विजय सिंह पथिक : प्रतिरोध के जीवंत नायक

Date:

    1857 ई. की क्रांति के बाद भारतीयों पर विदेशी हुकूमत के अत्याचार लगातार बढ़ रहे थे। भारत की अवाम दोहरी मार झेल रही थी, जिसमें एक और अंग्रेजों की कम्पनी सरकार भारतीयों पर अत्याचार और शोषण कर रही थी। वहीं दूसरी ओर विभिन्न रियासतों और प्रांतों के राजा, महाराजा, नवाब, सेठ-साहूकार ग्रामीण भोली-भाली जनता का खून चूसने पर तुले थे। ऐसे अराजकता, शोषण और अत्याचार के माहौल में भारत में विभिन्न क्रांतिकारी सपूतों का जन्म हुआ। जिन्होंने बाल्यावस्था में ही अत्याचारी ब्रिटिश सरकार की बेड़ियों से भारत को आजाद कराने का संकल्प लिया और अपना घर-बार परिवार सब छोड़, अपनी जान की परवाह किए बिना आजादी के आंदोलन में कूद पड़े। इसमें क्रांतिकारी रास बिहारी बोस, सचींद्र सान्याल, विजय सिंह पथिक, राजगुरु, चद्रशेखर आजाद, भगत सिंह, असफाक उल्ला खां, रामप्रसाद बिस्मिल के अलावा हजारों गुमनाम देशभक्तों ने अपने जीवनपर्यन्त संघर्ष और प्राणों की आहुति देकर भारत को गुलामी की बेड़ियों से मुक्त कराया।

   ऐसे ही गुमनाम क्रांतिकारीयों की सूची में सामाजिक न्याय के योद्धा, किसान-गरीब के हितैषी वीर विजय सिंह पथिक भी थे, उनका जन्म उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में गुठावली नामक गांव में दुलैडी के दिन 24 मार्च 1882 को स्वतंत्रता प्रेमी, देश भक्ति की भावनाओं से ओतप्रोत परिवार में हुआ। भूप सिंह उर्फ विजय सिंह पथिक के दादा इंद्र सिंह और पिता हम्मीर सिंह पहले ही अंग्रेजी सरकार से लोहा लेते हुए शहीद हो चुके थे। मां श्रीमती कमल कौर को भी 1857 ई. की क्रांति में बंदी बनाया जा चुका था। भूप सिंह मां की कोख में ही थे, तब उनके पिता का देहांत हो गया। ममतामयी वीरमाता के स्वर्गवास हो जाने के बाद वे अपनी बड़ी बहन के पास निजामपुर गांव सिकंदराबाद (यूपी) चले आये। उन दिनों उनके जीजा जी राज्य के वन विभाग में नियुक्त होकर इंदौर चले गए वहीं इनके चाचा श्री बलदेव सिंह मऊ-इंदौर छावनी में सूबेदार के पद पर तैनात थे। श्री पृथ्वीराज मेहता की पुस्तक ‘हमारा राजस्थान’ के अनुसार भूप सिंह की उच्च शिक्षा उनके चाचा सुबेदार बलदेव सिंह के पास इंदौर में हई। बालक भूप सिंह अपनी बहन और बहनोई के साथ जब इंदौर पहुंचे तो यह संभव है कि वे अपने चाचा श्री बलदेव सिंह के पास चले गए हों। कुछ समय उपरांत उनके जीजा जी राजस्थान के किशनगढ़ में पुलिस अधिकारी हो गए तब भूप सिंह राजस्थान आये इससे बाद में उनका जुड़ाव राजस्थान से हुआ।

   उनके चाचा बलदेव सिंह भले अंग्रेजी सेना में कार्यरत थे, लेकिन उनके हृदय में अंग्रेजों के प्रति घृणा और देश को स्वतंत्र कराने की भावना परिवार से विरासत में मिली थी। 1892 ई. में इंदौर के तत्कालीन महाराजा शिवाजी राव होल्कर ने जब अंग्रेजों के विरुद्ध सैनिक विद्रोह खड़ा किया। उस दौरान अंग्रेजी सत्ता को उखाड़ फेंकने के लिए सशस्त्र विद्रोह की तैयारी में भूप सिंह के चाचा श्री बलदेव सिंह का पूरा हाथ था। मऊ छावनी का महाराज शिवाजी राव से संपर्क श्री बलदेव जी द्वारा स्थापित किया गया था। वे होल्कर महाराज के साथ इस विद्रोह में शामिल थे। इतिहाकारों का मानना है, भूप सिंह को सैनिक शिक्षा और बंदूक इत्यादि अस्त्र-शस्त्र चलाने की शिक्षा उनके चाचा के पास रहने से ही मिली और वहीं उनके मन में अंग्रेजी शासन के विरुद्ध घृणा और देश को आजाद कराने की भावना पैदा हुई ।

शिक्षा-

   देश के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम और देशभक्तों की वीर गाथाओं को सुनकर बड़े हो रहे भूप सिंह से उनकी ममतामयी मां का साया भी बचपन में ही उठ गया, पिता पहले ही अंग्रेजो के हाथों शहीद किए जा चुके थे। इसके बाद वे अपनी बहन मुहर बाई के पास चले गए। उनके बहनोई अंग्रेजी जानते थे और अरबी एवं फारसी के विद्वान थे। उन्होंने भूप सिंह को घर पर ही अंग्रेजी एवं फारसी की शिक्षा दी। इसके बाद वे एक स्वामी जी के संपर्क में आये, जिन्होंने उन्हें हिन्दी, संस्कृत और धर्म शास्त्रों का अध्ययन कराया। वे चाहते थे भूप सिंह उनके शिष्य बनें, लेकिन भूप सिंह देश के सैनिक बनना चाहते थे। एक दिन इसी विषय को लेकर गुरु शिष्य में हुए मतभेद को लेकर वे स्वामी जी से अलग हो गए।

   गौरतलब है कि मालागढ़ के प्राथमिक स्कूल में शिक्षा प्राप्त करने के बाद बालक भूप सिंह को कॉलेज में शिक्षा प्राप्त करने का अवसर नहीं मिल सका। उनकी अधिकतर शिक्षा घर पर ही हुई, लेकिन विषम परिस्थितियों में भी इतना ज्ञान किस प्रकार उन्होंने अर्जित किया जो आज भी शोध का विषय है। वे हिन्दी, उर्दू, अंग्रेजी, फारसी, संस्कृत, बांग्ला और गुजराती भाषा के अच्छे ज्ञाता थे। साथ ही उन्होंने इतिहास, राजनीति, दर्शन, साहित्य, धर्मशास्त्र, समाजवाद इत्यादि विषयों पर भी गंभीर अध्ययन किया। वे इन विषयों पर जबरदस्त पकड़ रखते थे और बेबाक बोलते और लिखते थे।

   जिस व्यक्ति के शैशव काल में ही पिता और बाल्यावस्था में ही माता का साया उठ गया हो। जिसे औपचारिक उच्चतर शिक्षा प्राप्त नहीं हो सकी हो, उन्हें इतनी भाषाओं और विषयों का ज्ञान होना आज इतिहासकारों को भी आश्चर्य में डालता है। वे न सिर्फ विभिन्न भाषाओं के जानकार थे बल्कि एक उच्च दर्जे के लेखक, कवि, शिक्षक और संपादक भी थे। युवा भूप सिंह के क्रांतिकारी दल में शामिल हो जाने पर अपने को पुलिस से बचाते फिरते, क्रांति का संदेश एवं क्रांतिकारी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए एक स्थान से दूसरे स्थान पर भागते फिरते थे। ऐसी स्थिति में उन्हें गंभीर अध्यन करने का अवकाश मिल पाना लगभग असंभव था। संभव है उन्होंने जेल के दौरान अध्ययन किया हो, इसके अलवा प्रसिद्ध क्रांतिकारी सचिंद्र सान्याल और रासबिहारी बोस के संपर्क में आने पर भी उन्हें अध्ययन की सुविधा मिली हो।

   इसके पहले उनके चाचा सूबेदार बलदेव सिंह जो कि इंदौर छावनी में तैनात थे, वहां उनके संरक्षण में भी भूप सिंह की शिक्षा दीक्षा हुई। इंदौर (मध्यप्रदेश) के एक घटना का जिक्र कुछ इतिहासकारों ने किया है, जिसमें सरकारी स्टेडियम में हिन्दुस्तानी युवाओं और अंग्रेजों के बीच फुटबाल मैच चल रहा था। इस दौरान एक अंग्रेज अफसर का शरारती लड़का हिन्दुस्तानी लड़कों को बार-बार टंगड़ी देकर पटक देता और बॉल लेकर गोल कर देता। लड़ाई के डर से कोई कुछ बोल नहीं पाता, बल्कि हंसकर बात को टाल दिया जाता। इस मैच के दौरान यह सब देख एक युवा की आंखे लाल सुर्ख हो रही थीं। कुछ देर बाद वह युवा हिन्दुस्तानी युवाओं की तरफ टीम में खेलने लगा। इस बार ज्योंही शरारती अंग्रेजी शहजादे ने उस युवा को टंगडी देने की कोशिश की उसने पहले ही अंग्रेज लड़के को उठाकर हवा में झुलाया और जमीन पर पटक कर लात घूसों की बौछार कर दी। माहौल बिगडने पर मैच रद्द कर दिया गया, क्योंकि उस युवा के चाचा सुबेदार बलदेव सिंह स्वयं मिलिट्री के अफसर थे। इसलिए अंग्रेज उनका कुछ नहीं बिगाड़ सके और मन मसोस कर रह गए।

क्रांतिकारी संघर्षमय जीवन-

   जब सब लोग वहां से चले गए तो पेड़ की ओट से कम्बल में ढकी दो आंखें उस युवा को निहार रही थीं। कुछ देर बाद जब वे युवा भूप सिंह के पास आकर रूके और पूछा तुम्हारा नाम क्या है और कहां रहते हो, पहले तुम अपना परिचय बताओ। जवाब आया मेरा नाम सचिंद्र सान्याल है, मैं बंगाल से हूं और रासबिहारी बोस की टीम का सदस्य हूं। इतना सुनते ही युवक की आंखे चमक उठीं, मानो प्यासी धरती को यकायक पानी मिल गया हो। युवक ने जवाब दिया मेरा नाम भूप सिंह है और मैं आपके क्रांतिकारी दल में शामिल होना चाहता हूं।

   बोस ने कुछ दिन तक उन्हें जांचा परखा। तत्पश्चात् उनके अंदर क्रांति और राष्ट्रभक्ति के जज्बे को देखकर 1907 ई. में अपने मुख्य ‘क्रांति दल’ में शामिल किया। वहां उन्होंने बंगाली और अंग्रेजी भाषा का अध्ययन किया। इस दौरान मिलने वाले कार्य को सफलतापूर्वक करते हुए भूप सिंह ने अंग्रेजों का शस्त्र वाहक जहाज लूटकर शस्त्रों की सप्लाई देश के क्रांतिकारियों में कर दी। जिससे अंग्रेजों में त्राहि मच गई। कई क्रांतिकारी पकड़े गए। इस दौरान रासबिहारी बोस विदेश चले गए और भूप सिंह गोला बारूद बक्सों व बोरों में भरकर लखनऊ आ गए। वहां पर रहकर उन्होंने अंग्रेजों की टुकड़ियों पर बहुत कहर बरपाया। इसके बाद दिल्ली पहुंचे जहां रेलवे स्टेशन के चप्पे-चप्पे पर अंग्रेज पुलिस उन्हें तलाश रही थी। भूप सिंह ने रेलगाड़ी से उतरकर चांदनी चौक पर तीन बम फोड़े। अंग्रेज सैनिक जैसे ही रेलवे स्टेशन छोड़कर चांदनी चौक की तरफ दौड़े, भूप सिंह उन्हें चकमा देकर वापस रेलवे स्टेशन पहुंच लाहौर के लिए निकल लिए। लाहौर पहुंचने पर भूप सिंह ने सुखदेव, राजगुरु और भगत सिंह से मुलाकात किया। उन्होंने जालियांवाला बाग हत्याकांड के बदला लेने की अपनी इच्छा जाहिर करते हुए कहा कि यह काम उन्हें करने दिया जाए। काफी विचार मंथन के बाद भूप सिंह ने उन्हें पिस्तौल व गोला बारूद सौंप दिया और स्वयं अजमेर आ गए। भूप सिंह ने एक शीर्ष क्रांतिकारी के रूप में विभिन्न कार्यों को अंजाम दिया।

   क्रांतिकारी दल में शामिल होने के दौरान मिले पहले ही कार्य को सफलतापूर्वक करते हुए भूप सिंह ने अंग्रेजों का शस्त्र वाहक जहाज लूटकर शस्त्रों की सप्लाई देश के क्रांतिकारियों के बीच किया। 30 अप्रैल 1908 मुजफ्फरपुर बम कांड की योजना तैयार की। कन्हैयालाल दत्त और सचिन्द्र सान्याल को जेल में पिस्तौल पहुंचाया। लार्ड हार्डिंग पर दिल्ली के चांदनी चौक में बम कांड, 23 दिसम्बर 1912 को तय समय पर बम फेंकने वालों में प्रसिद्ध क्रांतिकारी रासबिहारी बोस, भूप सिंह, जोरावर सिंह एवं केशरी सिंह बारहठ थे। अंग्रेजों के शस्त्र वाहक जहाज को लूटकर पहले लखनऊ, फिर दिल्ली और उनके बाद लाहौर में जलियांवाला बाग कांड का बदला लेने के लिए सुखदेव, राजगुरु और भगत सिंह तक गोला बारूद पहुंचाने के अभियान में शामिल रहे। अलीपुर षड्यंत्र केस में प्रियनाथ चटर्जी की हत्या भूप सिंह ने 3 जून 1909 को की।

   उपरोक्त क्रांतिकारी घटनाओं के बाद रासबिहारी बोस ने अजमेर रेलवे वर्कशाप में नौकरी की। अजमेर जिले के खरवा राव गोपाल सिंह भी रासबिहारी बोस के द्वारा क्रांतिकारी भूप सिंह के संपर्क में आये। क्रांतिकारी गतिविधियों में लिप्त गोपाल सिंह और भूप सिंह अस्त्र शस्त्रों का भंडार एकत्रित करते और युवकों को प्रशिक्षित करते थे। इस दौरान मुखबिर लगने के बावजूद अधिकतर भूप सिंह गोरों की सेना को चकमा देकर भागने में कामयाब हो जाते थे, लेकिन एक रोज मुखबिर लगने पर 500 से अधिक सैनिकों की टुकड़ी ने उन्हें घेर लिया और ठाकुर गोपाल सिंह के साथ उन्हें पकड़कर टाटगढ़ के बंदीगृह में नजरबंद कर दिया गया। यहां भी अंग्रेजी बेड़ियां क्रांतिकारी भूप सिंह को अधिक समय तक नहीं रोक सकीं, वे साधु का भेष धारण कर अंग्रेजी सेना को चकमा देकर कारागृह से भागने में कामयाब हो गए। इसके बाद वे अपने को छिपाते हुए भूखे-प्यासे जंगलों में भटकते-फिरे। टाटगढ़ जेल से भागने के बाद उनपर 15000 रुपये का ईनाम घोषित किया गया था। इसलिए उन्होंने अपना नाम ‘विजय सिंह पथिक’ रख लिया और राजस्थान में अध्यापन का कार्य करके युवाओं को देश प्रेम, साहस, वीरता का पाठ पढ़ाने लगे और रात को लोगों के बीच जाकर विचार गोष्ठी करते। लोगों का दर्द जानते और उन्हें अपने ओजस्वी भाषण से आंदोलन के लिए तैयार करते। इस प्रकार क्रांतिकारी गतिविधियों में शामिल होने से अपने ऊपर ईनाम घोषित होने, विदेशी ताकतों से जूझते हुए, निहित स्वार्थी तत्वों से टकराते तथा जन बल को संगठित करते हुए उन्होंने संघर्षमय जीवन जिया। इस दौरान उन्होंने तमाम ओहदों और बड़े से बड़े लालचों को ठोकर मारी।

वैवाहिक जीवन-

   अजमेर पहुंचने के बाद पथिक जी ने रेलवे वर्कशॉप में मजदूरों का काम हाथ में लिया। उनकी कार्य क्षमता, प्रतिभा, संगठन शक्ति और राजनीतिक सूझ बूझ इतनी गहरी थी कि वे जिस कार्य को हाथ में लेते थे, उसमें वेग और तेज आ जाता था। पथिक जी समाजवादी विचारधारा से प्रभावित थे और मजदूरों को संगठित करते हुए उनके कार्य करते रहते थे। इस दौरान उन्होंने ‘राजस्थान संदेश’ नामक सप्ताहिक पत्र प्रकाशित करना आरंभ किया। वे अकेले ही प्रेस मैनेजर और संपादक दोनों थे।

   आर्थिक दृष्टि से अत्यंत साधनहीन होते हुए भी उन्होंने किसी से आर्थिक सहायता नहीं मांगी। किसी प्रकार छोटा-सा प्रेस खड़ा कर लिया और पत्रकारिता के द्वारा अपने विचारों को जनता तक पहुंचाने लगे। कैसरगंज में रहकर राजस्थान संदेश निकालते और मजदूर संगठन तथा कांग्रेस का कार्य करते थे। इस दौरान उनके पास आर्य समाज के उपनिदेशक श्री परमानंद जी रहते थे। उनकी पत्नी का देहांत हो गया था। घर पर दो बच्चों की देखभाल करने वाला कोई नहीं था, जिसके चलते उन्होंने ग्वालियर राज्य के सोनकच्छ गांव की कन्या पाठशाला में कार्यरत एक विधवा मुख्य अध्यापिका मोहन बाई से विवाह किया। उनके साथ ही जानकी देवी भी काम करती थीं। वह उनकी घनिष्ठ मित्र थीं, जिसे वे छोटी बहन के समान प्रेम करती थीं। मोहन बाई का विवाह मई के महीने में ग्रीष्म अवकाश के दौरान हुआ, जिसमें जानकी देवी भी सम्मलित हुई। अजमेर वापस लौटने के बाद जानकी देवी को विधवा विवाह में शामिल होने के कारण सामाजिक बहिष्कार का सामना करना पड़ा। इससे जानकी देवी का मन अत्यंत दुःखी हुआ। सामाजिक बहिष्कार के कारण उनका गांव में कोई भी संरक्षक और सहायक नहीं रहा। परमानंद की पत्नी ने आग्रह किया कि जानकी देवी के लिए कोई योग्य वर देखिये। जानकी देवी भी बाल विधवा थीं। जब वह 3 वर्ष की थीं तभी घरवालों ने उनकी शादी उनकी मौसी की बेटी के साथ कर दी थी। जब वह सात वर्ष की हुई तभी उनके पति का देहांत हो गया था। एक रोज पथिक जी ने परमानंद से कहा, “आंदोलन छिड़ने वाला है, पता नहीं कितने वर्षों के लिए जेल जाना पड़े। बड़ी कठिनाइयों से प्रेस खड़ा किया है, जेल चले जाने के बाद प्रेस समाप्त हो जाएगा जिसे फिर खड़ा कर पाना मुश्किल होगा।”  इस पर परमानंद जी ने उन्हें शादी करने की सलाह दी। उनका जवाब था ‘जेल चला जाऊंगा तो उनकी देखभाल कौन करेगा।’ इस पर जवाब मिला आप उसकी चिंता मत करो मेरी एक छोटी साली है वह अध्यापिका है। यदि आप उनसे विवाह कर लें तो वह सब सम्हाल लेंगी। पथिक जी ने कहा, “आप उन्हें बुला लीजिए, उनसे बात करके ही उत्तर दूंगा।” मैं एक मजदूर कार्यकर्ता हूं एक मजदूर स्त्री ही चाहिए। यहां उस दौरान के विधवा विवाह और जातिवाद की परवाह न करते हुए पथिक जी ने जानकी देवी जी की सहमति मिलने पर 24 मई, 1930 को उनसे विवाह किया जो उनकी आधुनिक सोच और समता की भावना को दर्शाती है।

   विवाह के ठीक एक मास बाद 24 मार्च 1930 को रात्रि करीब 12 बजे पुलिस आई और पथिक को गिरफ्तार करके ले गई। जानकी देवी को अभी तक पथिक जी के घर के प्रबंधन के बारे में कुछ भी ज्ञान नहीं था। वह एकाएक यह सब देख घबरा गईं और रोने लगीं। पथिक जी ने सांत्वना दी कि देश के लिए जेल जाने में पत्नी को प्रसन्नता होनी चाहिए। अगले दिन पथिक जी की गिरफ्तारी पर अजमेर में हड़ताल हुई, जुलूस निकला और सब राष्ट्रीय कार्यकर्ता जानकी देवी से मिलकर बधाई देने आये। अगले दिन जानकी देवी पथिक जी से मिलने जेल गईं। जहां बड़ी कठिनाई से जेलर ने उन्हें आधे घंटे मिलने का समय दिया, गांव की भोली-भाली जानकी देवी जेल में पथिक जी को देखकर रोने लगीं। इसपर पथिक जी ने मुस्कुराते हुए कहा, “तुम्हें रोना शोभा नहीं देता कुछ समय के उपरांत तुम्हे भी यहां आना पड़ सकता है। मां भारती के प्रत्येक पुत्र और पुत्रियों का परम कर्तव्य है कि मातृभूमि को पराधीनता की बेड़ियों से मुक्त कराने के लिए अपने को बलिदान कर दे।” पथिक जी बोले, “तुम किसी बात की चिंता मत करना ‘राजस्थान संदेश’ को बंद कर दो। प्रेस को ताला मार देना। मैं अपने मित्रों को लिख दूंगा वे आपकी सहायता करेंगे। जानकी देवी जी ने अपने गहने बेचकर प्रेस के कर्मचारियों का वेतन चुकाया और बच्चों को घरों में पढ़ाने लगीं। इस दौरान कांग्रेस उपाध्यक्ष ने किसी से पथिक जी से कहलवाया की कांग्रेस से उन्हें मदद मिल सकती है, लेकिन स्वाभिमानी पथिक जी ने मना कर दिया।

   दो साल के कारावास के बाद पथिक जी जेल से रिहा हुए। उसके बाद फिर से प्रेस स्थापित करने और जेल जाने का दौर लगातार चलता रहा। इस बीच जानकी देवी ने एक कन्या को जन्म दिया। जानकी देवी बीमार पड़ गईं, लेकिन हिम्मत से काम लेते हुए बड़ी कठिनाइयों के बीच जीवन निर्वहन करने लगीं। क्रांतिकारी की पत्नी होने के कारण कोई उन्हें अध्यापन कार्य के लिए पाठशाला में रखने के लिए तैयार नहीं हुआ। पथिक जी जेल से रिहा हुए और भगत सिंह वाचनालय स्थापित किया। अंग्रेजी पुलिस पथिक जी को खतरनाक समझती थी। उनकी प्रेस को सील कर दिया गया। कोई किराये पर पथिक जी को घर तक देने के लिए तैयार नहीं था। इस दौरान पथिक जी की आर्थिक हालत बहुत तंग थी। प्रेस बंद होने पर कोई आय का साधन नहीं था। न ही अजमेर के राजनीतिक कार्यकर्ताओं से सहायता मिलने की उम्मीद थी। इस दौरान वे घोर गरीबी से संघर्ष कर रहे थे। उस समय पथिक जी को भूखे रहकर समय व्यतीत करना पड़ा, परंतु एक वीर योद्धा की भांति उन्होंने हार नहीं मानी और भूखे रहकर भी अपने स्वाभिमान से समझौता नहीं किया।

   सरकार पथिक जी को बर्बाद कर देना चाहती थी। उनकी प्रेस को नीलाम करवा दिया गया। अजमेर में किसी से कोई सहायता की उम्मीद नहीं थी, पथिक जी यहां से रतलाम गए उसके बाद इंदौर, लेकिन यहां भी अंग्रेजी पुलिस ने उनका पीछा नहीं छोड़ा। अंत में वे मथुरा आये जहां खाना और मकान का किराया अजमेर से सस्ता होने के कारण कुछ समय तक ठहरे। यहां जानकी देवी ने एक स्कूल में नौकरी कर ली और पथिक जी कोटा के कुछ लोगों के बुलावे पर वहां चले गए। वहां वे स्वतंत्रता आंदोलन के प्रति लोगों को जागरूक करते रहे। इसके बाद उन्होंने आगरा से ‘नव संदेश’ नामक समाचार पत्र निकाला और जानकी देवी को मथुरा से आगरा बुला लिया। वहां जानकी देवी ने प्रेस के हिसाब-किताब में हाथ बंटाने के साथ एक स्कूल में अध्यापन का कार्य भी करती रहीं। पथिक जी का ‘नव संदेश’ ओजपूर्ण लेखों और पीड़ितों के दुख-दर्द के प्रकाशन के कारण शीघ्र ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में लोकप्रिय हो गया, लेकिन 1942 ई. में भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान ‘नव संदेश’ भी अछूता नहीं रहा। सरकार द्वारा भारी रकम की जमानत मांगने पर इसे बंद करना पड़ा।

पत्रकारिता एवं लेखन-

  विजय सिंह जी ‘पथिक’ एक उच्च कोटि के पत्रकार, लेखक, कवि और साहित्यकार थे। उनका लेखन कार्य अमिट छाप छोड़नेवाला है। एक तरफ जहां उन्होंने देश के शीर्ष समाचार पत्रों में आलेख प्रकाशित किए, वहीं स्वयं राजस्थान केसरी, नवीन राजस्थान, तरुण राजस्थान, राजस्थान संदेश और नव-संदेश नामक समाचार पत्र प्रकाशित किए। उनकी कहानी, कविता, उपन्यास, नाटक, निबंध और हास्य एवं व्यंग रचनाएं उनको साहित्यकार मुंशी प्रेमचंद की भांति तत्कालीन देश, काल का सटीक चित्रण करने का उदाहरण पेश करती हैं। उनके द्वारा लिखा उच्च साहित्य प्रकाशन में आया और कुछ प्रकाशित हुए बगैर ही रह गया, पथिक जी द्वारा प्रकाशन में लाया गया साहित्य निम्नवत हैः

  गरीबों का स्वराज, प्रहलाद विजय (काव्य खंड), अजमेर (ऐतिहासिक उपन्यास), कल्पना कल्लोल (गद्य काव्य) भाग 1-2, पथिक प्रमोद (कहानी संग्रह), वांछनीय जीवन (निबंध), उलट-पुलट (हास्य गद्य), पथिक प्रमोद (भाग-2), सुखिया नरेश (नाटक), अध्यापक एवं अभिभावक (टालस्टाय की प्रसिद्ध पुस्तक का अनुवाद), पथिक निबंधावली (भाग-12), स्वराज्य-राजनीतिक सिद्धांत, पथिक जी के जेल पत्र, गांव के हकीम जी (देशी चिकित्सा), बिकरा भाई (राजनीतिक उपन्यास), 17. What are the Indian state, चुनाव पद्धति और जनसत्ता, भारतीय राजनीति के तत्व, राजस्थान की मूल संस्कृति, गणराज्य पद्धति, वेदों में विश्व इतिहास गणपति (गणतांत्रिक ऐतिहासिक नाटक), रामलाल (नाटक)। उनकी लेखनी विपुल और वैविध्यपूर्ण है। इसके माध्यम से उनके क्रांतिकारी विचारों को साफ तौर पर पढ़ा जा सकता है जिनके वर्तमान सामाजिक, राजनीतिक परिवेश में एक अलग सार्थक महत्व हैं।

बिजोलिया आंदोलन-

   लाहौर षड्यंत्र में नाम आने पर भूप सिंह को टाटगढ़ जेल में बंद कर दिया गया। वहां से साधु का वेष धारण कर वे भागने में कामयाब हुए। उन्हीं दिनों बिजोलिया ठिकाने के अत्याचारों से यहां के किसान दुःखी थे। कई बार साधु सीताराम दास के नेतृत्व में किसानों ने आंदोलन किए, लेकिन सफल नहीं हो सके। उस समय ठिकाना कार्ट ऑफ वाईस के अधीन था जहां डूंगर सिंह भाटी नायब मुंसिब के पद पर कार्यरत थे। श्री डूंगर सिंह भाटी पथिक जी से भलीभांति परिचित थे। पथिक जी जेल से भागने के बाद कुछ समय उनके पास रह चुके थे। श्री भाटी पथिक जी के साहस, शौर्य, विद्वता और राजनीतिक चातुर्य को देखकर उनके भक्त बन गए थे।

    इसलिए उन्होंने साधु सीताराम को बताया कि पथिक जी चित्तौड़ के पास ओछड़ी ठाकुर के पास अज्ञातवास कर रहे हैं। यदि वे उन्हें बिजोलिया लाने में कामयाब हो गए तो किसान आंदोलन और प्रभावी हो सकता है। साधु सीताराम पथिक जी से मिले, उस वक्त पथिक जी पर पन्द्रह हजार रुपये का इनाम था। उन्होंने कहा, “आपका यहां रहना खतरे से खाली नहीं है, आप बिजोलिया चलिये। वहां की जनता सुसंगठित और अपने दुखों के निवारण के लिए सब प्रकार से बलिदान के लिए तैयार है। योग्य नेतृत्व के अभाव में यहां किसानों का घोर दमन किया जा रहा है। यदि आप वहां चलकर ठिकाने के अत्याचारों के विरूद्ध आंदोलन करें, तो हम सब आपके कहने पर आत्म बलिदान तक करने को तैयार हैं। हमें आपके तेजस्वी और क्रांतिकारी नेतृत्व की आवश्यकता है।” पथिक जी ने बिजोलिया के संबंध में जानकारी जुटाने और काफी सोच-विचार के बाद कहा कि मैं बिजोलिया किसानों की सेवा के लिए आऊंगा, लेकिन मेरे बारे में किसी को कोई सूचना न दें। साधु सीताराम अपने साथियों के साथ खुशी-खुशी बिजोलिया लौट कर पथिक जी का इंतजार करने लगे।

   इसके ठीक एक महीने बाद पथिक जी शाम के समय ऊंट पर सवार होकर बिजोलिया पहुंचे। उनके तेजस्वी मुख पर दाढ़ी, और सिर पर साफा बहुत आकर्षक लग रहा था। कोट की दोनो जेबों में कारतूस, गले में 6 फायर की रिवॉल्वर, पैर तक लटकती तलवार उनका बलिष्ठ शरीर, साहस और शौर्य की आभा से युक्त मुखमंडल और आंखों का तेज उनके व्यक्तित्व को अधिक प्रभावशाली बना रहा था। पथिक जी ने बिजोलिया में ठिकाने के अत्याचार और शोषण का जो रूप देखा वह उन्हें कहीं नहीं देखने को मिला। यहां लगान के लिए कूता प्रथा प्रचलित थी, जिसमें ठिकाने के कर्मचारी खड़ी फसल का कूता अनुमान करते थे और किसान को कूता की हुई फसल अपनी गाड़ियों में भरकर बिजोलिया ले जाकर जमा करानी पड़ती थी। ठिकाने के कर्मचारियों द्वारा मनमाने कूता से किसानों का भयंकर शोषण हो रहा था। अंधाधुंध ऊंची लगानों के साथ बिजोलिया में कुल मिलाकर 84 लगाते लगाई गई थीं। पथिक जी के संघर्ष और किसान आंदोलन के फलस्वरूप यह प्रथा खत्म हुई थी।

    ज्वार, मक्का के भुट्टे, गन्ने का रस, अफीम, पोस्त, गेंहू की बालियां, जलाने की लकड़ी, जागीरदार के पैदा होने, विवाह और मरने का खर्च लागत कर के नाम पर बांधा हुआ था। जब बिजोलिया का कोई राजा मर जाता तो उत्तराधिकारी की गद्दी पर बैठने के अवसर पर 60 हजार रुपये तलवार बंधाई निर्धन पूजा से वसूली जाती थी। इसके अलावा राव जी ने एक नया कर चंवरी के नाम से लगाया जिसमें प्रत्येक शादी करने वालों को 5 रुपये राव जी को देने पड़ते थे। यहां पथिक जी के पहुंचने पर विद्या प्रचारिणी सभा के कार्यालय में ठहरे जहां साधु सीताराम ने उनका परिचय एक नये मास्टर के रूप में कराया। वे यहां अपने शिष्यों को ज्ञान के साथ वीरता, साहस, शौर्य, स्वाभिमान और देश सेवा की भावना भरने का काम करने लगे। कभी-कभी बालकों को जंगल ले जाकर उन्हें फौजी और गुरिल्ला युद्ध की शिक्षा देते।

   किन्तु पथिक बिजोलिया केवल पाठशाला चलाने नहीं आये थे। उनका मुख्य ध्येय किसानों को ठिकाने के अत्याचारों से मुक्ति दिलाना था। इसलिए वे दिन में बच्चों को पढ़ाने के साथ रात्रि में किसानों से जाकर मिलते उनके दुख सुनते, सभाएं करते और अपने ओजस्वी भाषण से किसानों को आंदोलन के लिए तैयार करते। साथ ही नायब मुंसरिम डूंगर सिंह भाटी तथा ईश्वर दान की सहायता से बिजोलिया ठिकाने में होने वाली लिखा-पढ़ी की जानकारी प्राप्त करते। पथिक जी दूरदर्शी राजनीतिज्ञ थे, वे जानते थे कि किसान आवेश में आकर ठिकाने तथा राज्य से भिड़ जाएगा, किन्तु संगठन के अभाव में अधिक समय तक नहीं ठहर सकेगा इसलिए वे इसके लिए पूरी तरह से तैयारी कर लेना चाहते थे। पथिक जी की लगन, नेतृत्व की प्रतिभा और राजनीतिक सूझ-बूझ इतनी विलक्षण थी कि थोड़े समय में ही वे बिजोलिया के किसानों के हृदय सम्राट बन गए।

   इस बीच पथिक जी की मुखबिरी लग गई और उन्हें आंदोलन को भूमिगत होकर चलाना पड़ा। किसानों ने पथिक जी के आह्वान पर युद्ध चंदा और बेगार देने से मना कर दिया। जिसके चलते ठिकाने के कर्मचारियों से बलपूर्वक कर वसूलने के लिए क्रूरता और दमन और अधिक बढ़ गया। इस बीच पथिक जी ने बिजोलिया सत्याग्रह की खबरें ‘प्रताप’ के संपादक श्री गणेश शंकर विद्यार्थी द्वारा प्रकाशित करने के लिए आग्रह किया और पत्र में बेगू और बिजोलिया के किसानों की तरफ से राखी भेजी। इसके प्रति उत्तर में विद्यार्थी जी का जवाब आया ‘प्रताप’ के पृष्ठ बिजोलिया आंदोलन के लिए सदैव खुले रहेंगे। इसके अलावा पथिक जी ने लोकमान्य तिलक जी को बिजोलिया के किसानों पर हो रहे अंग्रेजों के अत्याचारों का विस्तारपूर्वक वर्णन भेजा, इससे प्रभावित होकर लोकमान्य तिलक जी ने अखबार मराठा में बिजोलिया आंदोलन पर अनेक लेख लिखे। उन्होंने महाराणा जी को संबोधित करते हुए लिखा, “मेवाड़ राजवंश ने स्वतंत्रता के लिए अनेक बलिदान दिए हैं। आप स्वयं भी स्वतंत्रता के पुजारी हैं, अतएव आपके राज्य में स्वतंत्रता के उपासकों को जेल में डालना कलंक की बात है।”

   इस लेख के छपने के बाद साधु सीताराम और प्रेमचंद भील पर लगे राजद्रोह के मामले की जांच कराई गई, जिसमें वे निर्दोष पाये जाने पर रिहा हुए। पथिक जी ने इस बीच ऊपरमाल पंचायत बोर्ड का गठन किया, जिसकी रातों-रात मीटिंग होने लगी और कर नहीं देने का निर्णय लिया गया। इसके बाद किसान उनपर होने वाली तमाम अमानवीय यंत्रणाओं को सहने के बावजूद विचलित नहीं होते और पथिक जी की जय बोलकर यही कहते मरना मंजूर है परंतु लागत, बेगार देना मंजूर नहीं। आंदोलन को दबता न देखकर राज्य में एक जांच कमीशन नियुक्त किया गया, क्योंकि उस वक्त बरवा, भैस रोड गढ़, बेगू, बस्सी, खैराड, अमरगढ़, जहाजपुर में भी किसान आंदोलन उठ खड़े हुए। अंग्रेज किसी भी हालत में किसानों को शांत करना चाहते थे इसके लिए एक बड़ा कर्मचारी मंडल ए.जी.जी. हालैंड के नेतृत्व में बिजोलिया आया जिसमें किसानों को सम्मान के साथ बराबर कसी पर बैठाकर बात की गई और किसानों की अधिकतर शर्तों को मंजूरी दी गई जिसे स्वतंत्रता संग्राम का प्रथम शांतिपूर्ण आंदोलन कहा गया।

विजय सिंह ‘पथिक’ का अधिकतम जीवन जेल और जंगलों में बीता। यूं तो भारत में कई आंदोलन हुए, लेकिन उनके नेतृत्व में बिजोलिया किसान आंदोलन जिसे देश का पहला सफल अहिंसात्मक आंदोलन कहा जा सकता है, बेहद लोकप्रिय प्रयोग है। श्री मोहनराज भंडारी ने इस संबंध में लिखा है, “बिजोलिया आंदोलन ने दोहरी गुलामी से जकड़े राजस्थान में ऐसे क्रांति के बीज बोये जिसके आगे अंग्रेजी सरकार और तत्कालीन ठिकाने की उद्दंड शक्ति को घुटने टेकने पर मजबूर होना पड़ा। पथिक की आवाज को यहां के किसानों ने देववाणी समझा और वे किसी भी उत्सर्ग के लिए तैयार थे। बिजोलिया आंदोलन शोषित, उत्पीड़ित व उपेक्षित किसानों की सामाजिक व राजनीतिक चेतना का प्रथम सफल उदाहरण था।”

   बिजोलिया और बेगू आंदोलन के लिए उन्होंने कभी किसी पूंजीपति से आर्थिक सहायता नहीं मांगी। उन्होंने मुठ्ठी फंड प्रचलित किया, जिसमें प्रति किसान एक मुट्ठी अनाज पंचायत और राजस्थान सेवा संघ के लिए निकालता, जिससे आंदोलन का व्यय चलता था। पथिक जी के कठोर नेतृत्व और अनुशासन में राजस्थान सेवा संघ के धन को पवित्र धरोहर समझा जाता था। आज इसके विपरीत समाज सेवा के लिए बने संगठनों में कार्यकर्ताओं द्वारा सार्वजनिक धन का दुरुपयोग हो चला है, ऐसे लोगों को राजस्थान सेवा संघ के नियमों का अध्ययन करने की जरूरत है।

   दूसरी ओर स्वतंत्रता के पश्चात् विचारशील लोगों के लिए पथिक जी ने विज्ञप्ति निकाली जिसमें लिखा कि, “क्रांति का कार्य समाप्त हुआ, प्रत्येक क्रांति के दो भाग होते हैं। पहला पराधीनता से मुक्ति पाना और दूसरा लंबे संघर्ष से समाज में जो अज्ञानजन्य अनेक दुर्गुण आ जाते हैं, उन्हें विचार क्रांति के द्वारा नष्ट कर वास्तविक मानवीय संस्कृति को प्रतिष्ठित करना। अन्यथा सत्ता परिवर्तन के बाद भी कमजोर वर्ग का शोषण नहीं रुक सकता। अतः सामाजिक न्याय की व्यवस्था कायम करने के लिए विचार क्रांति जरूरी है।”

    समाजिक न्याय के योद्धा, किसान गरीब के हितैषी वीर विजय सिंह ‘पथिक’, जिनके स्वतंत्रता संग्राम में शीर्ष के योगदान और प्रमुख चरित्रों में से एक होने के बावजूद इतिहासकारों का ध्यान उनपर नहीं गया। इसके बहुत से कारणों में एक वजह भूमिगत कार्य और श्रेय की परवाह न करना भी है। लेकिन आज उन पर होने वाले शोध से जो तथ्य सामने आ रहे हैं, उनके आधार पर कहा जा सकता है कि महात्मा गांधी के अलावा बल्कि उनसे भी पहले देश में शांतिपूर्ण बिजौलिया किसान आंदोलन की सफलता हो या अन्य बड़ी क्रांतिकारी गतिविधियों के प्रबंधन और सफलतापूर्वक संपन्न करने का श्रेय किसी को जाता है तो वे भूप सिंह राठी उर्फ विजय सिंह ‘पथिक’हैं। 28 मई, 1954 को उनका देहावसान हो गया।

   स्वतंत्रता प्रेम, स्वाभिमान और आत्मसम्मान के संस्कार विरासत में लेकर पैदा हुए भूप सिंह राठी स्वतंत्रता आंदोलन के सफल रचनाकार बने, किसानों को अंग्रेजी हुकूमत के अत्याचार व नाजायज लगान से मुक्ति दिलाने तथा देश की आजादी के लिए दर-दर की ठोकरें खाने वाला यह सपूत जीवनभर सामाजिक न्याय और स्वतंत्रता की लड़ाई को समर्पित रहा। क्रांतिकारी गतिविधियों में शामिल होने पर अपने ऊपर ईनाम घोषित होने, विदेशी ताकतों से जूझते हुए, निहित स्वार्थी तत्वों से टकराते तथा जन बल को संगठित करते हुए पूरे देश में ठोकरें खाता रहा। ऐसे संघर्षमय जीवन जिसमें उन्होंने तमाम बड़े ओहदों और बड़े-से-बड़े लालचों को ठोकर मार दी। पांच बड़े अखबारों का प्रकाशन करने के बावजूद कई बार खाने तक के लिए पैसे नहीं होने पर जंगलों में कंद-मूल खाकर गुजारा किया।

संदर्भ :

1. सामाजिक न्याय के योद्धा : विजय सिंह पथिक- शंकर सहाय सक्सेना

2. क्रांति योद्धा विजय सिंह पथिक- मो. हसन गुर्जर

3. संगठित किसान क्रांति के प्रणेता विजय सिंह पथिक- यतीन्द्र कटारिया (हिन्दुस्तान समाचार)

4. https://hi.wikipedia.org/wiki/विजय-सिंह-पथिक

5. वर्तमान राजस्थान- रामनारायण चौधरी

लोहित बैंसला

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related

एम. करुणानिधि : दक्षिण में सामाजिक न्याय के सूत्रधार 

     भारत के समकालीन राजनीतिक इतिहास में एम. करुणानिधि...

नेकचंद सैनी : संघर्ष के सम्मान का सफ़र

पांच नदियों की भूमि पंजाब। इस पंजाब का एक...

चुल्हाई साहू : नककटवा नायक

     भारत के इतिहास में ऐसे कई नायक हुए...

अब्दुल कय्यूम अंसारी : संघर्ष के मुखर राष्ट्रवादी मुखर

    जब देश में ‘खिलाफत आंदोलन’ की शुरुआत हुई...