पलटू कहार : भारत एवं सूरीनाम में जंग-ए-आजादी के नायक

Date:

अपने देश भारत में ऐसे भी सूरवीर हुए हैं, जिसने न केवल अपने देश की जंग-ए-आजादी में अंग्रेजों को लोहे के चने चबवा दिये, बल्कि देश-निकाला की सजा मिलने के बावजूद दूसरे गुलाम देश को भी बतौर नायक आजादी की लड़ाई का बिगुल फूंका और अंततः वीरतापूर्वक अपनी शहादत देने में भी पीछे नहीं रहे। बहादुरी किसी जाति या देश की मोहताज नहीं होती, बल्कि जहां भी होती है, वहीं कुहराम मचाती है। उन्हीं सूरवीरों में से प्रतिष्ठित चंद्रवंशी कुल में उत्पन्न एक नायक थे- पलटू कहार। इस गुमनाम स्वतंत्रता सेनानी की बड़ी ही हैरतअंगेज, रोचक, मर्मस्पर्शी और प्रेरक कहानी है। उनकी जिंदगी के दुर्द्धर्ष संघर्ष की बहादुरी भरी कहानी सुनकर हर भारतीय का सर फख्र से ऊंचा हो जाता है।

आजादी के दीवाने पलटू के एक से बढ़कर एक विस्फोटक कारनामे से तंग आकर अंग्रेजों ने उन्हें अत्यंत गुप्त रूप से भारत से हजारों किलोमीटर  दूर दक्षिणी अमेरिका का गणराज्य सूरीनाम में जबर्दस्ती भेज दिया। स्थानीय स्तर पर अफवाह फैला दी गई कि पलटू योगी हो गए। इसके पूर्व भी उनके परिवार के कई सदस्य लापता हो चुके थे। इस हैरतअंगेज सच्ची कहानी का पर्दाफाश तब हुआ, जब 2003 में सूरीनाम में विश्व हिन्दी सम्मेलन का आयोजन किया गया था। इतफाकन उस सम्मेलन में पलटू कहार की पोती 70 वर्षीया श्रीमती पद्मा रतन जीपत भी बतौर साहित्यकार उपस्थित थीं। उसने भारतीय कवि एवं साहित्यकार रामवचन राय को अपने दादा पलटू कहार की बहादुरी के हैरतअंगेज कारनामे सुनाये तो सहसा विश्वास नहीं हुआ। मगर सूरीनाम में स्थापित उस आजादी के नायक की प्रतिमा देखी तो आश्चर्य भी हुआ और भारतीय होने का गर्व भी।

बिहार के भोजपुर जिले के उदवंतनगर प्रखंड के एड़ौरा गांव में पलटू कहार का जन्म 1885 में हुआ था। हट्टा-कट्टा, निडर और जवान पलटू अंग्रेज-सरकार के खिलाफ उस समय बगावत पर उतर आये जब बंग भंग के खिलाफ भारतीय सपूतों ने आंदोलन का शंखनाद किया था। पलटू से गोरी-सरकार दहशत में थी। फलस्वरूप अंग्रेज सरकार द्वारा सुनियोजित तरीके से मई 1907 की रात एडौरा गांव से पलटू को गिरफ्तार कर लिया गया। उसी दिन पलटू गौना कराकर अपनी नई नवेली दुल्हन को घर लाये थे। काफी गुपचुप तरीके से की गई इस गिरफ्तारी की हवा गांव वालों को भी नहीं लगी। लोगों ने सोचा कि पलटू पुलिस के भय से अचानक कहीं चले गए या भूमिगत हो गए। मगर परिजन को विश्वास था कि अंग्रेज सरकार ने अन्य पूर्वजों की तरह इनको भी गायब कर दिया है। इसके बाद उनका कुछ पता नहीं चला। परिवार के लोगों ने समझा कि शायद अंग्रेज सरकार ने उनकी हत्या कर दी। आगे की कहानी पलटू की पोती श्रीमती पद्मा ने रामवचन राय को बतलाया कि मई 1907 को भोजपुर जिले के उदवंतनगर प्रखंड के एडौरा गांव से पलटू कहार की गिरफ्तारी के बाद अमानुषिक प्रताड़ना देते हए गोरी सेना उन्हें लेकर कलकत्ता चली गई। वहां पलटू समेत अन्य निर्वासित कैदियों को बताया गया कि उन्हें श्री राम धाम ले जाया जा रहा है।

दिनांक 20-5-1907 को उन्हें अन्य कैदियों समेत एक पानी के जहाज (जेस्टिस-वन) से समुद्र के रास्ते सूरीनाम स्थित अरकुरियन मलाई द्वीप पर ले जाकर छोड़ दिया गया। इस द्वीप पर जहाज दिनांक 03-7-1907 को पहुंची। श्रीमती पद्मा के अनुसार जहाज में खाना मांगने पर कैदियों को कोड़ों से निर्दयतापूर्वक पीटा जाता था। उस जहाज में सवार सभी कैदियों कों सूरीनाम के उस द्वीप पर छोड़ दिया गया था। इसके पूर्व 1873 ई. में देशभक्तों को जहाज में भरकर इस द्वीप पर लाया गया था, जो आदिम मानव की तरह अपना जीवन व्यतीत कर रहे थे। सूरीनाम शब्द (श्रीराम) का अपभ्रंश है। ज्ञातव्य है कि अंग्रेजों ने निर्वासित होने वाले कैदियों से कहा था कि श्रीराम धाम जाना है। लोग श्रीराम नाम जपते जा रहे थे। यही श्री राम नाम (सूरीनाम) शब्द की उत्पत्ति का कारण बना। मन और शरीर से बलिष्ठ पलटू कई वर्षों तक उस द्वीप पर नर्क की जिंदगी जीते रहे। भारत मां को आजाद कराने की तड़प अब भी उनके मन में बरकरार थी। परिवार से सदा के लिए वे दूर हो चुके थे। बावजूद इसके, उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। वे फिर से अपनी जिंदगी का आगाज करना चाहते थे। ईश्वर ने उनकी प्रार्थना शायद सुन ली। अंग्रेज-सरकार की खिलाफत करने के जुर्म में 1873 ई. में लखनऊ के एक परिवार को उस द्वीप पर लाकर छोड दिया गया था। उस परिवार की एक लडकी से युवा पलटू का प्यार हो गया। धीरे-धीरे ये प्यार परवान चढ़ता गया और एक दिन पलट ने लडकी के परिवार की रजामंदी से उससे शादी कर ली। उसका नाम बालकिशुन सरयू देवी था। विवाह के उपरांत वे निकेरी गांव में घर बनाकर रहने लगे। भारी कठिनाइयों के बीच पलटू की जिंदगी में नई आशा की किरण जगी। वंशबेल भी आगे बढ़ा। उनका पुत्र का नाम शिवकरण जीपत था, जो श्रीमती पद्मा के पिता थे।

कहा जाता है कि तेजस्विता कहीं छुपती नहीं है। जहां भी रहती है, हड़कंप मचाती है। फिर क्रांतिकारी पलटू कहां मानने वाले थे। फलस्वरूप उन्होंने भारत से निर्वासित कैदियों को एकजूट किया और सूरीनाम की जंग-ए-आजादी का बिगुल फूंक दिया। उन्होंने इस जंग-ए-आजादी को एक नई दिशा और ऊर्जा दी। देखते-देखते पलटू सूरीनाम की जंग-ए-आजादी के नायक बन गये। लाख कठिनाइयां हों, मगर हौसला जब आसमान छूता हो, तो उसे बुलंदी पर पहुंचने से कोई रोक नहीं सकता। क्रांतिकारी पलटू की एक साधारण क्रांतिकारी से क्रांति-नायक बनने की रामकहानी ने चरितार्थ कर दिया कि उड़ने के लिए पंख नहीं, हौसले चाहिए और जीने के लिए भोजन नहीं, जिजीविषा चाहिए।

सूरीनाम के स्वतंत्रता आंदोलन के हीरो बन चुके पलटू के संघर्ष की कहानी सूरीनाम के स्वतंत्रता आंदोलन से संबंधित दस्तावेजों और वहां के इतिहास के पन्नों में स्वर्णाक्षरों में अंकित है। इतना ही नहीं, सूरीनाम में क्रांति-नायक पलटू और उनकी वीरांगना लखनवी पत्नी बालकिशुन सरयू देवी की आदमकद प्रतिमा स्थापित की गई है। आज भले पलटू जीवित नहीं हैं मगर गर्व की बात है कि पलटू की वीरता की कहानियां और संघर्षशील जीवन की निशानियां भोजपुर से लेकर सूरीनाम तक मिलती हैं। आज की तारीख में पलटू के परिजन नीदरलैंड के डेनहांग शहर में बस गए हैं। वहां उनका अच्छा-खासा व्यवसाय है। उनकी विदूषी और कवयित्री पोती श्रीमती पदमा के पति वहां अभियंता हैं। सूरीनाम में आयोजित सातवें विश्व हिन्दी कवि सम्मेलन में भारत की ओर से गये कवि रामवचन राय से श्रीमती पदमा ने आग्रह किया था कि उनके दादा जी की जन्मभूमि भोजपुर के एड़ौरा गांव में जाकर उनके परिवार के बारे में जानकारी हासिल कर उन्हें सूचित करें। प्रो राय ने जब एड़ौरा गांव जाकर उनके परिजनों और गांव के निवासियों को सूरीनाम की जंग-ए-आजादी के नायक पलटू के बारे में जानकारी दी तो पलटू के वंशज और ग्रामवासी खुशी से झूम उठे। एड़ौरा गांव में पलटू के चचेरे भाई दिवंगत गुरुभजन के पोते रामनवमी प्रसाद जो पेशे से छोटे-मोटे चिकित्सक हैं, ने बताया कि पहले तो सहसा उन्हें विश्वास ही नहीं हुआ कि उनके सगे परिवार के लोग नीदरलैंड जैसी जगह में भी हो सकते हैं, लेकिन दूरभाष पर जब श्रीमती पद्मा और उनके संबंधित रिश्तेदारों से बातचीत के साथ-साथ जब यह जानकारी हई कि पुत्रों, पुत्रवधुओं और पौत्र पौत्रियों से पलट्र का परिवार भरा हुआ है तो खुशी का ठिकाना न रहा।

पलटू कहार और उनकी पत्नी

पलटू को बहादुरी और देशभक्ति विरासत में मिली थी। उनके चाचा मैकूराम कृष्ण काले बादल के अनुसार मैकाम वीर कुंवर सिंह की विभू सेना के सेनापति आरा के बाबू वीर कुंवर सिंह की सेना में ऊंचे ओहदे पर थे। साहित्यकार विनय थे। उन्होंने सेनापति (मैक्राम कहार) के नाम से एक उपन्यास भी लिखा है। मैकराम बाबू वीर कुंवर सिंह के साथ रहते थे। अप्रैल 1858 ई. में गंगा पार करते समय वीर कुंवर सिंह के साथ मैकाम भी नाव पर सवार थे। तत्क्षण अंग्रेज पलटन के आने के बाद गोलीबारी शुरू हो गई। मैकराम समेत अन्य सेनानियों ने नाव पर वीर कुंवर सिंह को सुरक्षा घेरा में लेकर जवाबी गोलीबारी शुरू कर दी। नाव तेजी से उसपार अग्रसर होती रही, तभी अंग्रेज सैनिकों की ताबड़तोड़ गोलियों ने मैकराम की छाती को छलनी कर दी और एक गोली वीर कुंवर सिंह की बांह में जाकर धंस गई। कहते हैं कि वीर कुंवर सिंह ने तत्क्षण उस गोली लगे हाथ को काटकर गंगा में फेंक दिया था। इस प्रकार मैकूराम जवानी की दहलीज भी नहीं पार कर सके कि उनका अंत हो गया।

रामनवमी प्रसाद के अनुसार उनकी पारिवारिक विरासत बहादुरी और देशभक्ति की रही है। स्वतंत्रता सेनानी पलटू के पिता जगमोहन तथा उनके दो चचेरे भाइयों-निहोरा और नेमा भी देशभक्त थे। फलस्वरूप अंग्रेज तीनों को उठाकर ले गये। आज तक पता नहीं चला कि उन्हें मार दिया गया अथवा कहीं सुदूर देश में भेज दिया गया। हां, स्थानीय स्तर पर पलटू की तरह अफवाह जरूर फैला दी गई कि वे तीनों योगी हो गये। उनके एक और पूर्वज गुरुभजन को अंग्रेजों ने गायब कर दिया था, मगर वे बारह वर्षों के बाद आ गए। गायब करने के इस खेल में स्थानीय जमींदार की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती थी। 1857 की क्रांति के पश्चात् अंग्रेज सरकार के साथ-साथ उनके चापलूस जमींदारों द्वारा क्रांतिकारी परिवारों को तंग करना, फर्जी मुकदमा उनपर लाद देना, उन्हें गायब करवाना या हत्या करवा देना आम बात हो गई थी। अंग्रेज सरकार इस बात को बखूबी जानती थी कि विद्रोह का स्वर भोजपुर के इसी परिवार से उठ सकता है। यही कारण है कि इस परिवार के पुरुषों को लापता कर देती थी। एडौरा गांव के पड़ोस में स्थित मंगतपुर गांव में वीर कुंवर सिंह की सेना की छावनी थी। वहां मैकराम के नाम से खतियानी जमीन थी। रामनवमी प्रसाद के अनुसार गोरी सरकार से तंग आकर उनके पूर्वजों ने 1908 ई. में आरा-सासाराम रोड पर अवस्थित मकान को छोड़ दिया तथा थोड़ा हटकर मकान बनाकर वे रहने लगे। बुजुर्गों के हवाले से वे बताते हैं कि लाल टोपी का इतना आतंक था कि लोग देखते ही घर छोडकर भाग जाते थे। दादा पलटू के मकान का अवशेष आरा-सासाराम हाई-वे के बगल में जमींदोज है। इसी मकान में उनका जन्म हुआ था। जमींदोज इस मकान से बंदूक के साथ-साथ अन्य असलहे भी मिले थे, जो देशभक्ति और गोरी सरकार विरोधी दावों को प्रमाणित करते हैं।

बकौल श्रीमती पद्मा रतन सूरीनाम की आजादी का आगाज करने वाले पलटू और उनकी पत्नी सरयू देवी ने निकेरी गांव को ही स्वतंत्रता आंदोलन का केंद्र बनाया था। पलटू के एक इशारे पर आंदोलनकारी मर-मिटने को तैयार रहते थे। उनकी एक आवाज क्रांतिकारियों में ऊर्जा संचार करने के लिए काफी थी। आजादी के दीवानों को गोलबंद करना, आंदोलन के लिए मनसा-वाचा-कर्मणा सशक्त बनाना और उपनिवेशवादी सत्ता को मात देने के लिए आंदोलन की मुहिम को मुकाम तक पहुंचाना, ये सब तकनीक पलटू बखूबी जानते थे। यही कारण है कि नीदरलैंड की उपनिवेशवादी सरकार उनसे भय खाती थी। अंततः 1956 ई में वे निकेरी गांव में आजादी की लड़ाई की योजना बनाते हुए उपनिवेशवादी सैनिकों ने घेर लिया और ताबड़तोड़ गोलियां बरसाने लगे। फलस्वरूप पलटू गोली के शिकार हो गए और दुनिया से कूच कर गए। उनकी अनुपस्थिति में उनकी पत्नी सरयू देवी ने आजादी के लड़ाई को अहर्निश जारी रखा। एक राष्ट्र के निर्माण में पलटू शहीद हो गए। सचमुच वे सूरीनाम के राष्ट्रपिता हैं। उनकी शहादत ने आजादी की लड़ाई को एक तीव्र धार दिया। फलस्वरूप सूरीनाम 1982 ई में आजाद हुआ। उनकी पोती श्रीमती पद्मा भारत में अपने दादा पलटू की एड़ौरा स्थित जन्मस्थली पर अनेक बार आई। यहां की मिट्टी को चूमी और भावुक होने से खुद को न रोक पाई। अपने दादा की दास्तान रामनवमी प्रसाद को बताते हुए रोई भी।

एड़ौरा गांव के शिवजी ओझा, उम्र 95 वर्ष, परमेश्वर राम, उम्र 70 वर्ष, गुप्तेश्वर राम, उम्र 75 वर्ष तथा रामेश्वर यादव, उम्र 80 वर्ष ने पलटू के इसी गांव के निवासी होने की पुष्टि की। जिस घर में उनका जन्म हुआ था, वह पुश्तैनी निशानी अभी मौजूद है। बकौल परमेश्वर राम आज भी पलटू के नाम पर दो कट्टा जमीन है, जो दस्तावेज संख्या 2021 के अंतर्गत दर्ज है। उनका नाम जमीन के पुराना खतियान में भी दर्ज है। यह बात अलग है कि सरकार ने उनकी जमीन को बकाश्त घोषित कर दिया है।

एडौरा गाँव, भोजपुर बिहार

रामनवमी प्रसाद ने बताया कि सरकार ने मैकूराम, पलटू राम, निहोरा, नेमा आदि पूर्वजों की लगभग हजार बीघा जमीन बकाश्त घोषित कर दिया है, जिसका टाइटल सूट आज भी न्यायालय में चल रहा है। दिवंगत स्वतंत्रता सेनानी पलटू को भारत की ओर से उचित सम्मान मिलना चाहिए, इसके लिए ग्रामीणों ने विगत डेढ़ दशक पूर्व तत्कालीन राष्ट्रपति को एक पत्र दिया था कि दिवंगत स्वतंत्रता सेनानी पलटू को उचित सम्मान दिया जाए। तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. ए. पी. जे. अब्दुल कलाम ने पत्र (संख्या पी-2-1208655, दिनांक 12-5-2004) भेजकर मुख्य सचिव बिहार सरकार से उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया था, मगर अभी तक परिणाम शून्य है। सवाल उठता है कि क्या दो देशों की जंग-ए-आजादी में सफल नेतृत्व करने वाले पलटू की स्वतंत्रता संग्राम में दमदार भागीदारी का प्रसंग भारतीय इतिहास के पन्नों में स्वर्णाक्षरों में अंकित नहीं हो पाएगा? अगर ऐसा नहीं हुआ तो एक वरिष्ठ क्रांतिकारी स्वतंत्रता सेनानी के साथ हम भारतीयों की नाइंसाफी होगी। आने वाली पीढ़ी कदाचित हमें माफ नहीं करेगी।

(अंगद किशोर झारखण्ड के पलामू जिले में शिक्षक के रूप में कार्यरत है. पत्रकारिता से जुड़े है. मो. 8540975076 )

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related

एम. करुणानिधि : दक्षिण में सामाजिक न्याय के सूत्रधार 

     भारत के समकालीन राजनीतिक इतिहास में एम. करुणानिधि...

नेकचंद सैनी : संघर्ष के सम्मान का सफ़र

पांच नदियों की भूमि पंजाब। इस पंजाब का एक...

चुल्हाई साहू : नककटवा नायक

     भारत के इतिहास में ऐसे कई नायक हुए...

अब्दुल कय्यूम अंसारी : संघर्ष के मुखर राष्ट्रवादी मुखर

    जब देश में ‘खिलाफत आंदोलन’ की शुरुआत हुई...