भारत की स्कूली शिक्षा: UDISE+ 2025–26 रिपोर्ट के संदर्भ में प्रगति और विरोधाभास

Date:

एकीकृत जिला शिक्षा सूचना प्रणाली प्लस (Unified District Information System for Education Plus–UDISE+) 2025–26 की रिपोर्ट भारत की स्कूली शिक्षा का एक मिश्रित स्वरुप का परिदृश्य प्रस्तुत करती है। यह रिपोर्ट एक ओर दिखाती है कि, छात्रों की स्कूल छोड़ने की दर में कमी, शिक्षकों की कुल संख्या में वृद्धि, स्कूलों के आधारभूत संरचनाओं और सुविधाओं में सुधार तथा स्कूली शिक्षा प्रणाली में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अनुकूल रूपांतरण जैसी सकारात्मक सफलताएं प्रस्तुत करती हैं। दूसरी ओर यह रिपोर्ट बताती है कि, स्कूली छात्रों का एक बहुत बड़ा हिस्सा सरकारी स्कूलों को छोड़कर से निजी स्कूलों में चला गया है, और कुल स्कूली छात्रों के नामांकन में गिरावट दर्ज कि गयी है। इसके अलावा रिपोर्ट, भारत की स्कूली शिक्षा मानदंडों में राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों में स्पष्ट क्षेत्रीय असमानताओं को उजागर करती है। यह रिपोर्ट भारत में स्कूली शिक्षा व्यवस्था में प्रगति का एक महत्वपूर्ण विरोधाभास को उजागर करती है कि, शिक्षा के क्षेत्र में जहाँ एक ओर प्रगति तो हुई है, लेकिन दूसरी ओर उस शिक्षा प्रगति का लाभ सभी क्षेत्रों और सभी सामाजिक वर्गों तक समान रूप से नहीं पहुँच पाया है। इस विरोधाभाष का विशेष नकारात्मक प्रभाव अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) तथा अल्पसंख्यक समुदायों पर मुख्यरूप से पड़ता है।

क्षेत्रीय और सामाजिक असंतुलन

UDISE+ 2025–26 रिपोर्ट के आँकड़े साफ़ तौर पर दर्शाते हैं कि भारत की स्कूली शिक्षा प्रणाली के मानदंडों में राज्यों/ केंद्रशासित प्रदेशों में  उल्लेखनीय क्षेत्रीय और सामाजिक असमानता विद्यमान है। डिजिटल समावेशन (Digital Integration) के महत्वपूर्ण संकेतक के रूप में विद्यार्थियों की आधारकार्ड सीडिंग में भी बहुत बड़ा अंतर परलक्षित होता है। आंध्र प्रदेश व लक्षद्वीप में आधारकार्ड सीडिंग 99।6% तथा चंडीगढ़ व अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में 99।2% है, जबकि मेघालय में यह आधारकार्ड सीडिंग केवल 35।3% है, जो राष्ट्रीय औसत (90।2%) से बहुत कम है। यह क्षेत्रीय अंतर केवल प्रशासनिक कुशलता का नहीं, बल्कि डिजिटल आधारभूत संरचना, संस्थागत क्षमता और शासन की प्रभावशीलता में क्षेत्रीय असमानता का भी संकेतक है। इसी प्रकार उत्तर प्रदेश में देश के सर्वाधिक स्कूल एवं विद्यार्थी नामांकित हैं, जबकि मेघालय और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों में स्कूलों की संख्या नामांकित विद्यार्थियों की तुलना में अपेक्षाकृत कम होने से प्रति स्कूल विद्यार्थियों का बोझ बहुत अधिक होता है। इसके विपरीत चंडीगढ़ (1,194) और दिल्ली (788) में प्रति विद्यालय औसत नामांकित छात्रों कि संख्या अत्यधिक है, जबकि लद्दाख में यह मात्र 64 छात्र प्रति स्कूल है, जो जनसंख्या घनत्व और भौगोलिक दशाओं के प्रभाव को दर्शाता है।

स्कूली संरचना के स्तर पर भी राज्यों के बीच साफ तौर पर असमानता दिखाई देती है। पश्चिम बंगाल में आधारभूत और तैयारी (Foundational and Preparatory) चरण के स्कूलों का अनुपात सर्वाधिक (78।9%) है, जबकि माध्यमिक स्कूलों का अनुपात मात्र 11।7% है। दूसरी ओर, चंडीगढ़ में माध्यमिक स्कूलों का अनुपात 83।7% है और आधारभूत और तैयारी चरण के स्कूल केवल 5।3% हैं। स्कूली स्तरों की क्षेत्रीय असमानता यह दिखाती है कि विभिन्न राज्यों में स्कूली शिक्षा की संरचना वहां की स्थानीय जनसंख्या, शहरीकरण के स्तर, प्रशासनिक वरीयताओं तथा शिक्षा की स्थानीय मांगों के अनुसार विकसित हुई है। इस तरह की विषमताएं शिक्षा के विभिन्न स्तरों पर विद्यार्थियों की पहुँच, रूपांतरण (transition) तथा शैक्षिक निरंतरता को नकारातमक रूप से प्रभावित कर सकती हैं। इसलिए केवल स्कूलों की संख्या नहीं, बल्कि स्कूलों के विभिन्न स्तरों पर उनका संतुलित वितरण भी गुणवत्तापूर्ण एवं समावेशी शिक्षा की गारंटी सुनिश्चित करने के लिए अतिआवश्यक है।

विद्यार्थियों की सामाजिक संयोजन राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के बीच गहरे सामाजिक एवं जनसांख्यिकीय भिन्नता को उजागर करती है। राष्ट्रीय स्तर पर अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के विद्यार्थियों की भागीदारी सर्वाधिक (44.9%) है, इसके बाद सामान्य वर्ग (27.5%), अनुसूचित जाति (17.7%) तथा अनुसूचित जनजाति (10.0%) की भागीदारी का स्थान क्रमसः आता है। राज्यवार विश्लेषण से यह साफ़ हो जाता है कि चंडीगढ़ व दिल्ली में सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों का अनुपात सर्वाधिक है, जबकि लक्षद्वीप, मेघालय, मिजोरम और लद्दाख में अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों  का सर्वाधिक अनुपात हैं। पंजाब में अनुसूचित जाति तथा तमिलनाडु एवं गुजरात में OBC वर्ग के विद्यार्थियों की भागीदारी सर्वाधिक परिलक्षित होती है। इसके अलावा कुल विद्यार्थियों के नामांकन में अल्पसंख्यक समुदायों की हिस्सेदारी 20% से अधिक है, जिसमें मुस्लिम समुदाय की हिस्सेदारी सबसे अधिक तथा पारसी समुदाय की सबसे कम है। आँकड़ों से स्पष्ट होता है कि स्कूली स्तरों पर लैंगिक समानता सूचकांक (Gender Parity Index–GPI) एक से अधिक है, जो इशारा करता है कि लड़कियों की भागीदारी लड़कों के बराबर अथवा उनसे अधिक है, जो कि लैंगिक समावेशन के क्षेत्र में सकारात्मक प्रगति को उजागर करती है।

विद्यार्थी–शिक्षक अनुपात (Student–Teacher Ratio-STR) डेटा का विश्लेषण राज्यों के बीच आपस में स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता और शिक्षकों  की उपलब्धता में स्पष्ट असमानताओं को प्रस्तुत करता है। छोटे क्षेत्रों वाले केंद्रशासित प्रदेशों में STR अपेक्षाकृत बहुत कम पाया गया है, इसके  विपरीत बड़े राज्यों जैसे झारखंड (43), उत्तर प्रदेश (33) और बिहार (32) जैसे राज्यों में माध्यमिक स्तर के स्कूलों में यह अनुपात काफी अधिक पाया गया है, जिससे शिक्षकों पर अधिक शिक्षण कार्यभार को दर्शाता है जिससे शिक्षण की गुणवत्ता पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। इसके अलावा सिक्किम, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों में STR बहुत कम पाया गया है जो व्यक्तिगत शिक्षण के लिए बहुत अच्छा और सुबिधाजनक वातावरण प्रदान करता है, फलस्वरूप शिक्षण की गुणवत्ता और छात्रों का शैक्षणिक प्रदर्शन बेहतर होता है। ज्यादातर राज्यों में आधारभूत, तैयारी और मध्य स्तर के स्कूलों की तुलना में माध्यमिक स्तर के स्कूलों में STR काफी अधिक पाया गया है, जो प्रशिक्षित शिक्षकों की उपलब्धता और शिक्षकों की संतुलित नियुक्ति के लिए प्रभावी नीतिगत हस्तक्षेप की आवश्यकता को दर्शाता है।

सकल नामांकन अनुपात (Gross Enrollment Ratio-GER) और छात्रों द्वारा स्कूल छोड़ने की दर का विश्लेषण राज्यों के बीच शिक्षा की  उपलब्धता व पहुँच और शैक्षिक निरंतरता में स्पष्ट असमानताओं को प्रदर्शित करता है। आधारभूत एवं तैयारी स्तर पर मेघालय का GER सर्वाधिक पाया गया है, जबकि बिहार और उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्यों में GER अपेक्षाकृत बहुत कम पाया गया है। मध्य स्तर के स्कूलों में  दिल्ली और गोवा तथा माध्यमिक स्तर के स्कूलों में चंडीगढ़ और गोवा का प्रदर्शन काफी बेहतर हैं। इसके विपरीत बिहार, नागालैंड और झारखंड सहित कई और राज्यों में स्कूलों के कई स्तरों पर GER कम दर्ज हुआ है, जो शिक्षा की सीमित पहुँच और कम उपलब्धता तथा शैक्षणिक रूपांतरण संबंधी चुनौतियों की और संकेत करता है। स्कूल छोड़ने की दर के विश्लेषण से यह बात साफ़ हो जाती है कि तैयारी एवं मध्य स्तर के स्कूलों में बिहार, तथा माध्यमिक स्तर के स्कूलों में लद्दाख, कर्नाटक और छत्तीसगढ़ में स्कूल छोड़ने की समस्या अपेक्षाकृत अत्यधिक गंभीर रूप से प्रकट होती है। वहीं दूसरी ओर, चंडीगढ़, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, पुडुचेरी, पश्चिम बंगाल और तेलंगाना राज्यों  में GER का प्रदर्शन काफी बेहतर है। ये निष्कर्ष यह बताते हैं कि क्षेत्रीय विषमताओं को कम करने के लिए शैक्षणिक संसाधनों का न्यायसंगत वितरण, शिक्षकों की समुचित संख्या में भर्ती, डिजिटल समावेशन तथा राज्यवार आवश्यकताओं के अनुरूप लक्षित नीतिगत हस्तक्षेप अपेक्षित हैं।

स्कूली नामांकन में गिरावट

UDISE+ 2025–26 रिपोर्ट के अनुसार, स्कूलों में कुल छात्र नामांकन वर्ष 2023–24 के 24।80 करोड़ से घटकर 2025–26 में 24।72 करोड़ रह गया है। छात्रों के नामांकन में यह गिरावट भारतीय स्कूली शिक्षा प्रणाली के समक्ष उभर रही दीर्घकालिक संरचनात्मक चुनौतियों की गंभीरता को दर्शाती करती है। इस गिरावट के लिए जिम्मेदार कारकों में जन्मदर में निरंतर कमी के कारण  स्कूली आयु वर्ग के बच्चों की जनसंख्या का घटना, बेरोज़गारी व आजीविका की खोज में परिवारों का नगरों या दूसरे राज्यों की ओर पलायन, आर्थिक विपन्नता, बाल श्रम, बाल विवाह तथा माध्यमिक स्तर तक के स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की कमी जैसे कारण प्रमुख रूप से उत्तरदायी होते हैं। इसके अलावा, सरकारी, निजी तथा वैकल्पिक शिक्षा संस्थाओं के बीच छात्रों के स्थानांतरण के कारण भी वास्तविक नामांकन का सही आकलन बहुत अधिक प्रभावित होता है। छात्रों के नामांकन में यह गिरावट मात्र जनसांख्यिकीय बदलाव ही नहीं, बल्कि उपेक्षित वर्गों के छात्रों के लिए शिक्षा की सीमित पहुँच और उपलब्धता, समानता और स्थायित्व के लिए एक गंभीर चिंता का विषय है। इसके गंभीर परिणाम विशेषरूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में कम छात्र संख्या वाले स्कूलों के संचालन, शिक्षकों की नियुक्ति तथा शिक्षा क्षेत्र में सार्वजनिक निवेश पर नकारात्मक प्रभाव देखने को मिलेगा। 

सरकारी स्कूलों से निजी स्कूलों की ओर छात्रों का पलायन 

UDISE+ 2025–26 के आँकड़े भारत की स्कूली शिक्षा में एक महत्वपूर्ण संरचनात्मक परिवर्तन की ओर इशारा करते हैं। रिपोर्ट के अनुसार, सरकारी स्कूलों में लगभग 86 लाख छात्रों की गिरावट दर्ज की गई, जबकि निजी गैर-सहायता प्राप्त स्कूलों में 88 लाख से अधिक छात्रों की वृद्धि दर्ज  हुई है। निजी स्कूलों में छात्रों की यह वृद्धि दिखाती है कि अभिभावक अंग्रेज़ी माध्यम, बेहतर गुणवत्ता वाली शिक्षा, उच्च अधिगम परिणाम, अधिक शैक्षणिक वातावरण तथा ज्यादा जवाबदेही के कारण निजी स्कूलों में अपने बच्चों को पढ़ाने के लिए प्राथमिकता दे रहे हैं। यह रूपांतरण  मात्र स्कूलों के चयन तक ही सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा व्यवस्था में उभरते सामाजिक-आर्थिक विभाजन का भी स्पष्ट संकेत है। चूँकि अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), अल्पसंख्यक समुदाय तथा आर्थिक रूप से विपन्न परिवारों के बच्चे आज भी सरकारी स्कूलों की शिक्षा पर निर्भर हैं। जिसका प्रमुख कारण सरकारी स्कूलों में निःशुल्क शिक्षा, पाठ्यपुस्तकें, स्कूली पोशाक, छात्रवृत्ति तथा मध्याह्न भोजन जैसी सुविधाएँ उपलब्ध होना है, जो समाजिक रूप से उपेक्षित और गरीब छात्रों को आकर्षित करते हैं। यदि निजी स्कूलों की ओर छात्रों के स्थानांतरण की निरंतर बढ़ती प्रवृति, देश के शिक्षा तंत्र में एक धनाधारित दोहरी शिक्षा व्यवस्था को जन्म दे रही है जो स्कूली शिक्षा को अमीरों के लिए निजी स्कूलों तथा उपेक्षित व गरीबों के लिए सरकारी स्कूलों में निर्धारित कर रही है। जिसके कारण शिक्षा में असमानता और गहरी होती जा रही है। परिणामस्वरूप उच्च आय वर्ग के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहुँच सुनिश्चित बना रही है, जबकि उपेक्षित और सीमित संसाधनों वाले परिवार अपेक्षाकृत कमजोर सरकारी शिक्षा व्यवस्था पर निर्भरता निर्धारित करती है।  इसलिए शिक्षा में समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए सरकारी विद्यालयों की गुणवत्ता, आधारभूत सुविधाओं, शिक्षण-प्रक्रिया तथा जनविश्वास को सुदृढ़ के लिए नीतिगत प्राथमिकता देने  की अनिवार्य आवस्यकता है। 

प्रगति के बावजूद आधारभूत सुविधाओं में कमी

UDISE+ 2025–26 रिपोर्ट के आँकड़े स्कूलों की आधारभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गयी है। रिपोर्ट के अनुसार लगभग 95% स्कूलों में बिजली, 70% में कंप्यूटर तथा 67% में इंटरनेट उपलब्ध दिखाती है। इसके अलावा, एकल-शिक्षक और शून्य छात्रों वाले स्कूलों की संख्या में महत्वपूर्ण गिरावट शिक्षा तंत्र की संस्थागत मजबूती को दर्शाती है। इन सकारात्मक सुधारों के बावजूद ग्रामीण, जनजातीय और दूरस्थ इलाकों के स्कूलों में अभी भी सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (ICT) तथा विश्वसनीय इंटरनेट जैसी अतिआवश्यक सुविधाये उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे इलाकों के स्कूलों में दिव्यांग छात्रों के लिए रैंप, शौचालय और अन्य समावेशी सुविधाओं से अभी भी वंचित हैं। जिसके फलस्वरूप डिजिटल शिक्षा, स्मार्ट कक्षाओं और गुणवत्तापूर्ण अधिगम संसाधनों की समान रूप से पहुँच निर्धारित नहीं हो पायी है। उपरोक्त अवसंरचनात्मक शैक्षणिक कमियाँ शिक्षा की गुणवत्ता, छात्रों की ऊपर के क्लास में जाने की निरंतरता तथा ग्रामीण–शहरी शैक्षिक असमानता को अत्यधिक प्रभावित करती हैं। परिणामस्वरूप सबके लिए समावेशी शिक्षा का लक्ष्य अत्यधिक चुनौतीपूर्ण व असंभव  बना चूका है।

UDISE+ में आँकड़ों की गुणवत्ता

UDISE+ 2025–26 भारत की स्कूली शिक्षा के लिए दूरदर्शी योजना निर्माण, संसाधन वितरण तथा नीतिगत निर्णयों को निर्धारित करने का प्रमुख राष्ट्रीय डेटाबेस है। इन आँकड़ों की गुणवत्ता तथा उपयोगिता इस बात पर निर्भर करती है कि रिपोर्ट में एकत्र किये गए आँकड़े कितने सही, पूर्ण और विश्वसनीयता के लायक हैं। चूँकि UDISE प्रणाली मुख्यतः स्कूलों द्वारा स्वतः दी गई सूचनाओं पर आधारित होता है, ये सारे आंकड़े किसी स्वतंत्र और निष्पक्ष आंकड़ा संकलन तंत्र द्वारा संकलित नहीं किये जाते हैं। इसलिए छात्रों का नामांकन, आधारभूत सुविधाओं, शिक्षकों की उपलब्धता अथवा छात्रों द्वारा स्कूल छोड़ने संबंधी आँकड़ों में त्रुटियाँ राष्ट्रीय स्तर के विश्लेषण और नीतिगत निर्णयों को विपरीत रूप से बहुत ही ज्यादा प्रभावित करती हैं। अतः इन आँकड़ों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सुदृढ़ आंकड़ा सत्यापन तंत्र, नियमित डाटा ऑडिट, डिजिटल प्रमाणीकरण तथा प्रभावी निगरानी करने की व्यवस्था विकसित करना अतिआवश्यक है। ऐसी व्यवस्था के माध्यम से प्रमाण-आधारित नीति निर्माण करने तथा सार्वजनिक शैक्षिक संसाधनों का अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी उपयोग निष्पक्षता से सुनिश्चित किया जा सकेगा। 

स्कूली नामांकन में गिरावट का प्रभाव

भारत में स्कूली छात्रों के नामांकन में लगातार गिरावट सतत विकास लक्ष्य–4 (SDG-4) को प्राप्त करने के लिए एक गंभीर चुनौती बन चुका है। सतत विकास लक्ष्य–4 लक्ष्य वर्ष 2030 तक सभी सामाजिक वर्गों के लिए समावेशी, समान एवं उच्च गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। हालांकि, UDISE+ 2025–26 के अनुसार छात्रों द्वारा स्कूल छोड़ने की दर में कमी तथा सकल नामांकन अनुपात (GER) में सुधार जैसी महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की गयी हैं। इसके बावजूद भी माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक स्तर के स्कूलों में छात्रों द्वारा ऊपर के क्लास में पहुंचने की निरंतरता अपेक्षाकृत कमजोर बनी हुई है। जो इस बात को स्पष्ट करता हैं कि बहुत सारे छात्र स्कूली शिक्षा को पूर्ण करने से पहले ही विभिन्न करने से स्कूल छोड़ जाते हैं। छात्रों के नामांकन में कमी के कारण सार्वभौमिक माध्यमिक शिक्षा प्राप्त करने का लक्ष्य प्रभावित होता है। इन कारणों से विभिन्न सामाजिक-आर्थिक वर्गों और क्षेत्रों के बीच शैक्षिक असमानताएँ और दूरियां बहुत गहरी होती जाती हैं। लंबे समय तक  ऐसी प्रवृति का प्रभाव मानव पूंजी निर्माण, कौशल विकास, रोजगार के अवसरों, आय के स्तरों तथा सामाजिक गतिशीलता पर नकारात्मक रूप  से पड़ता हैं और उनके विकास को अवरुद्ध करता हैं। अतः, विशेष रूप से लड़कियों, वंचित वर्गों तथा ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के छात्रों की स्कूल में निरंतर उपस्थिति और उनकी शिक्षा पूर्णता सुनिश्चित करना नीतिनिर्धारकों की प्राथमिकता होनी चाहिए।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के क्रियान्वयन पर प्रभाव

UDISE+ 2025–26 की रिपोर्ट NEP-2020 की स्कूली शिक्षा की 5+3+3+4 संरचना को आत्मसात करती हैं। किंतु केवल संरचनात्मक पुनर्गठन NEP के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए पर्याप्त साधन नहीं है। NEP- 2020 का मुख्य लक्ष्य सभी वर्गों के बच्चों के लिए समान शैक्षिक अवसर उपलब्ध  कराना, बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान प्रदान करना हैं। इसके अलावा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, डिजिटल शिक्षा तथा समावेशी स्कूली व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रमुख लक्ष्य है। स्कूली छात्रों के नामांकन में गिरावट, निजी स्कूलों की ओर छात्रों का पलायन, स्कूलों में आधारभूत सुविधाओं की कमी, दूरस्थ क्षेत्रों के स्कूलों में शिक्षकों की कमी तथा व्याप्त क्षेत्रीय असमानताएँ इन लक्ष्यों को प्राप्त करने में प्रमुख बाधाएँ हैं। इसलिए सरकारी स्कूलों की गुणवत्ता में सुधार करने, शिक्षक प्रशिक्षण को सशक्त बनाने, डिजिटल अवसंरचना का विस्तार करना आवश्यक  हैं। इसके अलावा सभी वर्ग के बच्चों के लिए समान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए लक्षित नीतिगत पहल अतिआवश्यक हैं।

शिक्षा बजट और शिक्षक भर्ती पर प्रभाव

स्कूलों में छात्र नामांकन के आँकड़े शिक्षकों की भर्ती, संसाधन वितरण तथा शिक्षा बजट निर्धारण के लिए महत्त्वपूर्ण आधार होते हैं। अतः, छात्रों  के नामांकन में निरंतर गिरावट का सीधा नकारात्मक प्रभाव शिक्षा व्यवस्था की वित्तीय एवं मानव संसाधन निर्माण योजना पर पड़ता है। इसके अलावा, विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के कम छात्रों वाले स्कूलों में शिक्षकों कमी से कार्यरत शिक्षकों पर अतिरिक्त कार्यभार पड़ता है। जिसके कारण शिक्षण की गुणवत्ता में कमी आती हैं। इसके साथ ही, शिक्षा बजट के आवंटन में भी कमी, शैक्षिक अवसंरचना, संसाधनों और शैक्षिक सेवाओं के विकास अवरुद्ध करता हैं। परिणामस्वरूप क्षेत्रीय तथा सामाजिक शैक्षिक असमानताएँ और अधिक गहरी होती जाती हैं। 

निष्कर्ष

UDISE+ 2025–26 की रिपोर्ट भारत की स्कूली शिक्षा व्यवस्था में एक साथ हो रही प्रगति और सतत बनी हुई संरचनात्मक चुनौतियों का व्यापक विरोधाभासी परिदृश्य प्रस्तुत करती है। स्कूल छोड़ने की में कमी, शिक्षकों की संख्या में समुचित वृद्धि, विद्यालयी आधारभूत सुविधाओं में सुधार तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की 5+3+3+4 संरचना के अनुकूल आँकड़ों का पुनर्निमाण शिक्षा क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव का दर्शाते हैं। इसके विरुद्ध, कुल स्कूली छात्रों के नामांकन में गिरावट, छात्रों का सरकारी स्कूलों से निजी स्कूलों की ओर बढ़ता स्थानांतरण दोहरी शिक्षा प्रणाली को जन्म देती हैं जो अमीर-गरीब, ग्रामीण-शहरी, साधन सम्पन्न -उपेक्षित वर्गों के बीच खायी को और अधिक गहरा करती हैं। इसके साथ माध्यमिक स्तर पर कमजोर प्रतिधारण तथा डिजिटल एवं भौतिक अवसंरचना में क्षेत्रीय असमानताएँ देश की शिक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। इसके अलावा, आँकड़ों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता से जुड़ी चुनौतियाँ प्रमाण-आधारित नीति निर्माण की आवश्यकता पर जोर देती हैं। कमजोर और उपेक्षित वर्गों विशेष रूप से अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक समुदाय तथा आर्थिक एवं भौगोलिक रूप से वंचित परिवारों के छात्रों के लिए सरकारी स्कूल ही आज भी शिक्षा प्राप्त करने का प्रमुख आधार हैं। इसलिए सरकारी स्कूलों  की गुणवत्ता, शिक्षकों  की  उपलब्धता, आधारभूत एवं डिजिटल अवसंरचना तथा समावेशी शिक्षण वातावरण को मजबूत करना अतिआवश्यक हो गया हैं। समावेशिता, समानता, गुणवत्ता और क्षेत्रीय संतुलन पर आधारित नीतियों को मजबूती से लागु करना ही NEP- 2020 तथा सतत विकास लक्ष्य–4 की त्वरित व प्रभावी रूप से प्राप्ति सुनिश्चित किया जा सकता हैं।

  • – डॉ. साहब दीन रावत, रिमोट सेंसिंग एप्लिकेशन्स सेंटर – उत्तर प्रदेश, लखनऊ। Email:saahabdeen.555@gmail.com

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related

एम. करुणानिधि : दक्षिण में सामाजिक न्याय के सूत्रधार 

     भारत के समकालीन राजनीतिक इतिहास में एम. करुणानिधि...

नेकचंद सैनी : संघर्ष के सम्मान का सफ़र

पांच नदियों की भूमि पंजाब। इस पंजाब का एक...

चुल्हाई साहू : नककटवा नायक

     भारत के इतिहास में ऐसे कई नायक हुए...

अब्दुल कय्यूम अंसारी : संघर्ष के मुखर राष्ट्रवादी मुखर

    जब देश में ‘खिलाफत आंदोलन’ की शुरुआत हुई...