1.गुलाब
गुलाब
जानता है जीने की कला
काँटों के बीच रहते हुए भी
उसे पता होता है
जो कर रहा है उसकी परवरिश
वही हत्या कर देगा उसकी एक दिन
फिर भी वह निरंतर
बाँटता रहता है खुशबू
बाँटता रहता है मुस्कान
बाँटता रहता है प्यार
जो आधा अधूरा होता है उसके बिना
कितना अभागा होता है वह बाग़
जिसका हत्यारा बाग़वान ही होता है
और कितने बदनसीब होते हैं वे गुलाब
जो अभिमंडित होते हैं
क़ातिलों की गर्दनों पर बार बार।
गुलाब
इस हत्यारे और चुप्पी समय की
बेफ्रिक और ख़ूबसूरत आवाज़ है
यह जानते हुए भी
कि हत्यारा
उसी की ओट में बैठा
अपने चाकू की धार
मांज रहा होता है।
2. प्रेम
तुम यदि प्रेम में हो
कुछ रंगों को
मुट्ठी में ले कर
हवा में उछाल दो
उस लड़की को याद कर लो
जो तुम्हें प्यार नहीं करती
किसी फूल की डाली को
थोड़ा सा पानी दे दो
बालकनी या आंगन में
चिड़िया को
थोड़ी सी चूग डाल लो
किसी श्वान को
रोटी का टुकड़ा खिला दो
उस मित्र की
कुछ अच्छी बातें याद कर लो
जो अब तुम्हारा
मित्र नहीं है
मधुमक्खी से पूछ लो
शहद बनाने की कला
और बया से
घर बनाने का हुनर
तुम यदि प्रेम में हो
एक किताब खरीद लो
या खरीदकर उसे
किसी के जन्मदिन पर
भेंट कर दो
अपने पुस्तकालय में
जहाँ तहाँ रखी गीता
बाइबल कुरान और
गुरुग्रंथ साहिब को
एक जगह सलीके से रख लो
मुक्त कर दो उन्हें
बँधे धागों से
तुम किसी साँप को भी
दूध पिला सकते हो
यह जानते हुए भी कि वह
फिर भी डसेगा ही
प्रेम ज़हर का ही तो
दूसरा रूप है
तुम यदि प्रेम में हो
किसी से प्रेम मत करो
प्रेम शब्द
कोरे कागज पर लिख
उसकी नाव बना लो
बहा दो उसे
किसी पहाड़ी निर्मल
नदी के जल में
और आँखों से ओझल होने तक
देखते रहो उसे।
3. शिमला कुछ अधूरे नोट्स
बादलों के कंधे पर
बैठा रहता है शिमला
सूरज चाँद
घाटियों की पीठ पर
देवदार बेहद सतर्क
कि बादल
चुरा न ले जाए
लाल हरे टीन के घरों को।
जाखू की पहाड़ी पर
विराजमान
हनुमान जी की विशाल मूर्ति
देती रहती है चुनौती
कलियुगी रावण को।
कामना हिल पर स्थित
कामना देवी के मंदिर
अब नहीं चढ़ती उतरती
कोई पगडंडी
वहाँ पहुँच गए हैं
बिना चूल्हे के घर।
कालीबाड़ी मंदिर में
शिमला की श्यामला देवी
आँखें मूंद
देखती रहती हैं चुपचाप
शहर का स्मार्ट सिटी होना।
रिज पर खड़ी
बापू की प्रतिमा की आँखें
थक गई हैं निहारते
पीठ में किल्टा उठाए
पहाड़ियों को
जो बरसों से नहीं आए
सब्जी बेचने
धाठु रेजटा पहने
नहीं आतीं अब पहाड़िने
हिमाचल निर्माता
झुका लेते हैं आँखें
नहीं देखा जाता है अब
पतझड़ में
चिनार का नंगा होना
हम कपड़े पहने भी
कितने नंगे हो गए हैं।
रात होते ही गुफ़्तगू
होने लगती है
रिज मैदान की पीठ पर
विराजी मूर्तियों के बीच
प्रिय दर्शनी, भारत रत्न
लाला जी और हिमाचल निर्माता
बापू के पास चले आते हैं उदास
चर्चा होती है गायब हो रहे
लोकतंत्र पर
बहुत दूर चौड़ा मैदान से
जब तक पहुँचते हैं अंबेडकर
तब तक
हो जाती है सुबह
शहर फिर चलने लगता है
बहुत सी उम्मीदों के साथ।
कितना डरावना होता है
मूर्तियों का मूर्ति से ही
अछूत हो जाना..?
मंदिरों की घंटियाँ बजते ही
काम पर निकल जाते हैं
उत्पाती बंदर
शहर के लोग और सैलानी
डरे सहमे जेबों में चुरा लेते हैं
अपने अपने चश्में
खुली आँखों से
कुछ भी न दिखना
आजादी के अमृत महोत्सव में
आजादी का आजादी के बीच ही
न दिखने जैसा है।
मॉल पर
आवारा कुत्तों की टोलियाँ
भौंकतेहैं एलीट क्लास के कुत्तों पर
उन्हें परवाह नहीं होती
किसी भी भौंक की
जानते हैं वे
बने ठने डॉगी
बेहद सुरक्षित है कीमती पट्टों में
स्ट्रीट डॉग
बहुत ख़्याल रखते हैं
मॉल की स्वच्छता का
जबकि एलीट
कहीं भी कुछ भी कर लेते हैं
वैसे भी आजादी तो
इसी वर्ग की है
धूप के इंतजार में
स्कैंडल प्वाइंट के बेंचों पर
आँखें मूंदे ऊँघे बैठे
कई सेवानिवृत वरिष्ठ
चौकस हो जाते हैं
पास से गुजरती
किसी एंबुलेंस का सायरन सुनते ही
उठ कर चल देते हैं वे
इंडियन कॉफी हाउस
हर मेज पर
गर्म गर्म कॉफी के भाप में
बनती टूटती है कई सरकारें
हल होने लगते हैं
कई राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय मसले
समाप्त और शुरू हो जाते हैं
कई युद्ध
साँझ ढलते जब वे लौटते हैं घर
ख़ाली ख़ाली हाथ
याद करते हुए अपने
अमेरिका कनाडा या पेरिस में
सेटल हुए बच्चों को।
एक हरे भरे खूबसूरत
पहाड़ी शहर का
एकाएक स्मार्ट सिटी होना
लाख रंग पोत लो
झुर्रियाँ फिर भी दिख ही जाती हैं
भारी कर्ज में डूबी
सरकार की कैबिनेट
बैठकों की तरह
मॉल की भीड़ में
स्वचलित पैर-गाड़ी पर
सरकते पुलिस मैन
अब नहीं देख पाते
दाएं बाएं
कानून व्यवस्था बनाए रखने से
कहीं ज़्यादा होता है
अपने ही गिरने का ख़तरा
कानूनी बूट
जब जमीन से हवा में
चलने लगते हैं
समझ लेना चाहिए
मौसम विभाग की
सही नहीं है भविष्यवाणी
बादलों ने फिर
दे दिया है धोखा।
अच्छा नहीं होता
बहुत सी चीजों का गुम होना
जैसे
शहर का शहर से
कवि का कविता से
मित्र का मित्रता से
जुबान का मुँह से
आवाज का कान से
रोशनी का आँख से
और
नेता का कुर्सी से।
4. भली चीजें
चुनाव में
दरवाजे पर
हाथ जोड़ते
पैर पकड़ते
गिड़गिड़ाते
नेता
जीत कर
कुटिल हँसी हँसते
कुर्सी पर
विराजते
नेता
सचिवालय से
राजा महाराजों
की तरह निकलते
आलीशान कारों में
बैठते धंसते
नेता
और मंचों से
देश बचाते
किसानों, बेटियों
मजदूरों और
वंचितों की
सुरक्षा की गारंटी
देते नेता
बहुत बहुत और
बहुत भले
लगते हैं
सरकारी
दाल भात पर
साहित्य संस्कृति
की सेवा में मशगूल
संस्थाएँ
मंचों से
डकारते अघाये
कविता कथा पढ़ते
स्त्री, दलित और
राम नाम विमर्श
करते घोर विद्वजन
बहुत भले लगते हैं
खाली थैलियाँ उठाए
डिपुओं के बाहर
कतारों में खड़े
मुफ्त राशन लेते
देश के लोग
बहुत भले लगते हैं
दलित कामगारों द्वारा
सिले कपड़े
गांठे चप्पल बूट
पहने हुए क्रांतिवीर
आरक्षण हटाओ
के नारे लगाते
बहुत भले लगते हैं
बुरा या झूठ
अब नहीं रहा
बुरा और झूठ
यह भारतीय संस्कृति
के मान्यता प्राप्त
बड़े शब्द हैं
और धर्म के
वृहद वाहक
उदाहरण के लिए
जहाँ पच्चीस हजार की
ब्रांडेड मगर
फटी हुई जीन
उच्च सोसाइटी में
आधुनिक सभ्यता की
परिचायक हो
वहाँ साबुत और ठोस
चीजों की कल्पना
बेईमानी है
आप गूगल में
सर्च करके देख लो
वहाँ झूठ
धर्म और राजनीति के
आधार और मूल
अर्थ में हैं
और सच
तमाम शब्दकोशों से
निष्कासित
बड़ा
भला लगता है झूठ
तमाम संस्कृतियों के साथ
बढ़ता फैलता…..
झूठमेव जयते।
5. कलम
मेरे सामने
जो आदमी खड़ा है
उसके हाथ में
एक थाली है
जिसमें मेरा कटा सर
रखा है
मेरे दाहिनी ओर
एक दूसरा आदमी
खड़ा है
उसके हाथ की
थाली में
मेरे दोनों हाथ
काट कर रखे हैं
मेरे बाएं तरफ भी
एक तीसरा आदमी है
जिसके हाथ की
थाली में मेरे दोनों
कटे हुए पैर हैं
और
वे तीनों मेरे सर
हाथ और पैरों को
मुझे ही
भेंट कर रहे हैं
वे रावण की हँसी
हँस रहे हैं
कि उन्होंने मेरी
हत्या कर दी है
पर वो नहीं
देख पा रहे हैं
मेरा धड़
जिसके कुर्ते की जेब में
एक कलम अभी भी
महफूज़ है।
एस आर हरनोट

एस आर हरनोट
harnot1955@gmail.com
आधुनिक समय के प्रमुख कवि एवं लेखक


