21वीं सदी के डिजिटल युग के आधुनिक काल (2000 के बाद से) मानव सभ्यता के इतिहास में अभूतपूर्व तकनीकी परिवर्तन का काल है। भारत में 5G सेवाओं (2022) की बहाली के बाद, विशेषरूप से स्मार्टफोन, टैबलेट, सोशल मीडिया और ऑनलाइन गेमिंग ने बच्चों और किशोरों के दैनिक जीवन को बहुत ही गंभीर रूप से प्रभावित किया है। कोविड-19 महामारी के बाद ऑनलाइन शिक्षा का लागू होना, मनोरंजन और सामाजिक संपर्क के लिए स्क्रीन आधारित उपकरणों जैसे- स्मार्टफोन और टेबलेट्स का उपयोग अतितीव्र गति से बढ़ा रहा है। परिणामस्वरूप, छोटे बच्चों और किशोरों में ‘मोबाइलफोन देखने की लत’ (Smartphone Screen Addiction) को ‘समस्याजनक स्मार्टफोन उपयोग’ के रूप चिन्हित किया गया है। जिसके फलस्वरूप मोबाइल फोन से दूर होने या फोन साथ में न होने पर होने वाली बेचैनी या घबराहट को ‘नोमोफोबिया’ (Nomophobia) कहा जाता है। वर्तमान समय में यह एक अतिगंभीर मनो-सामाजिक और सार्वजनिक स्वास्थ्य सम्बन्धी संकट के रूप में उभरकर सामने आया है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) और विभिन्न अंतरराष्ट्रीय शोध संस्थानों में हुए शोधों ने स्पष्ट रूप से साफ़ कर दिया है कि अत्यधिक समय तक उपयोग करने से स्मार्टफोन जैसे उपकरणों के स्क्रीन से बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य, संज्ञानात्मक विकास, निंद्रा व्यवहार, मानव व सामाजिक व्यवहार, सामाजिक कौशल तथा भावनात्मक संतुलन पर अत्यधिक प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। WHO (2025) की नीति रिपोर्ट के अनुसार डिजिटल वातावरण बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष दोनों प्रकार से प्रभावित कर रहा है। जिसमें सामाजिक और आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि वाले बच्चों पर अत्यधिक जोखिम में होने का खतरा बढ़ गया है। भारत में मोबाइलफोन देखने की लत से उत्पन्न समस्या तीव्र गति से बढ़ रही है। AIIMS रायपुर के 2025 के एक मेटा-विश्लेषण से यह स्पष्ट हुआ है कि भारत में पाँच वर्ष से कम आयु के बच्चों का औसत दैनिक स्क्रीन टाइम 2.22 घंटे है, जो WHO द्वारा सुझाई गयी निर्धारित समय-सीमा से कहीं अधिक ज्यादा है। प्रस्तुत लेख स्मार्टफोन स्क्रीन एडिक्शन की समस्या का वैज्ञानिक, मनोवैज्ञानिक और सामाजिक विश्लेषण प्रस्तुत करता है। इसके अलावा यह लेख नवीनतम अनुसंधानों के आधार पर मोबाइलफोन देखने की लत के दुष्प्रभावों, इससे उत्पन्न चुनौतियों और संभावित समाधान की व्यापक चर्चा करता है।
नोमोफोबिया की अवधारणा-
‘मोबाइल फोन देखने की लत’ से आशय ऐसी अवस्था से है, जिसमें एक व्यक्ति स्मार्टफोन के लगातार उपयोग पर अपना नियंत्रण खो देता है और उसका मानव व्यवहार निर्भरता, बाध्यता, मजबूरियत तथा डिजिटल उपकरणों के प्रति अत्यधिक आकर्षण को प्रदर्शित करता है। यह केवल अधिक समय तक स्मार्टफोन के उपयोग करने तक ही नहीं सीमित है, बल्कि उससे प्रत्युत्पन्न व्यवहारिक और मनोवैज्ञानिक अतिनिर्भरता अत्यधिक महत्वपूर्ण है। हाल ही में किये गए शोधों में यह स्पष्ट हुआ है कि स्मार्टफोन का ‘समय’ से अधिक ‘आदतन उपयोग’ से उत्पन्न अत्यधिक और अनियंत्रित निर्भरता खतरनाक है। JAMA में प्रकाशित अध्ययन के अनुसार बच्चों और जिन किशोरों में स्मार्टफोन उपयोग बाध्यकारी और अनियंत्रित निर्भरता पायी गयी, उनमें आत्महत्या संबंधी विचारों, चिंता और अवसाद में जाने का खतरा दो से तीन गुना अधिक था।
1) मानसिक स्वास्थ्य पर प्रभाव-
वर्ष 2024 में प्रकाशित एक शोध समीक्षा में स्पष्ट रूप से पाया गया कि मोबाइल फोन देखने की लत बच्चों व किशोरों में अवसाद, चिंता, भावनात्मक अस्थिरता तथा आत्मसम्मान में कमी से जुड़ा हुआ है। एक अन्य शोध अध्ययन के अनुसार अत्यधिक मोबाइल फोन देखने से मस्तिष्क के उन क्षेत्रों को हानिकारक रूप से प्रभावित करता है, जो व्यक्ति की निर्णय क्षमता, भावनात्मक नियंत्रण और ध्यान केंद्रित करने के लिए उत्तरदायी होते हैं। विशेष रूप से मस्तिष्क के अमिग्डाला, इंसुला और DLPFC क्षेत्रों में कार्यात्मक परिवर्तन देखे पाए गए हैं। अमेरिका और भारत में किए गए सपीएन लैब्स के अध्ययन में 13–17 वर्ष के बच्चों में मोबाइलफोन देखने की लत और आक्रामकता, सामाजिक अलगाव तथा मतिभ्रम जैसे लक्षणों के बीच गहरा अन्तर्सम्बन्ध पाया गया है।
2) बौद्धिक एवं संज्ञानात्मक विकास पर प्रभाव-
JAMA के 2024 के मेटा-विश्लेषण में बाल्यावस्था के शुरुआती समय में अत्यधिक स्मार्टफोन उपयोग के कारण बच्चों की भाषा विकास में देरी, ध्यान क्षमता में कमी तथा संज्ञानात्मक निपुणता में गिरावट के प्रमाण मिले हैं। इसी प्रकार एक दूसरे अध्ययन में यह सत्यापित हुआ है कि अधिक समय तक स्मार्टफोन स्क्रीन देखने से बच्चों की याददास्त, एकाग्रता और समस्या-समाधान करने की क्षमता को कम करता है। इसके अलावा वर्ष2025 के एक अध्ययन में यह भी प्रमाणित हुआ है कि स्मार्टफोन-आधारित डिजिटल बातचीत या संपर्क बच्चों में निरंतर ध्यानकेंद्रण और रचनात्मकता को गंभीररूप से कम करता है।
3) सामाजिक विकास पर प्रभाव-
स्मार्टफोन का उपयोग बच्चों के सामाजिक व्यवहार में महत्त्वपूर्ण बदलाव ला रहे हैं। अत्यधिक स्मार्टफोन उपयोग के कारण वास्तविक सामाजिक सम्बन्ध व पारिवारिक संपर्क निरंतर कम होते देखे गए हैं। जिसके कारण बच्चों में सामाजिक कुशलता, सौहार्दपूर्ण व्यवहार, सहानुभूति और भावनात्मक समझ लगातार कमजोर हो रही है। वर्ष 2025 में प्रकाशित अध्ययन में 12 वर्ष से कम आयु के बच्चों में मोबाइल उपयोग और मनो-सामाजिक कठिनाइयों के बीच प्रत्यक्ष संबंध सत्यापित पाया गया है।भारत में हुए एक अध्ययन के अनुसार 74% विद्यार्थी प्रतिदिन दो घंटे से अधिक गैर-शैक्षणिक स्मार्टफोन स्क्रीन समय उपयोग करते हैं, जबकि 69% शिक्षकों ने छात्रों में ध्यानकेंद्रण की कमी और सामाजिक व व्यवहारिक समस्याओं में बढ़ोत्तरी देखी हैं।
स्मार्टफोन स्क्रीन एडिक्शन के प्रमुख कारण-
- एल्गोरिथम डिज़ाइन और डोपामिन प्रभाव : सोशल मीडिया के प्लेटफॉर्म बच्चों की मनोस्थिति और मनोवैज्ञानिक कमजोरियों को ध्यान में रखकर बनाये जाते हैं। जैसे नोटिफिकेशन, रील्स, अनंत स्क्रॉलिंग और गेमिफिकेशन मस्तिष्क में डोपामिन को बढ़ाते हैं, जिससे उपयोगकर्ता में लगातार स्क्रीन में उत्सुकता बनी रहती है और वह स्क्रीन की ओर आकर्षित होता रहता है।
- पारिवारिक विघटन : समाज में व्यस्त जीवनशैली और संयुक्त परिवारों के विघटन के कारण कई माता-पिता बच्चों को व्यस्त रखने के लिए स्मार्टफोन खुद ही देते हैं; फलस्वरूप, डिजिटल उपकरण बच्चों के लिए ‘डिजिटल दादी’ के रूप में कम करते हैं।
- ऑनलाइन शिक्षा और Covid-19 का प्रभाव : कोविड-19 के समय ऑनलाइन शिक्षा ने बच्चों की स्मार्टफोन निर्भरता को सामान्य बना दिया।
- डिजिटल संस्कृति की सामाजिक स्वीकृति : आज स्मार्टफोन सामाजिक प्रतिष्ठाऔर आधुनिकता का प्रतीक बन चुका है, जिसके कारण बच्चों में “खो जाने का डर” की प्रवृत्ति स्क्रीन उपयोग को बढ़ावा देती है।
उदाहरण : महानगरीय विद्यार्थियों में डिजिटल निर्भरता-
राजस्थान के कोटा शहर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे किशोरों पर किए गए अध्ययनों से पता चला है कि अत्यधिक मोबाइल उपयोग के कारण छात्रों में चिंता, अनिद्रा, ध्यान भंग तथा सामाजिक अलगाव तीव्रता से बढ़ रही है; जिससे उनकी शैक्षणिक क्षमता पर विपरीत प्रभाव पड़ा है। इसी प्रकार दिल्ली और मुंबई केअध्ययनों में सत्यापित पाया गया कि जिन बच्चों का स्क्रीन टाइम प्रतिदिन 4–6 घंटे था, उनमें अवसाद, चिड़चिड़ापन तथा पारिवारिक संवाद की कमी अधिक थी। कई बच्चों में पाया गया कि वे ‘बिना मोबाइल के बेचैनी और घबराहट’ महसूस करते हैं। अतः स्क्रीन एडिक्शन केवल तकनीकी नहीं, बल्कि सामाजिक, शैक्षणिक और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ा बहुआयामी सामाजिक और मानसिक संकट है।
विश्लेषण :-
स्मार्टफोन एडिक्शन (लत) छोटे बच्चों और किशोरों के मन और मस्तिष्क पर गहरा एवं बहुआयामी विपरीत प्रभाव डालता है। लगातार नोटिफिकेशन, सोशल मीडिया पर बात-चीत, गेमिंग और शॉर्ट-वीडियो जैसी सामग्री मस्तिष्क में ‘डिजिटल डोपामिन लूप’ सक्रिय कर देती है, जिससे तत्काल सुख एवं उत्तेजना की लत विकसित हो जाती है। यह प्रक्रिया मस्तिष्क के रिवॉर्ड सिस्टम को असंतुलित कर देती है, फलस्वरूप पढ़ना-लिखना, खेल-कूद, सामाजिक संपर्क और रचनात्मक गतिविधियाँ के प्रति रूचि समाप्त हो जाता है। अत्यधिक स्मार्टफोन उपयोग से गहरी और सुकून भरी नींद प्रभावित होती है, जो भावनात्मक नियंत्रण और संज्ञानात्मक क्षमता पर बुरा प्रभाव डालती है। शोध संकेत करते हैं कि लंबे समय तक स्मार्टफोन निर्भरता बच्चों में निराशा, उदासी, विषाद, अवसाद, चिंता, आत्मसम्मान में कमी, सामाजिक अलगाव, भावनात्मक अस्थिरता तथा आत्महत्या संबंधी विचार बढ़ा देती है। स्मार्टफोन एडिक्शन बच्चों के मस्तिष्क का संज्ञानात्मक विकास और शैक्षणिक प्रदर्शन पर नकारात्मक प्रभाव डाल रहा है। निरंतर डिजिटल उत्तेजना और तत्काल सुख मस्तिष्क की ध्यान-नियंत्रण प्रणाली तथा कार्यप्रणाली को बहुत कमजोर और निष्क्रिय करती है, जिससे बच्चों की एकाग्रता, आत्म-नियंत्रण क्षमता, समस्या-समाधान और योजना निर्माण की क्षमता प्रभावित होती है। तीव्र गति वाली डिजिटल सामग्री बच्चों को त्वरित सुख का अभ्यस्त बना देती है, जिसके फलस्वरूप गहन अध्ययन, विश्लेषणात्मक चिंतन और दीर्घकालिक स्मृति निर्माण की क्षमता बुरी तरह प्रभावित होती है। शोधों से स्पष्ट होता है कि अत्यधिक स्मार्टफोन स्क्रीन समय बच्चों में भाषा विकास को अवरुद्ध कर देती है, याद्दाश्त और निर्णय क्षमता को प्रभावित करके व्यक्ति की रचनात्मकता को लगभग समाप्त कर देती है। इसके अलावा, डिजिटल एडिक्शन बहु-कार्यन क्षमता या प्रक्रिया की गुणवत्ता को कम कर शैक्षणिक उपलब्धियों पर नकारात्मक रूप से प्रभावित करती है। डिजिटल जीवनशैली और स्मार्टफोन एडिक्शन बच्चों के सामाजिक व्यवहार और नैतिक विकास को अवरुद्ध करके उनके वास्तविक मानवीय संवाद, खेलकूद, पारिवारिक सहभागिता और सामूहिक गतिविधियों से दूर कर रहा है। जिसके कारण संचार कौशल, सहयोग भावना तथा भावनात्मक समझ कमजोर होती जा रही है। मनोवैज्ञानिक शोधों ने स्पष्ट करते हैं कि आभासी संवाद की अधिकता बच्चों में सहानुभूति, धैर्य और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना ख़त्म करके अनियंत्रित साइबर बुलिंग, ऑनलाइन हिंसा, अपमानजनक भाषा और भ्रामक सामग्री से संपर्क बढाकर उनके भविष्य को बर्बाद कर रहा है। जिसके परिणामस्वरूप बच्चे वर्चुअल पहचान और डिजिटल स्वीकृति को वास्तविक जीवन संबंधों एवं नैतिक मूल्यों से अधिक महत्व देकर जीवन के सही रास्ते से भटक जाते हैं। अत्यधिक स्मार्टफोन एडिक्शन बच्चों के शारीरिक स्वास्थ्य पर गंभीर एवं दीर्घकालिक प्रभाव डाल रहा है। लंबे समय तक डिजिटल उपकरणों का उपयोग जैविक दिनचर्या को बुरी तरह से प्रभावित करता है, जिससे अनिद्रा, नींद की गुणवत्ता में कमी आती है। डिजिटल स्क्रीन की नीली रोशनी मेलाटोनिन हार्मोन के स्राव को अवरुद्ध करके अनिद्रा, थकान और मानसिक तनाव बढ़ती है। इसके अलावा, स्मार्टफोन एडिक्शन शारीरिक निष्क्रियता को बढ़ाती है, जो मोटापा, मांसपेशीय कमजोरी और चयापचय (मेटाबॉलिज्म) संबंधी समस्याओं जन्म देती है। अत्यधिक स्क्रीन उपयोग से आँखों में तनाव, धुंधलापन, सिरदर्द तथा दृष्टि संबंधी समस्याएं उत्पन्न होती हैं।
विमर्श :-
स्मार्टफोन का उपयोग डिजिटल युग में समाज की अनिवार्य वास्तविकता बन चुके हैं, इसलिए इन्हें पूर्णतः नकारना व्यहारसंगत नहीं है। डिजिटल माध्यम शिक्षा, सूचना उपलब्धता, रचनात्मक अभिव्यक्ति, कौशल विकास तथा वैश्विक संपर्क को सशक्त बनाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वास्तविक समस्या तकनीक के अस्तित्व में नहीं, बल्कि उसके अनियंत्रित, अत्यधिक और व्यसनी उपयोग में निहित है। वर्तमान शोध यह स्पष्ट करते हैं कि केवल स्क्रीन टाइम की अवधि ही नहीं, बल्कि डिजिटल सामग्री की प्रकृति, उपयोग का उद्देश्य तथा सामाजिक संदर्भ भी बच्चों के मानसिक, सामाजिक और संज्ञानात्मक विकास को प्रभावित करते हैं। इसी कारण WHO की 2025 रिपोर्ट ‘डिजिटल व्यवहार की गुणवत्ता’ पर विशेष बल देती है। इस चुनौती का समाधान केवल प्रतिबंधात्मक नीतियों से संभव नहीं है; इसके लिए परिवार, विद्यालय, नीति निर्माता, तकनीकी कंपनियाँ और मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों के समन्वित एवं उत्तरदायी सहयोग पर आधारित बहुस्तरीय रणनीति आवश्यक है।
समाधान एवं सिफारिशें-
- डिजिटल अनुशासन : बच्चों में डिजिटल आदतों के रोकथाम के लिए अभिभावकीय डिजिटल अनुशासन अपने बच्चों पर लगाना अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। शोधों के अनुसार, बच्चे माता-पिता के व्यवहार का अनुकरण करते हैं। इसलिए अभिभावकों को स्वयं संतुलित और अनुशासित और ज़रूरी स्क्रीन उपयोग तथा अत्यधिक स्मार्टफोन स्मार्टफोन का उपयोग बचना चाहिए। इसलिए माता-पिता को घर में ‘नो-स्क्रीन ज़ोन तथा नो टाइम फॉर स्क्रीन’ निर्धारित करके डिजिटल निर्भरता नियंत्रित की जा सकती है। विशेष रूप से भोजन, अध्ययन और सोने के समय मोबाइल उपयोग पर प्रतिबंधित करना चाहिए, जिससे बच्चों की नींद, पारिवारिक संवाद और मानसिक संतुलन को बेहतर बनाया जा सकता है।
- विद्यालय द्वारा हस्तक्षेप : स्कूलों में डिजिटल वेलनेस शिक्षा को पाठ्यक्रम का अनिवार्य बनाया जाना चाहिए, ताकि बच्चे सुरक्षित एवं जिम्मेदार तकनीकी उपयोग सीख सकें। साथ ही वास्तविक जीवन की सामाजिक सहभागिता जैसे खेलकूद, कला, वाद-विवाद और समूह गतिविधियों को प्रोत्साहित कर बढ़ाई जानी चाहिए। अत्यधिक स्मार्टफोन का उपयोग और स्क्रीन टाइम मॉनिटरिंग कार्यक्रम विद्यार्थियों की डिजिटल निर्भरता के बुरे प्रभाव को समझने और समय रहते सुधारात्मक हस्तक्षेप से सहायता की जा सकती है।
- नीतिगत सुधार : बच्चों की डिजिटल युग के बुरे प्रभावों से सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु प्रभावी नीतिगत सुधार लागु करना अतिआवश्यक है। सरकारों को डिजिटल हानिकारक सामग्री पर नियंत्रण के लिए एल्गोरिद्मिक पारदर्शिता एवं कड़े सुरक्षा संबंधी नियम तत्काल लागू करने चाहिए। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अनिवार्य आयु सत्यापन प्रणाली एवं बच्चों को लक्षित भ्रामक एवं व्यसनी डिजिटल विज्ञापनों पर कठोर नियामक नियंत्रण लागू करना अतिआवश्यक है।
- मानसिक स्वास्थ्य सहायता : बच्चों में बढ़ती डिजिटल निर्भरता से छुटकारा पाने के लिए सुलभ मानसिक स्वास्थ्य सहायता अतिआवश्यक है। विद्यालयों में प्रशिक्षित मनोवैज्ञानिक परामर्शदाताओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए जो बच्चों की भावनात्मक समस्याओं की समय पर पहचान और समाधान के लिए सलाह दे सकें। डिजिटल एडिक्शन क्लीनिक तथा अभिभावकों को वैज्ञानिक डिजिटल पालन-पोषण संबंधी प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए जाने चाहिए।
- तकनीकी समाधान : डिजिटल वल्नेरेबिलिटी को नियंत्रित करने के लिए स्क्रीन टाइम ट्रैकिंग एप्स, डिजिटल डिटॉक्स कार्यक्रम एवं AI आधारित बाल-सुरक्षा प्रणालियाँ की स्थापना से काफी हद तक बच्चों के डिजिटल उपयोग की निगरानी और स्मार्टफोन उपयोग पर नियंत्रण और डिजिटल निर्भरता से होने वाले मानसिक, बौद्धिक और सामाजिक विशेषरूप से बच्चों के भविष्य को सुरक्षित किया जा सकता है।
निष्कर्ष :-
डिजिटल युग के उपकरणों विशेषरूप से स्मार्टफोन ने बच्चों और किशोरों के जीवन को अभूतपूर्व रूप से बदल के रख दिया है। स्मार्टफोन और डिजिटल स्क्रीन आधारित तकनीकों ने सीखने, मनोरंजन और संचार के नए अवसर प्रदान किए हैं, किंतु अनियंत्रित व अत्यधिक स्मार्टफोन उपयोग बच्चों के मानसिक, बौद्धिक एवं सामाजिक विकास के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। वर्तमान शोध स्पष्ट संकेत देते हैं कि स्मार्टफोन एडिक्शन बच्चों की भावनात्मक स्थिरता, संज्ञानात्मक क्षमता, सामाजिक व्यवहार तथा शारीरिक स्वास्थ्य को बुरी तरह प्रभावित कर रहा है। यदि समय रहते प्रभावी हस्तक्षेप नहीं किए गए, तो आने वाली पीढ़ियाँ डिजिटल निर्भरता, मानसिक विकारों और सामाजिक विघटन की ओर बढ़ सकती हैं। जिसमें, मानसिक रोगों से ग्रसित जनसँख्या का एक बड़ा हिस्सा होगा जो ‘लो विज़न’ या ‘लाइट ब्लाइंडनेस’ और लो IQ वाली जनमानस जैसे कई समस्याओं से ग्रसित होगा। इस प्रकार से पूरा समाज मानसिक, बौद्धिक और सामाजिक रूप से अपंग होने का परिदृश्य प्रकट करेग। अतः अब यह बहुत ज़रूरी हो गया है कि डिजिटल तकनीक और मानवीय विकास के बीच सौहार्दयपूर्ण संतुलन स्थापित किया जाना चाहिए। ‘डिजिटल नागरिकता’ और ‘डिजिटल अनुशासन’ को आने वाली नई पीढ़ी के जीवन-मूल्यों का हिस्सा बनाना आज के समय की सबसे बड़ी माँग और उसको पूरा करना आज की पीढ़ी की जिम्मेदारी है।

डॉ. साहब दीन रावत
saahabdeen.555@gmail.com
रिमोट सेंसिंग एप्लिकेशन सेंटर, उत्तर प्रदेश, लखनऊ


