चुल्हाई साहू : नककटवा नायक

Date:

     भारत के इतिहास में ऐसे कई नायक हुए हैं जिनका जिक्र इतिहास की पुस्तकों में प्रायः नहीं किया गया। दरअसल, इतिहास लिखना भी एक राजनीति है। कुछ लोगों का मानना है कि इतिहास यथार्थ की अभिव्यक्ति होती है, लेकिन एक इतिहासकार जिस यथार्थ को अपनी अभिव्यक्ति के लिए चुनता है उसके पीछे उसकी विचारधारा की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। भारत में जाति एक बहुत बड़ी विचारधारा के रूप में भी काम करती रही है इसलिए हमारे यहां इतिहास लेखन भी जातिगत विचारधारा से प्रेरित रहा है। यही कारण है कि भारत के इतिहास की पुस्तकों में जाति के क्रम में जो नीचे के महापुरुष हैं उनके बारे में कम लिखा गया है या कुछ भी नहीं लिखा गया है।

   इतिहास लेखन पर जातिगत विचारधारा इस कदर हावी दिखती है कि कुछ तो ऐसे लोग भी हैं जिनकी समाज में कोई महत्त्वपूर्ण भूमिका नहीं रही है, लेकिन उनके बारे में अतिशयोक्तिपूर्ण वर्णन करके उन्हें महापुरुष बनाया गया। यह मात्र संयोग नहीं है कि ऐसे लोगों की एकमात्र खूबी यह रही है कि उन्होंने भारतीय जाति-व्यवस्था में ऊपर के क्रम में जन्म लिया है।

    अपनी प्रसिद्ध पुस्तक ‘इतिहास क्या है’ में प्रसिद्ध विद्वान ई. एच. कार ने इतिहास की निर्मिति पर विस्तार से बात की है। उन्होंने लिखा है कि इतिहास बनाये भी जाते हैं। कभी-कभी समाज का प्रभुत्वशाली तबका समाज में कुछ कहानियां फैलाता है, फिर उन कहानियों को लिख देता है। धीरे-धीरे यह कहानी इतिहास में दर्ज हो जाती है और बाद के वर्षों में उसे सच्चा इतिहास मान लिया जाता है। अपनी इसी किताब में ई. एच. कार आगे लिखते हैं कि, “कई बार इसके विपरीत भी काम किया जाता है। कुछ मनगढ़त कहानियों को पहले इतिहास की पुस्तकों में लिख दिया जाता है, फिर उसे कहानियों के रूप में समाज में प्रचारित कर दिया जाता है। यही बात धीरे-धीरे सच मानी जाने लगती है। भारत के संदर्भ में इतिहास निर्माण की ये दोनों बातें एकदम सही प्रतीत होती हैं।”

     इतिहास लेखन के संदर्भ में ऐसा हर युग में होता रहा है। चूंकि इस काम में समाज का प्रभुत्व संपन्न तबका सक्षम होता है, इसलिए वही इतिहास बनाता है। भारत के संदर्भ में यह प्रभुत्व संपन्न तबका उच्च जाति से संबंधित है, इसलिए यहां के इतिहास में उच्च जाति से संबंधित व्यक्तियों की कहानियां ही दिखाई देती हैं। समाज के वैसे महापुरुष जिन्होंने समाज निर्माण में भले ही महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई हो, लेकिन यदि वे जाति क्रम में नीचे की जातियों से संबंधित हैं तो उनके बारे में इतिहासकार आश्चर्यजनक ढंग से चुप्पी लगा जाते हैं। इधर के कुछ वर्षों में पिछड़ी और दलित जातियों के कुछ लोगों ने शिक्षा के माध्यम से नये मुकाम हासिल किये हैं। ये लोग अपने समाज के महापुरुषों पर शोध कर रहे हैं और लेखन-कार्य कर रहे हैं। इसी क्रम में आजादी के पूर्व जन्में भारतीय समाज के नायक चुल्हाई साहू के बारे में नया शोध सामने आया है।

    चुल्हाई साहू बिहार के छपरा जिला के एकमा थाने के अंतर्गत माने गांव के निवासी थे। यह गांव देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद के गांव के नजदीक है। उस समय पिछड़ी जातियों के यहां जन्म कुंडली बनाने की प्रथा नहीं थी, इसलिए उनकी जन्मतिथि के बारे में भी ठीक से ज्ञात नहीं है। उनके गांव के एक 70 वषीय बुजुर्ग भाग्य नारायण साहू बताते हैं कि आदरणीय चुल्हाई साहू के जन्मदिन के बारे में तो ठीक-ठीक नहीं कहा जा सकता, लेकिन वे हमेशा 1934 ई. में आये भूकंप के बारे में बताते थे। वे कहते थे कि ‘1934 ई. के भूकंप के समय वे नौजवान थे और उस संकट की घड़ी में लोगों की खूब मदद की थी। इस आधार पर कहा जा सकता है कि चुल्हाई साहू का जन्म 1910 ई. के आस-पास हुआ होगा।

   चुल्हाई साहू के पिता एक निम्नवर्गीय व्यापारी थे। उनके पास एक कोल्हू थी, जिसमें वे तेल पेरकर आस-पास के बाजार में बेचा करते थे। जिससे कुछ आमदनी हो जाती थी। उनके पिता ने कुछ जमीन भी खरीदी थी, जिससे परिवार के खाने लायक अनाज हो जाता था। उनकी माता ने चुल्हाई से पहले दो और भाइयों को जन्म दिया था, लेकिन वे दोनों जन्म के कुछ समय के बाद ही मृत्यु को प्राप्त हो गए। जब चुल्हाई का जन्म हुआ तो उनकी दादी ने एक ब्राह्मण के कहने पर उन्हें चुल्हे पर फेंक दिया और कुछ देर के बाद उठा कर ले आई। संयोग से चल्हाई जी गए और उसी ब्राह्मण ने उनका नाम चुल्हाई रख दिया।

    चुल्हाई के पिता साधु साहू को अपने बच्चे को शिक्षित करने में कोई दिलचस्पी नहीं थी, इसलिए वे शिक्षा से वंचित रह गए। जब थोड़े बड़े हुए तो चुल्हाई भी पिता के साथ बाजार में तेल बेचने जाने लगे। बाजार में जब कोई उनके पिता को नाम लेकर या कभी-कभी अपशब्द कहकर बुलाता तो चुल्हाई को बहुत गुस्सा आता। कई बार उनका झगड़ा भी हो जाता। वे कहते कि मेरे पिता तुमसे उम्र में बहुत बड़े हैं उन्हें इस तरह से संबोधित करना ठीक नहीं है। सामने वाला जब यह कहता कि तुम्हारे बाप उम्र में तो बड़े हैं, लेकिन जाति में तो छोटे हैं। जाति में छोटे होने के कारण उसे इसी तरह से पुकारा जाएगा। घबराओ नहीं तुम्हें भी इसकी आदत पड़ जाएगी। चुल्हाई बहुत दिनों तक यही सुनते रहे। वे अपने पिता से भी पूछते तो कोई जवाब नहीं देते। एक दिन चुल्हाई ने अपनी दादी से पूछा कि यह ‘जाति’ क्या होती है? उनकी दादी ने बताया कि जाति भगवान ने बनाई है। पिछले जन्म में हमसे कोई बहुत बड़ा अपराध हो गया था, इसलिए हमने निचली जाति में जन्म लिया है। दादी की बातों पर उन्हें यकीन तो नहीं हुआ, लेकिन उस समय कोई बताने वाला भी नहीं था। ‘जाति’ की पहेली को सुलझाने के लिए उन्होंने कई लोगों से पूछा, लेकिन सबका उत्तर दादी के जैसा ही था।

    एक दिन उनके गांव में ‘त्रिवेणी संघ’ के लोग आये। ये लोग माने गांव की पिछड़ी और दलित जातियों को जाति-व्यवस्था के शोषण से मुक्ति दिलाने के उद्देश्य से आंदोलन के लिए जागरूक करने आये थे। त्रिवेणी संघ के कार्यकर्ता से चुल्हाई साहू ने जाति-व्यवस्था के बारे में जानना चाहा। एक कार्यकर्ता राम अवतार यादव ने जाति व्यवस्था के बारे में जो बातें उन्हें बताई उन पर चुल्हाई साहू को कुछ भरोसा हुआ। श्री यादव ने उन्हें त्रिवेणी संघ के अधिवेशन में आमंत्रित किया और चुल्हाई साहू ने उस आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार कर लिया।

    चुल्हाइ साहू त्रिवेणी संघ के अधिवेशन में गांव के अन्य लोगों को भी शामिल करने के उद्देश्य से जागरूक करने लगे। वे सबको बताते कि त्रिवेणी संघ के लोगों ने उन्हें बताया है कि जाति व्यवस्था भगवान ने नहीं बनाई है। इसे मनुष्यों ने ही बनाया है। हमें इसके खिलाफ आंदोलन करना चाहिए, ताकि हम अपनी भावी पीढ़ी को सम्मान से जीवन दे पाएं। उनकी बातें उस क्षेत्र के दलित और पिछड़ी जाति के लोगों के दिल को सुकून देती थीं। सुबह-सुबह वे जग जाते और लोगों के घर-घर जाकर समझाते। चुल्हाई की बातों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में लोगों ने पटना में आयोजित होने वाले त्रिवेणी संघ के अधिवेशन में शामिल होने का फैसला किया। वे यह गीत बार-बार गुनगुनाते रहते थे :

 अइले त्रिवेणी संघ छपरा जिलवा में ,

सब दुखियन के जगावेला भाई जी,

हमनी के वोट लेके हमनी के गला घोंटे।

केतनों अकाल पड़े,

खेत में सुखाड़ पड़े-जमींदारवा,

त रोपवावे खाली चाहे ला भाई जी,

जवन जाति अपना के जान से बेजान समझे,

ओहू जतियन के जान दिलावे ला भाई जी।

अइले त्रिवेणी संघ छपरा जिलवा में ,

सब दुखियन के जगावे ला भाई जी।

    चुल्हाइ साहू के नेतृत्व में करीब चार सौ लोगों का जत्था त्रिवेणी संघ के अधिवेशन में शामिल होने के लिए पटना गया था। चुल्हाई साहू ने त्रिवेणी संघ के अधिवेशन में कही गई बातों को एक तरह से कंठस्थ कर लिया था। वे अधिवेशन से लौटकर एक बार फिर से नये जोश में दलित और पिछड़े वर्ग के लोगों को जाति-व्यवस्था के खिलाफ जागरूक करने लगे। उसी गांव के सवर्ण लोगों को चुल्हाइ साहू की बातों से डर लगने लगा। वे सोचने लगे कि यदि इन निम्न जातियों ने जाति-व्यवस्था की सच्चाई जान ली तो हमारी स्थिति खराब हो जाएगी। वे चुल्हाई साहू को सबक सिखाने के लिए एकजुट होने लगे।

     एक दिन चुल्हाई साहू ने अपने घर पर एक सहभोज का आयोजन किया, जिसमें इलाके के दलित और पिछड़ी जाति के लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर सभी लोग एक-दूसरे के गले मिले और बाद में दूसरे गांव में ऐसे ही सहभोज का निर्णय लेकर अपने-अपने गांव लौट गए। त्रिवेणी संघ के विचारों से प्रभावित यह दलितों-पिछड़ों के बीच आपसी एकता और भाईचारा बढ़ाने का बड़ा कदम था। इस घटना से आस-पास रहने वाले उच्च कही जाने वाली जातियों का अहंकार चोटिल हो गया। वे साहू जी को सबक सिखाने के लिए व्याकुल हो गए।

     अगले ही दिन सुबह में जब साहू जी लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से जा रहे थे तो कथित उच्च जातियों के कुछ लोगों ने उन्हें अकेला पाकर उनके साथ मारपीट की और उनके दोनों कान काट लिए, जिससे अपमान को स्थाई और यादगार बनाया जा सके। वे लोग जाते-जाते धमकी भी देते गए कि आगे से ऐसा भोज हुआ या जाति-व्यवस्था के बारे में लोगों को गुमराह किया तो घर सहित पूरे परिवार को आग के हवाले कर दिया जाएगा। यह घटना आजादी के तुरंत बाद की है।

    सवर्णों द्वारा चुल्हाई साहू की कान काटने की यह खबर आग की तरह फैल गई। बड़ी संख्या में दलित और पिछड़े वर्ग के लोग थाना पर दोषियों को सजा दिलाने के उद्देश्य से पहुंचे। त्रिवेणी संघ और अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के बैनर तले धरना प्रदर्शन हुए। त्रिवेणी संघ के चौधरी जे.एन.पी. मेहता, सरदार जगदेव सिंह यादव व डॉ. शिवपूजन सिंह और अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के नेता त्यागमूर्ति आर.एल. चंदापुरी जी ने छपरा जिला कार्यालय पर आयोजित धरना-प्रदर्शन में भाग लिया। इसके बावजूद अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हुई और न ही प्रशासन ने आगे कोई कारवाई की। उस समय श्री कृष्ण सिंह की सरकार थी और उन्होंने पुलिस और प्रशासन में नीचे से लेकर ऊपर तक सभी पदों पर ऊंची जातियों को नियुक्त कर रखा था। कहते हैं कि न्याय की मांग को लेकर इस इलाके के दलित-पिछड़े समुदाय के लोगों ने तत्कालीन राष्ट्रपति राजेंद्र प्रसाद के घर पर भी धरना दिया था, लेकिन वहां भी उन्हें निराशा ही हाथ लगी।

    चुल्हाई साहू को आजाद भारत में भी न्याय पर से भरोसा उठने लगा। ऐसे में प्रतिहिंसा के ख्याल से नहीं पर अपमान का बदला लेने और पिछड़ी जातियों के मनोबल को ध्यान में रखते हुए पिछड़ी जाति के नेताओं की एक बैठक चुल्हाई साहू के नेतृत्व में आयोजित हुई। बैठक में यह निर्णय हुआ कि आत्म-सम्मान को बनाये रखने के लिये आत्मरक्षात्मक कदम उठाया जाए और जिसने हमारे समाज की कान काटी है, उसकी नाक काट ली जाए।

     कुछ ही दिनों के बाद चुल्हाई साहू के नेतृत्व में पिछड़ी जातियों के कई युवक उस अपराधी के घर जा धमके, जिसने कान काटी थी। वह तो नहीं मिला पर उसका बाप मिल गया। चुल्हाई साहू ने पकड़कर उसकी नाक काट ली। सवर्ण समाज के किसी व्यक्ति की नाक काटने की यह खबर पूरे राज्य में तेजी से फैल गई। शीघ्र ही मुख्यमंत्री श्री कृष्ण सिंह से लेकर एक छोटा हवलदार भी सक्रिय हो गया। अब तुरंत पुलिस हरकत में आ गई।

     चुल्हाई साहू को गिरफ्तार कर लिया गया। मामला जब अदालत में गया तो चुल्हाई साहू की तरफ से कोई भी वकील पैरवी करने के लिए तैयार नहीं हुआ। तब लखनऊ से उस समय के पिछड़े वर्गों के आंदोलन के नेता शिवदयाल सिंह चौरसिया स्वयं न्यायालय में उपस्थित होकर उनका बचाव करने के लिए आते थे। सवर्ण मानसिकता से ग्रसित तत्कालीन जज ने शिवदयाल सिंह चौरसिया की दलीलों को सुना ही नहीं। चुल्हाई साहू ने भी जज से कहा कि, “पहले मेरे दोनों कान काट लिए गए थे, मैंने न्याय पाने की पूरी कोशिश की, लेकिन मुझे न्याय मिलना तो दूर मेरा मुकदमा भी दर्ज नहीं किया गया। मेरी आने वाली पीढ़ियों को न्याय दिलाने के उद्देश्य से मैंने इस व्यक्ति की नाक काट ली।” जब चुल्हाई साहू न्यायालय में अपनी बात रख रहे थे तो ऐसा लग रहा था कि भगत सिंह बोल रहे हों। अंतर सिर्फ इतना था कि भगत सिंह ने बहरी अंग्रेज सरकार को सुनाने के लिए असेंबली में बम फेंका था और चुल्हाई साहू ने जातिवादी श्री कृष्ण सिंह की सरकार को जगाने के लिए एक व्यक्ति की नाक काटी थी।

      न्यायाधीश ने साहू जी को 4 साल की सजा सुनाई। इस प्रकार वे पूरी सजा काटकर ही जेल से बाहर निकले। जब वे छपरा जेल से बाहर निकले तो हजारों लोग उनके स्वागत के लिए पहुंचे थे। उन्होंने समाज के स्वाभिमान और उत्साह में चार चांद लगा दिया था। वे पगड़ी बांध अपना कान ढंके रहते, लेकिन असली अपराधी जमात जिसकी नाक ही कटी थी वह कैसे ढकता।

     यह आजादी के बाद की घटना है, जिसका जिक्र त्यागमूर्ति रामलखन चंदापुरी ने अपनी किताब में किया है। वहां घटना की तिथि नहीं लिखी गई है, पर उनके द्वारा की गई टिप्पणियों से ज्ञात होता है कि यह आजादी के तुरंत बाद की घटना है। घटना के बारे में माने गांव के लोगों ने जो बात बताई उसके आधार पर भी यही कहा जा सकता है कि कृष्ण सिंह ने अंतरिम सरकार की जिम्मेदारी संभाल ली थी। माने गांव के लोगों ने यह भी बताया कि श्री कृष्ण सिंह ने चुल्हाई साहू की गिरफ्तारी में खुद रुचि ली थी।

     यह प्रतिरोध की एक बेमिशाल कहानी है जो फूलन देवी की कहानी जैसी ही आत्मसम्मान के लिए उठ खड़े हुए कदम के रूप में पिछड़ी जातियों को हमेशा दिशा देती रहेगी। इस घटना के बारे में बिहार विधानसभा में भी श्री रामस्वरूप प्रसाद राय ने आवाज उठाई थी, लेकिन श्रीकृष्ण सिंह की सरकार ने कोई पहल नहीं की। श्री रामस्वरूप प्रसाद राय ने विधानसभा में कहा था- “चार पांच वर्ष के अंदर प्रांत में जो अत्याचार हुआ है, वह अब भी जारी है। जिस तरह मनु के समय में वेद पढ़ने पर कान काट लिया जाता था, उसी तरह आज भी चुल्हाई साहू का कान काट लिया गया। अब आप देखें कि किस तरह मानव का नहीं बल्कि दानव का कर्तव्य बिहार में हो रहा है। मैंने इस संबंध में छह सवाल भी पूछे, लेकिन चीफ मिनिस्टर श्री कृष्ण सिंह ने कोई जवाब नहीं दिया।”

      चुल्हाई साहू जब तक जीवित रहे तब तक जाति-व्यवस्था के खिलाफ लोगों को जागरूक करते रहे। वे पगड़ी बांधते थे और भाषणों के दौरान पगड़ी खोलकर दिखाते और कहते कि ये मेरे कटे हुए कान मेरे अंदर जाति के विरुद्ध मेरी प्रतिरोधी चेतना को बढ़ाते हैं। माने गांव को लोग आज भी ‘नककटवा गांव’ ही कहते हैं।

डा. अरुण कुमार

1 COMMENT

  1. ऐसे महानायकों के योगदान को सामने लाना बहुत ही जरूरी है। वेबसाइट द्वारा बहुत ही प्रशंसनीय कार्य किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related

एम. करुणानिधि : दक्षिण में सामाजिक न्याय के सूत्रधार 

     भारत के समकालीन राजनीतिक इतिहास में एम. करुणानिधि...

नेकचंद सैनी : संघर्ष के सम्मान का सफ़र

पांच नदियों की भूमि पंजाब। इस पंजाब का एक...

अब्दुल कय्यूम अंसारी : संघर्ष के मुखर राष्ट्रवादी मुखर

    जब देश में ‘खिलाफत आंदोलन’ की शुरुआत हुई...

विजय सिंह पथिक : प्रतिरोध के जीवंत नायक

    1857 ई. की क्रांति के बाद भारतीयों पर...