 10 कि.मी. की दूरी पर किया गया है। हिमालय की दाल पर सर्पिली सड़कों के मोड़ों पर किये गये आर्ट से सैलानियों को आनंद की प्राप्ति होती है। इस पार्क को गोरखालैंड स्वायत्त परिषद् के आंदोलन के दौरान काफी क्षति पहुंचाई गई थी। इन अनमोल कला धरोहरों को क्रूरता से नष्ट किया गया। रॉक गार्डन मल्लमपुझा पार्क का निर्माण केरल के वन एवं पर्यावरण मंत्रालय के द्वारा पल्लकड़ जिले में किया गया है। यहां भी पार्क की कला शैली चंडीगढ़ के पार्क की तरह ही है। कबाड़ से निर्मिति कला-कृतियां। प्रदर्शित बिंब केरल की स्थानीय संस्कृति के अनुरूप है। यहां की कला-कृतियों में नौकादौड़, युद्धनृत्य, हाथी, नारियल के पेड, मछली, सागर तट आदि की सुन्दर तरीके से निर्मित की गई है। वर्ष 1993-95 में निर्मित इस पार्क का उचित रख-रखाव नहीं होने से कलाकृतियों को नुकसान हो रहा है।
अन्य कलाकर्म, उपरोक्त पार्कों के अलावे कलाविद माननीय नेकचंद सैनी के बनाये स्टेच्यू व स्कल्पचर से मुम्बई, चंडीगढ़ एयर पोर्ट व चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन को सजाया गया है। यहां आने वाला हर यात्री इसको देखने के बाद मंत्रमुग्ध हो जाता है। इन पंक्तियों के लेखक को सन् 2001 में चंडीगढ़ स्टेशन पर जब ये कलाकृतियां दिखी थीं तो उसके कदम न सिर्फ रुक गये बल्कि उनकी ओर मुड़ भी गये थे। मैंने करीब जाकर इन मूर्तिशिल्पों को निहारा था। तब मोबाइल कैमरा का दौर नहीं था और मैं इस याद को कैमरे की जगह मस्तिष्क में ही समेटे रहा। सैनी जी के कलाकर्म से यह मेरा पहला परिचय था। तब मैं इसके निर्माता को जानता भी नहीं था। उनको मैंने तब जाना जब वर्ष 2009 के दिसम्बर के आखिरी सप्ताह में रॉक गार्डन चंडीगढ़ की यात्रा की। सैनी की कला वास्तव में अनूठी, अद्वितीय व लोक-जीवन से जुड़ी भारतीय सामाजिक सभ्यता का सच्चा प्रतिबिंब है।
नेकचंद सैनी ने जिस अनूठे कला-शैली को जन्म दिया, उसकी ख्याति दूर-दूर तक फैल रही थी। विदेशी कला मर्मज्ञ इसे देखने के लिए चण्डीगढ़ आने लगे थे। इसी क्रम में अमेरिका के कैलिफोर्नियां शहर के चिल्ड्रेन्स म्यूजियम के निदेशक मान्यवर एन. लेविन चंडीगढ़ का रॉक गार्डन देखने आये। चंडीगढ़ रॉक गार्डन में उनके किये अद्भुत कार्य जिसमें भारतीय सामाजिक सभ्यता की सच्ची तस्वीर झलक रही थी, जिसे देखकर वे मंत्रमुग्ध हो गये।
मिस्टर लेविन के आमंत्रण पर कलाविद् सैनी वाशिंगटन में उस म्यूजियम के कैम्पस में बच्चों के लिए पार्क का निर्माण किया। इसे भी रॉक गार्डन ही नाम दिया गया है। अमेरिकी बच्चों को दिया गया सैनी का यह उपहार बेमिसाल है। सर्बिया में उनके काम से प्रेरित होकर रॉक गार्डन निर्माण करने के लिए उन्हे आमंत्रित किया गया। लेकिन ये तब हमारे बीच नहीं रहे। उनके कार्य को पूरा करने के लिए उनके पुत्र अनुज सैनी को रॉक गार्डन सोसाइटी की ओर से भेजा गया।
‘आउट साइडर आर्टिस्ट’ के रूप में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त नेकचंद सैनी के कला प्रदर्शन ब्रिटेन, बेल्जियम, फ्रांस, स्वीटजरलैंड, संयुक्त राज्य अमेरिका के विविध कला केन्द्रों, गैलरियों व म्यूजियम में किया गया है। इनके सेलेक्टेड कलाकर्म को ब्रिटेन के Raw Vision Collection Hearts, बेल्जियम के De Stadshof Collection Museum Dr. Guislain, स्वीटजरलैण्ड के The Collection de l’Art Brut संयुक्त राज्य अमेरिका के John Michael Kohler Art Center, Museum of International Art, American folk Art Museum, American Visionary Art Museum के अलावे वेनिस, पेरिस व बर्लिन की आर्ट गैलरियों में भी इनके कला वस्तु का प्रदर्शन किया गया है। इनके कला विजन ने पश्चिम के कलाविदों को काफी प्रभावित किया। विदेशों से बहुसंख्य कला मर्मज्ञ इनके कलाकर्म को देखने के लिए चंडीगढ़ आते रहे हैं। वे इनके कलाकर्म को देखकर काफी प्रभावित हुए हैं व अपने देश में आकर कला सेवाएं देने के लिए सादर आमंत्रित करते रहे हैं। इनके कलाकर्म पर पाश्चात्य विद्वानों द्वारा बहुत सारी पुस्तकें, चित्र और शोध-पत्रों का प्रकाशन किया गया है। इस साहित्य व विजन डाक्यूमेंट के माध्यम से यूरोप अमेरिका के देशों ने अपने कला वैभव का विकास किया है। नेकचंद फाउंडेशन, लंदन इनके कला का संरक्षण व विदेशों में प्रचार का कार्य करता है।
1976 ई. में चंडीगढ़ लैंड एडवाइजरी कमेटी की सिफारिश पर रॉक गार्डन को चंडीगढ़ के नक्शा में शामिल करते हुए पब्लिक के लिए खोल दिया गया। इसके उद्घाटन अवसर पर चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा इनका प्रोमोशन करते हुए प्रशस्ति पत्र व 5000 रुपये नकद देकर सम्मानित किया गया। 1983 ई. में रॉक गॉर्डन के मूर्ति-आर्ट पर एक डाक टिकट जारी कर इन्हें सम्मानित किया गया। वर्ष 1984 में भारत सरकार की ओर से पद्मश्री आवार्ड व प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया। चंडीगढ़ की नागरिक सोसाइटी द्वारा इन्हें ‘लिविंग लिजेंड ऑफ पंजाब’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। आस्ट्रेलिया ने इनके सम्मान में एक फिल्म का निर्माण किया। इन्हें अमेरिका के फोल्क आर्ट सोसाइटी द्वारा लाइफटाईम अचीवमेंट पुरस्कार प्रदान किया गया। फ्रांस ने इन पर एक वृहत पुस्तक लिखा व प्रकाशित कर सम्मानित किया।
वर्ष 1986 में वाशिंगटन शहर में एक पार्क निर्माण के बाद सम्मान स्वरूप इन्हें शहर की चाबी मेयर के द्वारा दी गई। इस दिन को वहां ‘नेकचंद डे’ के रूप में सेलिब्रेट किया जाता है। पठानकोट के ओल्ड स्टूडेंट एशोसिएशन ने भी इन्हें आमंत्रित कर सम्मानित किया था। हाल ही में रॉक गार्डन चंडीगढ़ में इनके 300 अवार्डों की एक डिस्पले लगाई गई है।
संत कलाकार नेकचंद सैनी यदि जाति कुल से ब्राह्मण होते तो भारत की शासन-सत्ता उन्हें अब तक भारत-रत्न से नवाज चुकी होती। मैं समझता हूं सैनी साहब भारत-रत्न पुरस्कार के वास्तविक हकदार हैं। इस कृत से इस पुरस्कार का भी कद बढ़ता। बड़ी मेहनत व लगन से बनाई गई अपनी कलाकृतियों पर हुए हमले में लगातार मुकदमेबाजी से उनका मन दुखी था। वे तनाव में रहने लगे। अत्यधिक उम्र हो जाने के कारण अब वे उतने जोश के साथ सृजन नहीं कर पा रहे थे। इस दौरान वे कैंसर से पीड़ित हो गए। 12 जून 2015 को 90 वर्ष की अवस्था में पी. जी. आई. संस्थान चंडीगढ़ में उनका निधन हो गया। इनकी डेथबॉडी को प्रेमी लोगों ने ‘रॉक गार्डन’ की थीम पर ही ट्रक पर सजाकर उनके निवास चंडीगढ़ सेक्टर 27/ए से रॉक गार्डन लाया गया, जहां नगरवासियों ने अंतिम दर्शन किये। शव यात्रा उसी मार्ग से निकाली गई, जिस मार्ग पर वे साईकिल से कबाड़ लादकर आया-जाया करते थे।
दुनिया में ऐसे बहुत कम ही लोग होते हैं जो जीते जी लिजेंड बन जाते हैं। संत कलाकार नेकचंद सैनी अपने अनोखे कलाकर्म से अपने जीते जी लिजेंड बन गये। स्वप्रेरित व स्वप्रशिक्षित इस कलाकार की कला को पाश्चात्य कलाविदों ने ‘आऊट साईडर आर्ट’ का नाम दिया है। उनकी तुलना हेनरी मून से की जाती है। वे अपने कला-विधान के लिए स्वयं ही एक मानक छोड़ गये हैं। संत कलाकार सैनी ने कलाकृतियों का निर्माण एक हॉबी के रूप में आरंभ किया था, जो आगे चलकर जुनून में बदल गया। उनके लिए कला का मतलब अपने आस-पास के लोकजीवन से था। यहां जो कुछ भी है, वह प्रकृति की नेमत है। उसे छेड़ो नहीं। उसके भीतर सौंदर्य का वास है। उस सौंदर्य को देखने के लिए अपनी दृष्टि को विकसित करें।


