प्रकृति का नियम है, संसार में लोग जन्म लेते, अपने ढंग से जीते और एक दिन मर जाते हैं। लेकिन धरातल पर कुछ ऐसे मनस्वी भी हमारे बीच आते हैं जो दूसरों के लिए जीते और अपने कार्यों से युगों-युगों तक लोगों के मानस-पटल एवं हृदय में विराजते और लोगों से श्रद्धा पाते हैं। प्रेम, दया, करुणा, सहानुभूति, स्नेह, श्रद्धा, भक्ति एवं परोपकार आदि मानवीय भावनाएं हैं, मानवीय गुण हैं, इन्हीं गुणों से परिपूरित व्यक्ति समाज के प्रति समर्पित एवं सच्चा मानव है।
प्रख्यात स्वतंत्रता सेनानी त्यागमूर्ति रामलखन चन्दापुरी का जन्म 20 नवम्बर 1923 ई. को पटना जिला के मसौढ़ी अनुमंडल के चंदापुर गांव में कुर्मी कुल में हुआ था। इनके पिता महावीर सिंह ‘खलीफा जी’ के नाम से जाने जाते थे। इनकी मां हीरामणि कुंअर एक धर्मपरायण महिला थीं। ये 1938 ई. में मसौढ़ी हाई स्कूल की नवीं कक्षा के अव्वल छात्र थे। तभी स्कूल की पढ़ाई छोड़कर छात्र-आंदोलन में शामिल हो गए। इन्होंने उस समय ‘गरीब दुनिया’ नामक एक उपन्यास लिखा। इनका कविता संग्रह ‘दीप प्रभा’ नाम से 1947 ई. में प्रकाशित हुआ। उस समय ‘दीप प्रभा’ की कविताएं आकाशवाणी से ‘चन्दापुरी के गीत’ नाम से प्रसारित होती थीं।
सन् 1942 में ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ में चहारदिवारी लांघ कर पटना सचिवालय में घुस गये थे। उसी दिन वहां पुलिस की गोलियों से सात छात्र शहीद हुए थे। तब ये पटना, गया रेलवे लाईन पर मसौढ़ी की ओर पैदल भाग निकले। रेल खंड पर पटरियां उखाड़ी और ‘ट्रेन चलाना बंद करो’ का नारा लगाते हुए आगे बढ़ते गये। एक दिन दो पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया तो किसी तरह छूट कर भाग गए। 1946 ई. में एम. ए. अंतिम वर्ष की पढ़ाई को छोड़कर ये दंगाई आग को बुझाने में लग गये और अपने इलाके को जलने से बचा लिया। 1948 ई. के मार्च महीने में ये कछ साथियों के साथ डॉ. अम्बेडकर से दिल्ली में मिले और पिछड़ी जातियों के आरक्षण तथा अन्य सुविधाओं के सम्बन्ध में उनसे बातचीत की। अम्बेडकर अन्य पिछड़ी जातियों की सुविधाओं के लिए भारतीय संविधान में 340वीं धारा का समावेश कर सम्पूर्ण राष्ट्र के उत्थान के प्रति अपनी समर्पित भावना प्रदर्शित की। 1947 ई. में जब महात्मा गांधी शांति मिशन के उद्देश्य से मसौढी में पधारे तो यह जानकर कि उस इलाके में मुसलमानों का एकमात्र विश्वासी चन्दापुरी हैं तो गांधी ने अपने पास बुलाकर उन्हें आशीर्वाद दिया और पुनर्वास के कार्य के लिए उन्हें मुक़र्रर कर दिया। इन्होंने फरवरी 1949 में अवैदिक साहित्य सृजन हेतु जनलेखक संघ का गठन किया। इन्होंने युवा लेखकों एवं रचनाकारों से आह्वान करते हुए कहा- “भारतीय समाज को वैदिक साहित्य और उसकी परम्परा से मुक्त करें। ये सभी सरकारी प्रचार के साधन रेडियो, टेलीविजन और समाचार पत्र ब्राह्मणवादी शोषण की प्रवृत्ति में संलग्न हैं।”
बाद में 1949 ई. में ये डॉ. देशमुख के साथ पिछड़ी जातियों के छात्रों की छात्रवृति के लिए शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद से मिलकर छात्रों को छात्रवृत्ति दिलाने में सफल हो गए। पिछड़ी जातियों के हित में यह एक बहुत बड़ी उपलब्धि थी। 26 जनवरी 1950 में एक संस्था ‘बिहार राज्य पिछड़ा महासंघ’ के रूप में स्थापित की गई और डॉ. पंजाब राय देखमुख अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के अध्यक्ष चुने गए। चन्दापुरी जी सामाजिक परिवर्तन के लिए पिछड़ी जातियों के आंदोलन का कार्य करते थे। इनका राजनीतिक पदों से कोई वास्ता नहीं था। ये सचमुच पिछड़ा वर्ग संघ के जनक थे। ‘पिछड़ा वर्ग आंदोलन’ को तोड़ने के लिए पिछड़ी जाति के कांग्रेसी नेताओं को राजनीतिक पद और आकर्षक प्रलोभनों के बल पर खरीद-बिक्री की जा रही थी। आंदोलन का रूप विकृत हो रहा था। 1948 ई. में कार्य की व्यस्तता के कारण डॉ. अंबेडकर पटना नहीं आ सके। किन्तु मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने के बाद ही उनका पटना आगमन हो सका, क्योंकि वे चन्दापुरी जी को पटना आने का वचन दे चुके थे। देश-विभाजन के बाद यह पहला अवसर था जब चन्दापुरी जी ने 1951 में एक मंच पर दलितों, जनजातियों, पिछड़ी जातियों तथा अल्पसंख्यकों के नेताओं को इकट्ठा किया था और ब्राह्मणी-व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाई थी। सभा का सभापतित्व बिहार विधानसभा के विरोधी दल के नेता अमीन अहमद ने किया था और स्वागताध्यक्ष के रूप में चन्दापुरी जी तथा उद्घाटनकर्ता डॉ. अम्बेडकर थे। जैसे ही भाषण देने के लिए डॉ. अम्बेडकर उठे कि उन पर ईंट-पत्थर फेंके जाने लगे तब चन्दापुरीजी अम्बेडकर साहब की सुरक्षा में खड़े हो गए, उन्हें एक पत्थर लगने से खून बहने लगा। अम्बेडकर ने अपने भाषण में कहा था- “हिन्दुओं की वर्तमान सड़ी-गली सामाजिक व्यवस्था का मूलोच्छेदन कर जब तक नये समाज का निर्माण नहीं किया जाता, तब तक समाज के पिछड़ों, दलितों तथा आदिवासियों का कल्याण नहीं हो सकता है। मुट्ठी भर लोगों द्वारा परिगणित जाति के लोगों को उनके पैरों के तले दबे रहने का जमाना लद चुका है।” डॉ. आंबेडकर ने आगे कहा- “भारतीय संविधान में समस्त भारतीयों को सामाजिक-समानता का अधिकार दिया गया है। दो हजार वर्षों तक हमारी आत्मा को इस तरह कुचला गया है कि अब हम इस अन्याय को बर्दाश्त नहीं कर सकते। देश में दलितों, पिछड़ों, शोषितों और शूद्रों की संख्या नब्बे प्रतिशत है। इसके लिए शिक्षित हो, संगठित हो और संघर्ष के लिए आगे बढ़ो। जिस वृक्ष को हम लगा रहे हैं, उस वृक्ष की छांह में हम उन सवर्णों को भी रखेंगे, जिन्होंने हमें अपने वृक्ष की छांह से बराबर अलग रखा है।”
चन्दापुरी जी की मान्यता थी कि वैदिक हिन्दू धर्म मानवता का कलंक है, जिसने जन्म के आधार पर स्थापित वर्ण जाति-व्यवस्था के जरिये व्यक्ति को व्यक्ति से, मनुष्य को मनुष्य से, जात को जात से, गांव को गांव से और हर एक को एक-दूसरे से जुदा और अलग कर दिया है। इन्होंने ‘पिछड़ी जाति संघ’ की स्थापना समाज को संगठित कर सम्पूर्ण देश को एक-साथ उठाने के उद्देश्य से की थी। इसके लिए दलित और पिछड़ी जातियों को जागृत करना आवश्यक था। शोषित और पिछड़ी जातियों को जागृत और संगठित करना ही इनके जीवन का लक्ष्य था। शोषित, शासित, पीड़ित, प्रताड़ित और उपेक्षित लोग देश के नब्बे प्रतिशत हैं और उन्हीं के देश का नाम भारत है। पिछड़ी जाति संघ के प्रभाव को कम करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह ने अपनी सरकार में पिछड़ी जाति के शिवनंदन प्रसाद मंडल तथा वीरचन्द पटेल को संसदीय सचिव के पद पर रखा था और देवशरण सिंह बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष थे। पिछड़ी जाति के कांग्रेसी नेता पिछड़ा वर्ग आंदोलन का खुल कर विरोध नहीं कर सकते थे, क्योंकि आंदोलन की आंधी में उन्हें उखड़ जाने का भय था।
अमेरिका के न्यूयार्क विश्वविद्यालय में पीएच.डी. डिग्री के साथ मास्टर इन पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन की डिग्री प्राप्त करने के उद्देश्य से उन्हें तीन वर्षों के लिए अमेरिका भेजा जा रहा था, किन्तु इन्होंने आंदोलन हित में यात्रा स्थगित कर दी। आंदोलन की बलिबेदी पर अपने माता-पिता और परिवार वालों की इच्छा तथा अपनी जवानी के अरमानों की बलि चढ़ा दी और अमेरिका जाने की यात्रा स्थगित कर दी। इस पर इनके माता-पिता और बड़े भाई रामदुलारे शरण सिंह को बहुत दुःख हुआ। इन्होंने आंदोलन को गति प्रदान करने के लिए ‘पिछड़ा वर्ग पत्रिका’ का प्रकाशन आरंभ कर दिया। ढाई-तीन वर्षों के प्रकाशन से पिछड़ा वर्ग आंदोलन के लिए पिछड़ा वर्ग पत्रिका ने जो ऐतिहासिक कार्य किया वैसा शायद ही दुनिया की किसी साप्ताहिक पत्रिका ने किसी आंदोलन के लिए किया होगा।
देश का शासन प्रधानमंत्री नेहरू के हाथ में था, जो ब्राह्मणवादी व्यवस्था को बनाये रखने के लिए ग्रामवासियों का शोषण बरकरार रखना चाहते थे। गांव में बसने वाली जनता को अज्ञानता, अशिक्षा और गरीबी उनके शासन का आधार स्तंभ था। ऐसी स्थिति में चन्दापुरी ने 1949 ई. से ही ‘गांव जगाओ अभियान’ चलाने का निर्णय लिया और ग्राम-यात्रा में चार सूत्री कार्यक्रमों के जरिये बिहार प्रांत में अभियान प्रारम्भ कर दिया। चार सूत्री कार्यक्रम थे- (1) समाज में छुआछूत और ऊंच-नीच के भेदभाव को मिटाना तथा लोगों में एकता और भाईचारे का भाव पैदा करना (2) हर-एक गांव में शिक्षण शिविर की स्थापना कर शिक्षा का प्रचार करना (3) ग्रामवासियों के आपसी झगड़ों को मिटाना और (4) जमीन जोतने वालों को अधिकार दिलाना।
29 जनवरी 1953 ई. में भारत के राष्ट्रपति ने संविधान की धारा 340 के अनुसार ‘पिछड़ा वर्ग आयोग’ का गठन कर दिया। काका कालेलकर (ब्राह्मण) को आयोग का अध्यक्ष बनाया गया। ये गांधी जी के शिष्य थे। सन् 1955 में पिछड़ा वर्ग आयोग की रपट और उसकी अनुशंसाएं राष्ट्रपति को सुपुर्द कर दी गई। गृहमंत्री गोविन्द वल्लभ पंत आयोग की रपट और उसकी अनुशंसाओं से आतंकित हो गये थे। उन्होंने यह समझा कि आरक्षण के कारण एक दिन पिछड़ी जातियां सत्ता पर हावी हो सकती हैं। अतः आयोग की रपट 1956 ई. से 1965 ई. तक संसद के पटल पर ज्यों-की-त्यों पड़ी रही और उस पर कोई चर्चा नहीं हुई। आयोग की सिफारिशों को लागू करने की मांग पर पंडित नेहरू ने कहा- “मैं सिफारिशों को लागू करने के पक्ष में हूं, किन्तु मंत्रिमंडल के दो वरिष्ठ सहयोगी ऐसा नहीं चाहते हैं।” उनका इशारा जगजीवन राम और पंडित गोविन्द वल्लभ पंत की ओर था। ‘नेहरू बनाम चन्दापूरी’, पुस्तक में पंडित नेहरू की मनुवादी नीति अध्याय में इसपर विस्तार से लिखा गया है कि पंडित नेहरू ने मनुशास्त्र की नीतियों का कठोरता से पालन किया और पिछड़ा वर्ग आयोग की सिफारिशों को लागू होने से रोक दिया।
आजादी प्राप्ति के बाद संसदीय इतिहास में यह पहला अवसर था, जब पिछड़ी जातियों का एक अपना राजनीतिक दल बना। अखिल भारतीय राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग संघ के चन्दापुरी जी अध्यक्ष चुने गए तथा केशरी सिंह बिहार राज्य शाखा के अध्यक्ष बनाए गए। 1957 ई. के चुनाव में चन्दापुरी जी बाढ़ संसदीय क्षेत्र जिला-पटना से अखिल भारतीय राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग संघ की ओर से चुनाव लड़ने को तैयार हो गये। वहां से तारकेश्वरी सिन्हा भी उम्मीदवार थीं, जिनका सम्बन्ध बिहार के मुख्यमंत्री श्री कृष्ण सिंह से था। शासन ने पिछड़ी जातियों को इतना भयभीत कर दिया कि वे घर से वोट डालने के लिए न निकले और उनका मत कांग्रेस की ओर से मतपेटियों में भर दिया गया। श्रीमती तारकेश्वरी सिन्हा के लिए पंडित नेहरू वोट मांगते हुए कहते थे कि ‘चन्दापुरी जी जात-पात करते हैं, जो देश के लिए घातक है। यदि चुनाव में उनकी जीत हुई तो देश की राजनीति बदल जाएगी” इस तरह इनको चुनाव में हराया गया।
सन् 1957 के अगस्त माह में बिहार के सिमुलतला में बिहार सोशलिस्ट पार्टी के कार्यकर्ताओं के एक प्रशिक्षण शिविर में लोहिया जी से चन्दापुरी जी की भेंट हुई। लोहिया जी चन्दापुरी जी के गले लिपट गये। उसी समय इनको आभास हुआ कि डॉ. लोहिया राष्ट्र के संरचनात्मक मूल्यों को महत्व देते हैं न कि सरकार के किसी मंत्री को। उनके विचार में हिन्दुस्तान की राजनीतिक पार्टियों के पंगुपन का कारण जाति प्रथा है, जिसकी वजह से हिन्दुस्तान सोशलिस्ट पार्टी को छोड़कर सभी अन्य राजनीतिक पार्टियां खासकर बिहार में कांग्रेसी शासकों के चंगुल में हैं। 1960 ई. को 8 से 10 जनवरी तक पटना में एक अधिवेशन करने का निर्णय लिया गया, समिति ने यह भी तय किया कि नये दल की विधिवत घोषणा शिवदयाल सिंह चौरसिया करेंगे, जिसका सभापतित्व और नेतृत्व आर. एल. चन्दापुरी करेंगे। खुले अधिवेशन में एक प्रस्ताव पास कर पिछड़ा वर्ग आंदोलन के जनक और क्रांति व त्याग के प्रतीक उद्घोषित करते हुए त्यागमूर्ति की उपाधि से चन्दापुरी को विभूषित किया, जिसका विशाल जनसमूह ने गगनभेदी नारों से स्वागत किया। यद्यपि डॉ. लोहिया जातिप्रथा विनष्ट करना चाहते थे, किन्तु उन्होंने कभी भी वैदिक ब्राह्मण धर्म और ब्राह्मणी व्यवस्था पर तीव्र प्रहार नहीं किया।
18 सितम्बर 1960 को गांधी मैदान में एक जनसभा का आयोजन किया गया। उस सभा में चन्दापुरी भाषण करने वाले थे। उस सभा को संबोधित करने के लिए भारत के अंतरिम सरकार एवं पाकिस्तान के पूर्व मंत्री योगेन्द्रनाथ मंडल भी पटना आये हुए थे, बिहार की कांग्रेसी सरकार हर कीमत पर जनसभा को भंग करवा देना चाहती थी ताकि हमेशा के लिए पिछड़ी जातियों का हौसला पस्त हो जाए। परिस्थिति के अनुसार चन्दापुरी की हत्या की भी योजना बनाई गई थी। तब लोगों ने सभा का आयोजन कुछ दिनों के लिए टाल देने को कहा। जब चन्दापुरी को पता चला तो उन्होंने कहा कि मेरी लाश पर पिछड़ी जातियां उठेंगी। जनसभा उसी दिन और उसी जगह पर होगी। ऐसे निर्भीक व्यक्ति थे चन्दापुरी। चन्दापुरी की आवाज बंद कर देने के लिए ब्राह्मणी व्यवस्था के पोषकों द्वारा इनकी हत्या के कई बार भीषण षड्यंत्र किए गए थे। 1960 ई. में पटना के गांधी मैदान की विशाल जनसभा में जानलेवा प्रहार से बच निकलने के पहले 1955 ई. में इनकी हत्या का चक्रव्यूह रचा गया था। उस जनसभा में इन्होंने कहा था- “दिल्ली की सरकार पंडित नेहरू चला रहे हैं। उनकी सरकार सवर्णों की है और वही लोग फल-फूल रहे हैं। देश की गरीबी और भ्रष्टाचार के गढ़ पंडित नेहरू हैं।” इस पर भीड़ के दाहिने कोने से आवाज आयी- “मारो-मारो, चन्दापुरी को मारो।” वह पंडित नेहरू को हटा कर स्वयं दिल्ली की गद्दी हथियाना चाहता है। आश्चर्य है कि डॉ. लोहिया के अलावे किसी भी राष्ट्रीय नेता ने उन पर हुए जानलेवा आक्रमण की भर्त्सना नहीं की।
पं. नेहरू और पिछड़े व दलितों की आजादी के लिए लड़ने वाले महान तेजस्वी नायक त्यागमूर्ति चन्दापुरी के बीच विवाद छिड़ गया। पंडित नेहरू चन्दापुरी जी से मिलना चाहते थे, किन्तु ये नेहरू के पास नहीं गए। एक दिन ऐसा भी आया कि इन्होंने पंडित नेहरू और में शामिल हो जाएं। इसके लिए नालन्दा संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस की ओर से संजीव रेड्डी से बातचीत की। दोनों चाहते थे कि चन्दापुरी केन्द्रीय मंत्रिमंडल इन्दिरा गांधी ने इनका नाम प्रस्तावित किया था। पंडित नेहरू पिछड़ा वर्ग आयोग लागू करना नहीं चाहते थे, सिर्फ यही चाहते थे कि चन्दाप्री मंत्रिमंडल में शामिल हो जाएं। संजीव रेड्डी नालंदा संसदीय क्षेत्र से इन्हें कांग्रेस उम्मीदवार बनाना चाहते थे, किन्तु जगजीवन राम ऐसा नहीं चाहते थे। इन्दिरा गांधी के चाहने पर भी ये उनसे नहीं मिले। क्योंकि किसी ब्राह्मण नेता में इनको विश्वास नहीं था। इन्होंने सदैव जनता की सेवा में विश्वास किया। वे सदैव आरक्षण के पक्ष में लड़ते रहे और अंततः कर्पूरी जी ने बिहार के पिछड़े वर्ग के लिए आरक्षण की घोषणा की।
बिहार के कई मुख्यमंत्रियों को बनाने और हटाने में इनकी महत्त्वपूर्ण भूमिका रही। इनके सहयोग से बीपी मंडल, दारोगा प्रसाद राय, केदार पांडेय मुख्यमन्त्री बने। संविधान के अनुच्छेद 340 के अंतर्गत 1979 ई. की पहली जनवरी को राष्ट्रपति ने द्वितीय पिछड़ा वर्ग आयोग के गठन की अधिसूचना जारी की थी, जिसके अध्यक्ष बीपी मंडल मनोनित किए गए। इनके इन्हीं कार्यों से प्रभावित होकर बंगाल सरकार के शिक्षा निदेशक डॉ. परिमला ने कहा था कि ‘चन्दापुरी जी छत्रपति शिवाजी की तरह देश की पिछड़ी जातियों को संगठित कर रहे हैं। वे आधुनिक भारत के शिवाजी हैं।’
आजादी प्राप्ति का उद्देश्य देशवासियों के जीवन में सुधार और उनका सर्वांगीण विकास करना था, लेकिन यह देश अपने लक्ष्य के विपरीत मुट्ठी भर ब्राह्मणों के हितों तक सिमटा रहा। देश में बड़ी आबादी जो सदियों से अछूत की तरह जीती आई थी, व्यवस्था ने उनके साथ नाइंसाफी की। आबादी का एक छोटा हिस्सा जो शिक्षित था, दूरदर्शी था, अपनी सुविधा के लोभ में उसने ब्राह्मणवादी व्यवस्था को प्रतिष्ठित किया है। विगत हजारों वर्षों से यही व्यवस्था चली आ रही है जो सभी प्रकार की विषमताओं, संघर्षों और देश के पतन का कारण बनी हुई है। इस्लाम धर्म के आगमन पर लाखों भारतवासियों ने ब्राह्मणी व्यवस्था से ऊबकर इस्लाम धर्म कबूल किया था। इन्हीं कारणों से बहुत बड़ी संख्या में लोगों ने ईसाई धर्म कबूल किया था। सिख धर्म लोकप्रिय बन गया था। वे सभी धर्म जो वर्ण एवं जाति प्रथा के खिलाफ मानव-मानव के बीच बराबरी और भाईचारा का पैगाम देते हैं- देश के वातावरण में नहीं उभर पाये। ये सभी सुधारवादी दृष्टिकोण विश्व में प्रतिष्ठित बौद्धधर्म के ही परिवर्तित रूप थे, जिसके चलते विश्वगुरू थे। इन साजिशों से नागरिकों को अवगत कराना और आजादी के बाद सभी को बराबरी का हक दिलाना ही उनके जीवन का मूल उद्देश्य था, जिसके लिए वे ताउम्र काम करते रहे।
देश को आजादी दिलाने में चन्दापुरी जी का महत्त्वपूर्ण योगदान था। उन्होंने कभी यह नहीं सोचा था कि आजादी मिलते ही सत्ता हथियाने के लिए छीना-छपटी होगी और उसके लिए जातीय आधार पर भूमिहार गुट, राजपूत गुट, ब्राह्मण गुट आदि बनेंगे। आजादी प्राप्ति के बाद समाज के पिछड़े वर्गों और दलितों को गांधी आगे बढ़ाना चाहते थे, लेकिन ऐसा न हो इसके लिए प्रतिगामी ताकतों ने उनकी हत्या कर दी। देश का शासक वर्ग मौन हो गया। संविधान में दी गई पिछड़ा वर्ग की परिभाषा को बदलने की कोशिश क्या राष्ट्रविरोधी कार्य नहीं है? क्या विशाल आबादी को राजनीतिक हिस्सेदारी दिए बिना देश का विकास संभव है? देश के बुद्धिजीवी वर्ग दूरदर्शी सोच नहीं रखते हैं, वे सत्ता से ऐसे चिपके हैं कि उनका ‘सत्यम्, शिवम्, सुंदरम् संकट में नजर आने लगा है। इस विषय पर वे निरंतर चिंतित रहते थे।
चन्दापुरी जी के अनुसार आजादी अंग्रेजी सल्तनत और भारतीय नेताओं के बीच राजनीतिक समझौता का फल था। यह स्वतंत्रता वैसी नहीं थी, जिसे नेताजी सुभाषचन्द्र बोस और भगत सिंह जैसे बलिदानी नेता चाहते थे। जवाहर लाल नेहरू स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री बने। यह देश के नेताओं के आपसी समझौते का नतीजा था, जिसमें अंग्रेजों का भी हाथ था। कोई भी राजनीतिक समझौता किसी वर्ग विशेष और उसके हित में होता है, जनता के हित में नहीं। इसलिए देश के विकास के नाम पर एक ऐसी नीति की नींव डाली गई, जिसका उद्देश्य एक वर्ग विशेष को समृद्धशाली बनाना था। चन्दापुरी जी ने भारतीय सामाजिक परिप्रेक्ष्य में मार्क्स के वर्ग सिद्धांतों के उलट जाति-संघर्ष की बात कही। उन्होंने मानव समाज में सामाजिक न्याय की सत्यता को स्थापित करने के लिए मानव-मानव, ऊंच-नीच तथा गोरा-काला के बीच की खाई को पाटने का पाठ पढ़ाया। उनके दृष्टिकोण से बहुजन समाज अपने को जोड़ेगा नहीं, उनके खेवनहार नेता इस बारीकी को समझेंगे नहीं, तब तक बहुजन समाज हाशिये पर ही रहेगा और भारत का लोकतंत्र सबल नहीं हो सकेगा।
रामलखन चंदापुरी उत्कृष्ट कोटि के लेखक, आरक्षण के पुरोधा और पिछड़े वर्ग के सिपहसालार थे। उन्होंने पिछड़े वर्गों के कल्याण के लिए जीवन के अंतिम समय तक संघर्ष किया और अपने उसूलों से कभी समझौता नहीं किया। एक लेखक, संपादक, संगठनकर्ता और आरक्षण पुरोधा के रूप में उनकी उपलब्धियों का कोई जोड़ नहीं है। 31 अक्टूबर, 2004 को उनका निधन हो गया।
संदर्भ :
1. भारत में ब्राह्मणवाद और पिछड़ा का आंदोलन-आर.एल. चन्दापुरी, मिशन प्रकाशन, पटना
2. नेहरू बनाम चन्दापुरी, मिशन पब्लिकेशन, पटना
3. Second Freedom Struggle Chandapuri’s Call to Overthrow Brahmin Rule, Mission Prakashan, Patna
4. भारत, एशिया और विश्व- आर.एल. चन्दापुरी, मिशन प्रकाशन, पटना
डॉ. दिलीप कुमार
राजनीति विज्ञान के अध्येता एवं शिक्षक हैं। वे पटना स्थित पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के अंतर्गत जगतनारायण कॉलेज, खगौल में राजनीति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं। शिक्षा एवं अकादमिक क्षेत्र में उनकी भूमिका राजनीति विज्ञान के अध्ययन-अध्यापन से जुड़ी है।
मोबाइल: 9431456622


