रुकैया सखावत हुसैन: हाशिये से उठी पहली आवाज़

Date:

   हम सुनते हैं कि धरती से गुलामी का निजाम खत्म हो गया है, लेकिन क्या हमारी गुलामी खत्म हो गई है? नहीं न। तो हम दासी क्यों हैं? हम समाज के आधा हिस्सा हैं, हमारे गिरे पड़े रहने से समाज तरक्की कैसे करेगा? हमारी अवनति के लिए कौन दोषी है? ये सवाल आज की कोई स्त्री नहीं पूछ रही है। ये तो लगभग 115 साल पहले एक स्त्री द्वारा पूछे गए सवाल हैं, हालांकि, अगर 21वीं सदी में यह सवाल मौजूं लग रहे हैं, तो इसका मतलब है कि 20वीं सदी के मुकाबले स्त्री की हालत में बड़ा इन्कलाबी बदलाव नहीं आया है।

   बंगाल में रुकैया ने महिला शिक्षा की तस्वीर सुधारने के लिए जो किया वो मिसाल है। खासतौर पर सामाजिक और घर के घेरे में उनकी हैसियत, एक सीमा से आगे नहीं बढ़ पाई है। उस स्त्री ने उस वक्त पूछा था, ‘बीसवीं शताब्दी के, इस तहजीबयाफ्ता समाज में हमारी हैसियत, क्या है’।  यह सवाल तो आज की लड़की भी बड़ी आसानी से पूछ सकती है। है न!

    हम जिस स्त्री की बात यहां कर रहे हैं, उनका नाम रुकैया है। वैसे, क्या हम उनके बारे में जानते हैं? जानते हैं, तो क्या? हिन्दी पट्टी में तो नहीं, लेकिन इस पार और उस पार के बंगाल में रुकैया एक मकबूल नाम है। बांग्लादेश के रंगपुरा जिला में रुकैया की मूर्ति स्थापित है। बेहतरीन इंसान, लड़कियों, स्त्रियों की प्रेरणा, अदब की दुनिया में अलग पहचान बनाने वाली, स्त्री के हक में आवाज उठाने वाली, मुसलमान लड़कियों की तालीम के लिए अपना तन-मन-धन लगा देने वाली, महिलाओं को एकजुट कर संगठन बनाने वाली, समाज सुधार के लिए जिंदगी देने वाली….. रुकैया की पहचान इन सब शक्लों में है। रुकैया की पैदाइश सन् 1880 में उत्तरी बंगाल में रंगपुर जिला के पैराबंद इलाके में हुई थी। उनके पिता जहीरुद्दीन मोहम्मद अबू अली हुसैन साबेर इलाके के जमींदार थे। उनकी मां का नाम राहेतन्निसा साबेरा चौधरानी था। यह इलाका भले ही अब बांग्लादेश में चला गया हो, लेकिन रुकैया तो हम सब की पुरखन हैं। रुकैया जब पैदा हुई तो बंगाल के मुसलमान माँ के बीच स्कूली पढ़ाई शुरू हो गई थी। मगर तालीम की रोशनी घर के घेरे में बंद स्त्रियों तक नहीं पहुंची थी। बंगाल के अमीर मुसलमान घरों में स्त्रियों को सिर्फ मजहबी तालीम दी जाती थी। इस तालीम का दायरा भी कुरान तक सिमटा था। बहुत हुआ तो कुछ घरों में उर्दू पढ़ना सीखा दिया जाता था, लिखना नहीं। बांग्ला या अंग्रेजी की पढ़ाई का तो सवाल ही नहीं था।

    रुकैया की खानदानी हवेली के अब खंडहर ही बचे हैं। यही कहीं किसी कोने में रुकैया को उसके बड़े भाई सबकी नजरों से छिपा कर पढ़ाया करते थे। रुकैया के दो भाई कोलकाता में पढ़ाई कर रहे थे। बड़ी बहन को भी पढ़ने का शौक था। बड़े भाई ने रुकैया को घर के बड़ों से छिप-छिप कर अंग्रेजी, बांग्ला और उर्दू पढ़ाई। वह लिखती हैं, ‘बालिका विद्यालय या स्कूल-कॉलेज के अंदर मैंने कभी प्रवेश नहीं किया। केवल बड़े भाई के जबरदस्त प्यार और मेहरबानी की वजह से मैं लिखना पढ़ना सीख पाई।’ पढ़ाई की वजह से इनका काफी मजाक उड़ाया गया, ताने दिये गए। मगर न तो वे और न ही उनके भाई पीछे हटे। इसलिए रुकैया अपने इल्मी और दिमागी वजूद के लिए बार-बार बड़े भाई को याद करती हैं।

   रुकैया का मिजाज और उसका रुझान बड़े भाई समझ रहे थे। उन्हें उसके लिए ऐसे साथी की तलाश थी, जो रुकैया को घेरे में कैद करके न रख दे। उसकी सोच पर पर्दा न डाले। रुकैया द्वारा 1911 ई. में कायम सखावत मेमोरियल गर्ल्स स्कूल कोलकाता में आज भी चल रहा है। उन्हें अंग्रेज सरकार में अफसर सखावत हुसैन मिले। वे रुकैया से उम्र में काफी बड़े थे। लेकिन भाई को लगा कि रुकैया के लिए यह इंसान बेहतर साथी साबित होगा। सखावत हुसैन, बिहार के भागलपुर के रहने वाले थे। वे पढ़े-लिखे, जहीन और तरक्कीपसंद इंसान थे। सन् 1898 में रुकैया और सखावत हुसैन की शादी हो गई। दोनों का साथ लगभग 14 साल का रहा। सखावत हुसैन की मौत 1909 ई. में हो गई। उनकी मौत तक रुकैया का ज्यादातर वक्त भागलपुर में ही गुजरा। यही वह दौर है, जब रुकैया लिखना शुरू करती हैं और खूब लिखती हैं।

   जब स्त्रियां पढ़ती हैं, सोचती हैं और लिखने लगती हैं तो वे उन बातों पर भी सवाल उठाने से कतई गुरेज नहीं करतीं, जिनकी बुनियाद पर गैरबराबरियों से भरा मर्दाना निजाम टिका है। रुकैया भी 22-23 साल की होते-होते अपने लेखन के माध्यम से समाज से सवाल-जवाब करने लगीं। उनके लिखे पर लोगों की नजर ठहरने लगी… और देखते-देखते बांग्ला अदब की दुनिया में जाना-माना नाम हो गईं। वे अब रुकैया सखावत हसैन या आरएस हसैन थीं। उनकी एकदम शुरुआत की एक मशहूर रचना है- ‘स्त्रीजातिर अबोनीति’ यानी ‘स्त्री जाति की अवनति’। ऊपर के सवाल इसी रचना से हैं। इस रचना के जरिये वे अपनी जाति यानी स्त्रियों से मुखातिब हैं। वे स्त्रियों की खराब और गिरी हुई सामाजिक हालत की वजह तलाशने की कोशिश करती हैं। उन्हें अपनी हालत पर सोचने के लिए उकसाती हैं। रुकैया द्वारा 1911ई. में कायम सखावत मेमोरियल गर्ल्स स्कूल कोलकाता में आज भी चल रहा है। इसकी गिनती लड़कियों के अच्छे स्कूलों में होती है। वह लिखती हैं, ‘सुविधा-सहूलियत न मिलने की वजह से, स्त्री जाति दुनिया में सभी तरह के कामों से दूर होने लगीं। और इन लोगों को, इस तरह नाकाबिल और बेकार देखकर, पुरुष जाति ने धीरे-धीरे, इनकी मदद करनी शुरू कर दी।’ जैसे-जैसे मर्दों की तरफ से, जितनी ज्यादा मदद मिलने लगी, वैसे-वैसे स्त्री जाति, ज्यादातर बेकार होने लगी। हमारी खुद्दारी भी खत्म हो गई। हमें भी दान ग्रहण करने में किसी तरह की लाज-शर्म का अहसास नहीं होता। इस तरह हम अपने आलसीपन के गुलाम हो गए।’

   ‘मगर असलियत में हम मर्दों के गुलाम हो गए और हम जमाने से मर्दों की गुलामी और फरमाबरदारी करते-करते अब गुलामी के आदी हो चुके हैं…’ रुकैया स्त्रियों की गिरी हुई हालत और उनकी गुलाम स्थिति की वजह तलाशती हैं। आज भले ही यह सब हमें नया न लगता हो पर सौ साल पहले ऐसा सोचना वाकई अनूठी चीज थी। ध्यान रहे, गैरबराबरी बताने के लिए उस वक्त जेंडर जैसा लफ्ज या विचार वजूद में नहीं आया था।

   रुकैया की एक मशहूर कहानी है- ‘सुलतानाज ड्रीम’ यानी ‘सुलताना का ख़्वाब’। यह अंग्रेजी में लिखी गई थी। इसलिए बांग्ला पट्टी से बाहर रुकैया इसी रचना की वजह से जानी गई। रुकैया ने बाद में खुद ही इसका बांग्ला में थोड़े-बहुत संशोधन के साथ तर्जुमा किया। यह एक ऐसे लोक की कथा कहती है, जो हमारे जैसा नहीं है। यहां जनाना नहीं, बल्कि मर्दाना है। यानी मर्द घर के घेरे में पर्दे के अंदर रहते हैं। इस देश की कमान स्त्री के हाथ में है। यहां लड़कियों की अलग यूनिवर्सिटी है। स्त्रियों ने सूरज की ताकत का इस्तेमाल करना सीख लिया है। वे बादलों से अपने हिसाब से पानी लेती हैं। वे हथियार जमा नहीं करती हैं। पर्यावरण का ख्याल रखती हैं। आने जाने के लिए हवाई साधन का इस्तेमाल करती हैं। और तो और यहां मौत की सजा भी नहीं दी जाती है। यह कहानी कई चीजों का अद्भुत संगम है। यह विज्ञान कथा है। स्त्री विमर्श की दस्तावेज है। नारीवादी कल्पनालोक की कथा है। सबसे बढ़कर यह एक अहिंसक, कुदरत से जीवंत रिश्ता बनाकर रखने वाले समाज का अक्स है। ध्यान रहे, यह कहानी सन् 1905 में मद्रास (चेन्नई) से निकलने वाली ‘इंडियन लेडीज़’ मैग्जिन में छपी थी। हालाँकि यह कथा, महिलाओं की जिंदगी की जिस हकीकत से निकली है, वह अब भी बदस्तूर दिखती है।

   रुकैया ने एक उपन्यास भी लिखा था-‘पद्मराग’। इसमें अलग-अलग मजहब और इलाके की समाज और परिवार से परेशानहाल बेसहारा महिलाएं, एक साथ, एक नई दुनिया बसाने की कोशिश करती हैं। वे अपने पांव पर खड़ी हैं। ख्याल से भी आजाद हैं। एक कल्पनालोक से अपने लोक में ही हकीकत में स्त्रियों के नजरिये से यह एक दुनिया बसाने की कोशिश है। लेकिन रुकैया की जिंदगी का बड़ा हिस्सा मुसलमान लड़कियों के वास्ते स्कूल कायम करने में गुजरा। सन 1909 में सखावत हुसैन की मौत के बाद उनकी ख्वाहिश के मुताबिक रुकैया ने सबसे पहले भागलपुर में लड़कियों के एक स्कूल की नींव डाली। वहां उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वे एक साल बाद कलकत्ता आ गईं। कलकत्ता में 1911 ई. में फिर से स्कूल शुरू किया। सखावत मेमोरियल गर्लस स्कूल, सौ साल बाद आज भी कोलकाता में चलता है। वहां रुकैया से जुड़ी कोई भी चीज नहीं बची है।

   हालाँकि स्कूल के शताब्दी वर्ष के बहाने लोगों को रुकैया की याद आई और उनकी चर्चा भी शुरू हुई। कोलकाता के इसी किराये के मकान में 1911 ई. में दो कमरों में रुकैया ने आठ लड़कियों के साथ स्कूल की शुरुआत की थी। इस स्कूल को कायम करने और चलाने में रुकैया का लिखना लगभग बंद हो गया। समाज ने भी उनको कम परेशानी नहीं दी। लड़कियों को पढ़ने भेजने के लिए मुसलमानों को तैयार करने में उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ी। मगर उनकी मेहनत रंग लाई और देखते ही देखते मुसलमानों में पढ़ी-लिखी लड़कियों की कतार बन गई। हालाँकि , अपने काम और जद्दोजेहद के बारे में रुकैया लिखती हैं, “मैं जब कर्शियांग और मधुपुर घूमने गई तो वहां से खूबसूरत पत्थर जमा कर लाई, जब उड़ीसा और मद्रास के सागर तट पर घूमने गई तो अलग-अलग रंग और आकार के शंख-सीप जमा कर ले आई। अब जिंदगी के 25 साल समाजी खिदमत में लगाते हुए कठमुल्लाओं की गालियां और लानत-मलामत इकट्ठा (जमा) कर रही हूं।” हजरत राबिया बसरी ने कहा है ‘या अल्लाह! अगर मैं दोजख के डर से इबादत करती हूं तो मुझे दोजख में ही डाल देना और अगर बहिश्त यानी जन्नत की उम्मीद में इबादत करूं तो मेरे लिए बहिश्त हराम हो।’ रुकैया ने इसी का हवाला देते हुए कहा कि ‘अल्लाह के फजल से अपनी समाजी खिदमत के बारे में मैं भी यहां यही बात कहने की हिम्मत कर रही हूं।’ रुकैया भी 22-23 साल की होते-होते अपने लिखे से समाज से सवाल-जवाब करने लगी। मुसलमान के बीच न कोई राम मोहन राय था, न ईश्वरचंद विद्यासागर। उस समाज में रुकैया एक मशाल की तरह जलीं। इसीलिए बंगाल के इलाके की मुसलमान स्त्रियों के लिए वे राममोहन राय और विद्यासागर से कम नहीं हैं। 52 साल की उम्र में 9 दिसम्बर 1932 के दिन रुकैया का इंतकाल हो गया। मगर आखिरी सांस तक उनकी जिंदगी स्त्रियों को ही समर्पित रही। बांग्लादेश ने रुकैया को काफी इज्जत बख्शी है। 9 दिसम्बर का दिन ‘रुकैया दिवस’ के रूप में मनाया जाता है।

   बांग्लादेश के रंगपुर में उनके नाम पर यूनिवर्सिटी है। यहां की पढ़ने वाली हिन्दू-मुसलमान सभी लड़कियां कहती हैं, वे न होतीं तो हम न होते। इस पर भी कोशिश शुरू हुई है। मगर रुकैया को जो जगह बांग्ला और बंगाल से बाहर मिलनी चाहिए थी, वह अब तक नहीं मिली है। इसकी दो अहम वजह हो सकती है। एक रुकैया की जबान। आम तौर पर हम बांग्ला या उर्दू या किसी दूसरी भारतीय जबान में लिखने वाली लेखिकाओं को नहीं जानते या उनकी काबिलियत को वैसे रेखांकित नहीं करते हैं, जैसा किसी अंग्रेजी में लिखने वाली को।

   हम मुसलमान स्त्री की आवाज को भी कम पहचानते हैं दूसरा, अब भी हम स्त्री विरासत को दिमागी विरासत कम ही मानते हैं। यही नहीं, स्त्री विरासत के बारे में बताया भी कम ही जाता है, लेकिन रुकैया हम सबकी पुरखन हैं। यह बात आज बहुत मजबूती से कहने की और उनके लफ्ज बार-बार दोहराने की जरूरत है-‘पुरुषों के बराबर आने के लिए हमें जो करना होगा, वह सभी काम करेंगे। अगर अपने पैरों पर खड़े होने के लिए, आजाद होने के लिए हमें अलग से जीविका अर्जन करना पड़े, तो यह भी करेंगे। अगर जरूरी हुआ तो हम लेडी किरानी से लेकर लेडी मजिस्ट्रेट, लेडी बैरिस्टर, लेडी जज सब बनेंगे। हम अपनी जिंदगी बसर करने के लिए काम क्यों न करें? क्या हमारे पास हाथ नहीं है, पांव नहीं है, बुद्धि नहीं है? हममें किस चीज की कमी है? एक बात तो तय है कि हमारी सृष्टि बेकार पड़ी गुड़िया की तरह जीने के लिए नहीं हुई है।

नसीरुद्दीन

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related

एम. करुणानिधि : दक्षिण में सामाजिक न्याय के सूत्रधार 

     भारत के समकालीन राजनीतिक इतिहास में एम. करुणानिधि...

नेकचंद सैनी : संघर्ष के सम्मान का सफ़र

पांच नदियों की भूमि पंजाब। इस पंजाब का एक...

चुल्हाई साहू : नककटवा नायक

     भारत के इतिहास में ऐसे कई नायक हुए...

अब्दुल कय्यूम अंसारी : संघर्ष के मुखर राष्ट्रवादी मुखर

    जब देश में ‘खिलाफत आंदोलन’ की शुरुआत हुई...