आसिम बिहारी के जीवन एवं कार्यों के बारे प्रोफेसर अहमद सज्जाद, पूर्व विभागाध्यक्ष उर्दू, रांची यूनिवर्सिटी रांची ने लिखा है कि ‘महात्मा गांधी की दूरदर्शिता का कमाल है कि लोकतांत्रिक युग के मद्देनजर भारत के गरीब एवं पिछड़े हुए दलितों को हरिजन का स्थान दिया। उनकी जीवन पद्धति को अपना कर उनका भरोसा प्राप्त किया और इस प्रकार अंग्रेजों के साथ राजनैतिक लड़ाई लड़कर भारत की आजादी प्राप्त की। किंतु मुसलमानों में महात्मा गांधी जैसा उदाहरण पेश नहीं किया जा सकता है कि जिसने गरीब एवं पिछड़े अर्थात् पसमांदा मुसलमानों की समस्याओं को निकट से समझा हो। इस संबंध में आसिम बिहारी एकमात्र उदाहरण है, जिन्होंने अपनी असमर्थताओं के बावजूद पसमांदा मुस्लिम बिरादरी के लिए मसीहाई काम किया और मुसलमानों की बेबसी को समाप्त करने और उनके साथ होने वाले सामाजिक भेदभाव और असमानता को दूर करने के लिए न केवल अपना पूरा जीवन बल्कि अपने पूरे परिवार के भविष्य को दांव पर लगा दिया। उन्होंने अविभाजित भारत में गांव-गांव और शहर-शहर की जीवन भर यात्रा करते हुए यहां के गरीब और पसमांदा मुसलमानों के हितों के लिए संघर्ष करने वाला ऑल इंडिया मोमिन कॉन्फ्रेंस को खड़ा किया। इस संगठन के नेतृत्व में अखिल भारतीय स्तर पर पसमांदा मुसलमानों का आंदोलन खड़ा किया गया, जिसने मुस्लिम जमींदारों के हितों की रक्षा करने वाले ‘ऑल इंडिया मुस्लिम लीग’ को कड़ी टक्कर दी।
आसिम बिहारी का जन्म 15 अप्रैल, 1889 को बिहार शरीफ नालंदा के मोहल्ला खासगंज में हुआ था। उनके पिता का नाम मौलवी आशिक हुसैन था। उनके दादा मौलाना अब्दुल हकीम और परदादा मौलाना इमामुद्दीन ने सन् 1857 की पहली जंग-ए-आजादी में हिस्सा लिया था। आसिम बिहारी को घरेलू हालात से मजबूर होकर प्राथमिक शिक्षा के बाद केवल 16 साल की उम्र में उषा कंपनी, कोलकाता में नौकरी करनी पड़ी। वहां ड्यूटी के बाद जो समय बचता, उसे वह अध्ययन में लगाते। उस दौर में कलकत्ता न केवल देश की राजधानी था बल्कि हर प्रकार के राजनैतिक, सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक आंदोलनों तथा गतिविधियों का भी केंद्र था। आसिम बिहारी ने कोलकाता के इस माहौल का फायदा उठाया और अपने शैक्षणिक एवं बौद्धिक स्तर को ऊंचा किया। इसी दौरान उन्होंने अपने आसपास के लोगों की सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक स्थितियों में सुधार के लिए आंदोलन चलाने का निर्णय लिया।
अपनी आंदोलनात्मक गतिविधियों के कारण शीघ्र ही उन्हें उषा कंपनी की नौकरी छोड़नी पड़ी। उन्होंने जीवन निर्वाह के लिए एक स्वतंत्र रोजगार शुरू किया। बिहार शरीफ से लेकर कोलकाता तक के लोग उनके आस-पास जमा होने लगे और उनकी बातें को ध्यानपूर्वक सुनने लगे। उन्होंने अपने विचारों से प्रेरित युवाओं का एक दल तैयार कर लिया, जिसके साथ उनकी सामाजिक, राजनैतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों में दिन-प्रतिदिन वृद्धि होती चली गई। अब उन्होंने अपने व्यक्तिगत के साथ-साथ सामूहिक अध्ययन का भी सिलसिला शुरू किया। अपनी खुद की मेहनत के बदौलत आसिम बिहारी के ज्ञान का स्तर इतना ऊंचा हो गया कि लोग उन्हें मौलवी आसिम बिहारी कहने लगे। एक ओर जहां वे कुशल वक्ता एवं मौलवी नजर आते थे तो दूसरी ओर वे उस समय के आधुनिक ज्ञान से संपन्न थे एवं तत्कालीन परिस्थितियों को बखूबी समझते थे। इसी प्रकार वह एक अच्छे पत्रकार एवं कवि भी थे। आसिम बिहारी ने जब होश संभाला तो उन्होंने अपने आसपास भयंकर गरीबी, ऊंच-नीच का भेदभाव एवं अत्याचार का माहौल देखा था जिससे उनके अपने और बेगाने सभी प्रभावित थे। इस माहौल को बनाने में जमींदारी प्रथा का शोषण तो जिम्मेवार था ही, ब्राह्मणवाद से प्रभावित मौलवियों का एक वर्ग भी उतना ही जिम्मेदार था। इन मौलवियों ने कुरान के स्पष्ट संदेश के उलट मुसलमानों में जात-पात एवं ऊंच-नीच को बढ़ावा दिया। आसिम बिहारी ने इसके दंश को झेला था, इसीलिए उन्होंने जात-पात एवं ऊंच-नीच को खत्म करने का फैसला लिया था।
1920 ई. में तांती बाग कोलकाता में आसिम बिहारी ने पसमांदा एवं पेशेवर बिरादरियों के सामाजिक सुधार एवं उत्थान के लिए एक सामाजिक संगठन ‘जमीअत उल मोमिनीन’ स्थापित किया। इसके पहले वार्षिक सम्मेलन में विभिन्न बुद्धिजीवियों के अलावा मौलाना अबुल कलाम आजाद ने भी भाग लिया। उन्होंने अपने संबोधन के दौरान आसिम बिहारी की जमकर तारीफ की और लोगों को उनके संगठन एवं आंदोलन से जुड़ने का आह्वान किया। इसके दूसरे वार्षिक सम्मेलन में मौलाना अबुल कलाम के साथ-साथ महात्मा गांधी और मौलाना मोहम्मद अली जौहर जैसे वरिष्ठ राजनैतिक सामाजिक एवं धार्मिक शख्सियतों ने भाग लिया तथा सम्मेलन को संबोधित किया।
आसिम बिहारी ने अपने आंदोलन एवं संगठन के उद्देश्यों के प्रचार-प्रसार के लिए उर्दू में एक दीवारी अखबार (दीवार पर साटा जाने वाला) ‘अल मोमिन’ का प्रकाशन शुरू किया। यह काफी लोकप्रिय हुआ और आगे चलकर यह 1923 ई. में इस आंदोलन के वरिष्ठ नेता मौलाना मोहम्मद याह्या बिहारी के संपादन में मासिक पत्र के रूप में कोलकाता से प्रकाशित हुआ। 1921ई. में, आसिम बिहारी ने बिहारशरीफ में जमीअतुल मोमिनीन की स्थापना की। इसके तहत 3-4 जून, 1922 ई. को ऑल बिहार नूर बाफ कॉन्फ्रेंस (बुनकर कॉन्फ्रेंस) का आयोजन किया गया। इसमें गरीब और पसमांदा बिरादरी एवं बुनकरों, हिन्दू और मुसलमान दोनों के अधिकारों एवं उनकी सामाजिक एवं शैक्षणिक स्तर में सुधार के लिए संघर्ष का आह्वान किया गया।
इसके अलावा, आसिम बिहारी ने बिहारशरीफ और कोलकाता में गरीब एवं पसमांदा पेशेवर मुस्लिम बिरादरियों के लिए उनके मोहल्लों एवं गांव में मकतब एवं पुस्तकालयों की स्थापना के लिए आंदोलन चलाया। इस आंदोलन के नतीजे के तौर पर बिहारशरीफ के विभिन्न मोहल्लों में 1912-1917 के बीच पुस्तकालयों की स्थापना हुई। 1918 में तांती बाग, कोलकाता में एक दारुल मजाककरा (एक प्रकार का मदरसा) की स्थापना हुई। जिसमें दिन भर मजदूरी करने वाले नौजवान रात में शिक्षा ग्रहण करते थे। 1926 ई. में बुनकरों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए आसिम बिहारी के प्रयास से बिहार विवर एसोसिएशन की स्थापना हुई। उसी साल उनके संपादन में उर्दू में बुनकरों की एक पाक्षिक पत्रिका ‘इकराम’ का प्रकाशन शुरू हुआ। इसमें उर्दू के नामचीन लेखकों एवं साहित्यकारों के लेख आदि प्रकाशित होते थे। बिहार में वर्ष 1937 एवं 1946 के विधानसभा चुनाव में ‘ऑल इंडिया मोमिन कॉन्फ्रेंस’ के कई उम्मीदवार निर्वाचित हुए। वर्ष 1946 के विधानसभा चुनाव में इसके 5 सदस्य निर्वाचित हुए, जिनमें अब्दुल कयूम अंसारी भी शामिल थे। वे रांची विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित हुए थे और कांग्रेस के साथ साझा सरकार में पीडब्ल्यूडी के मंत्री बनाये गए। मोमिन कॉन्फ्रेंस के इस राजनैतिक उभार का लाभ यह हुआ कि बिहार सरकार को 500 मकतब प्राथमिक विद्यालय, 1200 बुनकर सोसायटियों और महाविद्यालयों के सैकड़ों छात्रों के लिए फेलोशिप की व्यवस्था की गई। इसके अतिरिक्त मेडिकल एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण संस्थाओं में उनके छात्रों के लिए आरक्षण की व्यवस्था की गई। इस प्रकार इन पसमांदा वर्गों की सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक स्थितियों में सुधार होना शुरू हुआ। आसिम बिहारी के अनथक प्रयासों ने रंग दिखाया और गरीब एवं पसमांदा मुस्लिम बिरादरियों एवं बुनकरों के सामाजिक एवं राजनीतिक महत्व को सरकारी स्तर पर स्वीकृत किया गया। इसके फलस्वरूप लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्थापना एवं लोकतांत्रिक दौर प्रारंभ हुआ। किंतु उस मंजिल तक पहुंचते-पहुंचते आसिम बिहारी के जीवन का अंत करीब आने लगा और अंततः 6 दिसंबर, 1953 ई. को वे इस दुनिया से रुखसत हो गए।
आसिम बिहारी की पूरी जीवन-यात्रा पर हम नजर डालें तो हम पाते हैं कि किस प्रकार उनका संघर्ष नये-नये मुकाम हासिल करता चला गया एवं गरीब-गुरबों में एक नई हलचल और जागरूकता पैदा हुई। उनका उस पृष्ठभूमि को तैयार करने में बड़ा योगदान था, जिसमें मुस्लिम जमींदारों एवं कुलीन वर्गों के हितैषी ‘ऑल इंडिया मुस्लिम लीग’ के बरखिलाफ गरीब एवं पसमांदा पेशेवर मुस्लिम बिरादरियों, विशेषकर बुनकरों का एक अखिल भारतीय संगठन ‘ऑल इंडिया मोमिन कॉन्फ़्रेंस’ की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हुआ। गरीब एवं पसमांदा मुस्लिम बिरादरियों तथा बुनकरों के बीच आसिम बिहारी की लोकप्रियता का सबसे बड़ा कारण यह था कि उन्होंने निस्वार्थ भाव एवं त्याग की भावना से उनके सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक उत्थान के लिए अपना पूरा जीवन लगा दिया। प्रोफेसर अहमद सज्जाद के अनुसार इतिहास में उनके जैसा व्यक्तित्व बहुत कम नजर आता है, जिसने गरीबी एवं निर्धनता के बावजूद गांव-गांव शहर-शहर की खाक छानी और अपने विरोधियों की उल्टी सीधी बातें सुनते हुए अपने पूरे परिवार के भविष्य को दांव पर लगा दिया। वे अपने काम में इतने तल्लीन रहते थे कि उन्हें अपने दमा एवं हृदय रोग का कभी सुकून से उपचार कराने का अवसर प्राप्त नहीं हुआ। वे जीवनपर्यंत ऑल इंडिया मोमिन कॉन्फ्रेंस के कार्यों में सक्रिय रहे, जिसने स्वतंत्रता संग्राम में पुरजोर भाग लिया एवं भारत के विभाजन का कड़ा विरोध किया। प्रख्यात यूरोपीय इतिहासकार विलफ्रेड कैंटवेल स्मिथ ने भी अपनी पुस्तक ‘मॉडर्न इस्लाम इन इंडिया’ में स्वीकार किया है कि ‘ऑल इंडिया मोमिन कॉन्फ्रेंस का मूल विचार पिछड़े वर्गों के आर्थिक एवं सांस्कृतिक संरक्षण एवं विकास का रहा है।’
गुफरान नज़र
गुफरान नजर एक शिक्षक हैं, जो शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े हुए हैं। वे बिहार के नालंदा जिले के निवासी हैं।
Mob. No. 9470945894


