मुख्यधारा के महानायक : एक वैचारिक परिचय

Date:

    ‘मुख्यधारा के महानायक’ की अवधारणा को समझने के लिए सबसे पहले यह समझना आवश्यक है कि आखिर मुख्यधारा है क्या? समाज में जिसे ‘मुख्यधारा’ कहा जाता है, वह स्वतः निर्मित या स्वाभाविक व्यवस्था नहीं होती। किसी भी समाज में यह प्रश्न महत्वपूर्ण है कि मुख्यधारा की परिभाषा कौन तय करता है, उसके मानदंड कौन निर्धारित करता है और यह तय करने का अधिकार किन सामाजिक समूहों के पास होता है। मुख्यधारा केवल किसी एक विचार, संस्था या राजनीतिक व्यवस्था का नाम नहीं है। यह सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, सांस्कृतिक और बौद्धिक शक्तियों के व्यापक तंत्र से निर्मित होती है। कौन-सा विचार सार्वभौमिक माना जाएगा, किस प्रकार की जीवन-शैली आदर्श समझी जाएगी, किस साहित्य को महत्वपूर्ण माना जाएगा, कौन-सी भाषा प्रतिष्ठित होगी, किस इतिहास को पढ़ाया जाएगा और किन व्यक्तियों को नायक के रूप में स्थापित किया जाएगा, इन सभी प्रश्नों पर मुख्यधारा का प्रभाव दिखाई देता है। मुख्यधारा समय के साथ अपना रूप भी बदलती है। इसका एक ही स्थायी स्वरूप नहीं होता। परिस्थितियों के अनुसार इसके नए-नए रूप सामने आते रहते हैं। इसलिए मुख्यधारा के बदलते हुए अवतारों को समझना सामाजिक परिवर्तन को समझने के लिए आवश्यक है।

मुख्यधारा का ऐतिहासिक निर्माण-

    भारतीय समाज में मुख्यधारा का निर्माण एक लंबी ऐतिहासिक प्रक्रिया का परिणाम है। यह प्रक्रिया किसी एक दिन या किसी एक राजनीतिक घटना से निर्मित नहीं हुई। सदियों से सामाजिक सत्ता, ज्ञान, संसाधनों और संस्थाओं पर जिन समूहों का अपेक्षाकृत अधिक नियंत्रण रहा, उन्होंने समाज की प्रमुख धारणाओं और मानकों को प्रभावित किया। यहाँ अन्य समुदायों को कमजोर या अल्पसंख्यक के दायरे में सीमित कर दिया जाता है। यहां ‘अल्पसंख्यक’ शब्द का अर्थ केवल धार्मिक अल्पसंख्यक नहीं है। इसका संबंध उन सामाजिक समूहों से भी है जिन्होंने संख्या की दृष्टि से सीमित होते हुए आध्यात्मिक, आर्थिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक और बौद्धिक क्षेत्रों में प्रभावशाली स्थिति प्राप्त की।

धर्म और आध्यात्मिकता से लेकर अर्थव्यवस्था, राजनीति, शिक्षा, मीडिया, विश्वविद्यालय, व्यवसाय और सांस्कृतिक संस्थानों तक सत्ता और प्रभाव के विभिन्न क्षेत्रों का निर्माण ऐतिहासिक रूप से हुआ है। इन संस्थाओं में प्रभुत्व रखने वाले सामाजिक समूह केवल सत्ता का उपयोग नहीं करते, बल्कि अपने विचारों और सामाजिक मानकों को भी पुनरुत्पादित करते हैं। इसीलिए मुख्यधारा को केवल राजनीतिक सत्ता के संदर्भ में देखना पर्याप्त नहीं है। इसके पीछे सामाजिक संरचना, ज्ञान की व्यवस्था और सांस्कृतिक प्रभुत्व की भी भूमिका होती है।

विचारधारा और प्रभुत्व का पुनरुत्पादन-

   किसी प्रभुत्वशाली सामाजिक व्यवस्था के पीछे एक विचारधारा भी होती है। यह विचारधारा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में दिखाई देती है। हमारे पहनावे, खानपान, संगीत, भाषा, बोलने के तरीके, सार्वजनिक भाषण, मीडिया प्रस्तुति, साहित्य और यहां तक कि कार्यक्रमों की एंकरिंग की शैली में भी सामाजिक मानकों का प्रभाव दिखाई दे सकता है। समाज में जो मॉडल लंबे समय तक प्रतिष्ठित होता है, वह धीरे-धीरे ‘सामान्य’ और फिर ‘सार्वभौमिक’ समझा जाने लगता है। किसी प्रभुत्वशाली समूह द्वारा प्रस्तुत विचार केवल उसका निजी विचार न रहकर पूरे समाज का ‘सत्य’ या ‘आदर्श’ बना दिया जाता है।

    यही मुख्यधारा की सबसे महत्त्वपूर्ण विशेषताओं में से एक है- किसी विशेष सामाजिक अनुभव को सार्वभौमिक अनुभव के रूप में प्रस्तुत करना। यह प्रक्रिया अचानक नहीं होती। यह कई पीढ़ियों और कई सदियों में विकसित होती है। संस्थाएं, परंपराएं, ज्ञान-व्यवस्थाएं और सांस्कृतिक मानदंड मिलकर इस प्रक्रिया को निरंतर आगे बढ़ाते हैं।

महानायक कौन हैं?

   ऐसी व्यवस्था में ‘महानायक’ की अवधारणा का महत्व बढ़ जाता है। महानायक केवल वह व्यक्ति नहीं है जिसने किसी विशेष संघर्ष में भाग लिया हो। महानायक वह भी है, जिसने सामाजिक व्यवस्था की प्रकृति को समझा हो, उसके अंतर्विरोधों को पहचाना हो और परिवर्तन की वैकल्पिक दृष्टि प्रस्तुत की हो। इस अर्थ में महानायक संघर्ष के साथ-साथ दृष्टि का भी प्रतिनिधित्व करता है।

   महात्मा ज्योतिराव फुले, सावित्रीबाई फुले, डॉ. भीमराव अम्बेडकर, चंद्रिका प्रसाद ‘जिज्ञासु’, रामचरण मल्लाह, शिवदयाल सिंह चौरसिया, शिवशंकर पाल, रामस्वरूप वर्मा और जगदेव प्रसाद जैसे अनेक व्यक्तित्वों को इसी दृष्टि से समझा जा सकता है। इनका महत्व केवल इस बात में नहीं है कि उन्होंने सामाजिक अन्याय का विरोध किया। उनका महत्व इस बात में भी है कि उन्होंने उस व्यवस्था की संरचना को समझने का प्रयास किया, जिसने असमानता को जन्म दिया और उसे बनाए रखा। इसीलिए महानायक केवल अतीत की स्मृति नहीं हैं। वे वर्तमान के लिए वैचारिक संसाधन भी हैं।

बीमारी को समझे बिना इलाज संभव नहीं-

   सामाजिक परिवर्तन के लिए सबसे पहले उस व्यवस्था को समझना आवश्यक है जिसे बदला जाना है। यदि किसी बीमारी का स्वरूप ही स्पष्ट नहीं है तो उसका उपचार भी संभव नहीं है। इसी प्रकार यदि सामाजिक असमानता के वास्तविक कारणों, उसके स्वरूप और उसके बदलते रूपों को नहीं समझा जाएगा तो सामाजिक परिवर्तन की रणनीति भी अस्पष्ट रहेगी। महानायकों की विशेषता यह थी कि उन्होंने केवल सतही समस्याओं को नहीं देखा। उन्होंने यह समझने का प्रयास किया कि असमानता किस प्रकार पैदा होती है, किस प्रकार संस्थागत रूप लेती है और समय के साथ किस प्रकार अपना स्वरूप बदलती है। यही उनकी दूरदर्शिता थी।

महानायक मरते नहीं, उनकी विचारधारा जीवित रहती है-

   किसी महान विचारक का भौतिक जीवन समाप्त हो सकता है, लेकिन उसके विचार समाप्त नहीं होते। यदि उसके विचार सामाजिक मुक्ति और समानता की आकांक्षा से जुड़े हैं, तो वे आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहते हैं। इस अर्थ में महानायक अमर होते हैं। उनका अमरत्व किसी धार्मिक अर्थ में नहीं, बल्कि उनके विचारों, संघर्षों और सामाजिक विरासत में होता है। रामस्वरूप वर्मा, जगदेव प्रसाद, ज्योतिराव फुले, सावित्रीबाई फुले और अम्बेडकर जैसे व्यक्तित्वों की प्रासंगिकता इसी कारण बनी हुई है। उनके विचार नई परिस्थितियों में नए प्रश्नों के साथ संवाद करते हैं। इसलिए नई पीढ़ी का दायित्व केवल अपने नायकों का स्मरण करना नहीं है, बल्कि उनकी वैचारिक विरासत को समझना और आगे बढ़ाना भी है।

अपने नायकों और अपने भटकावों की पहचान-

   किसी भी सामाजिक आंदोलन के लिए यह पहचानना आवश्यक है कि उसके वास्तविक प्रेरणास्रोत कौन हैं और कौन-से व्यक्ति या विचार उसे उसके मूल उद्देश्य से भटका सकते हैं। सार्वजनिक जीवन में समय-समय पर ऐसे व्यक्तित्व उभरते रहते हैं,जिन्हें वंचित समुदायों का प्रतिनिधि, उद्धारक या प्रवक्ता बताया जाता है। लेकिन किसी व्यक्ति को केवल उसके दावे या प्रचार के आधार पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। उसके विचार, कार्य, सामाजिक सरोकार और वास्तविक योगदान को देखना आवश्यक है।

   यह विवेक इसलिए जरूरी है क्योंकि आंदोलन की ऊर्जा, समय और संसाधन सीमित होते हैं। यदि ये संसाधन गलत दिशा में चले जाएं तो किसी भी सामाजिक परिवर्तन की प्रक्रिया कमजोर हो सकती है। इसलिए अपने वास्तविक नायकों की पहचान जितनी जरूरी है, उतनी ही जरूरी उन शक्तियों की पहचान करना भी है जो आंदोलन को भ्रमित करती हैं।

राजनीति में लोकतंत्रीकरण और बौद्धिक क्षेत्र की चुनौती-

   स्वतंत्रता के बाद भारतीय राजनीति में लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व का विस्तार हुआ है। आरक्षण और लोकतांत्रिक राजनीति ने अनेक वंचित समुदायों को राजनीतिक संस्थाओं में प्रवेश का अवसर दिया। लेकिन बौद्धिक और ज्ञान-उत्पादन के क्षेत्रों में लोकतंत्रीकरण की प्रक्रिया अभी भी अधूरी दिखाई देती है। केंद्रीय विश्वविद्यालयों, उच्च शिक्षण संस्थानों, शोध संस्थानों और अन्य प्रतिष्ठित बौद्धिक संस्थाओं में सामाजिक प्रतिनिधित्व का प्रश्न आज भी महत्वपूर्ण है। यह प्रश्न केवल नियुक्तियों या पदों की संख्या तक सीमित नहीं है। इसका संबंध इस बात से भी है कि ज्ञान कौन पैदा करता है, कौन शोध करता है, कौन इतिहास लिखता है, कौन पाठ्यक्रम तैयार करता है और किन सामाजिक अनुभवों को अकादमिक विमर्श में स्थान मिलता है। यदि किसी समाज के बड़े हिस्से की संस्थागत उपस्थिति बहुत सीमित है, तो ज्ञान के लोकतंत्रीकरण का प्रश्न स्वाभाविक रूप से उठता है।

मीडिया और कॉरपोरेट क्षेत्र की चुनौती-

    इसी प्रकार मीडिया और कॉरपोरेट क्षेत्र में भी सामाजिक प्रतिनिधित्व महत्त्वपूर्ण प्रश्न है। मीडिया केवल समाचार प्रसारित करने का माध्यम नहीं है; वह समाज में यह भी निर्धारित करता है कि कौन-सा मुद्दा महत्वपूर्ण है और किस दृष्टिकोण को सार्वजनिक चर्चा में जगह मिलेगी। पिछले कुछ वर्षों में डिजिटल मीडिया और यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्मों ने वैकल्पिक आवाजों के लिए कुछ नए अवसर पैदा किए हैं। अनेक लोग मुख्यधारा के मीडिया से बाहर रहकर सामाजिक मुद्दों पर वैकल्पिक दृष्टिकोण प्रस्तुत कर रहे हैं।

   हालांकि, यह क्षेत्र भी अनेक चुनौतियों से मुक्त नहीं है। फिर भी डिजिटल माध्यमों ने ज्ञान और विमर्श के लोकतंत्रीकरण की संभावनाओं को बढ़ाया है। कॉरपोरेट क्षेत्र में भी सामाजिक प्रतिनिधित्व का प्रश्न महत्त्वपूर्ण है। बड़ी कंपनियों के स्वामित्व, निदेशक मंडलों और निर्णय लेने वाले संस्थानों में विभिन्न सामाजिक समूहों की उपस्थिति को समझना व्यापक सामाजिक संरचना को समझने का एक महत्त्वपूर्ण माध्यम हो सकता है।

लेखन क्यों आवश्यक है?

    सामाजिक परिवर्तन के लिए संघर्ष जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी लेखन भी है। यदि वंचित समुदाय स्वयं अपने अनुभवों, इतिहास और विचारों को नहीं लिखेंगे तो उनके बारे में दूसरे लोग लिखेंगे। तब उनके अनुभवों की व्याख्या भी दूसरे लोगों के दृष्टिकोण से होगी। इसलिए नई पीढ़ी के लिए लेखन केवल व्यक्तिगत अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि सामाजिक हस्तक्षेप का माध्यम है। हजारों लोगों में यदि कुछ लोग ही लिख रहे हैं तो यह स्थिति चिंताजनक है। रूढ़िवादी विचारों को चुनौती देने के लिए नये विचार पैदा करने पड़ते हैं। पुराने ज्ञान और परंपराओं को चुनौती देने के लिए वैकल्पिक ज्ञान का निर्माण करना पड़ता है। फुले, सावित्रीबाई फुले, अम्बेडकर, चंद्रिका प्रसाद ‘जिज्ञासु’ और रामस्वरूप वर्मा जैसे व्यक्तित्वों की विरासत तभी आगे बढ़ेगी जब नई पीढ़ी भी पढ़ेगी, लिखेगी, शोध करेगी और नए विचार प्रस्तुत करेगी।

बहुजन समाज के भीतर के अंतर्विरोधों को समझना-

   सामाजिक न्याय की राजनीति को केवल बाहरी संघर्ष के रूप में देखना पर्याप्त नहीं है। बहुजन समाज के भीतर भी अनेक सामाजिक और आर्थिक अंतर्विरोध मौजूद हैं। सभी वंचित समुदाय एक जैसी सामाजिक स्थिति में नहीं हैं। कुछ समुदायों को शिक्षा, रोजगार, राजनीति और आरक्षण के माध्यम से सीमित स्तर पर सामाजिक और राजनीतिक गतिशीलता प्राप्त हुई है, जबकि कुछ समुदाय अभी भी अत्यंत हाशिए पर हैं। इसलिए बहुजन राजनीति के भीतर भी सबसे निचले पायदान पर मौजूद समुदायों की स्थिति को समझना आवश्यक है।

   उत्तर भारत में मुसहर जैसे समुदायों की स्थिति इस प्रश्न को गंभीरता से सामने लाती है। यदि किसी आंदोलन में सबसे वंचित समूहों को पर्याप्त प्रतिनिधित्व और सम्मान नहीं मिलता, तो उस आंदोलन की व्यापकता और विश्वसनीयता प्रभावित हो सकती है।

ओबीसी समाज और सबसे वंचित समूहों की जिम्मेदारी-

   ओबीसी समाज के भीतर भी सामाजिक विविधता और असमानता को समझना जरूरी है। कुछ समुदायों में शिक्षा, आर्थिक संसाधनों और राजनीतिक प्रतिनिधित्व के कारण अपेक्षाकृत अधिक सामाजिक गतिशीलता आई है। ऐसे समुदायों की जिम्मेदारी केवल अपने प्रतिनिधित्व तक सीमित नहीं होनी चाहिए। उन्हें सामाजिक रूप से अधिक वंचित समूहों के साथ भी खड़ा होना चाहिए। यह संबंध केवल भाषणों और नारों से नहीं बनता। सबसे वंचित समुदाय नेतृत्व, साहित्य और सामाजिक आंदोलनों को अपने अनुभवों की कसौटी पर परखेंगे। इसलिए वास्तविक विश्वास व्यवहार और निरंतर सहयोग से ही निर्मित होगा।

अत्यंत पिछड़े वर्गों और पसमांदा समाज को समझना-

   ओबीसी के भीतर अत्यंत पिछड़े समुदायों की स्थिति को समझना भी आवश्यक है। यदि इन समुदायों की सामाजिक आकांक्षाओं और राजनीतिक अनुभवों को नजरअंदाज किया गया तो वे दूसरे राजनीतिक या सामाजिक विकल्पों की ओर जा सकते हैं। इसी तरह धार्मिक अल्पसंख्यकों के भीतर मौजूद सामाजिक विविधता को भी समझना आवश्यक है। ‘अल्पसंख्यक’ समाज को एक समान सामाजिक इकाई मान लेना पर्याप्त नहीं है। उसके भीतर भी वर्ग, जाति और सामाजिक स्थिति के आधार पर विशेष अंतर मौजूद हैं। पसमांदा समाज का प्रश्न इसी संदर्भ में महत्त्वपूर्ण हो जाता है। सामाजिक न्याय की किसी भी व्यापक परियोजना के लिए धार्मिक पहचान के साथ-साथ सामाजिक और आर्थिक स्थिति को भी समझना होगा।

विभिन्न समुदायों से एंटी-कास्ट विचारकों की खोज-

    भारत में जाति-विरोधी चिंतन की परंपरा को केवल कुछ प्रसिद्ध नामों तक सीमित नहीं किया जा सकता। ज्योतिराव फुले, सावित्रीबाई फुले, नारायण गुरु और डॉ.अम्बेडकर जैसे महान विचारकों के साथ-साथ विभिन्न समुदायों और क्षेत्रों में ऐसे अनेक विचारक, लेखक और सामाजिक कार्यकर्ता रहे हैं, जिन्होंने जाति-विरोधी संघर्ष को आगे बढ़ाया। आवश्यकता इस बात की है कि प्रत्येक समुदाय और क्षेत्र से ऐसे विचारकों की पहचान की जाए और उनके लेखन तथा जीवन-संघर्ष को सामने लाया जाए। यदि विभिन्न समुदायों के अपने-अपने सामाजिक अनुभवों से निकले जाति-विरोधी विचारकों को एक व्यापक वैचारिक मंच पर लाया जाए तो सामाजिक न्याय की राजनीति और बौद्धिक आंदोलन के बीच अधिक मजबूत संबंध बनाया जा सकता है।

एक साझा वैचारिक विरासत का निर्माण-

    विभिन्न समुदायों के सामाजिक नायकों को पहचानना केवल इतिहास लेखन का काम नहीं है। यह सामाजिक संगठन, राजनीतिक चेतना और वैचारिक एकजुटता के लिए भी महत्त्वपूर्ण है। जब किसी समुदाय को उसके अपने इतिहास, विचारक और संघर्ष दिखाई देते हैं तो उसमें आत्मविश्वास पैदा होता है। जब विभिन्न समुदायों के संघर्षों को एक-दूसरे से जोड़ा जाता है तो व्यापक सामाजिक एकजुटता की संभावना पैदा होती है। इसलिए आवश्यकता ऐसी वैचारिक परंपरा बनाने की है जिसमें अलग-अलग समुदायों के अनुभवों को सम्मान मिले और जाति-विरोधी चिंतन की विविध धाराएं एक-दूसरे से संवाद कर सकें।

‘मुख्यधारा के महानायक’ की प्रासंगिकता-

   ‘मुख्यधारा के महानायक’ की अवधारणा वास्तव में यह प्रश्न उठाती है कि इतिहास में नायक किसे बनाया जाता है और किसे भुला दिया जाता है। जो व्यक्ति प्रभुत्वशाली व्यवस्था के मानकों के अनुरूप होते हैं, उन्हें अक्सर मुख्यधारा में स्थान मिल जाता है। दूसरी ओर, जिन्होंने उस व्यवस्था को चुनौती दी, उनके योगदान को लंबे समय तक सीमित या हाशिए पर रखा जा सकता है। इसलिए महानायकों की खोज केवल अतीत की खोज नहीं है। यह वर्तमान की वैचारिक संरचना को समझने की प्रक्रिया भी है। महानायक वे हैं, जो अपने समय की सीमाओं से आगे जाकर समाज के भविष्य की कल्पना करते हैं। वे केवल शिकायत नहीं करते, बल्कि वैकल्पिक रास्ते तलाशते हैं। वे केवल अपने समुदाय की समस्या नहीं देखते, बल्कि सामाजिक संरचना के व्यापक प्रश्नों को समझने का प्रयास करते हैं।

नई पीढ़ी के लिए संदेश-

   आज की पीढ़ी के सामने सबसे बड़ी चुनौती केवल राजनीतिक प्रतिनिधित्व हासिल करना नहीं, बल्कि ज्ञान, विचार और संस्थाओं के क्षेत्र में भी अपनी उपस्थिति मजबूत करना है। इसके लिए तीन काम विशेष रूप से महत्वपूर्ण हैं- पढ़ना, लिखना और शोध करना। अपने इतिहास को पढ़ना होगा। अपने समाज के विचारकों को जानना होगा। स्थानीय और क्षेत्रीय नायकों के जीवन और संघर्षों को दस्तावेजीकृत करना होगा। विभिन्न समुदायों के भीतर से निकले जाति-विरोधी विचारकों की पहचान करनी होगी। साथ ही अपने समाज के भीतर मौजूद अंतर्विरोधों को भी ईमानदारी से समझना होगा। सामाजिक न्याय की परियोजना तभी व्यापक और टिकाऊ हो सकती है, जब वह सबसे वंचित व्यक्ति तक पहुंचे।

संक्षेप में, मुख्यधारा कोई स्थिर या प्राकृतिक व्यवस्था नहीं है। उसका निर्माण ऐतिहासिक परिस्थितियों, सामाजिक शक्तियों, संस्थागत संरचनाओं और विचारधाराओं के माध्यम से होता है। इसलिए मुख्यधारा को बदलना केवल सत्ता परिवर्तन का प्रश्न नहीं है; यह ज्ञान, संस्कृति, प्रतिनिधित्व और सामाजिक चेतना के लोकतंत्रीकरण का भी प्रश्न है। महानायक वे हैं, जिन्होंने इस व्यवस्था को समझने, उसकी असमानताओं को पहचानने और वैकल्पिक समाज की कल्पना करने का साहस किया। उनकी विरासत हमें यह सिखाती है कि सामाजिक परिवर्तन केवल संघर्ष से नहीं, बल्कि वैचारिक स्पष्टता, लेखन, शोध, संगठन और निरंतर सामाजिक संवाद से संभव होता है।

   आज आवश्यकता इस बात की है कि हम अपने वास्तविक नायकों की पहचान करें, उनके विचारों का गंभीरता से अध्ययन करें और उनकी विरासत को नई परिस्थितियों में आगे बढ़ाएं। साथ ही हमें यह भी देखना होगा कि सबसे वंचित समुदायों की आवाज हमारे विमर्श में कितनी जगह पा रही है। यदि सामाजिक न्याय की परियोजना को वास्तव में व्यापक बनाना है, तो उसे समाज के सबसे निचले पायदान तक पहुंचना होगा। विभिन्न समुदायों के अनुभवों और उनके विचारकों को जोड़ना होगा। ज्ञान और बौद्धिक संस्थानों का लोकतंत्रीकरण करना होगा। यही वह प्रक्रिया है जिसमें ‘मुख्यधारा’ की परिभाषा स्वयं बदल सकती है और उन महानायकों को भी मुख्यधारा में स्थान मिल सकता है, जिन्होंने लंबे समय तक मुख्यधारा के बाहर रहकर समाज को बदलने का सपना देखा और उसके लिए संघर्ष किया।

डॉ. चंद्रैया गोपनी, एसोसिएट प्रोफ़ेसर

जी.बी. पन्त सोशल साइंस इंस्टिट्यूट, प्रयागराज

Mob. No. 09956377352

Email: chandraiah.gopani2020@gmail.com

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related

एम. करुणानिधि : दक्षिण में सामाजिक न्याय के सूत्रधार 

     भारत के समकालीन राजनीतिक इतिहास में एम. करुणानिधि...

नेकचंद सैनी : संघर्ष के सम्मान का सफ़र

पांच नदियों की भूमि पंजाब। इस पंजाब का एक...

चुल्हाई साहू : नककटवा नायक

     भारत के इतिहास में ऐसे कई नायक हुए...

अब्दुल कय्यूम अंसारी : संघर्ष के मुखर राष्ट्रवादी मुखर

    जब देश में ‘खिलाफत आंदोलन’ की शुरुआत हुई...