स्वाधीनता के समय भारत में दलित आंदोलन की अनेकों धाराएं काम कर रही थी। बहुत बड़ी धारा उस समय गांधी जी के नेतृत्व में चल रहे राष्ट्रीय आंदोलन में शामिल थी। एक और बड़ी धारा बाबा साहब अंबेडकर के नेतृत्व में दलितों के अधिकारों के लिए उनके संघर्षों को मजबूत कर रही थी। एक बात हकीकत है कि दोनों ही धाराएं राष्ट्रीय आंदोलन का हिस्सा थी हालांकि उनकी प्राथमिकताएं भिन्न थी। उत्तराखंड में राष्ट्रवादी विचारधारा के प्रसार के लिए आर्य समाज ने भी बहुत प्रयास किये और शिल्पकार समुदाय में उसका व्यापक असर पड़ा। आज उत्तराखंड में एक बड़ी संख्या में शिल्पकार समाज के लोग ‘आर्य’ ‘उपनाम’ लगाते है वो आर्य समाज का ही असर है। उत्तराखंड में दलित आंदोलन की दूसरी धारा अम्बेडकरवादी धारा थी और वह भी शिल्पकार समुदाय से ही निकली। ये भी महत्त्वपूर्ण बात है कि आर्य समाज वाली धारा का असर गढ़वाल क्षेत्र में रहा जबकि अम्बेडकरवादी धारा ने कुमाऊँ क्षेत्र में अपना प्रभाव दिखाया। जयानंद भारती जी पर आर्य समाज वाली धारा का प्रभाव पड़ा जबकि अम्बेडकरवादी धारा का नेतृत्व मुंशी हरी प्रसाद टम्टा ने किया जिन्होंने पत्र भेजकर बाबा साहब अंबेडकर को पृथक निर्वाचन के संदर्भ में लंदन में गोलमेज सम्मेलन के समय एक समर्थन पत्र भेजा था। दोनों ही धाराएं जनता से जुड़ी थी और आज तक उनका समाज में बहुत प्रभाव रहा है और आज भी दोनों महानायकों को लोग याद करते हैं।
जयानंद भारती का जन्म 17 अकतूबर 1881 को तत्कालीन संयुक्त प्रांत के पौड़ी गढ़वाल जिले के वीरों खाल ब्लॉक के अरकंडाई नामक एक छोटे से गाँव में एक शिल्पकार परिवार में हुआ था। उत्तराखंड में शिल्पकार जातियों में प्रमुख थी टमता, जो कारीगरी के विशेषज्ञ थे चाहे तांबे के बर्तन बनाने की बात हो या नक्काशी, लकड़ी के काम करने वाले, लोहे के काम से जुड़े लोहार, हरवाहे, राज मिस्त्री आदि। इन सभी जातियों के लिए ‘शिल्पकार’ शब्द का प्रयोग किया जाता है। असल में वर्णवादी व्यवस्था के अनुयाई अछूत जातियों के लिए डूम शब्द का प्रयोग करते थे, जो बेहद अपमानजनक और आपत्तिजनक भी था और शिल्पकार समाज ने इसके विरुद्ध लगातार संघर्ष किया। उनके आंदोलन न केवल सरकारी शब्दावलियों के विरुद्ध थे अपितु उन्होंने स्वयं से ही इन शब्दावलियों को खारिज कर दिया। अपनी पहचान के लिए नए शब्द ढूँढने वालों के लिए उत्तराखंड के शिल्पकार समाज से बहुत सीखने की आवश्यकता है। आज उत्तराखंड में दलित शब्द का प्रयोग शासकीय स्तर में भी नहीं किया जाता और ऐतिहासिक स्तर पर शिल्पकार शब्द की स्थापना अम्बेडकरवादी मुंशी हरी प्रसाद टम्टा जी ने जिन्होंने 1905 ई. में अल्मोड़ा में अपने समाज में सुधारों के लिए टमटा सुधार सभा बनाई जो 1913 ई. में शिल्पकार सुधार सभा में बदल गई। 1925 ई. के बाद से ब्रिटिश शासन भी उत्तराखंड की कामकाजी जातियाँ जो वर्णव्यवस्था में अछूत समझी जाती थी, को शिल्पकार लिखना शुरू कर दिया। उत्तराखंड के गठन के बाद प्रदेश में अनुसूचित जातियों के लिए शिल्पकार शब्द का ही प्रयोग होता है। उत्तराखंड में सामाजिक तौर पर भी हरिजन या दलित शब्द का प्रयोग नहीं होता है। राजनैतिक समझ वाले युवाओ का झुकाव अब अम्बेडकरवादी अनोदलन की ओर हो रहा है और वे धीरे धीरे दलित शब्द का प्रयोग कर रहे हैं लेकिन अधिकांश लोग शिल्पकार शब्द का प्रयोग करते है। जो लोग आर्या समाज से प्रभावित हुए वे सभी अपना सरनेम आर्य लिखते हैं। ये बात भी समझना आवश्यक है कि आज के उत्तराखंड में एक बहुत बड़ी आबादी मैदानी क्षेत्रों के लोगों की है जो सांस्कृतिक तौर पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और रूहेलखण्ड क्षेत्रों के अधिक नजदीक हैं। इसलिए उत्तराखंड के मैदानों में जातीय वर्गीकरण वैसे ही है जैसे उत्तर प्रदेश में है लेकिन पहाड़ी क्षेत्रों या हिमालयी क्षेत्रों के मूलनिवासी शिल्पकार ही थे और इसीलिए पहाडी क्षेत्रों में चमड़े के काम और स्वच्छकार जातियाँ नहीं है और वे सभी उत्तर प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों से विशेषकर बिजनौर जनपद से वहाँ आकर बसी हैं।
जयानंद भारती जी उस राष्ट्रवादी विचारधारा से जुड़े थे, जिसका उद्देश्य भारत से ब्रिटिश शासन को हटाना था और भारत के अन्य लाखों दलित पिछड़े आदिवासियों के तरह वह भी भारत की आजादी के आंदोलन में शामिल हुए, लाठियाँ खाई और जेल गए। 1911 ई. में वह आर्य समाज के संपर्क में आए और छुआछूत और अंधविश्वास के विरुद्ध उनकी मुहिम से जुड़ गए। वर्ष 1914 में प्रथम विश्वयुद्ध में वह एक सैनिक के तौर पर यूरोप गए और अंग्रेजों की भारतीय सेना के लिए 6 वर्ष तक अपनी सेवायें दी। बाद में भारत आने पर वह पुनः आर्य समाज के आंदोलन से जुड़ गए। लेकिन राष्ट्रवाद ही उनका एक उद्देश्य नहीं था। जहां वह औपनिवेशिक अंग्रेजी शासकों के विरुद्ध भारतीय राष्ट्रवाद की वैचारिक निष्ठा के साथ लड़ रहे थे वहीं अपने देश के मूल निवासियों के विरुद्ध छुआछूत और जाति भेद संबंधी प्रश्नों पर बेहद मुखर रहे और इसी के परिणाम स्वरूप आज उत्तराखंड में डोला पालकी प्रथा का अंत हुआ है।
जयानंद भारती के लिए भारत समाज में व्याप्त जातिवाद, भेदभाव का प्रश्न बहुत महत्त्वपूर्ण था और इसके लिए वो लगातार संघर्ष करते रहे लेकिन ये समझना भी आवश्यक है कि उन्होंने ब्रिटिश औपनिवेशवाद को कभी भी भारतीय स्वाधीनता का विकल्प नहीं माना। ऐसे बहुत कम उदाहरण मिलेंगे जहा एक व्यक्ति अपने देश में व्याप्त भेदभाव के विरुद्ध भी लड़ रहा है और बाहर से आए शासकों को भगाने के लिए संघर्ष करता है। बहुत से लोगों को लगता है कि अंग्रेजों के कारण भारत में बहुत बदलाव आए और ये बात सही भी है लेकिन वो भारत के मूलनिवासियों के हितों के लिए यहाँ आये, ये सोचना भी मूर्खता की बात है क्योंकि अंग्रेजों के लिए उनके हित महत्त्वपूर्ण थे और उसे पूरा करने के लिए वो समय-समय पर अलग समुदायों और जातिवर्ग के लोगों के हितों के नाम पर उनके नेताओ का समर्थन लेने का प्रयास करते थे। जयानंद भारती इस विषय में साफ थे कि अंग्रेजों को भारत छोड़ना होगा और इसलिए वो भारत के राष्ट्रीय आंदोलन में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिए। 6 सितंबर 1932 को जब संयुक्त प्रांत के गवर्नर माइकेल हेली पौड़ी आए तो जयानंद भारती ने उनकी उपस्थिति में ही क्रांति का बिगुल बजा दिया और पौड़ी जिला मुख्यालय पर तिरंगा फहरा दिया। वंदे मातरम और भारत माता कि जय, गवर्नर हैली वापस जाओ आदि नारे लगाए। इसके लिए उन्हे एक वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई गई। स्वाधीनता आंदोलन के एक बड़े सिपाही होने के कारण जयानंद भारती जी को 6 बार कारावास की सजा हुई। असल में उत्तराखंड का क्षेत्र डीरेगुलेटेड क्षेत्र था, जिसका मतलब था कि अंग्रेजों ने यहाँ के लोगों पर उस प्रकार के कानून नहीं थोपे थे जैसे देश के अन्य प्रदेशों में। अंग्रेज पहाड़ियों और गोरखाओं से अपने लिए सैनिक मदद चाहते थे और उसके अतिरिक्त 1815 ई. में उन्होंने कुमाऊं और गढ़वाल को गोरखा आक्रमण से मुक्त करवाया था इसलिए उन्हे ये आशा थी कि उत्तराखंड में काँग्रेस के राष्ट्रवादी आंदोलन का कोई असर नहीं होगा लेकिन ये आश्चर्य की बात थी कि न केवल आंदोलन मजबूत हुआ अपितु शिल्पकार समाज कि भी महती भूमिका रही। गुरखा आक्रमण से गढ़वाल एक दशक तक और कुमाऊं लगभग दो दशक तक उत्पीड़ित रहे क्योंकि वे इस क्षेत्र को नया कुछ नहीं दे सके और सिवाय वर्णवादी व्यवस्था को मजबूत करने के उनका कोई ऐसा कार्य नहीं जो याद रखा जा सके। उत्तराखंड में कुली बेगार प्रथा गोरखा शासन काल की ही देन है। आज भारत में बुद्ध कालीन, मुग़ल कालीन और ब्रिटिश कालीन प्रतीक चिन्ह मिल जाएंगे लेकिन गोरखा शासन का उत्तराखंड में कोई ऐसा स्तम्भ नहीं मिलेगा जिसे याद रख सकें। अंग्रेज भारत में अपने हितों के लिए आए थे लेकिन उन्होंने हमे नए कानून भी दिए और दासता, महिला विरोधी कानून, छुआछूत आदि के विरुद्ध कानून भी बनाएं लेकिन गोरखा शासन ने मंदिरों पर ब्राह्मणवादी नियंत्रण के अन्य कुछ नहीं किया जिसका परिणाम यह हुआ कि ये व्यवस्था पूरे गढ़वाल और कुमाऊं में बहुत मजबूत हो गई। अंग्रेज व्यक्तिगत जीवन में भेदभाव नहीं करते थे लेकिन उन्होंने जातिभेद और छुआछूत के मामलों से खुद को भी दूर रखा।
उत्तराखंड में जातिगत भेदभाव की जड़े बहुत मजबूत थी और शिल्पकार समुदाय के लोगों को विवाह के अवसर पर दूल्हे दुल्हन को डोला और पालकी में बैठाकर ले जाना वर्जित था। ये समानता के सारे सिद्धांतों के विरुद्ध था क्योंकि उस समय पहाड़ों में वाहनों आदि की सुविधा नहीं थी और दूल्हे-दुल्हन को विवाह के बाद डोला और पालकी में ले जाना एक सामाजिक परंपरा और आवश्यकता दोनों ही थी, लेकिन वर्णवादी व्यवस्था के चलते शिल्पकार समुदाय को उनकी खुशियों से वंचित किये जाने में ही बिठ समुदाय खुश था। महत्त्वपूर्ण बात यह थी कि पूरे क्षेत्र में मुसलमान और ईसाई डोला पालकी में वर बधू को ले जा सकते थे, लेकिन शिल्पकार नहीं और इसीलिए गढ़वाल और कुमायूं में जातिवाद और छुआछूत के चलते लोग कहीं ईसाई न बन जाएँ या धर्मपरिवर्तन न कर पाएं इसे लेकर आर्य समाज पहले ही ऐक्टिव हो गया। 1874 ई. में स्वामी दयानंद सरस्वती गढ़वाल आए। इससे पहले वह हरिद्वार कुम्भ में भाग लेकर अंधविश्वास और जातिवाद का विरोध कर चुके थे। फिर 1913 ई. में बैशाखी के दिन लाला लाजपत राय जी ने कुमायूँ जाकर शिल्पकार समाज के बहुत से लोगों को आर्या समाज में शामिल किया। आर्य समाज न केवल राष्ट्रवादी आंदोलन से जुड़ा था अपितु अंधविश्वास निर्मूलन और छुआछूत के विरुद्ध मुहिम छेड़े था। हालांकि इसका सबसे बड़ा उद्देश्य शिल्पकार समाज को धर्म परिवर्तन से रोकना था। चाहे जो भी उद्देश्य रहा हो लेकिन वास्तविकता यह है कि आर्य समाज को शिल्पकार समुदाय ने अपनी पहचान भी बनाया और भारी संख्या में स्वीकार भी किया।
जयानंद भारती जी अपने बचपन से ही अंधविश्वास के खिलाफ खड़े थे और शायद यही कारण उन्हे आर्य समाज के नजदीक भी लाई। आज चाहे हम जो भी आलोचना करें लेकिन 20वीं शताब्दी के मध्य से ही आर्य समाज गढ़वाल और कुमायूं में शिल्पकार समाज के मध्य कार्य करने लगा। जिस दौर में देश का एक बहुत बड़ा हिस्सा मूर्ति पूजा और ब्राह्मणवादी परम्पराओ में फंस रहा और छुआछूत को न्यायपूर्ण बताने के प्रयास हो रहे थे। उस समय के आर्य समाज का अंधविश्वास और छुआछूत के विरुद्ध मुहिम महत्त्वपूर्ण है। 1923 ई. में खुशी राम आर्या जी के साथ मिलकर माननीय जयराम भारती जी ने डोला पालकी की मनुवादी सोच के खिलाफ अपना मानववादी संघर्ष शुरू किया। ये संघर्ष आसानी से खत्म होने वाला नहीं था। यद्यपि बहुत से लोगों ने उत्तराखंड में जातिवाद के विरुद्ध अपनी आवाज बुलंद की जिसमे चंद्र सिंह गढ़वाली, श्री भक्त दर्शन, श्री मुकंदी लाल बैरिस्टर आदि भी शामिल हैं। लेकिन जातिवाद की जड़े इतनी मजबूत थी कि उसके लिए केवल गाँधीवादी तरीके से बिठ जातियों में बदलाव का इंतज़ार करना नहीं था अपितु बाबा साहब अंबेडकर के मिशन से दलित समाज में अन्याय के विरुद्ध प्रतिकार करने की जिजीविषा पैदा करना भी था जिसे मुंशी राम प्रसाद टम्टा जैसे महान क्रांतिकारियों ने बाबा साहब अंबेडकर ने नेतृत्व में दलित स्वाभिमान का एक वैकल्पिक रास्ता भी चुना।
यहाँ ये समझना भी जरूरी है कि समाज बदलाव और विकास के लिए ये दोनों ही रास्ते अत्यंत आवश्यक है। गांधी ने पूरी कोशिश की कि उच्च वर्णीय समाज छुआछूत के खिलाफ खड़ा हो। हालांकि वह इसे धार्मिक मान्यताओ को चुनौती दिए बिना तथाकथित बड़ी जातियों का हृदय परिवर्तन करना चाहते थे जो शायद संभव नहीं था। गांधी चाहते थे कि सवर्ण दलितों को अपना छोटा भाई समझे। अंबेडकर इसके उलट दलितों को ये कह रहे थे कि सवाल इस बात का नहीं कि आप भाई या बहिन बने, लेकिन सवाल है सामाजिक असमानता का है जिसे धार्मिक और पारंपरिक मान्यताओ के चलते बदलाव असंभव है। इसलिए दलित समाज को अपने पर भरोसा पैदा करना पड़ेगा और अन्याय का प्रतिकार करना पड़ेगा। ये सब बिना अपने अंदर स्वाभिमान जगायें और जो गलत परम्पराएं है उनका विरोध करे बिना संभव नहीं है। यह भी हकीकत है कि आर्य समाज की मुहिम का शिल्पकार समाज पर गहरा असर पड़ा। जनवरी 1920 ई. में रामगढ़ कुमायूं में खुशीराम आर्या जी के नेतृत्व में शिल्पकार समुदाय ने तमाम प्रतिरोधों के बावजूद डोला पालकी के साथ विवाह किया। यही श्री जयानंद भारती के लिए प्रेरणा का श्रोत बना और उन्होंने दुगड्डा और वीरों खाल क्षेत्र में 1923 ई. में ऐसा प्रयास किया लेकिन उसका हिंसक विरोध हुआ। असली घटना शिल्पकार समाज की एक बारात जो काँड़ी से सेंधीखाल जा रही थी। इस बारात को तथाकथित ऊंची जाति के लोगों ने रोका और कहा कि बारात में डोला पालकी का प्रयोग न हो और वर पैदल ही चले। बारातियों की पिटाई की गई और उनके सामान आदि के साथ तोड़ फोड़ की गई। बहुत सा समान लूट भी लिया गया। प्रोफेसर संतन सिंह नेगी ने इस पर इंडियन हिस्ट्री काँग्रेस में एक पेपर पढ़ा जिसके अनुसार 2 फरवरी 1929 ई. को दुगड्डा के पास गोदी गाँव के पंचम सिंह की बारात पार्टी डोला पालकी के साथ बैसोखी गाँव जा रही थी जिसे डाडामंडी के पास ‘बिटटो’ (बिठ लोगों ने) रोक दिया। बरातियों को खो नदी के किनारे सर्दी में रात गुजारनी पड़ी। तीसरे दिन पटवारी और कानूनगो की सहायता से बारात वधु के घर पहुंची। तीसरे दिन जब बारात वधु को लेकर वापस आ रही थी तो तथाकथित उच्च जाति के लोगों ने बारात पर हमला कर दिया, लोगों को मारा पीटा गया और उनका समान लूट लिया गया। बारात वहीं रोक दी गई और वह 19 दिन बाद 21 फरवरी को ही गोदी गाँव वापस पहुँच पाई। क्या आप समझ सकते हैं कि यहाँ के मूलनिवासियों पर कितना बड़ा अत्याचार हो रहा था और जयानंद भारती जी फिर भी किसी प्रकार कि नकारात्मकता लिए बिना सभी के सहयोग से इस जातिवाद का अंत चाहते थे। यही कारण था कि आजादी के आंदोलन में उन्होंने अपने को अलग नहीं किया और वह लगातार क्रांतिकारियों, गाँधीवादियों और काँग्रेस के कार्यकर्ताओ से सहयोग करते रहे।
जयानंद भारती जी को भी ये विश्वास हो गया कि स्वतंत्रता के बाद शायद हमारी सरकार इन नीतियों पर ध्यान देगी और शिल्पकारों को न्याय मिल पाएगा। समाज की एक बड़ी कटु सच्चाई यह है कि बड़े समाज को यह भी पता नहीं रहता कि उसके साथ अन्याय हो रहा है। भाग्यवाद के कुचक्र में फंसा समाज कभी भी अपने साथ हो रहे अन्याय हो समझ नहीं पाता और उसे भाग्य, नियति और परंपरा मान कर ढोता रहता है। संस्कृति के नाम पर ऐसी परम्पराओं को चुनौती देना बेहद खतरनाक और मुश्किल कार्य है और वो व्यक्ति ही इन बातों का विरोध कर पाएगा जो वैचारिकी के तौर पर तर्कवादी या मानववादी सोच रखता हो।
जयानंद भारती और शिल्पकार समाज के लोगों ने ऐसी घटनाओ को न्यायपालिका में भी चुनौती दी। 1933 ई. में एक स्थानीय न्यायालय ने परम्पराओ और संस्कृति के नाम पर डोला पालकी की परंपरा को सही ठहराया। इसके विरुद्ध जयानंद भारती जी ने उच्च न्यायालय, इलाहाबाद में एक याचिका दायर की जिसने 21 फरवरी 1936 को अपने निर्णय में यह साफ कर दिया कि शिल्पकारों द्वारा विवाह के अवसर पर डोला पालकी का प्रयोग पूरी तरह से कानून सम्मत और वैध है। इस प्रकार से हम ये समझ सकते हैं कि जयानंद भारती जी द्वारा 1923 ई. से शिल्पकार स्वाभिमान की लड़ाई न केवल सड़कों पर अपितु अंदरूनी बदलाव और कानून की लड़ाई के संयुक्त प्रयासों से लगभग 15 वर्ष में अपने मुकाम पर पहुंची। मतलब ये कि कोई भी बड़ा बदलाव केवल सड़क के आंदोलनों से संभव नहीं है, अपने अंदर के बदलाव, कानून का रास्ता सभी को जोड़कर लड़ाई लड़ी जाए तो बदलाव संभव होता है और इससे भी बड़ी बात यह कि जयानंद भारती अपने रास्ते से भटके नहीं। यदि उन्होंने जातिवाद और छुआछूत का विरोध किया तो भी विदेशी शासन के विरुद्ध अपना संघर्ष जारी रखा। समाज परिवर्तन की लड़ाइयाँ लंबी होती हैं और उनका कोई शॉर्ट कट नहीं होता। बहुत बार नेतृत्व ईमानदार नहीं होता है और छोटी-छोटी राजनीतिक सफलताओ और पब्लिसिटी के लिए अपनी विचारधारा से समझौता कर लेता है और वही आंदोलन समाप्त हो जाते हैं।
जयानंद भारती ने कभी सवर्ण समाज के प्रति नफरत का भाव नहीं रखा लेकिन वह शिल्पकार समाज के अधिकारों और सम्मान के लिए कृत संकल्प थे और उस पर कोई समझौता करने को तैयार नहीं थे। उन्होंने सामाजिक बुराइयों को दूर करने के लिए कानून का सहारा लिया लेकिन अंग्रेजों से कोई हाथ नहीं मिलाया। उन्हे लगता था कि भारत की आजादी के बाद जब हमारा अपना संविधान होगा तो जातिवाद और छुआछूत समाप्त हो जाएंगी। 26 जनवरी 1950 को देश ने बाबा साहब अंबेडकर द्वारा बनाए संविधान को अंगीकार कर गणतंत्र की स्थापना की। संविधान सभा में बाबा साहब अंबेडकर ने एक बहुत महत्त्वपूर्ण बात कही।
26 जनवरी 1950 को, हम विरोधाभासों के जीवन में प्रवेश करने जा रहे हैं। राजनीतिक जीवन में हमारे पास समानता होगी और सामाजिक व आर्थिक जीवन में हमारे पास असमानता होगी। राजनीति में हम एक व्यक्ति-एक मत के सिद्धांत और एक मत-एक मूल्य के सिद्धांत को मान्यता देंगे, जबकि हमारे सामाजिक और आर्थिक जीवन में, हम, हमारे सामाजिक और आर्थिक ढाँचे के कारण, एक व्यक्ति-एक मूल्य के सिद्धांत से इन्कार करते रहेंगे। कब तक हम विरोधाभासों के इस जीवन को जीना जारी रखेंगे? कब तक हम अपने सामाजिक और आर्थिक जीवन में समानता से इन्कार करते रहेंगे? यदि हम इसे लंबे समय तक अस्वीकार करते हैं, तो हम अपने राजनीतिक लोकतंत्र को संकट में डालकर ऐसा करेंगे। हमें इस विरोधाभास को जल्द से जल्द संभवतः दूर करना चाहिए अन्यथा असमानता से पीड़ित लोग उस राजनीतिक लोकतंत्र की संरचना को ही ख़त्म कर देंगे जिसे संसद को श्रमसाध्य रूप से निर्मित करना है।‘
जयानंद भारती जी ने अपना समस्त जीवन समाज सेवा को समर्पित कर दिया। भारत छोड़ो आंदोलन और अन्य आंदोलनों में भाग लेने के चलते उन्हे लगभग 3 वर्षों तक (अलग अलग समय पर) जेल की सजा भुगतनी पड़ी। अपने जीवन में उन्होंने कोई राजनीतिक लाभ नहीं कमाया। 9 सितंबर 1952 को अपने उसी गाँव में उनका निधन हो गया जहां वह पैदा हुए थे। उनकी आजादी का सपना तो पूरा हो गया है लेकिन देश में दलितों पर होने वाले अत्याचारों में कोई कमी नहीं आई है। उत्तराखंड में भी दलितों पर अत्याचार लगातार जारी है। कफलटा गाँव में 9 मई 1980 को हुए 14 शिल्पकारों की हत्या ने बताया दिया कि संविधान भले ही लागू हो गया हो लेकिन वर्णवादी सोच हमारे दिमागों पर हावी है और न्याय मिलना भी दूर की कहानी है। मैं तो एक छोटी बात कहता हूँ कि उत्तराखंड राज्य बनने के 26 वर्षों बाद क्या दलितों पर अत्याचार का कोई मामला न्याय पालिका में अपने अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचा है। यदि हाँ तो किसे सजा हुई और कितनी ? सवाल केवल संविधान का ही नहीं है अपितु बंधुत्व की भावना का भी है। गणतंत्र बनने के 76 वर्ष बाद भी साथ बैठने, विवाह के प्रश्नों, नौकरियों में आरक्षण, छुआछूत जैसी बीमारियों से हमारा समाज अभी भी ग्रस्त है। जो सपने जयानंद भारती जी ने हमारे देश की आजादी के बाद के बने समाज के लिए देखे थे वे आज भी अधूरे हैं। आज जयानंद भारती जी को याद करने का समय तो है लेकिन यह भी आवश्यक है कि आखिर हम उन्हे याद कैसे करते हैं। यदि उत्तराखंड के जनमानस के अंदर से जातिवाद की घृणा समाप्त हो पाई तो भारती जी का सपना साकार हो सकेगा। अंग्रेजों के शासन में तो कानून का पालन होता था और इलाहाबाद हाई कोर्ट के निर्णय के बाद शिल्पकारों को सम्मान मिला लेकिन क्या वर्तमान में भी हमारी न्याय व्यवस्था, प्रशासन और सत्ता शिखर शिल्पकार समाज के प्रति ईमानदारी से कृत संकल्प है। क्या जयानंद भारती जी के जीवन मूल्यों को न केवल स्कूलों की पाठ्यक्रमों में अपितु उनकी स्मृति में एक शोध संस्थान दुगड्डा या पौड़ी में स्थापित होना चाहिए ताकि विश्व विद्यालयों में भी उन पर शोध हो सके और वर्तमान पीढ़ी उनके महान योगदान को पहचान सके। देश की इस महान विभूति को मेरा सादर नमन।

विद्या भूषण रावत
अंतर्राष्ट्रीय लेखक प्रख्यात अम्बेडकरवादी ऐक्टिविस्ट
vbrawat@gmail.com


