एस. आर. हरनोट की कहानियों में प्रकृति, लोकजीवन, श्रम, अस्मिता और प्रतिरोध

Date:

हिमाचल का पहाड़ केवल भौगोलिक प्रदेश नहीं है, बल्कि अपने भीतर प्रकृति, लोकसंस्कृति, परंपराओं, श्रम, जीव-जंतुओं और मनुष्य की गहरी संवेदनाओं को समेटे हुए एक जीवंत संसार है। एस. आर. हर्नोट जी की कहानियों में यही संसार अपने विविध रूपों में दिखाई देता है। उनकी रचनाओं में पहाड़ केवल पृष्ठभूमि नहीं रहता, बल्कि स्वयं एक सक्रिय चरित्र की तरह उपस्थित होता है। हर्नोट जी की कहानियों में प्रकृति के साथ मनुष्य का संबंध, बदलते ग्रामीण जीवन की विडंबनाएँ, जातिगत असमानता, श्रम की अवमानना, स्त्री की स्थिति, लोक-संस्कृति का संकट, विकास के नाम पर पर्यावरण का विनाश और इन सबके बीच मनुष्य की संवेदना प्रमुख प्रश्न बनकर सामने आते हैं।

एस. आर. हरनोट की कहानियों को प्रेमचंद, धूमिल और जॉन बरोज़ जैसे रचनाकारों की रचनाओं के साथ रखकर देखने पर यह स्पष्ट होता है कि समय बदलने के साथ समस्याओं के रूप बदलते हैं, लेकिन मनुष्य, प्रकृति, श्रम और अस्मिता से जुड़े मूल प्रश्न आज भी हमारे सामने उपस्थित हैं।

1. ‘कालिख’ : ग्रामीण यथार्थ और स्त्री के प्रतिरोध की कथा

कहानी ‘कालिख’ ग्रामीण जीवन के उस यथार्थ को सामने लाती है, जहाँ गरीबी, नशा, अंधविश्वास और सामाजिक रूढ़ियाँ मिलकर व्यक्ति के जीवन को प्रभावित करती हैं। कहानी की श्यामा हमारे आसपास के ग्रामीण परिवेश की एक सामान्य स्त्री जैसी दिखाई देती है, लेकिन उसके चरित्र को पूरी तरह समझने के लिए उस पहाड़ी और ग्रामीण संसार में प्रवेश करना आवश्यक है जिसमें वह रहती है। हर्नोट जी ने ‘गल-गल’, छाबड़ी, दरार, चिक्कड़, भाँडे-बर्तन जैसे स्थानीय शब्दों के माध्यम से वातावरण को इतना सजीव बनाया है कि पाठक स्वयं उस परिवेश का हिस्सा महसूस करने लगता है।

कहानी में नशे की बढ़ती समस्या केवल व्यक्तिगत पतन नहीं, बल्कि पूरे ग्रामीण समाज के विघटन का संकेत बनती है। श्यामा दलित परिवार से आती है और उसका पति नशे तथा धार्मिक आडंबर के आवरण में एक छोटे बच्चे की हत्या तक कर देता है। विधवा स्त्री के प्रति समाज का रवैया भी कहानी का महत्वपूर्ण पक्ष है। धर्म, जाति और मर्यादा के ठेकेदार स्त्री को जिम्मेदारी का पाठ पढ़ाते हैं, लेकिन उनकी दृष्टि स्वयं नैतिकता से दूर है। श्यामा इन सामाजिक दोहरे मानदंडों के बीच भी टूटती नहीं है। वह एक ऐसे बच्चे को जन्म देती है जिसे समाज स्वीकार नहीं करता, उसका पालन-पोषण करती है और उसे विद्यालय में दाखिल कराने का प्रयास करती है। जब पिता के नाम का प्रश्न सामने आता है तो श्यामा का उत्तर—

“किस-किस का नाम लूँ मैं, किसका बच्चा है ये।” – उसके भीतर के प्रतिरोध को सामने लाता है।

अंततः बच्चे का नाम “मन्नू दत्त पुत्र श्रीमती श्यामा” रखा जाना कहानी में एक छोटे लेकिन महत्वपूर्ण सामाजिक परिवर्तन का संकेत है। यहाँ माँ का नाम उसकी पहचान बनता है। इस प्रकार ‘कालिख’ केवल एक स्त्री की कहानी नहीं, बल्कि ग्रामीण समाज की मानसिकता और उसके भीतर से जन्म लेते प्रतिरोध की कहानी बन जाती है।

2. ‘माँ पढ़ती है’ : स्मृति, माँ और अपराध-बोध

‘माँ पढ़ती है’ हर्नोट जी की अत्यंत मार्मिक कहानियों में से एक है। कहानी में ग्रामीण जीवन का वातावरण छोटे-छोटे विवरणों के माध्यम से निर्मित होता है। जाले, मक्खियाँ, मैले कपड़े, दूध, खजूर की पत्तियाँ, धुँधला बल्ब, मक्की और बीड़ी के टुकड़ों तक का उल्लेख उस संसार को जीवंत बना देता है। हर्नोट जी की विशेषता यह है कि उनकी दृष्टि किसी भी छोटे से छोटे विवरण को नहीं छोड़ती। जिस वातावरण में रहने वाले लोगों के लिए कोई गंध सामान्य या परिचित हो सकती है, वही बाहरी व्यक्ति के लिए ‘बास’ हो सकती है। इस तरह कहानी संवेदना की सापेक्षता को भी सामने लाती है।

कहानी का सबसे मार्मिक पक्ष माँ और बेटे का संबंध है। बेटा जीवन में सफलता प्राप्त करता है, लेखक बनता है, लेकिन अपनी ग्रामीण माँ को आधुनिक सामाजिक समारोहों में साथ ले जाने में संकोच करता है। उसे लगता है कि माँ की ग्रामीण वेशभूषा और सहज व्यवहार आधुनिक समाज में उसके अनुरूप नहीं होंगे। लेकिन माँ की दुनिया अलग है। वह पढ़ नहीं सकती, फिर भी बेटे की किताबों को संभालकर रखती है। उसने किताबों को अक्षरों के माध्यम से नहीं, बल्कि माँ के प्रेम और बेटे के जीवन से जुड़ाव के माध्यम से पढ़ा है।

जब बेटा माँ के सामने अपने अपराध-बोध से भर जाता है और उसकी चारपाई के पास बैठता है, तो उसे माँ के स्नेह का वही संसार दिखाई देता है जिससे वह स्वयं दूर होता गया था। वह अपनी किताबें माँ के चरणों में रखकर जैसे अपने व्यवहार के लिए क्षमा माँगता है। कहानी के अंत में उसका चुपचाप चले जाना उसकी असहजता और आत्मग्लानि को व्यक्त करता है। इस दृष्टि से ‘माँ पढ़ती है’ केवल माँ-बेटे की कहानी नहीं, बल्कि आधुनिकता और अपनी जड़ों के बीच खड़े मनुष्य की आत्मस्वीकृति की कहानी भी है।

3. ‘दारोश’ : कुरीति के विरुद्ध चेतना की मशाल

हर्नोट जी की कहानी ‘दारोश’ एक ऐसी सामाजिक कुरीति को सामने लाती है जिसमें विवाह के नाम पर लड़की की इच्छा और उसकी स्वतंत्रता की उपेक्षा की जाती है। कानम का बचपन अपनी बहन के जबरन ले जाए जाने की घटना को देखकर प्रभावित होता है। सबसे बड़ी विडंबना यह है कि बाद में वही लोग परिवार और रिश्तेदारी का हिस्सा बन जाते हैं, लेकिन लड़की की इच्छा का प्रश्न कहीं नहीं उठता।कानम की माँ इस कुरीति के सामने झुकती नहीं है। वह अपनी बेटी को उस वातावरण से दूर भेजती है और इसके लिए परिवार तथा समाज की आलोचना सहती है। उसके सामने अपमान, ताने और विरोध आते हैं, लेकिन वह अपने निर्णय पर अडिग रहती है। जब कानम वापस लौटती है तो वह पहले वाली भयभीत लड़की नहीं रहती। वह शिक्षित, निर्भीक और अपने अधिकारों के प्रति सजग युवती के रूप में सामने आती है। वह केवल स्वयं के लिए आवाज नहीं उठाती, बल्कि दूसरी युवतियों में भी आत्मविश्वास जगाती है। कानम की चेतना उस मशाल की तरह है जो केवल अंधकार को चुनौती नहीं देती, बल्कि दूसरों को भी रास्ता दिखाती है।

कहानी यह प्रश्न उठाती है कि परंपरा तभी तक मूल्यवान है, जब तक वह मनुष्य की गरिमा और स्वतंत्रता का सम्मान करती है। आधुनिक समय में किसी कुरीति को केवल इसलिए स्वीकार नहीं किया जा सकता कि वह पुरानी है।

4. ‘किन्नर’ : सांस्कृतिक अस्मिता और पहचान का संकट

हर्नोट जी की ‘किन्नर’ कहानी हिमाचल प्रदेश के किन्नौर की लोकसंस्कृति, सांस्कृतिक पहचान और आधुनिक समय में उत्पन्न अस्मिता-संकट को केंद्र में रखती है। कहानी का केंद्रीय पात्र बेली राम शिक्षित व्यक्ति है और अपनी ऐतिहासिक तथा सांस्कृतिक विरासत के प्रति गहरी चेतना रखता है। उसके लिए ‘किन्नर’ केवल एक शब्द नहीं, बल्कि इतिहास, संस्कृति और सामुदायिक सम्मान का प्रतीक है। जब मीडिया, फिल्मों और कुछ लेखकों द्वारा ‘किन्नर’ शब्द का प्रयोग दूसरे सामाजिक संदर्भ में किया जाता है, तो बेली राम को लगता है कि उसकी अपनी सामुदायिक पहचान धुंधली की जा रही है। वह इस प्रश्न को व्यवस्था तक ले जाने का प्रयास करता है, लेकिन अपेक्षित संवेदनशीलता उसे नहीं मिलती।

कहानी का दूसरा महत्वपूर्ण पक्ष किन्नौरी लोकजीवन का विस्तृत चित्रण है। नाटी, ढोल-नगाड़े, शहनाई, करनाल, पारंपरिक आभूषण, वेशभूषा और स्थानीय खाद्य पदार्थ लोकसंस्कृति की जीवंत तस्वीर प्रस्तुत करते हैं। तोशिम जैसे पर्व के माध्यम से सामुदायिक जीवन, युवाओं के मेल-जोल और सामाजिक संबंधों की सहजता सामने आती है। विधवा और विधुर को भी सामाजिक आयोजनों में स्थान मिलना वहाँ के अपेक्षाकृत खुले सामाजिक दृष्टिकोण को दिखाता है। लेकिन हर्नोट जी केवल परंपरा का रोमानी चित्र प्रस्तुत नहीं करते। वे उसके भीतर मौजूद सामाजिक दबावों और विरोधाभासों को भी सामने लाते हैं। देवता की भूमिका भी यहाँ केवल धार्मिक नहीं है। वह सामाजिक व्यवस्था, कृषि, पशुधन और सामुदायिक निर्णयों से जुड़ा हुआ है।

आधुनिक विकास और बाहरी दुनिया से संपर्क नए अवसर तो लाता है, लेकिन साथ ही सांस्कृतिक पहचान पर दबाव भी डालता है। बेली राम की असफलता अंततः केवल एक व्यक्ति की असफलता नहीं, बल्कि उस समुदाय की पीड़ा बन जाती है जिसकी पहचान धीरे-धीरे बाहरी अर्थों में बदलती जा रही है। इसलिए ‘किन्नर’ भाषा, संस्कृति और पहचान के प्रश्न को एक साथ उठाने वाली महत्वपूर्ण कहानी है।

5. ‘रतिराम’ और ‘दो बैलों की कथा’ : बैल से मशीन तक

प्रेमचंद की ‘दो बैलों की कथा’ और हर्नोट  की ‘रतिराम’ को साथ पढ़ना ग्रामीण जीवन की लगभग एक शताब्दी की यात्रा को समझने का अवसर देता है। प्रेमचंद के हीरा और मोती किसान के केवल पशु नहीं हैं। वे उसके श्रम, जीवन, आत्मसम्मान और भावनात्मक संसार के साथी हैं। मनुष्य और पशु के बीच आत्मीयता इतनी गहरी है कि बैलों में भी स्वतंत्रता, मित्रता और संवेदना का भाव दिखाई देता है। इसके विपरीत ‘रतिराम’ में वह संसार धीरे-धीरे समाप्त हो रहा है। मशीनें कृषि और ग्रामीण जीवन में प्रवेश कर चुकी हैं। बैलों की जगह आधुनिक तकनीक ले रही है। रतिराम इस परिवर्तन को केवल आर्थिक बदलाव के रूप में नहीं देखता, बल्कि उसे अपने पुराने संसार के टूटने का अनुभव होता है।

विडंबना यह भी है कि आधुनिक तकनीक सुविधा के साथ नई नैतिक समस्याएँ लेकर आती है। बेटे की ग्रीनहाउस तकनीक रतिराम को गर्व देती है, लेकिन सब्जियों के उत्पादन को बढ़ाने के लिए हानिकारक इंजेक्शनों का प्रयोग उसे चिंतित करता है। यहाँ उत्पादन बनाम स्वास्थ्य का प्रश्न सामने आता है। इसी प्रकार बहू से जुड़ा प्रसंग केवल आधुनिक स्त्री की आलोचना नहीं है, बल्कि बदलते सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों के बीच पीढ़ियों के अंतर को दर्शाता है। दो रुपये के पुराने ऋण को चुकाने के लिए रतिराम का बाजार जाना उसकी नैतिकता और ईमानदारी का प्रतीक बन जाता है। छोटी-सी रकम उसके लिए केवल पैसा नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और आत्मसम्मान का प्रश्न है। प्रेमचंद के यहाँ बैल ग्रामीण जीवन के सक्रिय साथी हैं, जबकि हर्नोट जी के यहाँ बैलों का संसार समाप्ति की ओर है। इस अर्थ में ‘रतिराम’ को ‘दो बैलों की कथा’ के बाद की ग्रामीण यात्रा के रूप में पढ़ा जा सकता है। प्रश्न यह है—विकास ने मनुष्य को सुविधा तो दी, लेकिन क्या उसने उसकी संवेदना को भी सुरक्षित रखा?

6. ‘हक्वाई’, ‘मोचीराम’ और ‘सद्गति’ : श्रम से अस्मिता तक

हर्नोट जी की ‘हक्वाई’, धूमिल की ‘मोचीराम’ और प्रेमचंद की ‘सद्गति’ तीन अलग-अलग रचनाएँ होते हुए भी श्रम, जाति और सामाजिक असमानता के प्रश्न पर एक-दूसरे से जुड़ती हैं। ‘हक्वाई’ हिमाचली पहाड़ी जीवन से जुड़ा शब्द है। यह लोहे का त्रिकोणीय औजार है, जिस पर मोची जूते बनाता या सिलता है। भगतराम के लिए हक्वाई केवल एक औजार नहीं, बल्कि उसकी रोजी-रोटी, श्रम और अस्मिता का प्रतीक है। समाज को उसके श्रम की आवश्यकता है, लेकिन उसी श्रमिक को सम्मान देने में समाज पीछे हट जाता है। यही कहानी का मूल प्रश्न है—जो श्रम समाज के लिए आवश्यक है, श्रमिक को उसी श्रम के कारण सम्मान क्यों नहीं मिलता?

धूमिल की ‘मोचीराम’ में मोची जूतों के माध्यम से समाज को देखता है। जूता सामाजिक हैसियत का प्रतीक बन जाता है और मोची लोगों की सामाजिक स्थिति को उनके जूतों से पहचानता है। हर्नोट जी के भगतराम की हक्वाई के सामने भी अंततः सभी जूते बराबर हैं। प्रेमचंद की ‘सद्गति’ का दुखी चमार श्रम करता है, लेकिन उसे श्रम का सम्मान या उचित मूल्य नहीं मिलता। जातिगत व्यवस्था उसका शोषण करती है और अंततः उसका जीवन समाप्त हो जाता है। दुखी और भगतराम में समानता यह है कि दोनों श्रम की अवमानना और जातिगत असमानता से जूझते हैं। लेकिन दोनों का अंत अलग है। दुखी व्यवस्था के नीचे दबकर समाप्त हो जाता है, जबकि भगतराम अपमान से प्रतिरोध की ओर बढ़ता है। गांधी की प्रतिमा के नीचे उसका अनशन उसका अहिंसक प्रतिरोध है। अंत में जूते मुफ्त में पॉलिश करने की घोषणा व्यंग्य भी है और व्यवस्था के विरुद्ध विरोध भी।

यहाँ ‘हक की कमाई’ केवल मजदूरी नहीं, बल्कि सम्मान और मानवीय व्यवहार का अधिकार है। इस प्रकार तीनों रचनाओं को एक क्रम में देखें तो ‘सद्गति’ — शोषण की त्रासदी, ‘मोचीराम’ — व्यवस्था से प्रश्न, ‘हक्वाई’ — प्रश्न से प्रतिरोध तक की यात्रा।

7. पक्षियों की दुनिया और मनुष्य की संवेदना

हर्नोट जी की अनेक कहानियों में प्रकृति केवल पृष्ठभूमि नहीं है। पेड़-पौधे, पशु-पक्षी और पहाड़ मनुष्य के जीवन से जुड़े हुए जीवंत तत्व हैं। इस दृष्टि से अमेरिकी प्रकृति-लेखक जॉन बरोज़ के साथ हर्नोट जी की तुलना महत्वपूर्ण हो जाती है। बरोज़ ने पक्षियों और वन्यजीवन का अत्यंत सूक्ष्म निरीक्षण किया। उनके लिए पक्षी केवल देखने की वस्तु नहीं, बल्कि स्वतंत्र प्राकृतिक जीवन के प्रतीक हैं।

हर्नोट जी और बरोज़ दोनों प्रकृति को केवल देखते नहीं, बल्कि उसे समझने का प्रयास करते हैं। पक्षियों का उड़ना, बोलना, घोंसला बनाना और अपने प्राकृतिक आवास में रहना अपने भीतर अर्थ रखता है। लेकिन दोनों की दृष्टि में अंतर है। बरोज़ मुख्यतः प्रकृति के सूक्ष्म पर्यवेक्षक हैं, जबकि हर्नोट जी प्रकृति को लोकजीवन, सामाजिक यथार्थ और पर्यावरणीय संकट से जोड़ते हैं। हिमाचली पक्षी और प्राकृतिक संसार हर्नोट जी की रचनाओं में स्थानीय संस्कृति, लोकविश्वास और ग्रामीण जीवन का हिस्सा बन जाते हैं। पक्षियों का संकट केवल पर्यावरण का संकट नहीं रहता, बल्कि मनुष्य की संवेदनशीलता के क्षय का संकेत बन जाता है। इस दृष्टि से पक्षी मनुष्य को याद दिलाते हैं कि पृथ्वी केवल मनुष्य की संपत्ति नहीं है। प्रकृति को बचाना वास्तव में मनुष्य की अपनी संवेदना और सह-अस्तित्व की भावना को बचाना है।

8. ‘बेजुबान दोस्त’ और ‘Dust on the Mountain’ : किशन और बिष्णु – पहाड़, प्रकृति और विकास के दो बाल चरित्र

एस. आर. हर्नोट जी की ‘बेजुबान दोस्त’ और रस्किन बॉन्ड की ‘Dust on the Mountain’ को साथ पढ़ने पर हिमालयी जीवन और बदलते पहाड़ी पर्यावरण की एक महत्वपूर्ण तस्वीर सामने आती है। हर्नोट जी की कहानी का किशन लगभग नौ वर्ष का पहाड़ी चरवाहा है। वह बहुत कम बोलता है, लेकिन प्रकृति और पशु-पक्षियों की भाषा सहज रूप से समझता है। जंगली जानवर भी उसकी उपस्थिति में शांत हो जाते हैं। उसके और बेजुबान जीवों के बीच इतना आत्मीय संबंध है कि वह उनके लिए आश्रय तक बनाता है। इस प्रकार किशन धीरे-धीरे केवल चरवाहा नहीं रहता, बल्कि प्रकृति के रक्षक का रूप ग्रहण कर लेता है।

दूसरी ओर रस्किन बॉन्ड का बिष्णु लगभग बारह वर्ष का गरीब पहाड़ी बालक है। परिवार की आर्थिक आवश्यकताएँ उसे कम उम्र में काम की तलाश में बाहर जाने के लिए विवश करती हैं। खनन और औद्योगिक गतिविधियों से बदलते पहाड़ी परिवेश को वह बहुत निकट से देखता है। जंगलों की कटाई, पहाड़ों का टूटना और धूल से भरा वातावरण उसके प्राकृतिक संसार के विनाश का प्रतीक बन जाता है। दोनों कहानियों में विकास और प्रकृति का संघर्ष प्रमुख है। ‘बेजुबान दोस्त’ में कारखाने, खनन, धूल-धुआँ, जलस्रोतों का संकट और खेती पर पड़ने वाला प्रभाव ग्रामीण जीवन को प्रभावित करते हैं। कंपनी आर्थिक प्रलोभन देकर विकास का आकर्षण पैदा करती है, लेकिन उसके दुष्परिणाम धीरे-धीरे सामने आते हैं।

‘Dust on the Mountain’ में भी खनन और पेड़ों की कटाई पहाड़ के प्राकृतिक स्वरूप को बदल देती है। बिष्णु इस विनाश का साक्षी भी है और भुक्तभोगी भी। दोनों बाल पात्रों के बीच सबसे महत्वपूर्ण अंतर यह है कि बिष्णु प्रकृति के विनाश को देखता और महसूस करता है, जबकि किशन उसके विरुद्ध सक्रिय होकर खड़ा होता है। किशन का प्रतिरोध हिंसक नहीं है। वह पशु-पक्षियों को साथ लेकर कंपनी के ट्रकों के सामने खड़ा होता है। उसका छोटा-सा शरीर एक बड़े नैतिक प्रतिरोध का प्रतीक बन जाता है। बिष्णु के लिए पहाड़ उसकी आजीविका और स्मृतियों का संसार है, जबकि किशन के लिए प्रकृति लगभग उसके परिवार का हिस्सा है। इस कारण ‘बेजुबान दोस्त’ का पर्यावरण-बोध अधिक जीव-केंद्रित और व्यापक दिखाई देता है। दोनों कहानियाँ यह भी बताती हैं कि पर्यावरण की रक्षा केवल बड़े आंदोलनों से नहीं होती। संवेदना, साहस और अपने परिवेश से आत्मीय संबंध भी प्रतिरोध की शक्ति बन सकते हैं। बिष्णु उस पहाड़ की पीड़ा का प्रतिनिधि है जिसे विकास ने घायल किया है, जबकि किशन उसी घायल प्रकृति की ओर से उठने वाला प्रतिरोधी स्वर है।

निष्कर्ष

इन सभी रचनाओं को एक साथ पढ़ने पर हर्नोट जी के रचनात्मक संसार की एक व्यापक तस्वीर सामने आती है। उनकी कहानियों में पहाड़ केवल सुंदर प्राकृतिक दृश्य नहीं है। वह मनुष्य, पशु-पक्षी, जंगल, जलस्रोत, श्रम, संस्कृति और स्मृतियों से मिलकर बना हुआ एक जीवंत संसार है।

‘कालिख’ में ग्रामीण जीवन और स्त्री के प्रतिरोध का प्रश्न है।

‘माँ पढ़ती है’ में आधुनिक मनुष्य और अपनी जड़ों के बीच का अपराध-बोध है।

‘दारोश’ में परंपरा के भीतर मौजूद कुरीति के विरुद्ध स्त्री-चेतना है।

‘किन्नर’ में सांस्कृतिक अस्मिता और पहचान का संकट है।

‘रतिराम’ में मशीन और बाजार के बीच बदलता ग्रामीण संसार है।

‘हक्वाई’ में श्रम से सम्मान और अस्मिता की यात्रा है।

‘पक्षियों की दुनिया’ में प्रकृति और मनुष्य की संवेदना का संबंध है।

2 COMMENTS

  1. हारनोट सर की कहानियों में जिस तरह से आंचलिक जीवन, जिवन्त हो उठता है, उसका एक प्रभावशाली विश्लेषण! शुभकामनाएँ!

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related

एम. करुणानिधि : दक्षिण में सामाजिक न्याय के सूत्रधार 

     भारत के समकालीन राजनीतिक इतिहास में एम. करुणानिधि...

नेकचंद सैनी : संघर्ष के सम्मान का सफ़र

पांच नदियों की भूमि पंजाब। इस पंजाब का एक...

चुल्हाई साहू : नककटवा नायक

     भारत के इतिहास में ऐसे कई नायक हुए...

अब्दुल कय्यूम अंसारी : संघर्ष के मुखर राष्ट्रवादी मुखर

    जब देश में ‘खिलाफत आंदोलन’ की शुरुआत हुई...