उत्तर भारत के पेरियार  ललई सिंह

Date:

    मैंने स्कूल शिक्षक से लेकर विश्वविद्यालय तक अध्यापन का काम किया है। जमीन पर पढ़ाया जरूर है, लेकिन जमीन से जुड़कर काम करने का उतना अवसर मुझे नहीं मिला। फिर भी, महापुरुषों की प्रेरणा और बाबा साहब का जो वरदहस्त बहुजनों और दलितों पर रहा है, उसका परिणाम यह रहा कि मुझे लखनऊ विश्वविद्यालय में विभागाध्यक्ष बनने का अवसर मिला। वहाँ तीन वर्ष का कार्यकाल रहा और उस दौरान कुछ महत्त्वपूर्ण काम करने का अवसर मिला। आज संतोष है कि जो काम उस समय शुरू किए थे, वे आगे बढ़ रहे हैं। रिटायर तो सभी को होना है। लेकिन इस बात का संतोष है कि यहाँ जिन महापुरुषों की त्रयी का हम स्मरण करते हैं, उस पर कुछ काम हो सका है। बाबू जगदेव प्रसाद को पूरे सम्मान के साथ स्मरण किया गया है और हम भी उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हैं।

   लेकिन उत्तर प्रदेश और उत्तर भारत की एक महत्वपूर्ण वैचारिक त्रयी है- चंद्रिका प्रसाद ‘जिज्ञासु’, रामस्वरूप वर्मा और ललई सिंह यादव। इन तीनों महापुरुषों पर काम कराने में मेरी भी एक भूमिका रही है। दिलचस्प बात यह है कि तीनों शोधार्थी यादव थे। मैं यह नहीं कह रहा कि मैंने जाति देखकर इनका चुनाव किया। बल्कि यह उनका चुनाव था कि उन्होंने मुझे चुना, मेरे काम को पसंद किया और उसे आगे बढ़ाया। डॉ. आलोक यादव ने रामस्वरूप वर्मा पर बहुत महत्त्वपूर्ण काम किया है। डॉ. प्रदीप यादव ने चंद्रिका प्रसाद जिज्ञासु पर शोध किया है। डॉ. मुकेश यादव मेरे निर्देशन में ललई सिंह यादव पर शोध किया है। यह बहुत महत्त्वपूर्ण बात है। आप समझ सकते हैं कि लखनऊ के एक बुजुर्ग अर्जक कार्यकर्ता ने मुझे फोन किया, जब उन्हें पता चला कि रामस्वरूप वर्मा और ललई सिंह यादव पर पीएचडी हो चुकी है, तो उन्होंने कहा—“साहब, जब हम विद्यार्थी हुआ करते थे, तब रामस्वरूप वर्मा का नाम लेने पर निष्कासन जैसी स्थिति हो गयी थी। 1967 ई. में हम लखनऊ विश्वविद्यालय में पढ़ते थे। उस समय विश्वविद्यालय में हमारा भी जुनून था कि अर्जक संघ का महत्व बताया जाये, कुछ किया जाये, अपनी यूनियन बनाई जाये। हमने यही काम किया और हमें विश्वविद्यालय से निष्कासित कर दिया गया। हम पढ़ नहीं पाये।” लेकिन आज वे देख रहे हैं कि उसी विश्वविद्यालय में रामस्वरूप वर्मा पर पीएचडी हो रही है। यह उनके लिए किसी करिश्मे से कम नहीं है। लड़कों के लिए यह हिम्मत का काम था और मेरे लिए यह एक मिशनरी काम था। इन महापुरुषों पर शोध करने के बाद उनका भविष्य क्या होगा, इसकी कोई गारंटी नहीं थी। फिर भी इन युवाओं ने जोखिम लिया।

   ललई सिंह यादव पर काम करने वाले मुकेश दिल्ली विश्वविद्यालय के विद्यार्थी रहे। आलोक इलाहाबाद विश्वविद्यालय से तो प्रदीप हमारे यहाँ (लखनऊ विश्वविद्यालय) के विद्यार्थी रहे। तीनों ने अपने-अपने तरीके से संघर्ष किया। मुकेश जब कभी निराश होकर फोन करते थे और कहते थे- “सर, क्या करें?” तो मैं उनसे कहता था- “तुम्हारा वक्त आएगा। धैर्य रखो। तुमने बहुत विशेष काम किया है।” प्रदीप का संघर्ष भी सामने आया। वह आयोग से चयनित होकर (असि. प्रो. हिन्दी) जौनपुर पहुँचे , जिन्होंने चंद्रिका प्रसाद ‘जिज्ञासु’ पर काम किया। आलोक का संघर्ष अभी जारी है, पर ऐसा नहीं है, इनका भी समय आयेगा। इन लोगों के लिए सबसे बड़ा संतोष यह है कि उनका नाम इतने बड़े महामानवों से जुड़ा है। यह किसी नौकरी या पुरस्कार से कम नहीं है। हम सामर्थ्यवान और कर्मठ कौम के लोग हैं। कुछ न कुछ कर ही लेंगे।

ललई सिंह यादव : संघर्ष और वैचारिक प्रतिबद्धता-

   ललई सिंह यादव पर बात करना आसान नहीं है। खासकर आज के समय में उनके विचारों पर बात करना और भी महत्त्वपूर्ण है। हमारी विचारधारा परिस्थितियों के अनुसार नहीं बदलती। देश बदल जाए, सरकारें बदल जाएँ या परिस्थितियाँ बदल जाएँ- हम अपने विचारों को नहीं बदलते।

   हमने शहीद जगदेव बाबू के जीवन और उनकी शहादत को देखा है। उन्हें पता था कि संघर्ष का परिणाम क्या हो सकता है। फिर भी वे पीछे नहीं हटे। भाषण देते हुए मंच पर उनकी शहादत किसी सीमा पर लड़ते हुए सैनिक की शहादत से कम नहीं थी। विचारों के लिए गांधी की हत्या का जिक्र किया जाता है। लेकिन विचारों के लिए शहादत देने वाले हमारे बहुजन महापुरुषों का जिक्र बहुत कम होता है। शक्तियाँ वही थीं, ताकतें वही थीं; फर्क सिर्फ इतना था कि इतिहास में उनका उल्लेख अलग-अलग ढंग से हुआ।

ललई सिंह यादव का जीवन-

   ललई सिंह यादव का जीवन असाधारण संघर्ष का जीवन था। उन्होंने अपने नाम के साथ जुड़ी जातिगत पहचान से भी एक समय दूरी बनाई और बौद्ध धर्म स्वीकार किया। 1967 ई. में उन्होंने कुशीनगर जाकर भदंत चंद्रमणि जी से दीक्षा ली। इसके बाद उन्होंने स्वयं को केवल ‘ललई सिंह’ कहने की बात कही। उनका जन्म 1911 ई. में हुआ और उन्होंने लगभग 82 वर्ष की लंबी आयु पायी। जीवनभर वे क्षय रोग से संघर्ष करते रहे। बीमारी के कारण वे 1956 ई. में बाबा साहब डॉ. अम्बेडकर के साथ बौद्ध दीक्षा नहीं ले सके। इस बात का उन्हें जीवनभर मलाल रहा। लेकिन बाद में वे कुशीनगर गए और वहाँ बौद्ध दीक्षा ग्रहण की। उनका जीवन केवल धार्मिक परिवर्तन तक सीमित नहीं था। वे सामाजिक न्याय, शोषण के विरुद्ध संघर्ष और वैचारिक जागरण के योद्धा थे।

‘सिपाही की तबाही’ और सामाजिक चेतना-

   ललई सिंह यादव ने सिंधिया रियासत में नौकरी की। वे वहाँ सिपाही थे। इसी दौरान उन्होंने ‘सिपाही की तबाही’ जैसी रचनाएँ लिखी। उन्होंने बताया कि जिस सिपाही को राज्य की रक्षा करनी थी, उसी सिपाही की आर्थिक और सामाजिक स्थिति कितनी खराब थी। उसकी पत्नी के पास पहनने के लिए पर्याप्त वस्त्र नहीं थे और परिवार जीवन की बुनियादी आवश्यकताओं के लिए संघर्ष कर रहा था। उन्होंने सत्ता और रियासत की उस व्यवस्था पर सवाल उठाया जो अपने ही कर्मचारियों का शोषण करती थी। जब उनकी पुस्तक प्रकाशित होने की खबर फैली तो उसे रोकने और जब्त करने के प्रयास हुए। लेकिन तब तक उसकी हजारों प्रतियाँ लोगों तक पहुँच चुकी थीं। यही ललई सिंह यादव की विशेषता थी कि वे केवल लिखते नहीं थे, बल्कि अपने लेखन को सामाजिक आंदोलन का हथियार बनाते थे।

बाबा साहब से मुलाकात और वैचारिक परिवर्तन-

    ललई सिंह यादव की बाबा साहब डॉ. अम्बेडकर से मुलाकात उनके जीवन का निर्णायक मोड़ बनी। सिंधिया रियासत के एक मामले के सिलसिले में बाबा साहब से उनका संपर्क हुआ। स्वतंत्रता के बाद भी उनका संपर्क बना रहा। 1951 ई. में बाबा साहब से मुलाकात के बाद ललई सिंह यादव ने अपने जीवन को बाबा साहब के विचारों के प्रति समर्पित करने का संकल्प लिया। उन्होंने जीवनभर उस संकल्प को निभाया।

पेरियार और ललई सिंह यादव-

   ललई सिंह यादव का संबंध पेरियार ई.वी. रामासामी के विचारों से भी गहरा था। उत्तर भारत में उन्हें ‘पेरियार’ की उपाधि मिलना केवल सम्मान की बात नहीं थी; यह उनके वैचारिक संघर्ष की स्वीकृति थी। पेरियार धर्म की आलोचना करते थे और सामाजिक बराबरी तथा तर्कवाद पर जोर देते थे। ललई सिंह यादव ने भी धार्मिक मिथकों और सामाजिक असमानता की आलोचना को अपने आंदोलन का महत्त्वपूर्ण हिस्सा बनाया। ‘सच्ची रामायण’ के प्रकाशन और उसके बाद चले विवाद ने उन्हें लंबे संघर्ष में डाल दिया। पुस्तक के प्रकाशन को लेकर मुकदमे चले और उन्हें अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। लेकिन उन्होंने पीछे हटने के बजाय अपने विचारों को और मजबूती से आगे बढ़ाया।

ललई सिंह यादव और साहित्य-

   ललई सिंह यादव की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक उनका साहित्यिक और वैचारिक उत्पादन था। उन्होंने पुस्तकों और पत्रिकाओं के माध्यम से हजारों-लाखों लोगों तक अपने विचार पहुँचाने का प्रयास किया। उनके यहाँ साहित्य केवल पढ़ने की वस्तु नहीं था; वह सामाजिक परिवर्तन का माध्यम था। उनकी रचनाओं में ‘एकलव्य’, ‘मायानंद’ और ‘सच्ची रामायण’ जैसी कृतियाँ महत्त्वपूर्ण हैं। वे मिथकों और परंपरागत आख्यानों की आलोचनात्मक व्याख्या करते थे। रामायण, महाभारत और कृष्ण से जुड़े विभिन्न आख्यानों की विविधता को सामने रखते हुए वे यह प्रश्न उठाते थे कि समाज ने इन मिथकों का निर्माण किस प्रकार किया और उनका उपयोग सामाजिक व्यवस्था को बनाए रखने के लिए कैसे किया गया। इसलिए उनकी रचनाओं को केवल विवाद की दृष्टि से नहीं, बल्कि गंभीर वैचारिक अध्ययन की दृष्टि से पढ़ने की आवश्यकता है।

हमारी वर्तमान चुनौती-

   आज सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि हमारे बीच वह वैचारिक त्रयी कहाँ चली गई? चंद्रिका प्रसाद ‘जिज्ञासु’, रामस्वरूप वर्मा और ललई सिंह यादव जैसे लोग किस तरह पैदा हुए? उनके भीतर वह वैचारिक साहस कहाँ से आया? आज हमारे सामने बौद्धिक और सामाजिक नेतृत्व का संकट दिखाई देता है। हमारे पुरखों ने साहित्य लिखा, आंदोलन किए, संस्थाएँ बनाईं और सामाजिक चेतना पैदा की। लेकिन आज हम अपने ही पुरखों से कटते जा रहे हैं। हमें यह समझना होगा कि अपनी विरासत से कटकर कोई समाज मजबूत नहीं हो सकता।

कांशीराम और बहुजन राजनीति-

   बहुजन समाज के राजनीतिक पुनर्गठन में कांशीराम का योगदान भी इसी संदर्भ में समझना चाहिए। कांशीराम ने विभिन्न बहुजन समुदायों को एक राजनीतिक मंच पर लाने का प्रयास किया। उन्होंने अपने विचारों और संगठन के लिए सत्ता के साथ समझौते की सीमाओं को चुनौती दी। आज स्थिति यह है कि विभिन्न पिछड़े समुदायों के नेता अपनी-अपनी राजनीतिक पार्टियाँ बना रहे हैं। प्रश्न यह है कि इन पार्टियों का व्यापक सामाजिक उद्देश्य क्या है? वे किस सामाजिक परिवर्तन के लिए संघर्ष कर रही हैं? यह आत्ममंथन का समय है।

जय भीम, संविधान और अर्जक चेतना-

    हमारे सामने आवश्यकता है कि हम बाबा साहब के विचारों, अर्जक आंदोलन की चेतना और संविधान के मूल्यों को साथ लेकर चलें। हमें अर्जक भी रहना है, आजीवक भी रहना है, जय भीम वाला भी रहना है और संविधानवादी भी रहना है। क्योंकि हमारे लिए सबसे बड़ी किताब हमारा संविधान है। विशेषकर ओबीसी समुदाय को अपने पुरखों से सीखने की आवश्यकता है। इतिहास में ऐसे समय आए हैं जब पिछड़े समुदायों ने दलित नेतृत्व को स्वीकार किया और व्यापक सामाजिक परिवर्तन के आंदोलन में साथ खड़े हुए। आज भी यदि सामाजिक न्याय के लिए व्यापक गठजोड़ बनाना है तो आपसी झिझक और संकीर्णता से बाहर निकलना होगा। हमें एक कॉमन मिनिमम प्रोग्राम के आधार पर एकजुट होना होगा। यह एकता किसी व्यक्ति या पद के लिए नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए होनी चाहिए।

अर्जक आंदोलन की व्यापकता-

    रामस्वरूप वर्मा ने अर्जक चेतना को केवल किसी एक जाति तक सीमित नहीं किया था। वास्तविक अर्जक वही है जो शोषण और अन्याय के विरुद्ध खड़ा होता है। इसलिए अर्जक आंदोलन को व्यापक सामाजिक आंदोलन बनाना होगा। हमारे बीच आजीवक भी हों, अर्जक भी हों, बौद्ध भी हों, दलित-पिछड़े समुदायों के लोग हों और संविधान में विश्वास रखने वाले सभी लोग हों। यदि हम इन सभी धाराओं को एक साथ ला सकें तो यही हमारे महापुरुषों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

बौद्धिक विरासत को आगे बढ़ाने की आवश्यकता-

   आज अनूप पटेल और उनके साथियों द्वारा जिस तरह का आयोजन किया गया है, वह महत्त्वपूर्ण है। ऐसे आयोजन केवल स्मृति के कार्यक्रम नहीं होने चाहिए। इन्हें वैचारिक संवाद और सामाजिक पुनर्निर्माण के मंच में बदलना चाहिए। हमारे पास बहुत बड़ी विरासत है। हमें उसे केवल याद नहीं करना है, बल्कि पढ़ना है, समझना है और अपने जीवन में उतारना है।

   ललई सिंह यादव की सबसे बड़ी सीख यही है कि परिस्थितियाँ कितनी भी कठिन क्यों न हों, विचारों से समझौता नहीं करना चाहिए। उन्होंने बीमारी, गरीबी, सामाजिक विरोध और सत्ता के दबाव के बावजूद अपने विचारों को आगे बढ़ाया। उनका जीवन हमें बताता है कि एक व्यक्ति भी लंबे समय तक संघर्ष करके आने वाली पीढ़ियों के लिए वैचारिक रास्ता तैयार कर सकता है। इसलिए उनके साहित्य को पढ़िए, उनके विचारों को समझिए और उनके संघर्ष से सीखिए।

अंत में मैं यही कहना चाहता हूँ कि हमें अपने मिथ्या अभिमान, संकीर्णता और आपसी विभाजन से ऊपर उठना होगा। अपने पुरखों की विरासत को समझना होगा और सामाजिक न्याय, समानता तथा संविधान के मूल्यों के लिए एकजुट होना होगा।                              

जय संविधान!
जय अर्जक!
जय भीम!
जय भारत!

आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद।

प्रो. कालीचरण स्नेही

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related

एम. करुणानिधि : दक्षिण में सामाजिक न्याय के सूत्रधार 

     भारत के समकालीन राजनीतिक इतिहास में एम. करुणानिधि...

नेकचंद सैनी : संघर्ष के सम्मान का सफ़र

पांच नदियों की भूमि पंजाब। इस पंजाब का एक...

चुल्हाई साहू : नककटवा नायक

     भारत के इतिहास में ऐसे कई नायक हुए...

अब्दुल कय्यूम अंसारी : संघर्ष के मुखर राष्ट्रवादी मुखर

    जब देश में ‘खिलाफत आंदोलन’ की शुरुआत हुई...