खुदी साहू : गुमला के गुमनाम क्रांतिकारी

Date:

   देश को आजाद हुए 76 साल हो गए। देश अमृत महोत्सव मना रहा है। लेकिन आज जब हम इस महोत्सव को मना रहे हैं तो इस स्वाभिमानी अवसर को उपलब्ध कराने के लिए पूर्वजों ने कितनी कुर्बानियां दी, इसे याद करने की भी जरूरत है। देश की आजादी में योगदान देने वाले हम राष्ट्रीय और महत्त्वपूर्ण क्षेत्रीय नेताओं को तो जानते हैं, लेकिन बहुत से ऐसे गुमनाम नायक रहे, जिन्होंने देश की सेवा तो की, लेकिन हम उन्हें भूला बैठे। बहुतेरे ऐसे नायक जो सुदूर गांवों में रहे, उनके बारे में हमें कम जानकारी मिलती है या नहीं मिलती है। बहुत हुआ तो बस नाम का जिक्र मिल जाता है। ऐसे ही एक नायक हैं खुदी साहू। वे आज के गुमला जिले (रांची से यह 1983 में अलग होकर जिला बना) के बसिया थाने के भागीडेरा गांव के रहने वाले थे। कम उम्र में ही वे अपनी स्वाधीनता के प्रति सचेत हो गए थे और फिर लंबे समय तक देश की स्वाधीनता के लिए संघर्ष किया। कल्पना कीजिए, तब उस गांव की आबादी बहुत कम थी। कुल एकाध दर्जन घरों का गांव था और उस गांव का एक किशोर आजादी का सपना देख रहा था।

   खुदी साहू का जन्म 25 जनवरी, 1901 को तत्कालीन रांची जिले के बसिया थाने के गांव भागीडेरा में हुआ था। पिता का नाम मेधु साहु था और मां का नाम कगनी देवी। छोटानागपुर के लिए 1901 ई. का साल काफी मानीखेज था। 09 जून, 1900 को रांची जेल में बिरसा मुंडा की हैजे से मृत्यु हो गई थी, लेकिन बिरसा का उलगुलान थमा नहीं था। एक ओर मुकदमों का दौर चल रहा था और दूसरी ओर पठारों पर अंग्रेजी सत्ता को चुनौती मिल रही थी। जल, जंगल, जमीन की आग धधक रही थी। 1894-95 ई. में ब्रिटिश सरकार ने ऐसा कानून लाया था, जिससे वनों पर आदिवासियों का अधिकार कम हो गया था। इस लड़ाई में मूलवासी भी साथ दे रहे थे। भागीडेरा जैसे पिछड़े गांव में भी ब्रिटिश सरकार के खिलाफ चिंगारी उठ रही थी। खुदी साहू ब्रिटिश शासन के अत्याचार को बचपन से देखते आ रहे थे। बाल मन में भी अंग्रेजों को भारत से भगाने के लिए गांव-गांव बैठक करते और लोक के अंदर स्वाभिमान का रंग भरते। पिता किसान थे। खेती-बारी ही जीवन का आधार था, उस खेती-बारी पर भी संकट आ रहा था। दो साल पहले इलाके में पड़े अकाल ने बहुतों को लील लिया था।    

   यह पहली बार हो रहा था, जब अकाल में लोग अन्न के बिना मर रहे थे। यह सब अंग्रेजों की नीतियों का परिणाम था। लोग अनपढ़ थे। लेकिन दुनियावी बातों की समझ काफी थी। खुदी साहू यह सब देख रहे थे। समाज भी कई तरह के अंधविश्वास, लोकाचार, रुढियों और परंपराओं को ढो रहा था, जिसका परिणाम यह था कि खुदी साह का विवाह मात्र छह साल की उम्र में पंथा गांव की सोहानो देवी के साथ हो गया था। उस समय बाल विवाह का गांवों में काफी प्रचलन था। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि पढाई बंद हो जाती। विवाह के बाद प्रारंभिक शिक्षा संत जोसेफ मध्य विद्यालय, कोननीर नावा टोली में हुई। पांचवीं पास होने के बाद आगे की पढ़ाई के लिए रांची जिला स्कूल में अपना दाखिला कराया। यहां नौवीं तक पढ़ाई और अपनी कक्षा का हमेशा प्रतिनिधित्व किया। यहां भी पढ़ाई करते हुए अंग्रेजी शासन के खिलाफ अपने मित्रों को प्रेरित करते। रांची में आंदोलनकारियों के संपर्क में आने के कारण अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी।

   वे रांची से अपने गांव लौट गए और गांव में ही आंदोलन को लेकर लोगों को जागरूक करते रहे। इस बीच उनका गौना भी हो गया। गौना के बाद थोड़ी जिम्मेदारी भी बढ़ी। पिता के संग खेती-बारी में सहयोग करते। लेकिन आजादी का सपना भी कुलबुलाता रहता। 16 साल की उम्र में आंदोलनकारियों के संपर्क रहने के कारण क्षेत्र में नेतृत्व की बोगडोर संभाल ली। इस बीच पिता का देहांत हो गया। मां का देहांत भी बाल्यकाल में ही हो गया था। पिता का साया उठ जाने के बाद भी विचलित नहीं हुए। आर्थिक स्थिति खराब जरूर हुई, लेकिन मन का उत्साह कभी कम नहीं हुआ। वे पटना के स्कूल में एक अंग्रेजी शिक्षक के रूप में योगदान देने वहां चले लगे। यहां कुछ साल काम करने के बाद वे लोहरदग्गा के कुडू के जिम्मा गांव के एक विद्यालय में बतौर अंग्रेजी शिक्षक आ गए। यहां आकर वे अपने गांव की जमीन और खेतीबारी भी देख लेते थे। अंग्रेजी सरकार में नौकरी करते हुए वे खुद को ही कोसते थे। ग्लानि का अनुभव करते। यहां भी शिक्षक का काम करते हुए वे ब्रिटिश सत्ता के खिलाफ भी लोगों को जागरूक करते। गुलामी को लेकर गहरा अंसतोष था। बच्चों को भी अपनी कक्षा में देश की आजादी का पाठ पढ़ाते और उन्हें प्रेरित करते। उन्होंने 1922 ई. में गया में कांग्रेस अधिवेशन में भाग लिया। यहां कई नेताओं से उनकी भेंट हुई। इनका उत्साह देख इन्हें छोटानागपुर का जिम्मा दिया गया। इसके बाद जोर-शोर से कांग्रेस और देश की सेवा में लग गए।

    1932 ई. में गांधी जी ने इनके काम को सराहा और कहा, “आपको भगवान ने देश की आजादी का काम सौंपा है। आप जैसे नौजवानों को देश की जरूरत है। भारत अंग्रेजों के शासन से मुक्त होगा।” अपने युवा साथियों के साथ योजनाबद्ध तरीके से वे आंदोलन को गति प्रदान करने में जुट गए। इसके लिए अपने पूर्वजों की संपत्ति भी लगा दी। इन्होंने कुडू क्षेत्र में टाना भगतों से मिलकर आंदोलन को सफल बनाने का काम किया। 1914 ई. के बाद गुमला में टाना भगतों ने एक नया पंथ चलाकर अंग्रेजों के खिलाफ धावा बोल दिया। हालांकि इनका आंदोलन भी अहिंसक ही होता था। ये बाद में गांधी के सच्चे अनुयायी बन गए। 1922 ई. के गया अधिवेशन में भी भाग लिया और आजादी का मंत्र गांठ बांध लिया। खुदी साहू को टाना भगतों का भी साथ मिल गया। वे लोगों को जागरूक करते और ब्रिटिश सरकार के खिलाफ लोगों को आंदोलन के लिए प्रेरित करते। ब्रिटिश सरकार को यह बात पच नहीं रही थी। उसने इनकी गिरफ्तारी का आदेश जारी कर दिया, लेकिन वे अपने मित्रों की कुशाग्रता के कारण बच गए और फरार हो गए। कुडू क्षेत्र को छोड़कर दूसरे क्षेत्र में अपने आंदोलन को गति देने लगे। वे गुमला के चैनपुर में आंदोलन का पताका फहराने लगे। यहां सोहन भगत का पूर्ण सहयोग मिलने के कारण उस क्षेत्र में आंदोलन ने जोर पकड़ लिया। अंग्रेजों को पता चला कि खुदी साहू चैनपुर क्षेत्र में छिपकर आंदोलन कर रहे हैं। तब खुदी साहू बिहार के गांवों में चले गए। जब उधर से वापस आये तो रांची में अपने मित्र नागेश्वर प्रसाद के घर आये, लेकिन वे घर पर नहीं थे। नागेश्वर प्रसाद रांची जिला स्कूल के समय के साथी थे और वे भी आंदोलन में कूद गए थे। पुलिस उन्हें भी तलाश रही थी। जब खुदी उनके घर गए तो वे मिले नहीं, लेकिन परिवार वालों ने उस ठिकाने तक इनको पहुंचा दिया जहां वे रह रहे थे। इनसे मिलने के बाद वे घर आये और आंदोलन में पैसों की जरूरत के कारण अपनी पत्नी का जेवर बेच दिया। घर में रखे धान बेचकर भी लड़ाई के लिए पैसा जुटाया। इस फरारी के दौरान वे दिन में मुर्दा घाट की झाड़ियों में सोकर बिताते और रात में गांव में जाकर लोगां को जाग्रत करते। गांवों में जहां खाना खाते, उन्हें पैसे देते। पैसा खर्च हो जाने पर फिर अपने घर आते और कुछ बेचकर पैसा ले जाते। 1942 ई. का आंदोलन पूरे देश में शुरू हो गया था। ‘करो या मरो’ का मंत्र लेकर लोग सड़कों पर उतरने लगे। खुदी साहू भी अपने साथियों के साथ मैदान में कूद गए। हालांकि वे कभी बैठे नहीं। इसी बीच वे लोहरदगा की स्थिति जानने के लिए कुडू पहुंचे, तब इन्हें अंग्रेज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इन्हें रांची केंद्रीय कारागार में रखा गया। इनकी गिरफ्तारी के बाद इनके मित्रों ने रिहाई की मांग शुरू कर दी। तब अंग्रेज प्रशासन ने रांची से पटना जेल भेज दिया। पटना जेल में ढाई साल से अधिक समय तक बंदी के दौरान बड़े-बड़े नेताओं से इनका संपर्क हुआ और देश की आजादी के लिए व्यापक योजना बनाई गई। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।

  वे जेल में सजा काट रहे थे और इधर परिवार तरह-तरह की आर्थिक समस्या से जूझ रहा था। घर पर तीन बेटे और पत्नी थी। जेल से बाहर आये तो घर में पत्नी व विधवा बहन थी। तीनों बेटों की बीमारी के कारण असमय मृत्यु हो चुकी थी, लेकिन परिवार ने यह दुखद सूचना उन्हें नहीं दी। जब घर आये तो पूरा परिवार शोक में डूबा हुआ था। इस परिस्थिति में अपने आप को संभालते हुए परिवार के लिए सोचते रहे, लेकिन समाज को इनके दुख से कोई मतलब नहीं था। सामाजिक रूढ़ियों के कारण गांव समाज ने इनका सामाजिक बहिष्कार इसलिए कर दिया कि वे जेल की सजा काटकर आये हैं और जेल में न जाने किन-किन लोगों के हाथ का बना खाना खाये होंगे। इस पीड़ा को किस तरह से भुगत रहे होंगे, इसकी आप कल्पना कर सकते हैं। गांव-समाज ने एक शर्त लगायी कि वे यदि खस्सी का भोज गांव वालों को देंगे तो समाज उन्हें स्वीकार कर लेगा। उनके सामने समाज की शर्त मानने का कोई विकल्प नहीं था। किसी तरह उन्होंने खस्सी भोज का इंतजाम किया और समाज ने फिर उनके परिवार को अंगीकार किया।

   देश ने एक नई सुबह देखी और इनका घर फिर किलकारियों से गूंज उठा। एक के बाद एक चार संतानों की प्राप्ति हुई। एक पुत्री का बचपन में ही निधन हो गया। खुदी साहू की एक पुत्री राजकुमारी, पुत्र रामचंद्र साहु, देवी दयाल साहु हुए। बेटी की शादी सिमडेगा जिले के कोलेबिरा के बोकना गांव में कर दिया। दोनों पुत्र और उनके पोते गांव में ही आज भी रहते हैं। आजाद भारत में जब गांव में रहने लगे तब उन्होंने गांव के हरिजन व अन्य बच्चों के लिए स्कूल बनवाया। बाद में स्कूल को सरकार के हवाले कर दिया। इसके बाद वे गांव के कई बार मुखिया रहे, सरपंच रहे। उनके प्रयास से बसिया में हाई स्कूल की स्थापना हुई, ताकि बच्चों को पढ़ाई के लिए दूर न जाना पड़े। देश के 25 वें स्वतंत्रता दिवस पर ताम्रपत्र से प्रधानमंत्री ने सम्मानित किया। 27 मार्च 2000 को राज्य के निर्माण से पहले इनका निधन हो गया। इनके निधन के बाद 25 जनवरी 2003 को राज्य सरकार ने इनकी प्रतिमा कोनबीर भागीडेरा चौक पर स्थापित की। उनकी प्रतिमा आने-जाने वालों को जरूर प्रेरित करती है और स्वाभिमान का भाव जगाती है। परिवार आज भी गुरबत में जी रहा है।

 (खुदी साहू की यह कहानी उनके पोते शिव कुमार साहू ने बताई थी। शिव ने बताया कि दादा की यह कहानी पिता और बुआ ने सुनाई थी।)

संजय कृष्ण

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related

एम. करुणानिधि : दक्षिण में सामाजिक न्याय के सूत्रधार 

     भारत के समकालीन राजनीतिक इतिहास में एम. करुणानिधि...

नेकचंद सैनी : संघर्ष के सम्मान का सफ़र

पांच नदियों की भूमि पंजाब। इस पंजाब का एक...

चुल्हाई साहू : नककटवा नायक

     भारत के इतिहास में ऐसे कई नायक हुए...

अब्दुल कय्यूम अंसारी : संघर्ष के मुखर राष्ट्रवादी मुखर

    जब देश में ‘खिलाफत आंदोलन’ की शुरुआत हुई...