बहुजन चेतना और वैकल्पिक इतिहास-बोध के पथ-प्रदर्शक : चन्द्रिका प्रसाद जिज्ञासु

Date:

किसी भी समाज के लिए अपने अतीत को जानना उतना ही जरूरी होता है जितना अपने वर्तमान को समझना। वर्तमान की अनेक स्थितियों के कारणों को जानने के लिए मनुष्य बार-बार अतीत की ओर लौटता है। इसी क्रम में वह अपने पूर्वजों, परंपराओं, संघर्षों और उपलब्धियों को याद करता है। इतिहास इसलिए केवल बीती हुई घटनाओं का विवरण नहीं होता, बल्कि वह समाज की सामूहिक स्मृति का भी महत्वपूर्ण हिस्सा होता है। जिस समाज की स्मृति मजबूत होती है, वह अपने वर्तमान को अधिक आत्मविश्वास के साथ देख सकता है। इसके विपरीत जिस समाज की स्मृति को लगातार कमजोर किया जाता है, उसके लिए अपने अस्तित्व और पहचान को लेकर असमंजस की स्थिति पैदा होना स्वाभाविक है।

    भारत जैसे विविधतापूर्ण समाज में इतिहास की यह भूमिका और भी महत्त्वपूर्ण हो जाती है। यहां भाषा, क्षेत्र और धर्म के साथ जाति ने भी सामाजिक जीवन को गहराई से प्रभावित किया है। इस जाति व्यवस्था ने केवल मनुष्यों के काम और सामाजिक संबंधों को प्रभावित नहीं किया बल्कि लंबे समय तक यह भी निर्धारित किया कि किसे ज्ञान प्राप्त करने का अवसर मिलेगा और किसकी बात को अधिक महत्व दिया जाएगा। ऐसी स्थिति में इतिहास भी इस प्रभाव से पूरी तरह मुक्त नहीं रह सका। राजाओं, साम्राज्यों, युद्धों और सत्ता के केंद्रों का इतिहास अपेक्षाकृत अधिक विस्तार से लिखा गया, जबकि उन समुदायों के इतिहास और संघर्षों को कम महत्व मिला जिनके श्रम से समाज का निर्माण होता रहा।

   लेकिन जब कोई समाज अपने बारे में स्वयं प्रश्न करना शुरू करता है तो उसके भीतर अपने अतीत को नए सिरे से देखने की इच्छा पैदा होती है। यही इच्छा धीरे-धीरे चेतना का रूप धारण कर लेती है। बीसवीं शताब्दी के आरंभिक दशकों में भारत के वंचित और बहिष्कृत समाजों के भीतर भी ऐसी बेचैनी दिखाई देने लगी थी। वे केवल यह नहीं जानना चाहते थे कि वर्तमान में उनकी सामाजिक स्थिति क्या है, बल्कि यह भी पूछना चाहते थे कि वे इस स्थिति तक पहुंचे कैसे, उनके पूर्वज कौन थे, उनकी सामाजिक भूमिका क्या थी और इतिहास के किस मोड़ पर उन्हें सामाजिक व्यवस्था के निचले पायदान पर पहुंचा दिया गया। चन्द्रिका प्रसाद जिज्ञासु उनकी इसी बेचैनी को शब्द देने वाले महत्त्वपूर्ण व्यक्तित्वों में थे।

   वे लेखक, विचारक, संपादक, अनुवादक और प्रकाशक थे। उनकी इन सभी भूमिकाओं का महत्व इस बात में है कि उन्होंने लेखन को सामाजिक चेतना से जोड़ा। वे केवल किताबें लिखने वाले लेखक भर नहीं थे। वे यह भी समझते थे कि विचार तभी समाज की शक्ति बनते हैं जब वे लोगों तक पहुंचें। इसलिए लेखन, संपादन, अनुवाद और प्रकाशन उनके लिए अलग-अलग काम नहीं थे। इन सबका लक्ष्य सामाजिक चेतना और आत्मसम्मान का विस्तार था।

   उनकी वैचारिक यात्रा भी इसी दृष्टि से महत्त्वपूर्ण है। आरंभ में वे आर्य समाज और राष्ट्रवादी वातावरण से प्रभावित हुए। राष्ट्रवादी दौर में उन्होंने देशभक्ति और स्वदेशी से संबंधित साहित्य भी प्रकाशित किया। उनके प्रेस पर ब्रिटिश सरकार की कारवाई हुई और उनके राष्ट्रवादी लेखन के कारण उन्हें जेल भी जाना पड़ा। उपलब्ध जीवनी-सामग्री के अनुसार उनके प्रेस पर ब्रिटिश सरकार ने कई बार छापे मारे थे। लेकिन बाद में स्वामी अछूतानंद ‘हरिहर’ और भदंत बोधानंद जैसे व्यक्तित्वों के संपर्क ने उनके चिंतन को नई दिशा दी। वर्ष 1920 के दशक में अछूतानंद के साथ उनका संपर्क और बोधानंद से उनकी वैचारिक निकटता उनके जीवन की महत्त्वपूर्ण घटनाएं थीं। शोधकर्ताओं ने भी जिज्ञासु की इस यात्रा को आर्य समाज और राष्ट्रवादी प्रभाव से आगे बढ़कर बहुजन चेतना की ओर हुए महत्त्वपूर्ण वैचारिक परिवर्तन के रूप में देखा है।

    यह परिवर्तन केवल किसी व्यक्ति के विचार बदलने की सामान्य घटना नहीं था। इसके पीछे उस समय का बड़ा सामाजिक प्रश्न था। अंग्रेजों से राजनीतिक स्वतंत्रता जरूरी थी, लेकिन क्या केवल राजनीतिक स्वतंत्रता से जातिगत असमानता समाप्त हो जाएगी? यदि सत्ता भारतीयों के हाथों में आ भी जाए तो क्या सदियों से चली आ रही सामाजिक ऊंच-नीच की व्यवस्था अपने आप समाप्त हो जाएगी? यही वह सवाल था, जिसने जिज्ञासु जैसे सामाजिक चिंतकों को राष्ट्रीय मुक्ति के साथ-साथ सामाजिक मुक्ति के प्रश्न पर सोचने के लिए मजबूर किया। इसलिए उनके लिए स्वतंत्रता का प्रश्न केवल विदेशी शासन से मुक्ति का प्रश्न नहीं रह गया था। वह सामाजिक बराबरी और सम्मान का प्रश्न भी बन गया था।

   इसी परिवर्तन के बाद इतिहास उनके चिंतन का एक महत्त्वपूर्ण विषय बनकर सामने आता है। सामान्यतः इतिहास का अर्थ अतीत में घटित घटनाओं को क्रम से जानना माना जाता है, लेकिन जिज्ञासु के लिए इतिहास इससे कुछ अधिक था। वे जानना चाहते थे कि भारतीय समाज में जिन लोगों को शूद्र, अतिशूद्र या अस्पृश्य जैसी पहचान दी गई, उनका अतीत क्या था? वे यह भी पूछते थे कि जिन समुदायों को सामाजिक रूप से हीन बताया गया, क्या उनका इतिहास वास्तव में हीनता का इतिहास था?

   इसी प्रश्न की तलाश में उनकी महत्त्वपूर्ण कृति ‘भारत के आदि-निवासियों की सभ्यता’ सामने आई। इस कृति का संबंध आदि-हिंदू आंदोलन की उस वैचारिक धारा से था, जिसमें भारत के वंचित समुदायों के अतीत और उनकी सामाजिक स्थिति की वैकल्पिक व्याख्या प्रस्तुत करने का प्रयास किया जा रहा था। उपलब्ध स्रोत इस कृति को जिज्ञासु के महत्त्वपूर्ण ऐतिहासिक लेखन के रूप में दर्ज करते हैं।

   जिज्ञासु की इस ऐतिहासिक व्याख्या में मूलनिवासी, आर्य-अनार्य और सामाजिक वर्चस्व के प्रश्न महत्त्वपूर्ण थे। आज उनके इन निष्कर्षों को इतिहास, पुरातत्व और भाषाविज्ञान के वर्तमान ज्ञान की कसौटी पर आलोचनात्मक ढंग से देखना जरूरी है। उनके समय की उपलब्ध जानकारी और वैचारिक परिस्थितियां उनके निष्कर्षों को प्रभावित करती थीं। इसलिए उनके हर ऐतिहासिक निष्कर्ष को अंतिम सत्य मानना उचित नहीं होगा। लेकिन उनके महत्व को केवल इस आधार पर भी खारिज नहीं किया जा सकता। उससे पहले यह देखना जरूरी है कि उन्होंने सवाल क्या उठाया था। उनका मूल सवाल था कि यदि इतिहास में किसी समाज की आवाज दिखाई नहीं देती तो उस समाज का अपना इतिहास-बोध कैसे बनेगा? यही सवाल उनके लेखन को महत्त्वपूर्ण बनाता है।

    इतिहास को ऊपर से देखने के बजाय नीचे से देखने की इच्छा उनके यहां लगातार दिखाई देती है। जिन लोगों को इतिहास में केवल प्रजा, श्रमिक, शूद्र या अस्पृश्य के रूप में देखा गया, जिज्ञासु उनके अतीत को एक अलग दृष्टि से देखने का प्रयास करते हैं। वे वंचित समाज को इतिहास का केवल विषय बनाने के बजाय उसे इतिहास का पाठक और अपने अतीत पर प्रश्न करने वाला समाज बनाना चाहते हैं। यहीं से उनके चिंतन में बहुजन चेतना की जमीन दिखाई देती है।

   ‘बहुजन’ शब्द को केवल बहुसंख्यक लोगों की संख्या के अर्थ में समझना पर्याप्त नहीं है। सामाजिक संदर्भ में यह उन समुदायों के साझा अनुभवों की ओर संकेत करता है जो सामाजिक वर्चस्व की व्यवस्था में बराबरी से वंचित रहे। जिज्ञासु के समय में बहुजन राजनीति अपने बाद के संगठित राजनीतिक रूप में सामने नहीं आई थी, लेकिन दलित और पिछड़े समुदायों को व्यापक सामाजिक इकाई के रूप में देखने तथा उनके आत्मसम्मान को जगाने की वैचारिक प्रक्रिया चल रही थी। अछूतानंद और बोधानंद के साथ जिज्ञासु का जुड़ाव इसी प्रक्रिया का हिस्सा था।

   इतिहास की खोज के साथ उनका ध्यान संत परंपरा की ओर भी गया। संत रविदास को वे सामाजिक समता और जाति-विरोधी चेतना की महत्त्वपूर्ण परंपरा से जोड़कर देखते थे। उनकी पुस्तक ‘संतप्रवर रैदास साहेब’ इस दृष्टि से विशेष महत्व रखती है। इसके दो खंड थे। पूर्वार्द्ध में रैदास के जीवन-चरित्र और उत्तरार्द्ध में उनकी वाणी, साधना तथा वैचारिकी पर विचार किया गया। फारवर्ड प्रेस पर उपलब्ध विवरण के अनुसार पूर्वार्द्ध का प्रकाशन 1959 ई. में हुआ, उसके बाद उसके संस्करण प्रकाशित हुए; उत्तरार्द्ध 1968 ई. में आया और 1969 ई. में दोनों खंडों को एक जिल्द में प्रकाशित किया गया।

   रैदास को लेकर जिज्ञासु की चिंता केवल उनके जीवन की जानकारी देने तक सीमित नहीं थी। वे उन कथाओं और धारणाओं पर भी सवाल उठाते थे, जिनमें दलित संतों और नायकों की सामाजिक पहचान को बदलकर या उनके जीवन को किसी दूसरी सामाजिक व्यवस्था के अनुकूल ढालकर प्रस्तुत किया गया था। उनके लिए यह साहित्यिक या धार्मिक विवाद भर नहीं था। इसका संबंध इस प्रश्न से था कि कोई समाज अपने नायकों को किस रूप में याद करता है और उनके जीवन की व्याख्या कौन करता है। यही कारण है कि जिज्ञासु के यहां संत साहित्य और इतिहास-बोध एक-दूसरे से अलग दिखाई नहीं देते।

   कबीर और रविदास जैसे संतों की वाणी में सामाजिक असमानता, जाति और धार्मिक आडंबर के विरुद्ध दिखाई देने वाले स्वरों को केवल आध्यात्मिक अनुभव तक सीमित कर देने से उनके सामाजिक महत्व का एक बड़ा हिस्सा छूट जाता है। जिज्ञासु ने संत परंपरा के इसी सामाजिक पक्ष को सामने लाने का प्रयास किया। उन्होंने संतों को बहुजन समाज की सांस्कृतिक स्मृति से जोड़कर देखने की जमीन तैयार की। इस तरह उनके यहां इतिहास की दृष्टि राजाओं और युद्धों से आगे बढ़कर संतों, श्रमजीवी समाज और सामाजिक संघर्षों तक पहुंचती है।

   यहीं से जिज्ञासु के चिंतन में इतिहास केवल अतीत की खोज नहीं रह जाता, बल्कि सामाजिक प्रतिनिधित्व का प्रश्न बन जाता है। कौन इतिहास लिखता है, किन अनुभवों को इतिहास में स्थान मिलता है और किन आवाजों को हाशिये पर छोड़ दिया जाता है- इन सवालों से उनका वैकल्पिक इतिहास-बोध निर्मित होता है। उन्होंने बदलती सामाजिक और राजनीतिक परिस्थितियों मे पिछड़े वर्गों के अधिकारों पर भी लिखा। ‘पिछड़ा वर्ग कमीशन की रिपोर्ट और पिछड़े वर्ग के वैधानिक अधिकारों का सरकार द्वारा हनन तथा बाबासाहेब आंबेडकर का कर्तव्यादेश’ इसी दिशा की महत्त्वपूर्ण कृति थी। इससे स्पष्ट होता है कि उनके लिए इतिहास अतीत में जाकर रुक जाने वाली चीज नहीं था। वे अतीत को वर्तमान की सामाजिक समस्याओं को समझने के लिए इस्तेमाल करते थे। उनके लिए यह जानना कि वंचित समुदायों की सामाजिक स्थिति कैसे बनी? 

   अम्बेडकर के विचारों को हिंदी समाज तक पहुंचाने में भी जिज्ञासु की भूमिका महत्त्वपूर्ण रही। उन्होंने ‘बाबासाहेब का जीवन-संघर्ष’ जैसी पुस्तक लिखी, जिसका प्रकाशन 1961 ई. में हुआ। इसके साथ ही अम्बेडकर की अनेक कृतियों के हिंदी अनुवाद और प्रकाशन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। ‘शूद्रों की खोज’, ‘अछूत कौन और कैसे?’, ‘जातिभेद का उच्छेद’, ‘बाबासाहेब का उपदेश और आदेश’, ‘पूना पैक्ट बनाम गांधी’, ‘गांधी-अंबेडकर विवाद’, ‘भारत का विभाजन अथवा पाकिस्तान’ और ‘रुपये की समस्या’ जैसे अनेक विषय उनके प्रकाशन-कर्म से जुड़े हैं। 

   यहां अनुवाद और प्रकाशन का महत्व समझना भी जरूरी है। किसी विचार को दूसरी भाषा में उपलब्ध कराना अपने आप मे बहुत महत्त्वपूर्ण कार्य होता है। इससे ज्ञान की सामाजिक पहुंच को बदलने का काम भी होता है। जिस समय अंग्रेजी में उपलब्ध गंभीर वैचारिक सामग्री हिंदी भाषी समाज के बड़े हिस्से तक आसानी से नहीं पहुंचती थी, उस समय अम्बेडकर के विचारों को हिंदी में उपलब्ध कराना सामाजिक चेतना के विस्तार का माध्यम बना। जिज्ञासु ने इस काम को समझा था। उनके प्रकाशन-कर्म का महत्व उनकी पुस्तकों से कम नहीं है। उन्होंने अपने प्रकाशन के माध्यम से बहुजन विचारधारा से संबंधित साहित्य को व्यवस्थित रूप से सामने लाने का काम किया। बाद के दौर में ‘बहुजन कल्याण प्रकाशन’ उनके प्रकाशकीय कार्य का महत्त्वपूर्ण केंद्र बना। शोध में इसे उत्तर भारत में दलित साहित्य के विकास और एक वैकल्पिक दलित सार्वजनिक क्षेत्र के निर्माण से जोड़कर देखा गया है। यह काम उस समय और भी महत्त्वपूर्ण था, जब प्रकाशन के साधन सीमित थे और वंचित समाज के लेखकों के लिए मुख्यधारा के प्रकाशन संस्थानों तक पहुंच आसान नहीं थी। छोटी पुस्तिकाएं, जीवनियां, कविताएं, नाटक और वैचारिक साहित्य समुदायों तथा राजनीतिक आयोजनों तक पहुंचते थे और सामाजिक जागरण का माध्यम बनते थे। जिज्ञासु ने लेखन और प्रकाशन को इसी सामाजिक उद्देश्य से जोड़ा।

   उनके लेखन का विस्तार भी उल्लेखनीय है। जाति व्यवस्था, मनुस्मृति, बुद्ध और बौद्ध धर्म, संत परंपरा तथा बहुजन नायकों के साथ-साथ रामायण और रावण जैसे पौराणिक प्रसंगों की पुनर्व्याख्या तक उनके लेखन के अनेक क्षेत्र थे। ‘शिव-तत्व प्रकाश’, ‘रावण और उसकी लंका’, ‘ईश्वर और उसके गुड्डे’, ‘पिछड़े वर्ग के वैधानिक अधिकारों का सरकार द्वारा हनन’, ‘संतप्रवर रैदास साहेब’, ‘बौद्ध धर्म ही भारत का सच्चा धर्म’, ‘शंबूक वध नाटक’, ‘आदि-वंश का डंका’ और ‘मनुस्मृति : एक प्रतिक्रिया’ जैसी कृतियां उनके व्यापक वैचारिक संसार की ओर संकेत करती हैं। उनके लेखन की सूची में स्वामी अछूतानंद और भदंत बोधानंद से संबंधित कृतियां भी मिलती हैं। (फारवर्ड प्रेस)

    इस व्यापकता को समझे बिना जिज्ञासु को महज दलित इतिहास का लेखक मान लेना भी उचित नहीं होगा। वे सामाजिक स्मृति को बदलने की एक व्यापक वैचारिक परियोजना पर काम कर रहे थे। किसी समुदाय को उसके इतिहास से जोड़ना, उसके संतों और नायकों की नई व्याख्या करना, अम्बेडकर जैसे विचारकों को उसकी भाषा में उपलब्ध कराना और वैकल्पिक साहित्य प्रकाशित करना- ये सारे काम अलग-अलग दिखाई देते हैं, लेकिन वास्तव में एक ही दिशा में जाते हैं। और वह दिशा आत्मसम्मान, सामाजिक बराबरी और ज्ञान तक पहुंच की दिशा थी।

   हालांकि उनके इतिहास-बोध की अपनी सीमाएं भी थीं। मूलनिवासी, आर्य और अनार्य संबंधी उनकी व्याख्याएं उनके समय की उपलब्ध जानकारी और वैचारिक परिस्थितियों से प्रभावित थीं। आज इतिहास, पुरातत्व और भाषाविज्ञान के नए शोधों के आधार पर उनके अनेक निष्कर्षों की आलोचनात्मक समीक्षा की जा सकती है। इसलिए जिज्ञासु को पढ़ते समय उनके प्रत्येक ऐतिहासिक निष्कर्ष को अंतिम सत्य मानना उचित नहीं होगा। लेकिन उनके ऐतिहासिक महत्व को भी केवल इसी आधार पर खारिज नहीं किया जा सकता।

   उनकी प्रासंगिकता उनके निष्कर्षों से कहीं ज्यादा उन सवालों में है जिन्हें उन्होंने सामने रखा। यथा, इतिहास में वंचित समुदायों की जगह कहां है? उनके अनुभवों और संघर्षों को कितना महत्व दिया गया है? उनके नायकों की व्याख्या कौन करता है? और क्या किसी समाज को अपने अतीत को स्वयं पढ़ने और समझने का अधिकार नहीं होना चाहिए? जाहिर है, ये प्रश्न आज भी प्रासंगिक हैं।

   यह सर्वविदित है कि किसी भी सामाजिक आंदोलन को केवल नारों और राजनीतिक संगठनों से स्थायी आधार नहीं मिलता। उसके लिए विचार चाहिए, साहित्य चाहिए, इतिहास की नई समझ चाहिए और ऐसे नायक चाहिए जिनसे समाज अपने भीतर आत्मविश्वास पैदा कर सके। जिज्ञासु ने इन सभी क्षेत्रों में अपने ढंग से काम किया। उत्तर भारत में दलित-बहुजन वैचारिकी के विकास की शुरुआती साहित्यिक और प्रकाशकीय परंपरा को समझने में इसलिए उनका काम एक महत्त्वपूर्ण कड़ी के रूप में सामने आता है। 

   जिज्ञासु के काम का एक महत्त्वपूर्ण पक्ष यह भी था कि उन्होंने उन आवाजों के लिए वैकल्पिक मंच तैयार किया, जिन्हें मुख्यधारा के प्रकाशन में पर्याप्त जगह नहीं मिल रही थी। मुख्यधारा में शामिल होना एक उपलब्धि हो सकती है, लेकिन मुख्यधारा की सीमाओं को विस्तृत करना उससे अलग और कई बार अधिक कठिन काम होता है।

   आज जब इतिहास और स्मृति को लेकर समाज में अनेक प्रकार की बहसें चल रही हैं, तब जिज्ञासु को फिर से पढ़ने की जरूरत इसलिए महसूस होती है कि उन्होंने बहुत पहले यह सवाल उठाया था कि किसी समाज को अपने अतीत को देखने का अधिकार किसके पास है। यदि इतिहास केवल कुछ लोगों द्वारा लिखा जाएगा तो उसमें बाकी लोगों की आवाज कितनी दिखाई देगी? और यदि कोई समुदाय अपने इतिहास को स्वयं पढ़ने और समझने की कोशिश करता है, तो क्या वह केवल इतिहास की व्याख्या बदलता है या अपने वर्तमान को बदलने की क्षमता भी पैदा करता है?

   जिज्ञासु के लिए इतिहास वर्तमान समाज को समझने का एक साधन था। उन्होंने संत रविदास को सामाजिक सम्मान के सवाल से जोड़ा, अम्बेडकर के विचारों को हिंदी पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया, पिछड़े वर्गों के अधिकारों पर लिखा और प्रकाशन के माध्यम से बहुजन समाज के लिए वैकल्पिक साहित्य उपलब्ध कराया। इस अर्थ में उनका काम केवल साहित्यिक गतिविधि तक सीमित न होकर सामाजिक हस्तक्षेप तक भी था।

   यही कारण है कि चन्द्रिका प्रसाद जिज्ञासु पर विचार-विमर्श करना एक लेखक के व्यक्तित्व की चर्चा भर नहीं है। यह उस दौर की चर्चा भी है जब भारत के वंचित समुदाय अपने बारे में स्वयं पढ़ने, लिखने और प्रश्न करने की प्रक्रिया को अधिक संगठित रूप दे रहे थे। वे उस दौर के ऐसे विचारक थे जिन्होंने इतिहास के प्रश्न को सामाजिक न्याय के प्रश्न से जोड़ने का प्रयास किया। उन्होंने यह समझने की कोशिश की कि यदि समाज के एक बड़े हिस्से को अपने अतीत में सम्मानजनक स्थान नहीं मिलेगा तो उसके वर्तमान में बराबरी की चेतना पैदा करना भी कठिन होगा। अतः उन्हें केवल एक उपेक्षित लेखक कह देना कहीं से भी ठीक नहीं कहा जा सकता। यह उनके साथ अन्याय है।

   जहां तक उनके वैकल्पिक इतिहास बोध की बात है तो वे वैकल्पिक इतिहास का अर्थ पुराने इतिहास की जगह कोई दूसरा मनगढ़ंत इतिहास रख देना नहीं मानते है। इसका अर्थ वे यह तो बिल्कुल भी नहीं मानते थे कि अपने नायकों को महिमामंडित करके उन्हें आलोचना से मुक्त कर देना चाहिए। असल मे उनके इतिहास बोध का वास्तविक अर्थ इतिहास को अधिक व्यापक बनाना है- उसमें उन लोगों की आवाज को शामिल करना जिन्हें लंबे समय तक अनदेखा किया गया। इसका अर्थ यह स्वीकार करना भी है कि इतिहास किसी एक वर्ग, जाति या सत्ता की निजी संपत्ति नहीं हो सकता।

   सत्ता बदलने से व्यवस्था बदल सकती है, लेकिन समाज की चेतना बदलने के लिए विचारों की जरूरत होती है। और विचार तभी समाज तक पहुंचते हैं जब कोई उन्हें लिखता है, छापता है और लोगों के बीच ले जाता है। चन्द्रिका प्रसाद ‘जिज्ञासु’ ने अपने समय में यही काम किया। इसलिए उनकी विरासत को उनके लिखे हुए इतिहास के निष्कर्षों में तलाशना पर्याप्त नहीं होगा। उनकी वास्तविक विरासत उस प्रश्न में है, जिसे उन्होंने समाज के सामने रखा। जिस समाज का अतीत दूसरों ने लिखा हो, क्या वह अपने इतिहास को स्वयं पढ़ और समझ सकता है?

   निष्कर्षतः उन्होंने बहुजन समाज को अपने अतीत का गौरव खोजने के साथ-साथ अपने अतीत को प्रश्नों के साथ देखने की प्रेरणा दी। उन्होंने यह समझ विकसित करने का प्रयास किया कि सम्मान वर्तमान में अधिकार हासिल करने से नहीं आता बल्कि अपनी सामूहिक स्मृति को समझने से आता है। उनका मानना था कि ‘यदि भारत सबका है तो उसका इतिहास भी सबका होना चाहिए। और इतिहास जब सबका होगा, तभी उसकी स्मृति भी सबकी होगी। चन्द्रिका प्रसाद ‘जिज्ञासु’ की पूरी वैचारिक यात्रा को इसी कोशिश के रूप में पढ़ना शायद उनके प्रति सबसे न्यायपूर्ण दृष्टि होगी।

महेश सिंह

डॉ. महेश सिंह हिंदी के अध्येता, लेखक एवं संपादक हैं। उन्होंने ‘सांस्कृतिक परिप्रेक्ष्य में भूमंडलीकरण और हिंदी सिनेमा विषय पर पांडिचेरी विश्वविद्यालय से पीएच.डी. की उपाधि प्राप्त की है। हैं। उनकी कहानियाँ इंद्रप्रस्थ भारती. कथादेश, युद्धरत आम आदमी और कथा समवेत जैसी प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं। उन्होंने ‘इक्कीसवीं सदी का भारतीय सिनेमा पुस्तक का संपादन किया है। वे ‘परिवर्तन’ त्रैमासिक ई-पत्रिका के संस्थापक एवं संपादक हैं। वर्तमान में वे गिरिडीह, झारखंड में शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं।

Mob. No. 9489246095

Email: mahesh.pu14@gmail.com

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related

एम. करुणानिधि : दक्षिण में सामाजिक न्याय के सूत्रधार 

     भारत के समकालीन राजनीतिक इतिहास में एम. करुणानिधि...

नेकचंद सैनी : संघर्ष के सम्मान का सफ़र

पांच नदियों की भूमि पंजाब। इस पंजाब का एक...

चुल्हाई साहू : नककटवा नायक

     भारत के इतिहास में ऐसे कई नायक हुए...

अब्दुल कय्यूम अंसारी : संघर्ष के मुखर राष्ट्रवादी मुखर

    जब देश में ‘खिलाफत आंदोलन’ की शुरुआत हुई...