स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद 12 मार्च 1948 को जब मध्य भारत एजेंसी के अंतर्गत आने वाली रियासतों पर विलय-पत्र (Instrument of Accession) लागू किया गया, तब बुन्देलखण्ड और बघेलखण्ड की रियासतों को मिलाकर ‘संयुक्त विंध्य प्रदेश’ का गठन किया गया। प्रशासनिक दृष्टि से इस संयुक्त विंध्य प्रदेश की रियासतों को संविधान के भाग-ब (Part B States) में रखा गया, जिसका अर्थ था कि वे विधायी, कार्यपालिका और न्यायपालिका के क्षेत्रों में एक सीमा तक अपनी स्वायत्तता बनाए रखती थीं। आज जिस बुन्देलखण्ड को दक्षिणी उत्तर प्रदेश और उत्तरी मध्य प्रदेश में विभाजित क्षेत्र के रूप में देखा जाता है, वह कभी एक ही प्रशासनिक इकाई था, जहाँ एक ही सरकार कार्य करती थी। संविधान में अनुच्छेद 238 जोड़कर भाग ‘ए’ राज्यों (जो पहले सीधे ब्रिटिश शासन के अधीन थे) जैसी प्रशासनिक व्यवस्था भाग ‘बी’ राज्यों में भी लागू की गई।
प्रत्येक वर्ष 12 मार्च को बुन्देलखण्ड के लोग अलग राज्य के उस स्वप्न की 79वीं वर्षगाँठ मनाते हैं, जिसे नवंबर 1956 में संविधान से अनुच्छेद 238 हटाने तथा राज्य पुनर्गठन आयोग (States Reorganisation Commission) की सिफारिशों को लागू करने के बाद समाप्त कर दिया गया।
बुन्देलखण्ड : तब और अब
वर्तमान में बुन्देलखण्ड उत्तर प्रदेश के सात तथा मध्य प्रदेश के छह जिलों में फैला हुआ है। किंतु बुन्देलखण्ड की वास्तविक ऐतिहासिक अवधारणा इससे कहीं व्यापक रही है। वैदिक काल में यह क्षेत्र दशार्ण देश (दस नदियों का प्रदेश) कहलाता था। महाजनपद काल (लगभग 600 ईसा पूर्व) में इसे चेदि देश कहा गया। जुझौतिया शासकों के समय इसका नाम जुझौतीपड़ा। चंदेल शासकों (9वीं से 13वीं शताब्दी) के शासनकाल में यह जेजाकभुक्ति कहलाया। इसके बाद बुंदेला राजवंश के उदय के साथ यह क्षेत्र बुन्देलखण्ड के नाम से प्रसिद्ध हुआ। इस प्रकार समय-समय पर क्षेत्र की पहचान और नाम बदलते रहे। द्वितीय आंग्ल-मराठा युद्ध के अंतर्गत हुई बासीन (Bassein) की संधि के बाद अंग्रेजों का इस क्षेत्र में पहला हस्तक्षेप हुआ। 1811 में उन्होंने बुन्देलखण्ड एजेंसी का गठन किया, जिसका मुख्यालय बाँदा में स्थापित किया गया। प्रारंभिक अवस्था में यह व्यवस्था केवल एक प्रकार का समझौता (इकरारनामा) थी, न कि प्रत्यक्ष नियंत्रण। सन् 1854 में ब्रिटिश शासन ने सेंट्रल इंडिया एजेंसी (Central India Agency) की स्थापना की। इसके बाद पूर्वी भाग को अलग कर बघेलखण्ड एजेंसी बनायी गयी तथा बुन्देलखण्ड एजेंसी को इसी केंद्रीय एजेंसी के अंतर्गत सम्मिलित कर दिया गया।
12 मार्च 1948 को गठित विंध्य प्रदेश वास्तव में बघेलखण्ड (रीवा राज्य) और सेंट्रल इंडिया एजेंसी के अधीन रही। इन रियासतों का संयुक्त संगठन था। संविधान निर्माण के दौरान, सरदार वल्लभभाई पटेल ने विंध्य प्रदेश को स्वतंत्र राज्य के बजाय केंद्र शासित प्रशासन के अधीन रखने का निर्णय लिया। उनके अनुसार इसका प्रमुख कारण क्षेत्र का पिछड़ापन तथा स्वतंत्र प्रशासन चलाने में उसकी सीमित क्षमता थी। राज्य पुनर्गठन आयोग (SRC) की सिफारिशों के लागू होने के बाद इन रियासतों को उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में मिला दिया गया। परिणामस्वरूप आज बुन्देलखण्ड के सात जिले उत्तर प्रदेश तथा छह जिले मध्य प्रदेश में स्थित हैं। वर्ष 2011 में जब भारत सरकार ने सूखा एवं अकाल राहत के लिए इस क्षेत्र को विशेष सहायता प्रदान की, तब भी इसी भौगोलिक अवधारणा को आधार माना गया।
यद्यपि नए राज्यों के गठन में भाषा को एक प्रमुख आधार स्वीकार किया गया, फिर भी बुन्देलखण्ड को पृथक राज्य का दर्जा नहीं दिया गया। तभी से अलग बुन्देलखण्ड राज्य की माँग लगातार जारी है।
अलग बुन्देलखण्ड राज्य का आंदोलन-
राज्य पुनर्गठन आयोग (SRC) से पहले गठित सभी समितियों जैसे एस.के. धर समिति तथा जेवीपी समिति (जवाहरलाल नेहरू, वल्लभभाई पटेल और पट्टाभि सीतारमैया) ने भाषाई आधार पर राज्य निर्माण की माँगों को अस्वीकार कर दिया था। बाद में पोट्टी श्रीरामलु की मृत्यु के पश्चात तेलुगु भाषी आंध्र प्रदेश की माँग तेज हुई, जिसने देश के अन्य क्षेत्रों में भी पृथक राज्यों की माँग को जन्म दिया। 22 दिसंबर 1953 को फ़ज़ल अली आयोग का गठन किया गया, जिसने 30 सितंबर 1955 को अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की। भारत सरकार ने उसकी सिफारिशों को लागू करते हुए संविधान के सातवें संशोधन के माध्यम से भाषाई आधार पर राज्यों का पुनर्गठन किया। परिणामस्वरूप भाग ‘ए’, ‘बी’, ‘सी’ और ‘डी’ राज्यों को समाप्त कर 14 नए राज्यों और 6 केंद्र शासित प्रदेशों का गठन किया गया।
इसी प्रक्रिया में विंध्य प्रदेश की रियासतों का उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में विलय कर दिया गया। क्षेत्र के जमींदार और प्रभुत्वशाली वर्गों ने इस विलय का विरोध किया। हालांकि उपलब्ध अभिलेखों के अनुसार क्षेत्र के सामान्य एवं वंचित वर्गों ने इस माँग का व्यापक समर्थन नहीं किया। यहाँ तक कि मैहर क्षेत्र में लगभग 30,000 लोगों ने इसके विरोध में प्रदर्शन भी किया।
सन् 1980 और 1990 के दशक में यह आंदोलन पुनः सक्रिय हुआ और मध्यम वर्ग तक पहुँचा। इस आंदोलन का नेतृत्व शंकरलाल मेहरोत्रा जैसे नेताओं ने किया। आंदोलनकारियों का मानना था कि यदि उन्हें राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत गिरफ्तार न किया गया होता, जो झाँसी के भरुआसागर में एक महिला की मृत्यु के बाद हुए प्रदर्शन से जुड़ा मामला था। तब संभवतः बुन्देलखण्ड राज्य का गठन हो सकता था। नवंबर 2000 में झारखंड, छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड राज्यों का गठन हुआ, लेकिन बुन्देलखण्ड की माँग पूरी नहीं हो सकी। इसके पीछे प्रमुख कारण बताए गए- दो राज्यों में क्षेत्र का विभाजन, कमजोर एवं बिखरी हुई राजनीतिक माँग, संसद में पर्याप्त सहमति का अभाव तथा प्रशासनिक एवं आर्थिक चुनौतियाँ।
आगे की राह-
इतिहासकार एरिक हॉब्सबॉम के दृष्टिकोण से देखें तो यह आंदोलन अभी भी किसी जनांदोलन के पूर्व-राजनीतिक चरण में प्रतीत होता है। संगठन तो मौजूद हैं, किंतु उनके उद्देश्य और वैचारिक आधार अभी भी पर्याप्त स्पष्ट नहीं हैं।
झारखंड, छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड के गठन तथा शंकरलाल मेहरोत्रा के निधन के बाद अलग बुन्देलखण्ड आंदोलन की गति कुछ धीमी पड़ गई। यद्यपि राज्य की माँग बनी रही, लेकिन उसमें पहले जैसी संगठनात्मक शक्ति और जनसमर्थन नहीं रहा। वर्तमान में लगभग 27 से अधिक संगठन, जैसे बुन्देलखण्ड मुक्ति मोर्चा तथा बुन्देलखण्ड निर्माण मोर्चा, इस माँग को आगे बढ़ा रहे हैं। क्षेत्र के अनेक नेता पहले बुन्देली पहचान और राज्यत्व की राजनीति के माध्यम से लोकप्रिय हुए और बाद में समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस तथा भारतीय जनता पार्टी जैसी मुख्यधारा की राजनीतिक पार्टियों में शामिल हो गए। वर्ष 2011 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मायावती ने उत्तर प्रदेश को चार भागों में विभाजित करने का प्रस्ताव रखा, जिसमें बुन्देलखण्ड राज्य के गठन का विचार भी शामिल था। किंतु इस प्रस्ताव में मध्य प्रदेश के उस हिस्से को शामिल नहीं किया गया जहाँ बड़ी संख्या में बुन्देली भाषा बोलने वाले और बुन्देली पहचान से जुड़े लोग रहते हैं। इस प्रकार की अस्पष्टताओं ने अलग राज्य की माँग को और कमजोर किया। वर्ष 2019 के बाद इस माँग ने पुनः कुछ क्षेत्रों में गति प्राप्त की है, लेकिन इसे अभी भी व्यापक जनसमर्थन नहीं मिल पाया है। यह आंदोलन अभी मुख्यतः क्षेत्रीय अभिजात वर्ग तक सीमित है; इसलिए वास्तविक जनांदोलन का स्वरूप अभी विकसित होना शेष है।
भौगोलिक दृष्टि से विशिष्ट होने के बावजूद बुन्देलखण्ड लंबे समय से विकास की उपेक्षा, गरीबी और लगातार पलायन जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। इसी कारण सामाजिक संगठन, कार्यकर्ता और कुछ राजनीतिक नेता समय-समय पर यह तर्क देते हैं कि केवल एक पृथक बुन्देलखण्ड राज्य ही क्षेत्रीय असमानता और विकासात्मक उपेक्षा का समाधान कर सकता है। उनका मानना है कि बुन्देलखण्ड का प्रशासन केवल बुन्देलखण्ड के लोगों के हाथों में होना चाहिए। जैसा कि आंदोलनकारी अपनी रैलियों, सभाओं, पर्चों और भाषणों में अक्सर कहते हैं-‘यदि भारत को एक मानव शरीर माना जाए, तो भूगोल की दृष्टि से बुन्देलखण्ड उसका हृदय है। यह माँग भारत के हृदय की आवाज़ है, और एक दिन यह आवाज़ अवश्य सुनी जाएगी।’

देवेन्द्र सिंह
devendrasingh27306@gmail.com
शोध छात्र JNU


