पंडित जवाहरलाल नेहरू का बच्चों के प्रति स्नेह केवल व्यक्तिगत लगाव नहीं, बल्कि एक बेहतर और संवेदनशील समाज का सपना था। बच्चे उन्हें प्यार से चाचा नेहरू कहते थे। उनके जन्मदिन 14 नवंबर को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। बालपन जीवन का वह सुंदर समय है, जहाँ कल्पनाएँ उड़ान भरती हैं, खेलों में दुनिया बसती है और छोटी-छोटी खुशियाँ अनमोल होती हैं। गाँव की गलियों से लेकर शहरों के मैदानों तक, हर बच्चे का बचपन सुरक्षित, स्वतंत्र और आनंदमय होना चाहिए। चाचा नेहरू चाहते थे कि कि बच्चों को प्रेम, शिक्षा, अवसर और सपने देखने की आज़ादी मिले। बालदिवस पर राकेश कबीर, गौरव ग़ज़ल और गोलेंद्र ज्ञान की बाल-कवितायें..
राकेश कबीर की कवितायेँ
1. बचपन
मुझे जाना है गाँव
ताकि सुन सकूँ वे शब्द
जिनको सुनकर लगे कि
अपनी भाषा के साथ ही
अपना बचपन अभी भी
बचा हुआ है उस गाँव में।
मुझे देखना है अपना खलिहान
जहाँ हमने खेले सारे खेल
कि अब कोई नहीं खेलता वहाँ
गुल्ली डंडा और कबड्डी
जिसे धीरे-धीरे लील रहे हैं
कंक्रीट के मकान।
तालाब में ईंट के चपटे टुकड़ों से
खिलाना है छिछली
सबसे नजर बचाकर ताकि कोई ये न कहे
कि अब बचपना कर रहे बड़े लोग।
क्योंकि उन्हें नहीं पता कि
यही सब बचपना करने ही तो
आते हैं हम गाँव
निहारने आते हैं एक-एक घर-गली
नहर बगीचे और खेत
बच्चे, बूढ़े, और बड़े।
इन सबको मन भर देखने
और महसूसने के बाद
कमाई हुई ऊर्जा
धीरे-धीरे खर्च होती रहती है महीनों
मेरे घर के जलते हुए
लालटेन की बाती की तरह
धीमी-धीमी रोशनी बिखेरती हुई सी।
2. बन्दर
बन्दर घुसे घर के अन्दर
अन्दर पड़ा था केला ।
केला पर हुआ हमला
जुटा था बन्दर अमला ।
मीठी लिख रही थी सुलेख
चीकू लिख रहे थे इमला ।
किचन के अन्दर मम्मी के साथ
लंच पका रही थी विमला ।
सुनकर बन्दरों का शोर
वह चिल्लाई चोर-चोर ।
बरामदे में दाना चुग रहा था मोर
उड़ा फट से लम्बी पंख हिलोर ।
देखकर बन्दरों की रेलमपेल
चीकू ने तानी अपनी गुलेल ।
दो चार कंचे दो अपने ठेल
बदमाशों का निकले तेल ।
मारो हांकी, लाठी और डंडा
बन्द हो जाएगा सारा बन्दर वितंडा ।
केला लेकर बन्दर भागे सरपट
जादो गार्ड लाया बन्दूक झटपट ।
पेड़ों पर चढ़ गई बन्दरों की फौज
आज के लंच में हुई उनकी मौज।
3. चीकू मीठी का धमाल
ऊपर चीकू का मकान
नीचे चाकलेट की दुकान
दुकान का रंग है लाल
दुकान के पीछे लूलू माल।
मीठी चीकू का देखो कमाल
चीकू ने खरीदा सतंरगी बाल
मीठी लाई लाल रुमाल
लाल रुमाल से बना झंडा।
चीकू ने मारा डंडा
फूट क्रिस का अंडा
गर्मी में फैला ठंडा
रुमाल हो गया गन्दा।
स्कूल में छुट्टों घर में धमाल
तेज हो गई बच्चों की चाल
दिन-भर कटे रोज बवाल
शैतानी से सब हुए मालामाल।
गौरव ग़ज़ल की कविता
4. बचपन
मौजों की टोली, वो बचपन का खेला,
आओ याद करें, वो लड़कपन का मेला!
मुख की बोली, वो हठपन का रेला,
आओ याद करें, वो पल अलबेला!
पिल्लू का राजा, वो राज अकेला,
हाँ, राजा-रानी का वो, भर-दिन खेला!
हार में बेईमानी, वो जीत की मनमानी,
याद है ना! वो लड़कपन की शैतानी!
काँच की गोली, वो मौजों की झोली,
याद है! वो गुँथती गली की कोली!
गोलेंद्र ज्ञान की कविता
5- बचपन का जलता दीप
एक बच्चा
जलता दीप बुझाकर
जैसे कोई स्मृति लूट रहा था।
मैंने पूछा,
“क्यों बुझा रहे हो
अंतर्मन का जलता दीपक?”
वह मुस्कराया और बोला,
“जब तक मैं इसे बुझा रहा हूँ,
तब तक तुम याद करो।”
याद करो वह दिन,
जब तुम बचपन में दीया लूटा करते थे;
याद करो वह दिन,
जब दियनी में दो छेद कूटा करते थे।
याद करो वह दिन,
जब खेल का तराजू बनाया करते थे;
याद करो वह दिन,
जब गुड्डे-गुड़िया का विवाह रचाया करते थे।
याद करो वह दिन,
जब डाकू-पुलिस खेला करते थे;
याद करो वह दिन,
जब माँ के क्रोधाग्नि की डाँट झेला करते थे।
याद करो वह दिन,
जब बस्ते में गुल्ली-डंडा और ढेला धरते थे;
याद करो वह दिन,
जब नहर का पानी चूहे के बिल में भरते थे।
याद करो वह दिन,
जब लू वाली भरी दुपहरी में
धूप से जला करते थे;
याद करो वह दिन,
जब दादा-दादी की लाठी और कूप से डरते थे।
याद करो वह दिन,
जब पोखर में छिप-छिपकर नहाया करते थे;
याद करो वह दिन,
जब चोरी से गुरुजी की छड़ी तोड़ा करते थे।
याद करो वह दिन,
जब दूसरे के खेत से खीरा तोड़ा करते थे;
याद करो वह दिन,
जब ककड़ी वाले चाचा के गोड़ जोड़ा करते थे।
याद करो वह दिन,
जब जाड़े में आलू भूनकर खाया करते थे;
याद करो वह दिन,
जब रोज-रोज पिटाया करते थे;
याद करो वह दिन,
जब रोने वाला गीत गाया करते थे।
कुछ याद हुआ?
अपना बचपन
आनंद में कैसे बीता था!
छोटी-छोटी गलती पर
माता-पिता और गुरु ने
कैसे पीटा था!
कुछ याद हुआ
अपना वह नटखटपन,
जिससे पूरा कुल जीता था?
नाना-नानी के कंधों पर बैठकर
कैसे पका पपीता तोड़ा था!
कुछ याद हुआ
विद्यालय का वह समय,
जब गुरुजी हमें पढ़ाते थे
अ, आ, इ, ई,
क, का, कि, की,
ए, बी, सी, डी
कैसे याद कराते थे!
कुछ याद हुआ
गिनती, पहाड़ा और कविता
हम मिलकर कैसे गाते थे;
हँसते-हँसते मित्रों संग
रास्ते में धान के सीर
कैसे खाते थे!
कुछ याद हुआ?
यादें ताज़ा हो गईं
अतः धन्यवाद तुम्हारा करता हूँ।
खूब मज़े लो अपनी उम्र के,
मैं आज यही आशीष
तुझमें भरता हूँ।
बुझा मत देना
अपने भीतर का यह दीप
इसी में छिपा है
तुम्हारा बचपन,
तुम्हारी हँसी,
तुम्हारी मिट्टी,
और तुम्हारे जीवन की
सबसे उजली स्मृति।


