जब देश में ‘खिलाफत आंदोलन’ की शुरुआत हुई तो बिहार में 14 साल के एक नौजवान ने भी लब्बैक कहा और आजादी की लड़ाई में कूद पड़ा। ये नौजवान इसी उम्र से ही देश में ब्रिटिश सरकार के खिलाफ चलने वाले हर आंदोलनों में सक्रिय रहा। इस नौजवान का नाम था-अब्दुल कय्यूम अंसारी। अब्दुल कय्यूम अंसारी बिहार के सासाराम हाई स्कूल के छात्र थे। इसी दौरान मौलाना मुहम्मद अली जौहर और शौकत अली ‘खिलाफत आंदोलन’ के सिलसिले में बिहार की यात्रा कर रहे थे, 1919 ई. की इसी यात्रा के दौरान अब्दुल कय्यूम अंसारी को भी अली बंधुओं से मिलने का मौका मिला। वह मुहम्मद अली जौहर की मुहब्बत व शफकत से प्रभावित हुए और अली बंधु अब्दुल कय्यूम अंसारी के कौमी जज्बे से। कहा जाता है कि अब्दुल कय्यूम अंसारी उन दिनों ब्रिटिश सरकार द्वारा चलाये जा रहे एक स्कूल के छात्र थे, इससे उन्होंने अलग होने का ऐलान किया और खुद एक स्कूल कायम कर डाला। इस स्कूल में वे बच्चे तालीम हासिल करने लगे, जो गांधीजी के ऐलान के बाद सरकारी स्कूलों से निकल गए थे और अब ‘असहयोग आंदोलन’ का हिस्सा थे।
साल 1920 में इन्हें डेहरी ऑन सोन खिलाफत कमेटी का जेनरल सेक्रेटरी बनाया गया। उसी साल, यानी सितंबर 1920 में कलकत्ता में कांग्रेस का एक विशेष सत्र बुलाया गया था। जिसमें यूथ डेलीगेट की हैसियत से अब्दुल कय्यूम अंसारी अपने इलाके की नुमाइंदगी करते नजर आये। यहां उनकी मुलाकात मौलाना अबुल कलाम आजाद से भी हुई। महात्मा गांधी को भी अपनी आंखों से देखने का मौका मिला। गौरतलब है कि कांग्रेस के इसी स्पेशल सेशन में गांधीजी की पहल पर भारत को अंग्रेजों से आजाद कराने और तुर्की में खिलाफत की हिफाजत की खातिर ‘असहयोग आंदोलन’ का ऐतिहासिक प्रस्ताव पारित किया गया था। अब्दुल कय्यूम अंसारी ‘खिलाफत आंदोलन’ में इस कदर सक्रिय हो गए कि उन्हें इस आंदोलन में हिस्सा लेने की वजह से फरवरी 1922 में डेहरी ऑन सोन में गिरफ्तार कर सासाराम जेल में डाल दिया गया। वह नवम्बर तक जेल में रहे। इस सजा के बाद भी उनका हौसला कमजोर नहीं हुआ था, इसलिए जेल से बाहर निकलते ही वे फिर से सक्रिय हो गए और आगे भी सरकार विरोधी गतिविधियों में सबसे आगे बने रहे। दिसंबर 1922 में गया में कांग्रेस की बैठक में श्रोता के रूप में शरीक हुए। इस बैठक की अध्यक्षता चितरंजन दास कर रहे थे। साल 1928 में कलकत्ता कॉलेज स्ट्रीट में साइमन कमीशन के विरोध में चल रहे छात्र आंदोलन में सबसे अधिक सक्रिय थे, इसमें उन्हें ब्रिटिश पुलिस के जुल्म का शिकार होना पड़ा था। उन्होंने 1937 ई. में बिहार में ‘बिहार जमीयतुल मोमिन’ की स्थापना की। इस तरह देश की आजादी के लिए हमेशा सक्रिय रहे और हर आंदोलन में सबसे आगे नजर आये। 1938 ई. में अब्दुल कय्यूम अंसारी सियासत में हिस्सा लेने के लिए पटना आ चुके थे। पटना के आलमगंज मुहल्ले के एक मकान में उन्होंने जमीयतुल मोमिन का दफ्तर खोल दिया था। इस मकान का नाम ‘मोमिन मंजिल’ रखा गया।
गांधी जी से संबंध-
वर्ष 1946 के आखिर में बिहार दंगों के बाद उन्हें पुनर्वास विभाग का प्रभार सौंपा गया। इस दौरान अब्दुल कय्यूम अंसारी लगातार गांधी जी के संपर्क में रहे। इनका जिक्र उन दिनों गांधी जी द्वारा लिखे गए कई पत्रों में होता है। एक पत्र में गांधी जी इनसे नाराज नजर आते हैं। पुनर्वास के काम को जल्द से जल्द निपटाने के लिए अब्दुल कय्यूम अंसारी द्वारा तैयार की गई योजना के बारे में गांधी जी ने उनसे कई बार बातचीत भी की। बाद में अपने विचारों को टिप्पणी के रूप में उनके मार्गदर्शन के लिए लिखा। गांधी जी ने ये टिप्पणी बिहार छोड़ने से पहले 24 मई 1947 को लिखी थी। गांधी जी ने नई दिल्ली से 27 जून 1947 को देवप्रकाश नैयर को एक पत्र लिखा था, “अंसारी साहब का बयान सुनकर मुझे चोट लगती है। झरिया वे क्यों गए? शाहनवाज साहब क्यों गए सो भी न समझ सका। उनको यहीं बुलाया है। उनके आने पर फैसला होगा?” हालांकि अब्दुल कय्यूम अंसारी के किस बयान पर गांधी जी को चोट लगी, ये खुद में एक रिसर्च का टॉपिक है और अभी तक उनका बयान मैं तलाश नहीं कर सका हूं। इसकी वजह ये भी है कि अंसारी साहब पर काफी कम काम हुआ है। अभी काफी कुछ लिखा जाना बाकी है। देश की आजादी के बाद गांधी जी ने अब्दुल कय्यूम अंसारी साहब को 29 अगस्त 1947 को एक पत्र लिखा। इस पत्र में वे लिखते हैं, “भाई अंसारी, आपकी बीमारी की बात मनु बहन ने सुनाई। मेरी निगाह में बीमार पड़ना खिदमतगार के लिए गुनाह है। अब तो अच्छे हो गए होंगे।”
सामाजिक-राजनीतिक आंदोलन –
चम्पारण और शाहाबाद जिलों के नहर इलाकों में सरकार की तरफ से नहर शुल्क में इजाफा किया जाता रहा, इसको लेकर 1931 ई. में इन दोनों जिलों में आन्दोलन चला, जिसमें अब्दुल कय्यूम अंसारी भी सक्रिय रहे। नगर शुल्क कम किये जाने को लेकर शाहाबाद में इसके लिए लिखे गए आवेदन-पत्र पर हस्ताक्षर करने वालों में अंसारी साहब भी शामिल थे।
इतिहासकार डॉ. के. के. दत्त अपनी किताब में लिखते हैं, “नहर शुल्क में कमी करने के लिए आंदोलन अगले साल भी जारी रहा, और शाहाबाद में नहर शुल्क में कमी के लिए याचिका पर हस्ताक्षर करने वाले प्रमुख स्थानीय कार्यकर्ता श्री कय्यूम अंसारी (बिहार के भावी मंत्री), श्री काशी नाथ (सिंचाई क्लर्क), और पंडित दूधनाथ पांडे (मणिपुर में रहने वाले एक सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक) का नाम उल्लेखनीय है। महात्मा गांधी की गिरफ्तारी की खबर पहुंचते ही डेहरी में हड़ताल करने में श्री अंसारी और काशी नाथ सफल रहे।” गौरतलब बात यह कि इतिहासकार डॉ. के. के. दत्त ने ये बात पटना कमिश्नर की एक रिपोर्ट के आधार पर लिखी है, इस रिपोर्ट से अंदाजा होता है कि अंग्रेज 1931 में ही अंसारी को बिहार का भावी मंत्री मानने लगे थे।
अब्दुल कय्यूम अंसारी को किसानों व मजदूरों के संघर्ष में काफी दिलचस्पी रही। डेहरी ऑन सोन में लगातार 30 सालों तक सेठ डालमिया और शान्ति प्रसाद जैन के खिलाफ मजदूरों की जितनी तहरीकें चली हैं, अंसारी साहब ने हर जमाने में उनकी मदद की। तहरीक चलाने वाले चाहे सोशलिस्ट हों, कम्युनिस्ट हों चाहे कांग्रेसी। अंसारी साहब कम्युनिस्ट पार्टी की खास तौर पर हर संभव मदद करते थे। इसका जिक्र करते हुए हबीबुर्रहमान लिखते हैं, “1943 ई. के दौर में जब हम लोग फरार होकर बसावन सिंह की लीडरशिप में मजदूर तरहीक चला रहे थे। उस जमाने में अंसारी साहब सोशलिस्ट व कम्युनिस्ट पार्टी के वर्करों की हर मुमकिन मदद करते थे। वो कम्युनिस्ट पार्टी को हर महीने 50 रुपये चंदा दिया करते थे, ताकि मजदूरों की तहरीक चलती रहे। हम लोग उस वक्त जब छिपे हुए होते थे तो अंसारी साहब डेहरी वाली कोठी में पनाह लिया करते थे, जहां हवलदार अंसारी हमलोगों को पुलिस की नजरों से बचाने के लिए सख्त चौकसी करते थे। एक बार शाहाबाद जिला कम्युनिस्ट पार्टी ने देहरी में सियासी स्कूल चलाया। 50 साथी शिरकत के लिए आये थे। सियासी स्कूल तीन दिनों का था। हम लोगों ने अंसारी साहब से उनकी कोठी मांगी। अंसारी साहब ने बेखौफ होकर कम्युनिस्ट पार्टी के स्कूल के लिए कोठी दे दी।”
1946 ई. में हुए बिहार विधान सभा चुनाव में रांची सह सिंहभूम मुहम्मडन ग्रामीण निर्वाचन क्षेत्र से पहली बार विधायक चुने गए और 14 अप्रैल, 1946 को उन्हें श्री कृष्ण सिंह की मंत्रिपरिषद् में कैबिनेट मंत्री बनाया गया। जो उस वक्त सबसे कम उम्र के मंत्री थे। सच्चिदानंद सिन्हा, राजेन्द्र प्रसाद और श्री कृष्ण के साथ इनका भी नाम संविधान सभा के लिए बिहार के कांग्रेस उम्मीदवारों में शामिल था।
अंसारी साहब को दलित और पिछड़े हिन्दू तबका के लोग भी अपना नेता मानते थे। पुराने शाहाबाद जिले में त्रिवेणी संघ की सरगर्मियों में भी वह हिस्सा लेते थे। बिहार में बैकवर्ड क्लासेज फेडरेशन को जिन लोगों ने कायम किया, इनमें पहला नाम अंसारी साहब का था। 1948 ई. में पटना के कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में एक दिन प्रदेश कमिटी की बैठक चल रही थी। विनोदानन्द झा (जो आगे चलकर बिहार के मुख्यमंत्री भी हुए) ने अचानक एक प्रस्ताव पेश किया कि कांग्रेस के जो नेता बैकवर्ड क्लासेज फेडरेशन में हिस्सा लेते हैं, उन्हें आज से कांग्रेस से बाहर समझा जाए। शाह उमेर ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया। इस बैठक में मौजूद अब्दुल कुय्यूम अंसारी, वीरचन्द पटेल, रामलखन सिंह यादव, अब्दुल अहद मोहम्मद नूर वगैरह ने फौरन कांग्रेस से अपनी सदस्यता से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया। श्री बाबू (श्रीकृष्ण सिंह) ने मौके की नजाकत को समझते हुए बीच-बचाव के तुरंत बाद विनोद झा से उनके प्रस्ताव को वापस करवाया।
पाकिस्तान बनने का किया था विरोध-
अखिल भारतीय मोमिन कांफ्रेंस ने दो कौमी नजरिये (द्वि-राष्ट्र सिद्धांत) यानी पाकिस्तान बनने का खुलकर विरोध किया था। बिहार में अब्दुल कय्यूम अंसारी भी पाकिस्तान बनने के खिलाफ थे। अप्रैल 1940 के तीसरे सप्ताह में बिहार प्रांतीय मोमिन कांफ्रेंस का पहला अधिवेशन आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता अब्दुल कय्यूम अंसारी ने की थी। अंसारी साहब ने साफ लफ्जों में कहा कि विभाजन की समूची योजना बेतुकी, अव्यावहारिक और इस्लाम की सच्ची अवधारणा के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि जो देश के टुकड़े करना चाहते हैं, वे देशद्रोही हैं। उन्होंने मुस्लिम लीग के इस दावे का खंडन किया कि सांस्कृतिक रूप से सभी मुसलमान समान हैं। उन्होंने सवाल किया कि भारत के मुसलमानों और अरब या तुर्की के मुसलमानों में सांस्कृतिक रूप से क्या समान है? इसी तरह बंगाली मुसलमानों की उत्तर-पश्चिम सीमा के मुसलमानों से कोई सांस्कृतिक समानता नहीं है। इसके विपरित, बंगाल के मुसलमानों और बंगाल के हिन्दुओं की संस्कृति समान है। उन्होंने इस तथ्य पर जोर दिया कि नस्लीय रूप से वे अधिक समान हैं। उनकी भाषा समान है, वे एक जैसे कपडे पहनते हैं. एक जैसे रहते हैं और वे अधिकतर एक जैसे भोजन का आनंद लेते हैं।
बिहार प्रांतीय मोमिन कांफ्रेंस ने पाकिस्तान बन जाने की स्थिति में भारत में रह जाने वाले मुसलमानों के पवित्र स्थलों का मुद्दा भी उठाया। इसके अलावा यदि पाकिस्तान बन जाता है तो आर्थिक मामलों में मुसलमान प्रांतों को भारत पर (जो मुस्लिम लीग के अनुसार हिन्दू भारत है) निर्भर रहना पड़ेगा, क्योंकि प्रमुख उद्योगों के लिए आवश्यक अधिकांश सामाग्री जैसे लोहा, कोयला, अभ्रक धातु आदि भारत के क्षेत्र में रह जाएंगे। पाकिस्तान राष्ट्र के संसाधन इतने सीमित रह जाएंगे कि उनसे रक्षा और रेल आदि का खर्च उठाने में वह सक्षम नहीं हो पाएंगे। कांफ्रेंस ने इस बात पर जोर दिया कि पाकिस्तान की योजना मुसलमानों और इस्लाम के कामों को पूरा करने के लिए नुकसानदेह है। इसे सिर्फ उन पूंजीपति मुसलमानों के मकसद को पूरा करने के लिए तैयार किया गया है, जो मुसलमान जनता पर हावी रहना चाहते हैं और जो सिर्फ हिन्दू-मुसलमान के बीच नफरत और परले दर्जे की सांप्रदायिकता पर जिंदा रह सकते हैं। कांफ्रेंस के आखिर में देश-विभाजन के विरोध में एक प्रस्ताव पारित किया गया। जिसमें कहा गया—
“पाकिस्तान बनाने की योजना न सिर्फ अव्यावहारिक और देशभक्ति के खिलाफ है, बल्कि पूरी तरह से गैर-इस्लामी और अप्राकृतिक भी, क्योंकि भारत के विभिन्न प्रांतों की भौगोलिक स्थिति और हिन्दुओं-मुसलमानों की आपस में घुली-मिली जनसंख्या योजना के खिलाफ है, और क्योंकि दोनों समुदाय सदियों से साथ-साथ रह रहे हैं और उनमें कई चीजें समान हैं।”
1946 ई. के चुनाव में उनकी रहनुमाई में मोमिन कांफ्रेंस एक सियासी पार्टी बनकर मैदान में जरूर आई, लेकिन इस बात का भी ध्यान रखा गया कि नेशनलिस्ट वोटों का बंटवारा न हो। इसलिए अब्दुल कय्यूम अंसारी ने चुनाव में इंडियन नेशनल कांग्रेस के साथ सीटों का तालमेल और चुनावी समझौता भी किया। चुनाव के बाद जब श्री बाबू की रहनुमाई में सरकार बनने लगी और मौलाना अबुल कलाम आजाद ने अब्दुल कय्यूम अंसारी को कैबिनेट में जगह देने के लिए ये शर्त लगाई कि वो पहले मोमिन कांफ्रेंस को कांग्रेस में एकीकृत करें और कांग्रेस की सदस्यता के इकरारनामे पर दस्तखत करें तो जनाब अंसारी और उस जमाने के मोमिन लीडरों ने ऐसा करने से साफ इंकार कर दिया। आखिर में कांग्रेसी लीडरों को अपनी ये शर्त हटानी पड़ी और मोमिन कांफ्रेंस में रहते हुए अब्दुल कय्यूम अंसारी कैबिनेट मिनिस्टर बनाए गए।
‘अब्दुल कय्यूम अंसारी और नूर साहब ने मिलकर श्री बाबू की सरकार से 500 बैकवर्ड मुस्लिम वेलफेयर मकतब और 1200 बुनकर सहयोग समिति को कायम करवाया। कॉलेज तक में सैकड़ों छात्रों की फीस माफ, तालीम और मेडिकल कॉलेजों वगैरह में मोमिनों के लिए अलग सीटों का कोटा रखवाया। अब्दुल कय्यूम अंसारी को अपने काम में शायद इसलिए भी बराबर कामयाबी मिलती रही कि सियासी कैरियर के शुरुआती दिनों से ही तमाम बड़े कौमी रहनुमाओं, खासकर पंडित जवाहरलाल नेहरू के लगातार करीब रहे।’
अब्दुल कय्यूम अंसारी के कांग्रेस मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद मुस्लिम लीग के जरिये उन्हें मुसलमानों का दुश्मन कहा गया एवं उनसे मुसलमानों को सावधान रहने का आग्रह किया। यहां ध्यान देने वाली बात ये है कि मोमिन कांफ्रेंस के अब्दुल कय्यूम अंसारी ने उच्च जाति के सामंती अभिजात वर्ग की पार्टी होने के लिए मुस्लिम लीग की आलोचना की, लेकिन उन्होंने कांग्रेस के खिलाफ कभी कुछ नहीं कहा, जिसका वर्ग आधार समान था।
जनाधार वाले लीडर-
‘1940 ई. में इंग्लैंड की लेबर पार्टी के मशहूर लीडर और पार्लियामेंट के मेम्बर सर स्टीफोर्ड क्रिप्स हिन्दुस्तान की सियासी हालत का जायजा लेने भारत आये। उन्होंने पंडित जवाहरलाल नेहरू से पूछा कि जिन्ना के मुकाबले में कौन ऐसा मुस्लिम लीडर है, जिसको जनता का सपोर्ट हो। कहते हैं, नेहरू जी ने क्रिस को तीन नाम बताये थे खान अब्दुल गफ्फार खां, अब्दुल कय्यूम अंसारी और मौलाना हुसैन अहमद मदनी। इसके बाद मिस्टर क्रिप्स ने अंसारी साहब को इलाहाबाद बुलाकर लम्बी गुफ्तगू की थी।’ इस मुलाकात का जिक्र डॉ. इकबाल हुसैन ने भी अपनी आत्मकथा में किया है। वो लिखते हैं, “क्रिप्स इलाहाबाद में आनंद भवन में रूका हुआ था। अब्दुल कय्यूम ने वहीं उससे मुलाकात की थी। क्रिप्स ने उनकी गुफ्तगू का जिक्र अपने एक हिन्दुस्तानी दोस्त से किया था, जिससे मेरी मुलाकात थी। उन्होंने अब्दुल कय्यूम के मुत्तलिक क्रिप्स का तास्सुरात बयान करते हुए मुझसे कहा था कि क्रिप्स भले ही अब्दुल कय्यूम के राजनैतिक विचारों से सहमत नहीं था, लेकिन इनके अखलाक, खुलूस, संजीदगी, मतानत और तहजीब से बहुत प्रभावित हुआ था।”
बंटवारे के बाद मुसलमानों की बढ़ाई हिम्मत-
बंटवारे के बाद भारत में मुसलमानों के लिए सब कुछ इतना आसान नहीं था। 1946 ई. के साम्प्रदायिक दंगों के जख्म गहरे थे। उनके अपने ही देश में उन्हें तरह-तरह की बातें कहीं जा रही थीं। इससे उनके अंदर अपने ही देश में अपने भविष्य के असुरक्षित और बेयकीनी का अहसास पैदा हुआ। ऐसे हालात में सबसे महत्त्वपूर्ण और जरूरी काम हाल के दिनों के दागों को साफ करना और मुसलमानों के अंदर अपनी जन्मभूमि के अंदर आबाद रहने के जज्बात को बढ़ाना था। डॉ. सैय्यद महमूद और अब्दुल कय्यूम अंसारी ने शाह उमैर और अहद नूर के साथ मिलकर मुसलमानों की टूटी हुई हिम्मत को बढ़ाने का बड़ा काम किया। मिस्टर कय्यूम अंसारी का लगातार राष्ट्रवादी रिकॉर्ड रहा है। मोमिन कांफ्रेंस व बिहार कैबिनेट में अपने रिलीफ पोर्टफोलियो के माध्यम से उन्होंने मुसलमानों के पिछड़े समूहों के हितों की सेवा की।
पाकिस्तानी आक्रमण की निंदा करने वाले पहले मुस्लिम लीडर-
अंसारी साहब पहले भारतीय राष्ट्रवादी मुस्लिम लीडर थे, जिन्होंने अक्टूबर, 1947 के दौरान कश्मीर पर पाकिस्तानी आक्रमण की निंदा की और भारत के सच्चे नागरिक के रूप में इस तरह की आक्रामकता का सामना करने के लिए मुस्लिम जनता को जगाने के लिए कड़ी मेहनत की। उन्होंने कश्मीर के पाकिस्तानी कब्जे वाले क्षेत्रों की मुक्ति के लिए 1957 में’’इंडियन मुस्लिम यूथ कश्मीर फ्रंट’ की भी स्थापना की। इसके बाद, उन्होंने सितंबर, 1948 के दौरान हैदराबाद में रजाकारों के भारत विरोधी विद्रोह में भारत सरकार का समर्थन करने के लिए भारतीय मुसलमानों को भी प्रोत्साहित किया।
अब्दुल कय्यूम अंसारी की शैक्षणिक सेवाएं-
अब्दुल कय्यूम अंसारी साहब ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा डेहरी ऑन सोन और सासाराम हाई स्कूल से हासिल करने के बाद आगे की शिक्षा अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी, कलकत्ता यूनिवर्सिटी और इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से हासिल की। डिग्री हासिल करने के बाद भी आप इल्मी व अदबी (साहित्यिक) सरगर्मियों से जुड़े रहे। साहित्य से गहरी दिलचस्पी रखने वाले अब्दुल कय्यूम अंसारी ने डेहरी ऑन सोन से निकलने वाली साप्ताहिक पत्रिका ‘अल-इस्लाह’ का 1924 ई. से 1927 ई.तक संपादन किया। उसके बाद 1934 ई. में मासिक ‘मासावत’ के संपादन की जिम्मेदारी अदा की। 1948 ई. में सोहेल अजीमाबादी के साथ मिलकर इन्होंने दैनिक ‘साथी’ और 1952 में मासिक ‘तहजीब’ का पब्लिकेशन और एडिटिंग का कर्तव्य अंजाम दिया। डेहरी ऑन सोन से एक मासिक पत्रिका’’हुस्न व इश्क’ का प्रकाशन शुरू हुआ। इसका संपादन अब्दुल कय्यूम अंसारी और मौलाना अबू मुहम्मद ने साथ मिलकर किया था। अब्दुल कय्यूम अंसारी अंजुमन-ए-तरक्की उर्दू से भी जुड़े हुए थे। 1940 ई. से 1951 ई. तक वे पटना यूनिवर्सिटी के सीनेट फेलो और 1952 ई. में अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के कोर्ट के मेम्बर रहे। उन्होंने हमेशा अल्पसंख्यक तबके के कल्याण और शैक्षिक हालात को बेहतर बनाने के लिए भी अपना संघर्ष जारी रखा।
अब्दुल कय्यूम अंसारी की पैदाइश बिहार के रोहतास जिला में स्थित डेहरी ऑन सोन में 01 जुलाई 1905 को हुई। उनके पिता का नाम मौलवी अब्दुल हक और माता का नाम साफिया बेगम था। अब्दुल कय्यूम अंसारी राष्ट्रीय एकता, धर्मनिरपेक्षता और सांप्रदायिक सद्भाव के कट्टर समर्थक थे। अपने इन्हीं आदर्शों के साथ बिहार का ये महान नेता 18 जनवरी 1973 को इस नश्वर संसार को हमेशा के लिए अलविदा कहकर चला गया।
जिन्दगी के आखिरी लम्हे तक करते रहे गरीबों की खिदमत-
पटना कॉलेज के भूतपूर्व प्रिंसिपल डॉक्टर इकबाल हुसैन अपनी आत्मकथा में लिखते हैं, “मैंने अब्दुल कय्यूम को जिन्दगी के हर दौर में देखा है। उनका लड़कपन देखा, उनकी जवानी देखी और उनकी जिन्दगी के आखिरी जमाने तक हम दोनों निहायत ही अजीज दोस्त रहे। अब्दुल कय्यूम बेशुमार खूबियों के हामिल थे? दोस्त बनाने की सलाहियत उन्हें बेइंतहा थी। जब भी मैं उनसे मिलता तो वो निहायत ही मुहब्बत से मिलते और पुरानी बातों का जिक्र किया करते थे। वो अपने सिद्धांतों के बड़े पाबंद थे। वर्ष 1951 में वो इलेक्शन हार गए। जैसे ही नये मंत्रालय का गठन हुआ, उन्होंने सरकारी मोटर वापस कर दी और बहुत जल्द अपने बड़े सरकारी मकान को छोड़कर एक छोटे सरकारी बंगले में आकर रहने लगे। मोटर कार की जगह शहर में रिक्शों पर निकलते और कभी इस सवारी से कोई तकलीफ महसूस नहीं की। उनकी सियासत से मेरा कोई ताल्लुक नहीं रहा। उनके सख्त विरोधी जब उनसे संबंधित शिकायतें करते तो मैं उन्हें ये जवाब देकर खामोश कर देता था कि “अच्छा है या बुरा है वो दोस्त है हमारा” और ये जवाब सुनकर किसी को हिम्मत न पड़ती थी कि मेरे सामने कहीं भी अब्दुल कय्यूम की शिकायत कर सके। अब्दुल कय्यूम की भी ये खासियत रही कि पूरी जिन्दगी सियासत के मैदान में सक्रिय रहे। लेकिन कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी उनके माथे पर कभी भी शिकन नहीं आई और न ही कोई शिकवा अपनी जबान पर लाये।
डॉ. इकबाल हुसैन अपनी आत्मकथा में लिखते हैं, “मैं चाहता था कि वो पूरे मुस्लिम कौम के रहनुमा बनें, मोमिन और गैर-मोमिन के हंगामों में न पड़ें, मगर उन्होंने कभी मेरी राय से इत्तेफाक नहीं किया? मैं जब अब्दुल कय्यूम से मिला था तो वो सिर्फ अब्दुल कय्यूम थे, अब्दुल कय्यूम अंसारी न थे। मैंने कभी उन्हें अब्दुल कय्यूम अंसारी न कहा और बराबर यही दुआ की वो अब्दुल कय्यूम अंसारी न रहें, बल्कि सिर्फ अब्दुल कय्यूम!” उनके मुताबिक वर्ष 1965 में बैल गाड़ी के हादसा में वो काफी जख्मी हुए और कई महीनों तक पटना के जेनरल अस्पताल में इलाजरत रहे। हादसा के बाद जब मैं इनसे मिलने अस्पताल गया तो उनसे कहा ‘आपका खानदान आलिमों का है, सदका दे दें तो ये मुसीबत दूर हो जाएगी।’ वो मेरी बातों से बहुत प्रभावित हुए और मेरे कहने पर अमल किया। अल्लाह ने उन्हें जल्द शिफा अता की। अब्दुल कय्यूम अक्सर मुझसे इस सदका देने का जिक्र किया करते थे।
अब्दुल कय्यूम समाज सेवा का बड़ा जज्बा रखते थे। जब वो जेल मंत्री हुए तो उन्होंने ये प्रस्ताव पेश किया कि हर जेल में कैदियों के सुधार और तालीम के लिए एक स्कूल कायम किया जाए ताकि मुजरिम कैदी रिहाई पाने के बाद एक अच्छा शहरी बन सके। प्रयोग के तौर पर मुजफ्फरपुर के सेन्ट्रल जेल में एक हाई स्कूल कायम किया गया। इस स्कूल में तालीम पाकर बेशुमार मुजरिम कैदी अच्छे शहरी बन गए। सारे बिहार में जेल के अंदर कोई ऐसा स्कूल कायम नहीं है। इस स्कूल से जो वर्ष 1957 में कायम हुआ, कम-से-कम दो सौ कैदियों ने तीस साल के अंदर मैट्रिकूलेशन की डिग्री हासिल की। बाद में इस स्कूल का दर्जा बढ़ाकर इंटरमीडिएट स्कूल कर दिया गया। सरकार इस स्कूल का सारा खर्च बर्दाश्त करती है। ये स्कूल अब्दुल कय्यूम की एक बड़ी यादगार हैं जिन्दगी के आखिरी लम्हे तक गरीबों और परेशान-हालों की खिदमत करने में लगे रहे। 18 जनवरी 1973 को अमियावर जा रहे थे, जहां नहर का पुश्ता टूट गया था, जिसकी वजह से वहां के हजारों बाशिंदे बेघर हो गए थे। इन मुसीबतजदा लोगों की मदद पहुंचाने के लिए अब्दुल कय्यूम किसी अपने अफसर को भेज सकते थे, मगर उनकी हिमायत इसको गवारा न कर सकी, क्योंकि अमियावर का इलाका उनके चुनाव क्षेत्र में था। उमियादर जाने का रास्ता बेहद खराब था, पैदल चले और थक कर बैठ गए। दिल की हरकत अचानक बंद हो जाने से उनकी रूह परवाज हो गई। मेरी नजर में बिहार में अब्दुल कय्यूम जैसा कोई मंत्री न मिला, जिसने लोगों की खिदमत करने में अपनी जान तक गंवा दी हो।
अब्दुल कय्यूम अंसारी और डॉक्टर इकबाल हुसैन दोनों सासाराम हाई स्कूल में एक ही क्लास में पढ़ते थे और दोनों काफी गहरे दोस्त थे। अपनी आत्मकथा में इकबाल हुसैन लिखते हैं, “दोनों आठवीं क्लास के तालिब-इल्म थे और क्लास में एक ही जगह बैठते थे। अपनी सूरत, सीरत और लिबास से उनकी शख्सियत स्कूल के अंदर इम्तियाजी शान रखती थी। वो अपने भाई अब्दुल कुद्दूस से साथ स्कूल आते थे। उनाबी रंग (गहरा लाल) की तुर्की टोपी, शेरवानी और पायजामा, यही इन दिनों भाइयों का लिबास था।” वो आगे यह भी लिखते हैं, “ये कल्पना करना भी मेरे लिए नामुमकिन था कि अब्दुल कय्यूम की शानदार शेरवानी और तुर्की टोपी गायब हो जाएगी और वो खद्दर के कुर्ते और खद्दर की टोपी में जलवा-गर होंगे।”


